• Hello Friends You can Register on the Forum and by posting you can earn money too.

कैसा होता अगर

S

StoryPublisher

Guest
कैसा होता अगर

एक घंटा। साठ मिनट। तीन हज़ार छः सौ सेकंड। प्रतिदिन सिर्फ़ इतना ही समय मिलता है मुझे। इतनी ही देर मैं जागता हूँ। मैं आपको इसके पीछे के विज्ञान के बारे में बता कर बिल्कुल बोर नहीं करूंग; बल्कि सीधे कहानी पर आऊंगा। क्या ज़बरदस्त कहानी है ये। और मेरे पास इसे सुनाने के लिए सिर्फ़ एक घंटा है। किंतु यह जान लीजिए कि मैंने हर संभव डॉक्टर को दिखाया, हर तरह की दवा को आज़माया, लेकिन सब बेकार। मैं हर दिन सुबह तीन बजे उठता हूँ और एक घंटे बाद वापिस सो जाता हूँ। इसके बाद तेईस घंटे सोता हूँ, और इसी को दोहराता हूँ। यह कोई जीवन नहीं है, लेकिन मैं जीवन के बारे में इतना ही जानता हूँ।

मेरी उम्र छ्त्तीस वर्ष है।

मेरी उम्र तक आते-आते, अधिकांश लोग दो लाख घंटों से अधिक तक जगे रह चुके होते हैं। और मैं आज तक, चौदह हज़ार घंटों से भी कम जगा हूँ। डॉक्टरों के मुताबिक, विश्वभर में मेरी जैसी अवस्था वाले केवल तीन ही ज्ञात लोग हुए हैं। अवस्था, वे लोग इसे इसी नाम से पुकारते हैं। न कोई रोग, न कोई बीमारी, एक अवस्था। ताइवान की एक युवा लड़की को भी यह है, और आइसलैंड के एक अन्य व्यक्ति को भी। मुझे यह सबसे पहले हुई। हेनरी बिन्स। उन लोगों ने इसका यही नाम रखा है। मैं हेनरी बिन्स हूँ और मुझे हेनरी बिन्स है।

कुछ भी हो, आप यह अवश्य सोच रहे होंगे कि अगर मैं कुल मिलाकर एक सामान्य तीन वर्षीय बच्चे से भी कम समय जाग पाया हूं, तो मैं दो वाक्यों को कैसे जोड़ सकता हूँ। ख़ैर, मैं क्या कह सकता हूँ। मैं विलक्षण हूँ और शायद क्योंकि भगवान ने मुझे हेनरी बिन्स दिया – मैं हेनरी बिन्स हूँ और मुझे हेनरी बिन्स है – उन्होंने पाया की इसकी क्षतिपूर्ति करने के लिए एक अति-उत्कृष्ट दिमाग़ देना न्याय होगा।

समय 3:02 हो चुका है। बेहतर होगा कि मैं शुरू करूं।



मैं झटके से अपनी आखें खोलता हूँ।

18 अप्रैल का दिन है। मुझे यह इसलिए पता है, क्योंकि कल 17 अप्रैल थी, और मेरे ड्रेसर पर रखी वह बड़ी इलेक्ट्रॉनिक घड़ी मुझे यह बता रही है। और वे चमकती हुई हरी लाइटें मुझे बता रही हैं कि समय हुआ है सुबह के 3:01।

एक मिनट और बीत चुका है।

मैं रज़ाई हटाता हूँ और बिस्तर से छलांग लगाकर बाहर निकलता हूँ। मैंने पूरे कपड़े पहने हुए हैं। मैं ग्रे रंग की स्वेट पेंट, मैरून रंग की स्वेट शर्ट और लाइम ग्रीन रंग के एसिक्स के जूते पहने हुए हूँ। अगला पड़ाव, किचन।

मेरा लैपटॉप किचन टेबल पर रखा हुआ है। मैं माउस पैड को छूता हूँ और काली स्क्रीन ग़ायब हो जाती है, और सामने एक बर्फ़ में जमे हुए किले की तस्वीर आ जाती है। मैं कई दिनों से, 10 मिनट के अंतराल में गेम ऑफ़ थ्रोंस देखता आ रहा हूँ। मैं स्पेसबार दबाता हूँ और शो वापिस चालू हो जाता है। स्क्रीन की ओर देखते हुए, मैं फ्रिज खोलता हूँ, एक सैंडविच — मस्टर्ड से भरा हुआ रोस्ट बीफ़ सैंडविच — और एक पीनट बटर प्रोटीन शेक निकालता हूँ। दोनों इसाबेल ने पहले से बना कर रखे हैं। वे एक मेक्सिकी महिला हैं, जो मेरे लिए खाना बनाती हैं, साफ़-सफाई करती हैं, वे कई ऐसी अनगिनत चीज़ें करती हैं जिनके लिए मेरे पास समय नहीं है।

मैं अपना सेलफ़ोन उठाता हूँ। किसी का कॉल नहीं आया है। तीन मैसेज हैं, तीनों पापा के। उनमें से दो उनके कुत्ते की तस्वीरें हैं। मैं उन्हें वापिस मैसेज करता हूँ कि उन्हें एक साथी की और कंप्यूटर के आगे बैठने की आवश्यकता है। मैं अपने सैंडविच और ड्रिंक का आनंद लेते हुए, अपने ई-ट्रेड अकाउंट में लॉग-इन करने के लिए एक नई विंडो खोलता हूँ। यह सब मल्टीटास्किंग है। मेरे पास नीचे दायीं तरफ़ के कोने की घड़ी को देखने के सिवा कोई उपाय नहीं है।

समय 3.04।

चार मिनट बीत चुके हैं।

मैं अपने स्टॉक्स चैक करता हूँ, जो वाक़ई मैं बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं – मैंने पिछले चौबीस घंटे में लगभग 8000 कमाए हैं। फिर मैंने खरीदने और बेचने के मापदंडो में कुछ छोटे-से बदलाव किये और वह विंडो बंद कर दी। मैं ओके-क्यूपिड नामक एक डेटिंग वेबसाइट में लॉग-इन करता हूँ और सारे मैसेज पढ़ता हूँ। कुछ ख़ास नहीं है। मेरा स्क्रीन नाम “नाईटआउल 3 एएम” केवल झक्की लोगों को ही आकर्षित करता है। जैसा आप सोच सकते हैं, एक औरत से मिलना बहुत मुश्किल रहा है। कई सालों तक मैं 24-आवर बुकस्टोर्स में कोशिश करता रहा, कभी कॉफ़ी शॉप में, कभी रेस्टोरेंट्स में, इमरजेंसी रूम के तीन चक्कर लगाने और एक महिला के अपने भाई को कोई बुलाकर मेरे मृत शरीर को फेंकने के बाद, मैंने हार मान ली।

मैंने उस विंडो को बंद करके, पूर्ण ध्यान के साथ गेम ऑफ़ थ्रोंस की ओर अपने तीन मिनट समर्पित करता हूँ। मुझे टायरियोन बहुत पसंद है।

3:10 बजे, मैं पॉज़ का बटन दबाता हूँ, अपना आईफ़ोन और ईयरबड्स पकड़ता हूँ और तेज़ी से दरवाज़े से बाहर की ओर निकलता हूँ।

बसंत ऋतु की शुरुआत है और अलेक्सांद्रिया की हवा बहुत ठंडी है। काश मैंने एक टोपी पहनी होती, लेकिन मैं वापिस जाकर उसे लेने के लिए अपना समय व्यर्थ करने की गुस्ताख़ी नहीं करूँगा। रास्ते सूनसान हैं। सुबह के 3 बजे का समय शायद पूरे दिन का सबसे शांत समय होता होगा। यहाँ तक कि रातों को जागने वाले भी सो चुके हैं और सुबह जल्दी जागने वाले भी अभी तक सपनों में खोए हुए हैं। लेकिन, फिर वही बात, मेरे पास इसकी तुलना करने के लिए कुछ भी नहीं है। मैं बस दुनिया में बिताए आधे घंटे के बारे में ही जानता हूँ, क्या पता उस समय सारी दुनिया मूक स्थिति में रहती हो। मैं स्ट्रीट लाइट्स के नीचे भागता हूँ, जो सूरज की किरणों की सबसे करीबी चीज़ मुझे ज्ञात है। मैं हर आहट पर अपना ध्यान केन्द्रित रखता हूँ। मेरी जांघ के जले हुए भाग पर भी, और यहाँ तक कि उस ठंडी हवा पर भी जो मेरी नकसीर से होते हुए मेरे फेफड़ों तक जाती है।

मैं ख़ुद को उस पल में जीने के लिए विवश करता हूँ। मेरे पास भविष्य या भूत के लिए समय नहीं है। मेरा जीवन सिर्फ़ वर्तमान है। कई सालों से, मैंने “कैसा होता अगर “ वाला गेम खेला है। कैसा होता अगर मेरा जीवन एक सामान्य जीवन होता? मैं कहाँ होता? क्या मेरा परिवार और बच्चे होते? लेकिन यह सोचने में बीस-तीस मिनट निकल जाते हैं। व्यर्थ। उन चीज़ों के बारे में सोचकर जो मेरे वश में हैं ही नहीं। जो अपरिवर्तनीय हैं।

मैं द ल्युमिनियर्स, अपने नए मनपसंद बैंड के तीन गाने सुनता हूँ, उसके बाद पांच मिनट के लिए फीड द पिग, एक निवेश पॉडकास्ट को सुनता हूँ। यह पोटोमैक से दो मील की दूरी पर है, जो की वर्जिनिया और मेरीलैंड को विभाजित करती पानी की एक हाईवे है, और यहाँ पर मैं एक उत्कृष्ट मिनट, एक पानी के जहाज़ को देखने में बिताता हूँ जो पानी के बहाव के कारण जलधारा में नीचे की ओर खींचा चला जा रहा है। मैं अक्सर ये कल्पना करता था कि दिन की रोशनी में देखना कैसा दिखता होगा, तपती हुई गर्मी में पानी को देखना और रूईनुमा बादलों का दीदार करना कैसा होता होगा, किंतु वह दिन मेरे जीवन मैं विद्यमान ही नहीं है। केवल रात है। केवल अंधेरा है।

जैसे ही मैं वापिस मुड़ता हूँ, मैं देखता हूँ कि एक कार किनारे की रोड की ओर मुड़ रही है। पिछले छः दिनों में, मैंने यह पहली कार देखी है। फ़ोर्ड फ़ोकस। एकदम नई। फ़ोर्ड का स्टॉक 13.02 पर बंद हुआ। बस ऐसे ही बोल रहा हूँ।

मैं चार मील की दूरी 28 मिनट के अंदर पूरी करता हूँ और जैसे ही अपने घर की सीढ़ियों पर पहुँचता हूँ,तो समय 3:38 हो चुका है।

22 मिनट बचे हैं।

मैं तीन मिनट के लिए पुश-अप्स और सिट-अप्स करता हूँ।

इसके बाद मैं चार मिनट अपने नहाने में व्यतीत करता हूँ।

मैं जैसे ही एक लगभग वैसी ही लेकिन साफ़ पोशाक पहन कर किचन की ओर वापिस जाता हूँ, समय 3:48 हो चुका है।

बारह मिनट।

मैं फ्रिज से सलाद निकालता हूँ: हरी सब्ज़ियां, गाज़र, टमाटर, क्विनोआ और चिकन। सब पौष्टिक और स्वस्थ भोजन। एक सेब, दो चॉकलेट चिप्स कूकीज़ और दूध का एक बड़ा गिलास लेकर मैं खाने बैठता हूँ। मैं टेबल पर बैठकर अपने किंडल को क्लिक करता हूँ। मैं लोन सरवाईवर पढ़ रहा हूँ, जो एक नेवी सील की कहानी है जो तालिबान के विरुद्ध अफ़गानी पहाड़ियों में हुई बमबारी के बाद बच जाता है। गज़ब की कहानी है यह।

मैं धीरे धीरे खाता हूँ, प्रत्येक शब्द को अपने अंदर ग्रहण करता हूँ।

मैं अपनी दूसरी चॉकलेट चिप कुकी का अंतिम टुकड़ा 3:58 पर खाता हूँ।

मैं किंडल को ऑफ़ करता हूँ, खड़े होकर बेडरूम की तरफ़ बढ़ता हूँ।

मैं 3:59 पर अपने बेड पर बैठता हूँ।।

तभी मुझे एक औरत के चीखने की आवाज़ सुनाई देती है।

मैं खड़े होकर सीधे खिड़की की तरफ़ भागता हूँ। मेरे घर के ठीक सामने एक बड़ा फार्महाउस-नुमा घर है जिसमें एक गेट भी है। जो फ़ोर्ड फ़ोकस मैंने पहले देखी थी वह ठीक सामने खड़ी है। मुझे कोई अंदाज़ा नहीं है कि उस घर में कौन रहता है। मैंने उन्हें कभी नहीं देखा है। हालांकि, यह बात मेरे सारे पड़ोसियों के लिए कही जा सकती है।

मैं जानता हूँ की मुझे वापिस बेड पर चले जाना चाहिए क्योंकि मैं किसी भी क्षण अचेत होकर गिर सकता हूँ। पर मैं नहीं जा पा रहा हूँ, मैं खिड़की से चिपका हुआ हूँ। हो सकता है कि मैं खिड़की के बीच में ही फँसा हुआ रह जाऊँ। मैं सेकंड गिन रहा हूँ।

गेट खुलता है और एक आदमी तेज़ी से चलते हुए बाहर निकलता है।

जैसे ही वह फ़ोर्ड फ़ोकस का दरवाज़ा खोलता है, वह स्ट्रीट लाइट के ठीक नीचे खड़ा हो जाता है। मानो, उसे मेरी टकटकी का आभास हो गया हो, वह पलटता है और ऊपर की ओर देखता है। हमारी नज़रें एक दूसरे से मिलती हैं और फिर वह कार में बैठकर निकल जाता है।

जैसे-जैसे मेरी आँखें बंद होने लगती हैं और मैं गिरने लगता हूं, तो मेरे मन में अंतिम विचार है उस व्यक्ति का तराशा हुआ चेहरा और उसकी चुभने वाली घूरती हुई नज़र।

अमेरिका के राष्ट्रपति।
 
जब तक मैं अपने पैरों पर खड़ा होता हूँ, मेरे दिन का पहला मिनट बीत चुका है। मेरी गर्दन में जकड़न है, शायद ख़राब ढंग से सोने की वजह से, मगर मैं ख़ुद को बहुत सौभाग्यशाली मानता हूँ। अच्छा हुआ मेरा सिर किसी चीज़ से नहीं टकराया। कोई ख़ून नहीं निकला। सिर पर कोई चोट नहीं।

खिड़की से बाहर झाँकते हुए, मैं अपनी गरदन मल रहा हूँ। राष्ट्रपति की एक झलक मेरी आँखों के आगे आती है और मैं अपना सिर हिलाता हूँ, एक चुभते हुए दर्द के साथ मैं अपनी स्टर्नोक्लिडोमैस्टोइड मांसपेशी, जो कंठास्थी से होकर कान के पीछे को जाती है, उसे पकड़ता हूँ। क्या वह वास्तव में वही हो सकते हैं? मुझे इस बात पर रत्ती भर भी शक़ नहीं था कि जिस व्यक्ति को मैंने देखे था वह स्वयं कॉनर सलिवन थे। संयुक्त अमेरिका के 44वें राष्ट्रपति।

मैं किचन की ओर चलकर लैपटॉप के सामने बैठ जाता हूँ। लगभग दो सेकंड के भीतर मैंने कॉनर सलिवन के जीवन की विवरणी विकिपीडिया पर ढूंढ ली है। वे तीन बार वर्जिनिया के गवर्नर रह चुके हैं, बाएं तरफ़ की मांग निकाले गहरे भूरे बाल, और स्लेटी-हरी आँखें, जो मेरी आँखों से बहुत अधिक भिन्न नहीं हैं। लेकिन हमारी समानताएं यहीं समाप्त हो जाती हैं। सलिवन लिंकन से लगभग तीन और मैडिसन से लगभग पंद्रह इंच लम्बे, अब तक के सबसे ऊँचे कद के राष्ट्रपति हैं। वे मुझसे थोड़े लम्बे हैं, और यह मेरी आँखों को उनकी ठुड्डी के विश्व विख्यात डिंपल के ठीक बराबर पर खड़ा कर देगा। यह केवल उनके आकर्षण को बढ़ाता ही है कि वो एक ऑल अमेरीकन बास्केटबॉल में डेटन टीम के लिए स्मॉल फ़ॉरवर्ड की भूमिका में खेलते थे।

मैंने सोचा कि उनके इस बड़े और उबाऊ विकिपीडिया पेज में एक अपडेट कर दूँ - अप्रैल 18, इन्होंने अलेक्सांद्रिया, वर्जिनिया में एक महिला की हत्या की।

इसी को ध्यान में रखते हुए मैंने लोकल न्यूज़ में हत्या या हमले की ख़बर को खोजने की कोशिश की। लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।

मेरा सेलफ़ोन बजा और मैंने अपने पिताजी के “क्या तुम अब भी जीवित हो” मैसेज का जवाब दिया। मैं जानता हूँ कि ये पढ़कर कि उनका लाडला पुत्र जीवित और स्वस्थ है, वे चैन से सो सकेंगे। मेरी माँ, मेरी बीमारी से लड़ने में असहमत होकर, मुझे 6 वर्ष की उम्र में छोड़ कर चली गई थी। मेरे पिताजी ने ही मुझे पाल कर बढ़ा किया है। उन्होंने हर दिन सोलह घंटे काम करते हुए एक साथ दो नौकरियां की, लेकिन हर रात जब मैं 3 बजे उठता था तो वो मेरे साथ होते थे। उन्होंने मेरे जीवन को जितना हो सकता था उतना सामान्य बनाने की कोशिश की। जब मैं छोटा था, तो प्रत्येक दिन, बीस मिनट के लिए प्रोफ़ेसर बिन्स के साथ मैं स्कूल की शिक्षा लेता था। गणित, विज्ञान और इमला – वे सब कुछ पढ़ाते थे। मेरे पिताजी इस बात पर सख़्त थे कि मैं सामाजिक तौर तरीक़े सीखूँ, और वे बाकी बच्चों के माता-पिता को उनके बच्चों को मेरे साथ आकर आधे घंटे के लिए, वीडियो गेम खेलने, टैग और पिंग-पोंग खेलने के पैसे देते थे, हाँ वाक़ई में, उन्हें इसके पैसे देते थे। (मैं अभी भी उनमें से कुछ लोगो से फेसबुक के ज़रिये संपर्क में हूँ)। पापा अक्सर मेरे लिए विशेष व्यवस्था करवाने के लिए लोगों से अनुरोध करते थे या फिर संस्थानों पर बेतहाशा पैसा बहाते थे। मेरे दसवें जन्मदिन पर मैं एक एम्यूज़मेंट पार्क में उठा था। पूरे एक घंटे के लिए हमने पूरा पार्क ही बुक करवा लिया था। जब मैं अठारह वर्ष का था तो उन्होंने मेरे लिए एक प्रॉम करवाया था। वह लड़की मेरे पापा की सहकर्मी की बेटी थी, और बहुत प्यारी नहीं थी, लेकिन वह बहुत शानदार और रोमांचक रहा और अंततः उसने मुझे एक छोटी-सी पप्पी भी दी। उन्होंने मेरे सैट के एग्ज़ाम भी दस रातों के अंतराल में, मेरे सामने एक स्टॉप वॉच लेकर खड़े हो कर, प्रबंधित करवाए थे (वैसे मुझे 1420 अंक मिले थे)। मेरे इक्कीसवें जन्मदिन पर पापा ने पूरे घर को एक बार में तब्दील करवा दिया था, लड़कियों से भरा हुआ बार। मुझे कुछ समय बाद पता लगा कि उन्होंने वर्जिनिया विश्वविद्यालय की लड़कियों के एक ग्रुप को इसके लिए पूरे दो हज़ार डॉलर दिए थे।

मैं सोच रहा हूँ कि पिताजी को उनके पसंदीदा राष्ट्रपति की करतूतों के बारे में बताऊँ, लेकिन वे मुझसे हज़ारों सवाल करेंगे और मेरा एक घंटा, चीनी में पानी की तरह घुल जाएगा।

मैं फ्रिज से एक सैंडविच निकालता हूँ और पिछली रात को अपने दिमाग़ से बाहर निकालने की कोशिश करता हूँ। पिछली रात अब अतीत है। मैं अतीत मैं नहीं रहता। मैं वर्तमान में जीता हूँ। और वर्तमान में, मैंने आज के अठारह मिनट गंवा दिए हैं।

मैं अपना फ़ोन उठाता हूँ, अपने एसिक्स के जूतों में पाँव घुसाता हूँ, टोपी लेना नहीं भूलता, और दरवाज़े से बाहर भागता हूँ।

समय 3:26 हो रहा है।

आज मुझे अपनी दौड़ को छोटा करना होगा। मैं सात मिनट में एक मील भागकर छः मिनट में लौटता हूँ। जिस स्ट्रीट लाइट के नीचे कॉनर सलिवन ने अपनी गाड़ी खड़ी की थी, जब तक मैं वहाँ तक पहुँच कर रुकता हूँ, 3:31 बज चुके हैं।

इक्कीस मिनट शेष हैं।

मैं मुड़ता हूँ और घर की तरफ़ मुँह करता हूँ। वह एकदम शांत है, मानो उसका लोहे का मज़बूत गेट, उसे सब ख़तरों से बचाता है, यहाँ तक कि आवाज़ों से भी। मैं अपनी कमीज़ के अंदर अपना हाथ घुसा कर उसके गेट के ऊपर लगे ताले के साथ खेलता हूँ। ताला अपने आप खुल जाता है और फिर धीमे से चरचराते हुए गेट खुलता है। मैं जानता हूँ कि मैं जो करने वाला हूँ गलत है। नैतिकता की दृष्टि से भी और क़ानूनी दृष्टि से भी, लेकिन क्या पता उसके अंदर कोई महिला हो और उसे मदद की ज़रूरत हो? वह चीख सुने हुए लगभग चौबीस घंटे बीत चुके हैं, वह संभवतः अभी भी जीवित हो सकती है, हैं ना? दोनों ही तरह से, आप स्वयं से पूछ रहे होंगे कि मैं पुलिस को बुलाकर इसे देखने को क्यों नहीं बोल रहा हूँ?

बहुत सीधा-सा जवाब है।

यह मेरे 14000 जागृत घंटो की सबसे रोमांचक घटना थी।

मैं गेट के मुहाने से निकलकर, दबे पाँव चलते हुए सीढ़ियों पर चढ़ जाता हूँ। वहाँ पर, शीशे के दो पतले से टुकड़े हैं जो दरवाज़े के ऊपर की ओर जाते है, मैं झुकता हूँ और सावधानी से घर के अंदर घुस जाता हूँ। मेरी आँखों में अभी भी उस स्ट्रीट लाइट के बल्ब की रोशनी चुभ रही है और मैं स्पष्टता से एक भी आकार नहीं पहचान पा रहा हूँ। मैं अपना हाथ उठाता हूँ जो अभी भी कमीज़ की बाँह के अंदर है – मेरा उँगलियों के निशान छोड़ने का कोई भी प्लान नहीं है - और धीरे से लोहे के हैंडल को नीचे की ओर खिसकाता हूँ। वह नीचे हो जाता है और दरवाज़ा भीतर की ओर खुलता है।

मैं अपने पैरों को थोड़ा-सा मोड़ता हूँ और जब तक अपने शरीर को पूरी तरह अंदर नहीं घुसा लेता, तब तक धकेलता रहता हूँ। मैं अपना फ़ोन निकालता हूँ और फ़्लैशलाइट एप पर क्लिक करता हूँ। दरवाज़ा अपने आप मेरे पीछे से बंद हो जाता है। कमरे में रोशनी हो जाती है।

तोड़ना और घुसना। तहक़ीक़ात और खोज।

घर की बनावट से, मैं जानता हूँ कि गराज बायीं तरफ़ है और किचन, लिविंग रूम और बेडरूम दांयी तरफ़। मैं एक गहरी सांस लेता हूँ और धीरे से फुसफुसाता हूँ, “हैलो”।

कोई जवाब नहीं आता।

मैं धीरे-धीरे घर के अंदर जाना शुरू करता हूँ। वह बाहर से जितना बड़ा दिखता है उस से कहीं अधिक बड़ा है, कम से कम जितना मैंने सोचा था उसका दो गुना । घर से भव्यता और सुव्यवस्था की महक आ रही है और वह वैसा है भी। किचन एक दम बेदाग़ है, सिवाय सिंक में पड़े उन दो बर्तनों के, जिन में मेरे अनुमान से कभी ग्रिल्ड चीज़ और टमाटर का सूप रखा गया होगा। फ्रिज एकदम भरा हुआ है। कुछ स्वस्थ और कुछ तुलना में कम स्वस्थ सामानों से। लिविंह रूम मैं एक बड़ा हिस्सा है जिसके बराबर में एक फ्लैट स्क्रीन टीवी है, जो मेरे हिसाब से उसके पास पड़े थ्री डी ग्लास और रिमोट से वह कोई नया मॉडल दिखता है। वहाँ दो छोटे बेडरूम हैं और एक मास्टर बेडरूम है। मास्टर बेडरूम को देखकर ऐसा लगता है कि शायद सिर्फ़ इसी कमरे में कोई रहता होगा। हल्के गहने हैं वहाँ, ज़्यादातर आइवरी वाले, और वे हर संभव सतह पर मौजूद हैं।

बिस्तर सुसज्जित है। तकिये एकदम फूले हुए और अच्छी तरह रखे हुए हैं।

मेरा फ़ोन वाइब्रेट करता है और मुझे सेट किये हुए अलार्म का एहसास होता है। मैं इस बात से अच्छी तरह से अवगत था कि मैं सड़क के सामने वाले उस घर में ही नींद के आगोश में जा सकता था, इसलिए मैंने 3:50 का अलार्म सेट किया हुआ था।

मैं सामने वाले दरवाज़े की तरफ़ बढ़ता हूँ और खींच कर उसे खोलता हूँ। उस आगन्तुक कक्ष की चारों ओर एक अंतिम बार नज़र घुमाते हुए, मैं इस निर्णय पर पहुँचता हूँ कि अगर कॉनर सलिवन ने उस महिला को वास्तव में चोट पहुँचाई होगी - जो इस घर की मालकिन भी हो सकती है और नहीं भी - लेकिन वह अभी यहाँ मौजूद नहीं हैं। तो या तो वह अपनी करतूत के सबूतों को मिटाने के लिए यहाँ वापिस आएँगे, या फिर प्रथम दृष्टया ऐसा कुछ हुआ ही नहीं था, यानी, महिला को चोटिल किया ही नहीं गया था। इनमें से कोई एक कारण हो, या फिर कुछ और हो, एक बात साफ़ थी, कि वह यहाँ पर नहीं थी।

एक छाया।

मैं अपना सिर पीछे की तरफ़ मोड़ता हूँ, जो मेरी गर्दन में मानो बिजली-सी पैदा करके उसे कंपा देता है। जो दो एडविल को गोली और बर्फ़ की सेक मैंने लिया था, उससे काफ़ी हद तक मेरा दर्द कम हो गया था, लेकिन झटके से अपनी गर्दन मोड़ने से मेरी पीड़ा दवा के असर पर हावी हो गई।

मैं कराहते हुए, बिल्ली की तरफ़ देखता हूँ।

वह काले और भूरे रंग की है, और उसकी आँखें मेरे सेलफ़ोन की रोशनी में नारंगी दिखाई देती हैं। वो मेरे पास आकर मेरे पाँव को सहलाती है।

“आजा, पुसी।”

वह कोई जवाब नहीं देती।

मैं उसे पुचकारने के लिए झुकता हूँ, और मेरे सामने से पहले ही वो हॉल के गलियारे से निकल कर भाग जाती है। मैं उसके पीछे रोशनी चमकाता हूँ। वह दरवाज़े के पास जाकर म्याऊँ करने लगती है। मैं उसकी तरफ़ जाता हूँ और दरवाज़े को खोलता हूँ।

बहुत तेज़ गंध आ रही है।

यहाँ तक कि मेरी आँखें भी उसे महसूस कर सकती हैं।

और मैं उस गंध को सुन भी सकता हूँ।

वह औरत कार के बोनट पर है। उसने एक नीला टैंक टॉप और एक चेकदार ऊनी पजामा पहना हुआ है। उसकी गर्दन सूजी हुई है और देखने में लाल, बैंगनी और नीले रंग के डाई में रंगी हुई-सी दिखती है। एडविल को गोली और बर्फ़ का सेक इस औरत की मदद नहीं कर सकता।

वह बिल्ली उछलकर उस औरत की तरफ़ देखकर फिर से म्याऊँ करना शुरू कर देती है। गर्दन के नीचे, उस औरत का पूरा शरीर सफ़ेद पेस्टल रंग में डूबा हुआ है। वह बिल्ली अपने में सिकुड़ कर उस औरत की छाती पर बैठ जाती है।

मैं दो कदम आगे बढ़ता हूँ। मेरे अनुमान के अनुसार, वह औरत बीस की दहाई के शुरुआती वर्षों की उम्र की रही होगी। हल्के सुनहरे भूरे बाल और सुन्दर छरहरा बदन। नीली आँखें जो कभी बिजली की सी कौंध लिए हुई थी, अभी रक्तरंजित और सुस्त हैं। वह मृत्यु के बाद भी अत्यधिक आकर्षक दिखती है, और मैं अचंभित होकर यह सोचता हूँ कि जीवित रहते कितनी गर्दनें उसे देखने के लिए पलटी होंगी।

घंटी बजती है और मैं अपने फ़ोन की तरफ़ देखता हूँ। मैं उस औरत के मृत शरीर के पास पिछले सात मिनट से खड़ा हूँ।

ओह! ये क्या!

जैसे ही मैं वापिस जाने के लिए मुड़ता हूँ तो मुझे यह एहसास होता है कि आवाज़ मेरे फ़ोन से नहीं आ रही है, किसी और फ़ोन से आ रही है। शायद, उस औरत के फ़ोन से। फ़ोन फिर से तीसरी बार बजता है। वह कार के नीचे है। मैं अपने हाथों और घुटने के बल नीचे बैठता हूँ, और फिर पेट के बल लेट जाता हूँ। मैं फौजियों की तरह रेंगते हुए आगे बढ़ता हूँ जब तक मेरा धड़ उस नीची ऑडी कार के आधे भाग तक नहीं पहुँच जाता। मेरी उंगलियाँ उस फ़ोन की गुलाबी केसिंग के अगले भाग को छू जाती हैं। मैं कराहते हुए आगे बढ़ता हूँ और उस फ़ोन को उसी के ऊपर पलटने की कोशिश करता हूँ। मुझे उसे पाने के लिए सात बार प्रयास करना पड़ता है। मैं फ़ोन को पकड़ता हूँ, और दर्द सहते हुए ख़ुद को कार के नीचे से बाहर की ओर लाता हूँ, और सीधे खड़ा हो जाता हूँ।

मैं बहुत तेज़ी से हांफ रहा हूँ।

मैं नीचे फ़ोन की तरफ़ देखता हूँ। वो फ़ोन एक गुलाबी केस में रखा, एक सैमसंग गैलेक्सी एस4 है। कॉल कट चुका है। और समय है 3 बजकर 51 मिनट।

मैं गैरेज के बाहर सामने वाले दरवाज़े की तरफ़ भागता हूँ। क्या मैं समय रहते घर पहुँच पाऊँगा? घर यहाँ से सौ गज दूर है और फिर तीन तलों की सीढ़ियां हैं। अगर मैं सड़क के बीच में ही गिर जाऊँ तो? क्या होगा अगर मैं केवल चबूतरे तक ही पहुँच पाया? क्या होगा अगर किसी ने पहले मुझे और फिर उस महिला के शरीर को ढूँढ लिया?

मेरी नींद जेल में खुलेगी।

मैं तय करता हूँ कि मैं किसी भी तरह वहाँ नहीं पहुँच सकता।

मुझे छुपना ही होगा।

मैं उन छोटे बेडरूमों में से एक में जा कर उसके क्लॉज़ेट के अंदर लेट जाता हूँ। मैं अभी भी अपने पाँव फैलाने की जगह बना रहा हूँ कि मुझे नींद आ जाती है।
 
:03

वह मेरे पेट पर है। वह बिल्ली।

“यो!”

बिल्ली अपना सिर उठा कर अपनी नारंगी आँखों से मुझे घूरती है, और फिर वापस अपने सिर को मेरी छाती पर रख के लेट जाती है। मेरे दिमाग़ में पिछली रात की घटनाओं की यादों का सैलाब आ जाता है। उस औरत का शरीर। उस कार के नीचे पड़ा फ़ोन। और यह बात कि मैं उस बिल्ली को अपने पेट पर ले कर अलमारी के अंदर सो रहा हूँ।

मैं ख़ुद को अपने कूल्हों पर धकेलता हूँ जिससे वह बिल्ली मेरी नज़रों से ग़ायब हो जाती है। इस बार वह मेरी गर्दन नहीं बल्कि मेरी पीठ पर है। वह चीख रही है। मैं अपने हाथ को अपने पेट की माँसपेशियों की तरफ़ ले जाता हूँ, और मैं वहाँ पर एक चौथाई इंच का एक गड्ढा महसूस कर सकता हूँ, जो छूने पर दर्द, बहुत दर्द करता है। एक खुली खिड़की से शीतल चाँदनी का झरना अंदर की ओर बह रहा है जो उस प्लास्टिक के हैंगर को रोशन कर रहा है जिस पर मैं सोया हूँ।

अरे!

अपने पाँव पर खड़े होने पर, मैं अपना फ़ोन ढूँढने लगता हूँ।

सुबह के 3 बजकर दो मिनट हुए हैं।

मैं अपनी दूसरी जेब में हाथ लगा कर महसूस करता हूँ तो मुझे दूसरा फ़ोन भी मिल जाता है। वह गुलाबी वाला सैमसंग। वाशिंगटन स्मारक का एक चित्र स्क्रीन पर लगा हुआ है। वह औरत पिछले अड़तालीस घंटो से मृत पड़ी है और मैं अपेक्षा करता हूँ कि उसके फ़ोन में बहुत सारे मैसेज आए होंगे, लेकिन उसमें सिर्फ़ एक मिस्ड कॉल है, वही, पिछली रात वाली। क्या इस औरत के कोई मित्र थे? कोई सह-कर्मी? क्या किसी को पता भी था की वह लापता है? मैं जानना चाहता हूँ कि वह कौन-सा नंबर था जिस से कॉल आया था, लेकिन स्क्रीन के ठीक सामने के चार ख़ाने मुझे यह संकेत देते हैं की फ़ोन लॉक है। फ़ोन लॉक है भी। मैं 1234 डालकर कोशिश करता हूँ, लेकिन हैरानी की बात है कि वह काम नहीं करता। मैं अपने मन ही मन सोचता हूँ कि मुझे याद रखना है कि मुझे उस फ़ोन को वापस कार के नीचे रख देना चाहिए ताकि पुलिस उसे ढूँढ सके। मैं अपनी कमीज़ की बांह से और स्वेट पेंट की जेब से, फ़ोन पर लगे सारे निशान मिटाता हूँ जो संभवतः उस पर छूट गए होंगे।

और जहाँ तक पुलिस का सवाल है, तो ज़ाहिर सी बात है कि वे कल तक यहाँ नहीं आए थे और अगर आए भी थे तो दो-चार निकम्मे ही आए थे। मैं एक खुली हुई अलमारी में सोया हुआ था। निश्चित रूप से, वे मुझे देखते ज़रूर, और शायद मेरी नींद जेल में खुलती, और अब तक मुझ पर पहले दौर की नकेलें कसी जा चुकी होती। तो, मैं उस महिला को ठीक उसी स्थान पर देख कर आश्चर्यचकित हूँ जहाँ मैं उसे पिछली रात छोड़ कर गया था। और जहाँ तक उसकी अवस्था की बात है, वह एक अलग ही कहानी बयां कर रही है। जैसा मैंने एक दिन पहले देखा था, उसके शरीर की हालत उस से एकदम अलग है। एक अविचल कीड़ों के झुण्ड के नीचे उसका शरीर गल रहा है। उसमें सल्फ़र की असहनीय बू आ रही है। इसकी तुलना में, चौबीस घंटे पहले यह कमरा ताज़ा लिनन के कपड़े की ख़ुशबू से महक रहा था।

मेरी सांस रुक जाती है और मैं वापस घर के मुख्य हिस्से की ओर बढ़ता हूँ।

तीन बजकर चार मिनट हो चुके हैं।

मैं किचन का रास्ता ढूँढ़ते हुए उसके अंदर घुसता हूँ और एक बार फिर अपनी स्वेट शर्ट मैं अपना हाथ घुसा कर फ्रिज खोलता हूँ। दो स्ट्रिंग चीज़ के टुकड़े पकड़कर, मैं एक को खोलते हुए दराज़ों की छानबीन करने लगता हूँ। मैं किसी चिट्ठी या नोट की तलाश कर रहा हूँ। या फिर कोई ऐसी चीज़ जिसमें उस औरत का नाम लिखा हो। लेकिन वहाँ पर कुछ नहीं है, न कोई बिजली के बिल, न कोई नोट, और न उसकी पहचान का कोई भी सबूत। न तो कोई बटुआ है, न ही वाइट हाउस के प्रेस पास और न ही कॉनर सलिवन के गर्मजोशी भरे प्रेम-पत्र।

मैं अगले पाँच मिनट आस-पास कुछ खोजने में बिताता हूँ, और फिर निर्णय लेता हूँ कि मैं अपने भाग्य की परीक्षा ले चुका हूँ, और सामने के दरवाज़े की तरफ़ बढ़ता हूँ। यह सोचते हुए कि इस विषय में आगे कुछ भी करना बेवकूफ़ी होगी, मैं लिविंग रूम की ओर बढ़ता हूँ, जहाँ से एक काँच के स्लाइड करने वाले दरवाज़े को खोलकर एक छोटे से आँगन में पहुँचता हूँ। दरवाज़े को बंद करते हुए मैं पीछे मुड़कर एक अंतिम झलक देखता हूँ।

उस काँच के दरवाज़े से बिल्ली मुझे घूर रही है।

म्याऊँ ।

"क्या ?"

म्याऊँ ।

"मुझे माफ़ करो लेकिन मैं कुत्तों की भाषा ज़्यादा बेहतर समझता हूँ। "

म्याऊँ ।

"मुझे नहीं पता, जाओ बाथरूम से जा कर पी लो। "

म्याऊँ ।

"फ्रिज में बहुत सारा स्ट्रिंग चीज़ पड़ा है। "

म्याऊँ ।

"ठीक है। "

मैं जल्दी से दरवाज़ा खोलता हूँ और बिल्ली उचक कर मेरी बाहों में कूद जाती है।

हमारे वापिस मेरे घर पहुँचने तक समय 3:13 हो चुका है।

शायद मैं उतना ही प्यासा हूँ जितनी वह बिल्ली और मैं तीन गिलास पानी पीता हूँ। मैं अपने लिए एक सैंडविच और शेक निकालता हूँ और बिल्ली के आगे टूना मछली का कैन रख देता हूँ। जो कटोरी मैंने उसके लिए रखी थी, उसी से वह मुझसे दो घूँट ज़्यादा पानी पीती है और फिर चाटते हुए, जैसे प्रायः बिल्लियाँ खाती हैं, खाना खाने लगती है। मैं झुकता हूँ और उसकी गर्दन पर देखता हूँ, लेकिन उसके गले में पट्टा नहीं बंधा हुआ है।

"अच्छा, अब मैं तुम्हें बिल्ली नाम से नहीं बुलाने वाला, हैं ना?"

मैं याद करता हूँ कि किस तरह से उसने मुझे गैराज के दरवाज़े की दिशा दिखाई थी और मानो कहा था, “रास्ता इधर है, इधर से आओ।"

उस लड़की की तरह मैं तुम्हारा नाम भी लैसी, यानी युवा लड़की रख देता हूँ ।

वह ऊपर देखती है और ऐसे सिर हिलाती है जैसे बोल रही हो “हाँ, यह नाम सही रहेगा।”

"अच्छा, लैसी मुझे तुम्हें ये बताते हुए बहुत घृणा हो रही है क्योंकि मैं जानता हूँ कि तुम एक कट्टर दक्षिणपंथी रूढ़िवादी हो, लेकिन तुम्हारी माँ की हत्या संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति ने की है। ऐसा ही होता है जब हम गणतंत्रवादी विचारधारा के लोगों को चुना जाता है।

अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वह ख़ुद को चाटने लगी।

मैं अपने कपड़ों को सोफ़े पर फेंकता हूँ और शॉवर में दो मिनट तक नहाता हूँ। अपनी पीठ पर बर्फ़ का सेक करने के बाद, मैं एक धुली हुई स्वेट शर्ट पहनता हूँ और सोफ़े पर पड़ी अपनी स्वेट पैंट को टटोलते हुए अपना फ़ोन बाहर निकालता हूँ और घड़ी की तरफ़ देखता हूँ।

सुबह के 3:22 बजे हैं।

मुझे इन अढ़तीस मिनटों में बहुत कुछ करना है।

पंद्रह मिनट बाद, मैं अपने हाथ में एक सार्वजनिक पे फ़ोन पकड़े हुए हूँ। यही वह एकमात्र सार्वजनिक फ़ोन है जिसका पता मैं जानता हूँ और बचपन से देखते आया हूँ, यह समर पार्क में है। मैं, किसी के भी मुझे देखने को लेकर बहुत ज़्यादा चिंतित नहीं हूँ, लेकिन फिर भी अपनी टोपी नीचे की ओर झुका लेता हूँ और अपनी स्वेटशर्ट का हुड ऊपर कर लेता हूँ, जो मेरे अनुमान से मुझे और भी अधिक संदिग्ध बना देता है। 911 पर कॉल करना बहुत ही सरल और संक्षिप्त होता है - 1561 साइकामोर पर एक मृत महिला पड़ी हुई है। जब मैं लौटता हूँ तो देखता हूँ कि उस घर के बाहर एक पुलिस की कार खड़ी हुई है, इसलिए मैं पिछले दरवाज़े से अपने घर के अंदर घुसता हूँ।

पर्दों के बीच से झांकते हुए, अपनी गोद में लैसी को लिए हुए, और उसके पिछले पंजों से खेलते हुए, मैं तीन और स्क्वाड कारों को वहाँ पहुँचते देखता हूँ, जिनके ठीक पीछे एक वैन है जिस पर अलेक्सांद्रिया अपराध स्थल इकाई छपा हुआ है।

एक मिनट शेष रहते, मैं खिड़की से बाहर नाचती हुई लाल और नीली बत्तियों की अंतिम झलक लेता हूँ और फिर अपने तकिये पर लेट जाता हूँ। लैसी भी मुझ से चिपक कर लेट जाती है।

पिछली दो रातों से लगातार ज़मीन पर सोने के बाद, मैं अंततः बिस्तर पर सोने से बहुत गदगद हूँ, लेकिन जैसे ही मैं अपनी आँखें बंद करता हूँ तो मैं थरथराने लगता हूँ और मुझे याद आता है कि मैं कुछ भूल गया हूँ।।

कुछ अत्यधिक महत्वपूर्ण।

...

मैं लैसी को तेईस घंटे के बाद भी मुझसे लिपटकर सोते हुए देखकर आश्चर्यचकित हूँ। वो मेरी तरफ़ नज़रें घूमाती है और अभी भी बहुत थकी हुई लग रही है। मेरे ख़्याल से वह ख़ुशी-ख़ुशी अगले तेईस घंटे भी सो सकती है। लेकिन मेरे पास कूड़ा दान नहीं है और जैसा मैं अंदाज़ लगा रहा हूँ, लैसी को इस बात को ध्यान में रखना चाहिए।

मैं उस छोटी-सी तीन मंज़ीला बालकनी का दरवाज़ा खोलता हूँ। मेरे पास एक बहुत लम्बे समय से मरा हुआ पौधा पड़ा है,और मैं उसे गमले से उखाड़कर उसकी मिट्टी की एक चट्टान सी बना देता हूँ।

लैसी अभी भी बिस्तर पर पड़ी हुई है और मैं उससे कहता हूँ, “उस मिट्टी में तुम हल्की हो कर आओ।”

मुझे पूरी तरह चौंकाते हुए, वह वहाँ चली जाती है।

हे भगवान!

"अच्छा कुत्ता है।"

मैं सामने की खिड़की की तरफ़ बढ़ता हूँ और वहाँ से बाहर झाँकता हूँ। अभी भी उस घर के बाहर पुलिस की दो गाड़ियां खड़ी हैं। और उस लोहे की चारदीवारी के चारों ओर “क्राइम सीन” का टेप बंधा हुआ है।

मैं झटके से अपने लैपटॉप के आगे बैठता हूँ और स्थानीय समाचार पढ़ता हूँ।

युवा महिला की हत्या।

ज्ञात हो कि अलेक्सांद्रिया, वाइट हाउस से सिर्फ़ पंद्रह मिनट की दूरी पर है और यहाँ रहने वाले ज़्यादातर प्रतिशत लोग बड़े-बड़े रसूख़दार हैं। मैं आशा करता हूँ कि कहीं पर विस्तृत कहानी मिले, लेकिन हर जगह सिर्फ़ छोटी-मोटी जानकारी ही उपलब्ध है। कोई नाम नहीं, कोई उम्र नहीं, सिर्फ़ इतना कि अलेक्सांद्रिया की एक महिला की उसके ही घर के गैराज में गला घोंटकर हत्या। कोई संदिग्ध भी नहीं है।

मेरे और लैसी के खाना खाने के बाद, मैं पापा को फ़ोन लगाता हूँ। यह जानते हुए कि दो रातों के बाद वे मेरे साथ ताश खेलने को आ रहे हैं, हम बस दो ही मिनट बात करते हैं। मैं मिलने पर उन्हें सब कुछ बताऊंगा, जिसे सुन कर उनके चेहरे के हाव-भाव अमूल्य होंगे।

और जहाँ तक हत्या की बात है, मैं सोच रहा हूँ कि क्या पुलिस अभी तक यह पता लगा पाई होगी कि इस घटना के तार विश्व के सबसे शक्तिशाली व्यक्ति से जुड़े हैं। क्या वे कॉनर सलिवन की कोई सहायक थी? या फिर कोई प्रशिक्षु?

और राष्ट्रपति महोदय के बारे में क्या ख़्याल है? मुझे किसे बताना चाहिए? क्या मुझे एक गुमनाम ईमेल लिख कर अलेक्सांद्रिया पुलिस को भेज देना चाहिए? मैं इतना अनुभवहीन भी नहीं हूँ कि मैं सोचता हूँ कि संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति पर हत्या का आरोप लगा दूँ और ख़ुद किसी भी प्रकार के प्रतिघात से बच निकलूँ। मैं चाहे कितना भी निश्चित हूँ कि हत्यारे वे ही थे — और चाहे में कितने ही अचल रूप से निश्चित हूँ — इसकी एक सामूहिक नकारात्मक प्रतिक्रिया होगी। यह उल्लेख करने की आवश्यकता नहीं है कि यह कितना अविश्वसनीय विचार था। पहला सवाल यह है कि राष्ट्रपति की ख़ुफ़िया सेवा कहाँ थी? क्या वे इससे अवगत थे? क्या उन्होंने ही ये गुप्त मिलने के स्थान की व्यवस्था की थी? क्या राष्ट्रपति किसी के संज्ञान में आए बिना वाइट हाउस से छुप कर बाहर निकल आए थे? क्या ऐसा संभव था? मैं निश्चित नहीं था। जो मैं जानता था वह यह था कि जिस समय राष्ट्रपति महोदय को अपने बेडरूम में सोया हुआ होना चाहिए था, उस समय वे सड़क के उस पार वाले घर में एक औरत की गला दबाकर हत्या कर रहे थे।

मैं उपरोक्त ईमेल लिखना शुरू ही करने वाला हूँ, लेकिन तभी मैं अपने मुख्य दरवाज़े के आगे एक छोटा-साआयताकार कार्ड देखता हूँ।

"कार्ड उठाना ज़रा," मैं लैसी को बोलता हूँ।

वह मेरी गोद से कूदती है, कार्ड को चाटती है, लेकिन उसे वापस उठा कर नहीं लाती।

मैं उसे देख कर अपना सिर हिलाता हूँ और कार्ड को उठा लेता हूँ।

इंग्रिड रे, अलेक्सांद्रिया नर हत्या।

शायद पुलिस ने कल के दिन का ज़्यादातर समय पड़ोस में प्रचार करने में बिताया था, किसी गवाह को ढूँढने के लिए। उसने मेरे दरवाज़े को खटखटाया होगा लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाज़े के ही नीचे से ये कार्ड सरका दिया। मैं अपना फ़ोन निकालता हूँ और उसका नंबर मिलाता हूँ।

निस्संदेह, वह अभी सो रही होगी, लेकिन मेरी योजना है कि मैं उसे बोलूँ की मैंने उस हत्या के बारे में सुना ज़रूर था लेकिन देखा कुछ नहीं।

आश्चर्यजनक बात यह थी कि उसने फ़ोन उठा लिया।

रे, अलेक्सांद्रिया होमीसाइड।

“ओह! हैलो! उम्म्म.. मेरा नाम हेनरी बिन्स है। आपने अपना कार्ड मेरे दरवाज़े के अंदर छोड़ा था।”

“आप कहाँ पर रहते हैं?”

मैंने उसे बताया।

“मैं पाँच मिनट में वहाँ पहुँचती हूँ,” कहकर, उसने फ़ोन काट दिया।

मैं लैसी की तरफ़ देखता हूँ और कहता हूँ, “कोई बात नहीं, ये हमारी योजना के अनुसार नहीं हुआ।”

...

वह सात मिनट के बाद पहुँच जाती है।

समय है, सुबह के 3 बजकर 33 मिनट।

उसके बाल गहरे भूरे रंग के हैं जिन्हें उसने चोटी में बाँध रखा है। वह एक जीन्स और एक वाशिंगटन रेडस्किन्स की हुड पहने हुए है। उसके ऊपर मेकअप का कोई निशान नहीं है। वैसे उसे मेकअप की ज़रुरत भी नहीं है। उभरी हुई गाल की हड्डियाँ। भूरे बाल। एक पुलिस अधिकारी होने के हिसाब से अत्यधिक आकर्षक, जो शायद उसके कोई बकवास न सहन करने वाले आचरण के लिए ज़िम्मेदार था।

“तो आप अमूमन इस समय जगे रहते हैं?” लैसी की घूमी हुई रीढ़ पर हाथ फिराते हुए और मेरी किचन टेबल पर बैठते हुए, वह पूछती है।

मैं संक्षिप्त उत्तर देने का निर्णय लेता हूँ। “हाँ”

“क्या आप कोई अजीबोग़रीब लेखक टाइप हैं?”

"नहीं। मैं एक डे ट्रेडर यानी दिन का व्यापारी हूँ। “

"पर अभी तो रात हो रही है, ऐसे तो आप नाइट ट्रैडर हुए ना?"

मैं मुस्कुराता हूँ। “कहीं न कहीं तो दिन भी हो ही रहा है।”

“हाँ, सही कहा। कौन-कौन से बाजारों में निवेश करते हैं आप? लंदन? टोक्यो?”

“अह, हाँ,” किसी तरह काम चलाता हूँ।

"तो अभी आप सुबह के लिए उठे हैं या काम ख़त्म कर के सोने की तैयारी मैं हैं?

"सुबह के लिए उठा हूँ।” जो पूरा झूठ नहीं है। मेरे दिन में सिर्फ़ पंद्रह मिनट बचे हैं। “मैं एक जल्दी उठकर काम करने वाला व्यक्ति हूँ।”

वह जबरन मुस्कुराती है, फिर एक लंबी सांस ले कर पूछती है, “क्या आपने उस महिला के बारे में सुना है जिसकी सड़क के उस पार हत्या कर दी गई? आपके व्यापार की व्यस्तता के बीच में आपको इस बात का पता चला या नहीं?”

"हाँ, मैंने सुना था।"

"कहाँ?"

"कहाँ मतलब?"

"आपने कहाँ सुना था इस के बारे में?"

"इंटरनेट पर।"

"अरे हाँ, आप तो हमेशा इंटरनेट पर ही रहते हैं ना। आपके टोक्यो के बाज़ारों में निवेश करते-करते ही सुना होगा।

इस बार मैं जबरन मुस्कुराता हूँ।

3:41 हो चुके हैं।

मुझे यह सब समेटना होगा इससे पहले कि मैं इस औरत के सामने ही सो जाऊँ या फिर और इससे पहले की बात और बढ़ जाए और मैं कोई और बेवकूफ़ी भरा झूठ बोलूँ, जिसके लिए मैं तैयार भी नहीं हूँ।

"आपने कुछ देखा, आस-पास किसी को घूमते हुए या फिर कुछ भी?"

मैं ना कहते हुए अपना सिर हिलाता हूँ, "दो रात पहले मैं कुछ ज़्यादा ही व्यस्त था, खिड़की के बाहर देखने का भी समय नहीं मिला।”

"दो रात पहले के बारे में किसने पूछा?" उसकी भौहें सिकुड़ गईं।

"ओह, मुझे लगा मैंने पढ़ा था कि उसकी हत्या दो रात पहले हुई थी? ऐसा नहीं था क्या?” मैंने हकलाते हुए बोला। “क्या उसकी हत्या कल रात हुई थी?”

वह मेरी तरफ़ दो सेकंड तक घूरती है और कहती है “अभी कुछ निश्चित नहीं है, मृत्यु समीक्षक अभी इसकी जाँच कर रहे हैं।”

"वैसे, मैंने कल रात भी कुछ नहीं देखा।"

"और तीन रात पहले? क्या आपने तीन रात पहले कोई संदिग्ध गतिविधि देखी थी?”

मैंने फिर ना में अपना सिर हिलाया।

"क्या आप उसे जानते हैं?"

"किसे?"

"सड़क के उस पार वाली लड़की को। जानते हैं उसे? कभी मिले हैं? कभी उसे कॉफ़ी पिलाने ले गए हैं?”

“नहीं, कभी नहीं मिला उससे।”

वह सिर हिला देती है और खड़ी होती है। "अगर आपको इसके बारे में कुछ भी सुनने को मिले या फिर कुछ याद आए, तो मुझे कॉल कीजियेगा।"

"बेशक़।"

मेरा फ़ोन बजता है। नहीं। किसी का फ़ोन बजता है, मेरा नहीं। मेरा सेलफ़ोन तो सामान्य रिंग वाली घंटी की धुन पर सेट है। और यह रिंग तो झंकार वाली है।

"क्या आप कॉल उठाएंगे?” वह सिर उस सोफ़े की तरफ़ इशारा करते हुए पूछती है जिस पर मेरे हुड और स्वेट पैंट पड़े हैं।

"नहीं, शायद ज़रूरी नहीं है।"

"क्या सुबह के चार बजे आपके पास बहुत सारे अनावश्यक कॉल आते हैं?”

याद है मुझे लगा था कि मैं कुछ भूल गया हूँ? कुछ अति-महत्वपूर्ण? मैं वास्तव में कुछ भूल गया था। जैसे ही मुझे एहसास होता है कि फ़ोन उस मृत महिला का है, मैं अपने चेहरे को स्थिर रखने की कोशिश करता हूँ। मैं उसे उस कार के नीचे रखना भूल गया था क्योंकि मैं उस असहनीय दुर्गंध से विचलित हो गया था और उससे भी बड़ी बेवकूफ़ी ये कि मैं उसे अपनी पैंट में रखकर घर ले आया।

"सैकड़ों," मैं उसके प्रश्न का उत्तर देता हूँ।

"कितने फ़ोन हैं आपके पास?”

"बस एक ही।”

वह दरवाज़ा खोलती है, फिर अपना फ़ोन निकालती है और दो बटन दबाती है। मेरा फ़ोन, जो मेरी जेब में हैं, बा-रिंग बा-रिंग कर बज उठता है।

वह एक बनावटी मुस्कुराहट के साथ कॉल काटती है। “मैं आपसे संपर्क में रहूँगी, मिस्टर बिन्स।”

और फिर वह चली जाती है।

मैं लैसी की तरफ़ देखता हूँ।

"ये एकदम से हुआ क्या?"

उसे भी मालूम नहीं है।
 
:04

मैं हाथ में फ़ोन लिए सोफ़े पर जागता हूँ। जो आख़िरी बात मुझे याद है वह यह है कि मैंने अपनी जेब से सेलफ़ोन निकाल कर देखा था और चार बज रहे थे। मैंने एक सभ्य स्थिति में सोने की कोशिश की थी लेकिन, बुरी तरह विफल रहा। मेरे पाँव सोफ़े पर थे और बाकी पूरा शरीर फ़र्श की तरफ़ झूल रहा था।

मैं अपने गाल पर कालीन की छाप महसूस कर सकता हूँ और मैं जानता हूँ कि मैं ऐसा लग रहा हूँ मानो मेरा चेहरा किसी चीज़ ग्रेटर का विज्ञापन हो। मैं यक़ीन से नहीं कह सकता कि लैसी कहाँ सोयी थी , लेकिन जैसे ही मैं अपने पीठ के बल पलटता हूँ, वह मेरी छाती पर आ जाती है और मेरे माथे को चाटने लगती है।

“अरे, बंद करो, ये सब,” मैं कहता हूँ, हालांकि ये इतना बुरा भी नहीं है।

लैसी को दूर करते हुए, मैं लड़खड़ाते हुए पैरों पर खड़ा होता हूँ और तभी महसूस करता हूँ कि मेरी रीढ़ की हड्डी में कितना दर्द है (मैं काफ़ी हद तक यक़ीन के साथ कह सकता हूँ कि अब यह घुमावदार हो गई है।)

पाँच मिनट तक नहाने के बाद – वैसे मैं ख़ुद को कभी भी एक मिनट से ज़्यादा नहाने की अनुमति नहीं देता हूँ – मैं अपेक्षाकृत सीधा खड़ा हो पाता हूँ।

फ्रिज खोलते हुए, मैंने यह सोचा कि मैं एक और सैंडविच नहीं खा सकता। तो मैंने दही और बनाना ब्रेड का एक टुकड़ा ले लिया। लैसी ने दोनों मेरे साथ बाँट कर खाए।

मैंने अपने पिताजी को मेसेज करने के लिए अपना फ़ोन उठाया और देखा कि उसमें तीन मिस्ड कॉल्स हैं। सभी एक ही नंबर से। डिटेक्टिव रे के।

पिछली रात के मेरे अभिनय के अनुसार, मैं यह अनुमान लगा रहा हूँ कि उस महिला की हत्या में, शायद मैं संदिग्ध नहीं हूँ, लेकिन कम से कम एक रोचक व्यक्ति अवश्य हूँ।

मैंने काउंटर पर रखे गुलाबी सैमसंग को देखा। मैं इतना बेवक़ूफ़ कैसे हो सकता था? मैं फ़ोन को वापस गाड़ी के नीचे रखना कैसे भूल गया? लेकिन अपनी साख बचाने के लिए, अगर मैं गराज में एक पल भी और रुकता, तो मैंने हेनरी बिन्स के कुछ बहुत ख़तरनाक हिस्से वहाँ छोड़ दिए होते।

मैंने अभी तक निर्णय नहीं लिया है कि उस जासूस से निपटने की कौन-सी रणनीति के लिए मैं तैयार हूँ। मैं बिना उसके यह जाने उसे फ़ोन नहीं दे सकता कि मैं घर के अंदर घुसा था। लेकिन बिना उस फ़ोन के, वे लोग उस महिला का कॉनर सलिवन से रिश्ता कभी स्थापित नहीं कर पाएँगे।

पहेली।

मैं निर्णय लेता हूँ कि मेरे बचने का सबसे अच्छा तरीक़ा है कि मैं सेलफ़ोन के साथ एक गुमनाम चिट्ठी लिखकर अलेक्सांद्रिया पुलिस विभाग को भेज दूँगा।

लेकिन पहले, मुझे जॉगिंग के लिए जाना है।

समय है, सुबह के 3:22।

लैसी सामने के दरवाज़े पर पंजे मार रही है और मैं टोपी से अपने कानों को छुपा रहा हूँ।

“तुम्हें क्या चाहिए दोस्त? तुम बाहर जाना चाहती हो?”

म्याऊँ ।

“तुम वापिस आओगी, वादा करती हो।”

म्याऊँ ।

मैं दरवाज़ा खोलता हूँ और वह भाग जाती है।

अपनी दौड़ के समय, उस औरत की लाश की तस्वीर बार-बार मेरे दिमाग़ में घूमती रहती है, लेकिन हर बार मैं आँखों को ज़ोर-से भींचकर, आसमान की ओर देखते हुए उसे दूर करता हूँ। यह मेरा समय है। उसका नहीं।

दो मील के बाद, मेरे शरीर की मांसपेशियाँ शिथिल होने लगती हैं और अब सांस खींचते हुए मुझे दर्द नहीं हो रहा। जब मैं वापस लौटता हूँ, एक छाया एक पेड़ के पीछे से ठीक मेरे सामने आ जाती है।

“आह!” मैं चिल्लाता हूँ।

मैं स्ट्रीट लाइट के नीचे, उसे मुस्कुराते हुए देख सकता हूँ।

जैस ही मैं अपनी ह्रदय गति को 200 प्रति मिनट के नीचे ला पाता हूँ, मैं बोलता हूँ, “क्या तुम इतनी देर से, कूदकर मेरे सामने आकर मुझे डराने के लिए यहाँ खड़ी थी?”

म्याऊँ ।

मैं एक डरावना-सा चेहरा बनाता हूँ और उसकी तरफ़ हवा में पंजा मारता हूँ।

वह भी वापिस पंजा मारती है।

सबसे अच्छे दोस्त।

“चलो, चलते हैं।”

मैं भागना शुरू करता हूँ और वह मेरे बराबर में चलना शुरू कर देती है, क्षिप्रता से, लेकिन चुपचाप।

जैस ही मैं अपने तीसरी मंज़िल पर स्थित घर की सीढ़ियों की तरफ़ बढ़ता हूँ, मैं दो लोगों को मेरे घर से बाहर निकलते हुए देख कर अचंभित रह जाता हूँ। डिटेक्टिव रे, एक भूरी जैकेट पहने हुए हैं और उसके बाल नीचे की ओर खुले हैं। जितना मैंने सोचा था वह उससे कहीं अधिक लंबी है, और उनके बाल कंधों से काफ़ी नीचे तक जाते हैं। वह मुझे, थॉमस क्राउन अफ़ेयर की रेने रुस्सो की याद दिलाती है। (यह मेरे पिताजी की सबसे पसंदीदा फ़िल्म है, और मैंने आज तक जो बारह फ़िल्में देखी हैं उनमें से एक। मैंने ओरिजिनल फ़िल्म और उसकी रीमेक एक महीने के अंतराल में देखी थी। मुझे ओरिजिनल वाली ज़्यादा पसंद है, लेकिन मुझे रेने रुस्सो को नग्न देखना भी बहुत पसंद है।) रे के साथ जो सज्जन हैं वे उसकी दो गुनी उम्र के हैं और उससे तीन गुने बड़े आकार के। उनका सिर मुंडा हुआ है और उनकी एक अच्छी तरह से छंटी हुई बकरे की जैसी दाढ़ी है, जो उनके लगभग अदृश्य से होटों को घेरे हुए है। उनके शरीर पर मांस ज़्यादा और चर्बी कम है और उनकी पोशाक उन पर खूब जच रही है।

“क्या यह आपके साथ हमेशा दौड़ने जाती है?” रे, अपने कूल्हों के बल झुक कर लैसी से दोस्ती करने के लिए आगे बढ़ते हुए पूछती है।

“कभी-कभी।”

वह ऊपर की ओर सिर हिलाते हुए कहती है, “ये मेरे सहयोगी हैं, कैल।”

मैं अपनी अभिस्वीकृति सिर हिला कर देता हूँ और उनके उस पार निकल जाता हूँ।

“हमारे पास आपके लिए कुछ सवाल हैं,” मेरी पीठ की तरफ़ शब्द साधते हुए, कैल ज़ोर-से बोलता है।

“तो फिर मैं उनका उत्तर दूँगा,” अपने जूते के फीते से चाबी निकालने के लिए झुककर, मैं कहता हूँ। “शायद, इस सप्ताह के अंत तक मैं आपकी कुछ मदद कर सकूँ।”

“अभी कैसा रहेगा?”

मैं अपने सेलफ़ोन की तरफ़ देखता हूँ। 3 बजकर 47 मिनट।

“आप हर समय घड़ी क्यों देखते रहते हैं?”

मैं रे की तरफ़ भौहें चढ़ाकर देखता हूँ।

“पिछली रात, मैंने आपको कम से कम आठ या नौ बार घड़ी देखते हुए देखा था।”

क्या वह गिन रही थी? मैं तिरछी नज़र से उसकी तरफ़ देखता हूँ, लेकिन कुछ बोलता नहीं।

“किसी सामान्य आदमी के लिए सुबह के तीन बजे, एक मिनट की क्या कीमत हो सकती है?”

मेरे लिए ये मिनट मेरी ज़िन्दगी हैं, मैं लगभग चिल्लाते हुए कहता हूँ। वे चंद मिनट जिनको आप ऐसे ही गंवा देते हैं क्योंकि हर दिन आपको हज़ारों ऐसे मिनट मिलते हैं, मेरे लिए अमूल्य हैं। आपका जीवन आपके पदनाम, आपकी दौलत और आपकी हैसियत से नापा जाता है। मेरा जीवन उस रेत के कणों की तरह है जो एक-एक कण करके नीचे गिर रहे हैं।

जब मुझे गुस्सा आता है तो मेरी नाक के नथुने फूल जाते हैं, मैं सोच रहा हूँ कहीं रे को यह हल्की हवा का झोंका महसूस न हो रहा हो। एक ठंडी सांस लेकर, मैं उसे यह बताता हूँ कि मैं हेनरी बिन्स हूँ और मुझे हेनरी बिन्स है। शायद नहीं।

“मैं हमेशा से ऐसे ही थोड़ा-सा सनकी रहा हूँ। हम सभी में कुछ न कुछ भेद होते हैं, मैंने सही कहा ना? आपका क्या ख़्याल है, कैल?” मेरे ख़याल से ये उनकी बकरे की जैसी दाढ़ी है। यह अति उत्कृष्ट है। पैमानों, दर्जों और प्रकार से परामर्श के बाद ही उसका सृजन हुआ है।

वह प्रसन्न नहीं हुआ।

मैं चाबी को ताले में डालकर घुमाता हूँ, और खींच लेता हूँ। मैं दरवाज़ा धीरे-से चार इंच खोलता हूँ और लैसी तीर की तरह अंदर घुस जाती है। अपने गालों को फुलाकर हवा छोड़ते हुए मैं कहता हूँ, “मैं अभी आपका साथ सचमुच नहीं दे सकता, कल कैसा रहेगा? लगभग 3:15 बजे?

मैं उनके जवाब का इंतज़ार नहीं कर रहा, हालांकि मैं डरा हुआ हूँ कि अगर कुछ जवाब आया तो वह होगा, “हमारे पास वारंट है।”आख़िरकार एक जवाब आता है।

“कैली फ्रिग।”

मैं चौंधिया जाता हूँ। इसलिए नहीं कि इस नाम का मेरे लिए कोई मतलब है – यह बस एक नाम है, एक औरत का नाम, इस गृह पर रह रहे सात अरब लोगों में, अविवेच्य – बल्कि इसलिए क्योंकि उसका मानवीकरण हो चुका है। जैसा जन्म के समय होता है, एक मोटा-सा, रोता हुआ, गुलाबी बच्चा जेक या मौली बन जाता है, ठीक वैसे ही वो मृत महिला केली बन गई है।

वे दोनों जासूस मेरे दो सेकंड के सन्नाटे का फ़ायदा उठाकर मेरे उस पार चले जाते हैं, कमरे के भीतर। मैं उनके रास्ते से हट जाता हूँ क्योंकि मैं जानता हूँ कि वे इतने अंदर आ चुके हैं कि मैं उन्हें जबरन बाहर नहीं धकेल सकता, मैं दो कदम पीछे हो जाता हूँ।

वह फ़ोन — कैली फ्रिग का फ़ोन — टेबल पर है, लैपटॉप के बगल में।

“सुनिए, क्या आप लोग अपने जूते उतार सकते हैं?”

ये कोई अनुचित निवेदन नहीं था इसलिए वे दोनों उसका पालन करने के लिए नीचे झुक जाते हैं। किचन टेबल, कालीन से दस कदम दूर है, लेकिन अगर मैं भी अपने जूते नहीं उतारता तो थोड़ा अजीब लगता।”

“बस उन्हें बाहर रख दीजिये।“

थोड़ा-सा अनुचित, लेकिन मेरा एकमात्र मौक़ा।

उस एक पल में जो उन दोनों को अपने जूते बाहर रखने में लगता है, मैं अपनी टोपी को झाड़ता हूँ, वह पलट कर मेरे लैपटॉप में लगती है और नीचे गिर जाती है।

“क्या?” मेरी और देखते हुए रे पूछती है। “इस में इतना हास्यास्पद क्या है?”

“कुछ नहीं।” बस मैं एक उच्च कोटि का टोपी उछालने वाला हूँ।

अपने जूतों को दरवाज़े की तरफ़ पलट कर रखते हुए, मैं पूछता हूँ, “तो, ये कैली फ्रिग है कौन?”
 
:05

“कैली फ्रिग वह लड़की है जिसे तुम पिछले तीन महीनों से अपनी खिड़की से देख रहे हो,” कैल चीखते हुए कहता है।

मैंने अपना सिर हिलाया। “माफ़ कीजिए, दोस्त, पर मैंने इससे पहले उसे कभी नहीं देखा।” मैंने देखा था, लेकिन तब नहीं जब वह ज़िदा थी।

“तुमने उस महिला को कभी नहीं देखा जो तीन महीने से सड़क के उस पार रह रही थी।“ रे ने पूछा, “वह वहाँ सिर्फ़ तीन महीने से रह रही थी?”

दोनों, रे और कैल, मेरे सवाल से परेशान दिख रहे थे और मैं उन्हें दोष भी नहीं दे सकता। क्या पता वह महिला वहाँ पिछले छः वर्षों से रह रही हो और मैंने कभी उसे देखा भी नहीं।

“मैंने उसे कभी नहीं देखा,” मैं दोहराता हूँ।

“क्लेमेन्स के बारे मे क्या ख़्याल है?” कैल ने पूछा। “क्या उसे देखा है?”

“ये क्लेमेन्स कौन हैं ?”

“जो लोग इस घर के मालिक हैं, जो लोग पिछले दस वर्षों से यहाँ रह रहे हैं।”

“ओह, द क्लेमेन्स –“ मैं रुका, “नहीं, कुछ याद नहीं आया।”

“आप कितने वर्षों से यहाँ रह रहे हैं?” रे ने पूछा।

“मेरी लीज़ मैं क्या लिखा है?”

कैल मुझे घूरते हुए कहता है “सात साल।”

“एकदम सही है।”

“और तुमने उन लोगों को कभी नहीं देखा, जो तुम्हारे घर की खिड़की के ठीक सामने रहते हैं?” कैल ज़ोर-से बोला।

“मैं दिन के समय अक्सर जगा नहीं रहता, मैं एक तरह से रात का उल्लू हूँ। शायद आपको यह एहसास नहीं कि हम ये बातचीत ठीक सुबह के चार बजे कर रहे हैं।” वैसे समय 3:54 है, अगर चार बज गए होते तो वह फ़र्श से बातें कर रहा होता।

दोनों जासूस इसे मान लेते हैं और फिर मैं पूछता हूँ, “तो आख़िर यह कैली फ्रिग है कौन?”

कैल मेरे भूमिका बदलने से, अरुचि में अपनी नज़रें फेर लेता है। रे एक गहरी सांस लेती है और कहती है, “एक चौबीस वर्षीय महिला। जो पिछले तीन महीने से क्लेमेन्स की किराएदार थी – क्लेमेंस, जो साल में आधा समय फ़्लोरिडा में रहते हैं। क्रैग्स्लिस्ट पोस्ट। पंद्रह सौ डॉलर प्रति माह। महँगा है, पर उन्होंने उसे एक अच्छा सौदा दिया। न फेसबुक। न इन्स्टाग्रैम। न के बराबर क्रेडिट हिस्ट्री। कोई रिश्तेदार नहीं। माता-पिता अज्ञात।

मैं इन सब सूचनाओं का संश्लेषण करते हुए सोच रहा हूँ कि वह संयुक्त राष्ट्र अमेरिका के राष्ट्रपति से कैसे और कब मिली होगी, और तभी रे एक गिलास पानी के लिए पूछती है।

मैं किचन की तरफ़ इशारा करता हूँ और कहता हूँ , “जाकर ले लीजिए।”

एक अलमारी खुलती है, फिर बंद होती है और वह पूछती है, “कहाँ?”

मैं किचन में जाता हूँ।

“बड़ी मज़े की बात है,” कैल मेरे पीछे से बोला। “हमें अभी भी कैली फ्रिग का सेलफ़ोन नहीं मिला। और उस से भी मज़ेदार बात यह है कि कल रात, मेरी सहयोगी ने कहा कि उसने दो फ़ोन बजते हुए सुने, और वह भी तब जब – ये सबसे मज़ेदार हिस्सा है – वह भी तब जब तुमने कहा कि तुम्हारे पास सिर्फ़ एक ही फ़ोन है।”

मैं अलमारी से एक गिलास निकालता हूँ, उसमें पानी भरता हूँ और उसे रे के हाथ में थमाता हूँ।

“और आप सोच रहे हैं कि मैंने उसका फ़ोन चुरा लिया,” मैं कहता हूँ, ताकि मुझे थोड़ा और समय मिल जाए।

कैल खिसिया जाता है।

“मैं तुरंत वापस आ रहा हूँ,” यह कहकर मैं बेडरूम की तरफ़ जाता हूँ।

जब मैं बेडरूम से बाहर निकलता हूँ, तो 3:57 हो चुका है। मेरे पास उनको बाहर निकालने के लिए बस 3 ही मिनट हैं। और तीन मिनट उन्हें यह विश्वास दिलाने के लिए कि मैंने कैली फ्रिग की हत्या नहीं की।

मैं रे की तरफ़ अपना हाथ बढ़ाता हूँ और अपना आईफ़ोन देते हुए कहता हूँ “मैं अभी भी इसे अलार्म सेट करने के लिए प्रयोग करता हूँ “

वह मेरे हाथ से मेरा आईफ़ोन लेती है और अलार्म क्लॉक पर क्लिक करती है। वह 3 बजकर 55 मिनट पर सेट है। वह उसे दबाती है और उसमें घंटी बजने लगती है। हालांकि वह एकदम कैली के फ़ोन जैसी नहीं सुनाई देती, लेकिन उससे काफ़ी मिलती-जुलती है।

“आपने सुबह के 3:55 का अलार्म लगाया है?” मेरा मखौल उड़ाते हुए कैल कहता है।

“टोक्यो के निवेश बाज़ार सुबह 4 बजे बंद होते हैं। मैं अलार्म रखता हूँ ताकि मुझे याद रहे कि मैं दिन के अपने अंतिम लेनदेन पूरे कर लूँ।” मुझे कोई भी अंदाज़ा नहीं है कि टोक्यो के बाज़ार कब बंद होते हैं, लेकिन क्योंकि टोक्यो ग्लोब के दूसरी तरफ़ है, तो यह तार्किक लगता है।

“आप अपने नए फ़ोन की अलार्म घड़ी का उपयोग क्यों नहीं करते?” रे पूछती है।

“अहह —” मैं थम जाता हूँ। “जब वो फ़ोन मेरे पास था तो मैंने बहुत पैसा कमाया। वो मेरे अच्छे भाग्य का प्रतीक है, शायद।

3:58 बज चुके हैं।

“याद आया, मुझे एक लास्ट मिनट ट्रेड करनी है, यहाँ आने के लिए आपका धन्यवाद।”

वे दोनों न चाहते हुए भी दरवाज़े की ओर बढ़ते हैं।

“अरे! एक और बात,” रे टिप्पणी करती है। “हमें सड़क के उस पार बिल्ली का बहुत सारा खाना मिला था, लेकिन, कोई बिल्ली नहीं।”

मैं लैसी की तरफ़ देखता हूँ जो गेंद की तरह गोल होकर, टेबल के पास रखी कुर्सियों में से एक में बैठी है।

“और, जब मैं आपकी लीज़ पढ़ रही थी, तो संयोग से मैंने देखा कि उसमें पालतू जानवर का कोई ज़िक्र नहीं है।”

“मैं बस पचास डॉलर बचाने की कोशिश कर रहा था,” मैं मुस्कुराते हुए कहता हूँ।

“वाक़ई,” कैल बोलता है। “तुमने उस लक्की फ़ोन से ख़ूब सारा पैसा कमाया, तुम पचास डॉलर की चिंता करते हो?”

मैं चौंकते हुए उसकी तरफ़ देखता हूँ। फिर एक गहरी साँस लेता हूँ।

“लैसी।”

वह कुर्सी से कूदती है और मेरे पाँव पर आकर बैठ जाती है।

मैं गहरी सांस लेता हूँ। अपना काम करो।

“लेट जाओ।”

वह अपनी पीठ के बल लेट जाती है और अपनी पूँछ हिलाती है।

“पलट जाओ।”

वह अपनी पीठ के बल पलट जाती है।

“मुझे मर के दिखाओ।”

वह अपनी टांगों को लम्बा करती है, फिर, अपनी आँखें बंद करती है, और फिर कसम से, वह अपनी जीभ बाहर निकालकर लेट जाती है।

“अच्छा, अब अपनी पीठ के बल पलट कर दिखाओ,” मैं कहता हूँ, यह जानते हुए कि मैं अपने भाग्य की परीक्षा ले रहा हूँ।

लैसी कुछ नहीं करती है और मैं उन दोनों जासूसों की तरफ़ देखता हूँ – कैल जिसकी भौंहें थोड़ी-सी सिकुड़ गई हैं और रे जिसका मुँह आश्चर्य से खुला का खुला रह गया है – और वे बोलते हैं, “हमारा काम अभी पूरा नहीं हुआ है।”

मैं दरवाज़ा खोलता हूँ और दोनों के दोनों जासूस अपने जूते पहनकर वहाँ से निकल पड़ते हैं।

मेरे और लैसी के बिस्तर पर लेटने के बाद ही मुझे अपनी गलती का एहसास होता है, और मैं उछल पड़ता हूँ।

जिस गिलास से डिटेक्टिव रे पानी पी रही थी।

वह जा चुका है।

और उसी के साथ मेरी उँगलियों के निशान भी।
 
:06

मैं उम्मीद करता हूँ कि मेरी नींद जेल में खुलेगी। लेकिन ऐसा नहीं होता।

और जब 3:35 बजे तक मेरे दरवाज़े पर कोई खटखट नहीं होती, मैं निर्णय लेता हूँ कि इन तीनों में से कोई एक चीज़ हुई है: 1) उँगलियों के निशान के मिलान में 24 घंटे से ज़्यादा लगते हैं, 2) मैंने कोई उँगलियों के निशान नहीं छोड़े थे (जो संभव है क्योंकि इसे ध्यान में रखते हुए मैंने बहुत सतर्कता बरती थी और अपने हाथ अपनी शर्ट के बाजुओं में डाल लिए थे), या 3) उस घटना में कोई ख़ुलासा हो गया था और हालांकि उन्होंने मेरी उँगलियों के निशान का घटनास्थल से मिलान कर लिया था, लेकिन उससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता, क्योंकि अब उनकी निगाहें दुनिया के सबसे ताक़तवर आदमी पर टिकी थीं।

लेकिन इंटरनेट के अनुसार, राष्ट्रपति महोदय विगत वर्ष की एन एफ़ एल विजेता टीम, डेनवर ब्रोंकोस, से मिल रहे थे, वह भी वाइट हाउस में। उन पर हत्या का कोई इल्ज़ाम नहीं लगा था और उस हिसाब से अब केवल नंबर 1) या 2) ही विकल्प हो सकते थे।

“क्या हमें दौड़ने के लिए चलना चाहिए, मित्र?”

म्याऊँ ।

लैसी दौड़ते-दौड़ते मेरे पीछे लगभग एक मील तक आती है, फिर ग़ायब हो जाती है। मेरा शरीर धीरे-धीरे हल्का हो रहा है और तभी एक कार सड़क पर मुड़ती है। मैंने सड़क पर तब से कोई कार नहीं देखी थी। जब आख़िरी बार मैंने कोई कार देखी थी तो वह थी, वही फ़ोर्ड फ़ोकस, जिसे कॉनर सलिवन चला रहे थे, जब वे कैली फ्रिग का गला घोंटने के लिए जा रहे थे।

यह कार एक क्राउन विक है।

वह सड़क के किनारे मुझसे दस फीट दूर आ कर रुकती है।

मैं अपने कानों से इयर बड्स निकालता हूँ और रुक जाता हूँ।

रे पैसेंजर वाली साइड से उतरती है और कहती है, “हम चाहते हैं कि आप हमारे साथ चलें।”

कैल चालक की तरफ़ से थोड़ा संघर्ष करते हुए पिछला दरवाज़ा खोलता है और कहता है, “अभी“।

मैं पिछली सीट पर चढ़ जाता हूँ।

वे दोनों वापस अंदर आ जाते हैं और हम चलने लगता हैं।

समय है सुबह के 3:33।



“क्या आप कभी उस घर के अंदर गए थे?”

मैं कैल के सामने बैठा हूँ। रे स्टील टेबल के समानांतर वाली दीवार पर झुकी हुई है।

“नहीं।” मैं अनुमान लगा रहा हूँ कि वे मेरे साथ छल कर रहे हैं। अगर उनके पास मेरे निशान होते, तो मैं अभी क़ैद में होता। लेकिन मैं साक्षात्कार कक्ष बी में एक स्वैच्छिक — जो बिल्कुल भी स्वैच्छिक महसूस नहीं होती — बातचीत कर रहा हूँ।

“तो आप कभी उस घर के अंदर नहीं गए?”

“कभी नहीं।”

“एक बार भी नहीं?”

“नहीं।”

“कभी अंदर आने का निमंत्रण नहीं मिला आपको, कभी वहाँ सैंडविच नहीं खाया, कभी रेफ्रीजरेटर नहीं खोला?

मेरी कमर कसने लगती है। “नहीं। कभी नहीं।”

“क्या समय हुआ है?” मैं पूछता हूँ। “स्वैच्छिक” साक्षात्कारों में सेलफ़ोन लाना मना है। मुझे वह वापस मिल जाएगा, जिस महिला ने मुझसे मेरा फ़ोन लिया था, उसने इसका भरोसा दिलाया था। जब मैंने उस फ़ॉर्म में हस्ताक्षर करके अपना फ़ोन उसके सुपुर्द किया था, तब 3:43 बज रहे थे। और तब से लगभग पाँच मिनट से अधिक बीत चुके थे।

दरवाज़ा खुलता है और एक पुलिस वाला अंदर आता है। रे के हाथ में एक कागज़ थमाता है, और वह उसे कैल को पकड़ा देती है। कैल की बकरीनुमा दाढ़ी सीधी हो जाती है। “ओहो! अच्छा अच्छा।”

मैं आगे की तरफ़ झुकता हूँ।

वे मुझे झाँसा दे रहे थे। उनके पास परिणाम अभी तक आए ही नहीं थे। ज़ाहिर तौर पर, उँगलियों के निशानों के मिलान में ठीक 24 घंटे लगते हैं।

“अंदाज़ा लगाइए, घर में हर तरफ़ किसके निशान थे?”

नहीं।

“थोड़ा हिस्सा गाड़ी के बोनट के पास। थोड़ा पहिये पर। थोड़ा रेफ्रीजरेटर के हैंडल पर। और एक पूरा निशान गेस्ट बेडरूम की अलमारी के दरवाज़े पर। और एक निशान, वो भी पूरा, स्लाइड करने वाले काँच के दरवाज़े पर।”

“आपको मेरे निशान कैसे मिले?”

“क्या तुम सुन नहीं रहे थे? वे पूरे घर में हर जगह थे।”

“हाँ, मैं सुन रहा था,” मैं असंतोष में कहता हूँ। “आपने मेरी उँगलियों के निशानों का मिलान घटनास्थल के निशानों से कैसे कराया? मैं तो कभी हिरासत में भी नहीं रहा, और न ही मेरी फ़ाइल में कुछ लिखा है।” मैं रे की तरफ़ देखता हूँ “अगर, संयोग से, आप लोगों ने मेरे निशान उस गिलास से लिए थे जो आप मेरे घर से अवैध ढंग से चुराकर ले गए, तो आपको ये भी मानना होगा कि वो अदालत में मान्य नहीं होगा।”

“बेशक़ वो कोर्ट में मान्य नहीं होगा,” कैल ठहाका लगाते हुए कहता है। “हमें तुम्हारे निशान तुम्हारे सेलफ़ोन से मिले, याद है जिस फ़ॉर्म में तुमने हस्ताक्षर किया था, बिना पढ़े?”

बकवास।

“तो मैं फिर से पूछता हूँ, क्या तुम उस घर के अंदर कभी गए हो?”

“हाँ।”

“क्या तुम तीन रात पहले उस घर में थे?”

“हाँ, लेकिन उसकी हत्या तीन रात पहले नहीं हुई थी। उसकी हत्या चार रात पहले हुई थी।”

“तुम्हें कैसे पता?”

“मैंने उसकी चीख सुनी थी।”

...

“कॉनर सलिवन?” कैल व्यंग्य कसते हुए कहता है। “यानी संयुक्त राष्ट्र के राष्ट्रपति?”

मैं हामी भरता हूँ।

वह रे की तरफ़ देखता है। रे अपना सिर हिलाती है।

“मैं कसम खाता हूँ, मैंने एक बहुत तेज़ चीख सुनी थी और फिर एक मिनट के बाद एक आदमी सामने के दरवाज़े से बाहर निकला और स्ट्रीट-लाइट के ठीक नीचे आकर खड़ा हो गया। वो कॉनर सलिवन ही थे।”

“अंदर घुस रहे थे, किसके अंदर घुस रहे थे कहा आपने, एक फ़ोर्ड फ़ोकस के?” रे मेरा मज़ाक उड़ाते हुए कहती है।

मैं सिर हिला देता हूँ।

“उनकी ख़ुफ़िया सेवा कहाँ थी? वे वाइट हाउस से बाहर कैसे निकले होंगे?”

“मैं नहीं जानता। आप उनसे पूछो।”

“तुमने उसकी हत्या क्यों की?” कैल ने पूछा।

“क्या?”

“तुमने – कैली फ्रिग – की – हत्या – क्यों– की?”

“मैंने नहीं की। मैं जिस दिन उस घर के अंदर गया, उस रात से पहले मैंने उसे कभी नहीं देखा था। सचमुच।”

“हाँ, तुम ये पहले भी कह चुके हो। और पता है क्या, मुझे तुम पर पहली बार भी भरोसा नहीं हुआ था। तुम्हारे घर की खिड़की उसके घर की तरफ़ खुलती है। तुम कभी बाहर जाकर मौसम का मिज़ाज देखने के बहाने, उसको अपनी कार में बैठते हुए देखने को नहीं जाते थे। बकवास! तुम उसके प्यार में थे। जब मौक़ा मिलता था तब उसे देखते थे। और एक रात तुमने वहाँ जाकर उसका गला घोंट दिया।“

“मुझे हेनरी बिन्स है।”

“क्या कहा?”

“तुम हेनरी बिन्स हो,” रे चुटकी लेते हुए कहती है।

“हाँ और मुझे हेनरी बिन्स है। यह एक निद्रा विकार है। मैं हर रात सिर्फ़ एक घंटे के लिए जगा रहता हूँ। सुबह 3:00 बजे से 4:00 बजे तक।”

दोनों पार्किनसंस के मरीज़ों की तरह अपनी गर्दन हिलाते हैं। और यहाँ मैं खड़ा हूँ, इस अवस्था का जीता-जागता सबूत।

“गूगल करके देखिये।” मैं रे की तरफ़ देखता हूँ। “हाँ सच में, आप इसे गूगल कर सकती हैं। या फिर आप सिर्फ़ प्रतीक्षा करके देख सकती हैं कि मुझे थोड़ी देर में क्या होगा, जो मेरे अनुमान से, अगले चार मिनट में होने वाला है।”

“और चार मिनट में क्या होगा, कमीने?” कैल पूछता है।

“मेरा शरीर जॉन एफ़ कैनेडी की तरह धराशायी हो जाएगा और मैं अगले चौबीस घंटे मूलतः कोमा में रहूँगा। मैं फिर से कल 3 बजे उठूँगा, एक घंटा जगा रहूँगा और फिर सो जाऊँगा।

वह टेबल से पीछे की तरफ़ जाता है, और उसकी हँसी उपद्रवी है। “अच्छा, मैंने इससे ज़्यादा बेहूदी और बकवास बात आज तक कभी भी नहीं सुनी। तुम समझ रही हो न, इंग्रिड? तुम ये सब बकवास सुन रही हो?”

मैं खड़ा हो जाता हूँ। “इसीलिए गेस्ट बेडरूम की अलमारी में मेरे निशान हैं। मुझे सोने के लिए एक जगह ढूँढने की ज़रूरत थी। मैं उसका फ़ोन निकालने की कोशिश में कार के नीचे फँस गया था, और मेरे पास सड़क पार करके अपने घर वापिस जाने का समय नहीं था।”

“तुम्हारा मतलब वही सेलफ़ोन है जिसे तुमने तीसरी गली के कचरे के डिब्बे में फेंक दिया था?”

“क्या?”

“हाँ, गधे, तुम पकड़े गए, लेकिन उसका आख़िरी स्थान जीपीएस में दर्ज हो गया। कूड़े-कचरे के बीच में छानबीन करने में दो घंटे लगे, लेकिन अंततः हमने उसे ढूँढ निकाला।

मेरा दिमाग़ भन्ना रहा है।

मैं दीवार के सहारे झुक जाता हूँ।

रे पिछले एक मिनट से चुप है और मैं देख रहा हूँ कि वह अपने फ़ोन में कुछ कर रही है। “उम्म, कैल शायद तुम यहाँ आकर इसे पढ़ना चाहोगे। मेरे ख़्याल से ये हेनरी बिन्स वाली बात वास्तव में सच भी हो सकती है –“
 
:07

मेरा सिर चकरा रहा है।

मैं अपना दायाँ हाथ उठाता हूँ और उससे अपनी खोपड़ी को छूता हूँ। मैं महसूस कर सकता हूँ कि मेरे सिर से बालों का एक गुच्छा ग़ायब है और उसकी जगह पर एक रेशमी कपड़ा लगा है। इस क्षति के मुआयने में सहायता के लिए मैं अपना बायाँ हाथ उठाता हूँ, लेकिन मेरा हाथ जकड़ जाता है। मैं अपनी आँखें खोलता हूँ। मेरा बायाँ हाथ अस्पताल की बेड से बंधा हुआ है।

“क्या किया तुमने?” एक परिचित आवाज़ पूछती है। “क्या तुमने किसी बैंक में डाका डाला?”

सारा, एक जापानी-अमरीकी है, अलेक्सांद्रिया सार्वजनिक अस्पताल में एक नर्स, और मेरी पुरानी गर्लफ्रेंड भी।

मेरी तीसरी चोट के समय से हम दोनों ने डेटिंग करना शुरू किया। वह शाम को 6 से सुबह 3 बजे वाली शिफ़्ट में काम करती थी, और काम पूरा करके भागते-भागते मुझसे मिलने आ जाया करती थी और जब तक मेरा घंटा पूरा नहीं होता था मेरे साथ समय बिताती थी। यह सिलसिला छः महीने तक बहुत अच्छे और रोमांचक ढंग से चला, लेकिन उससे पहले जो लड़कियाँ मेरे जीवन में आई थीं उन्हीं की तरह सारा को भी यह एहसास हुआ कि सप्ताह में तीन दिन और वह भी आधे घंटे के लिए मुझसे मिलना हमारे रिश्ते के लिए काफ़ी नहीं था। चार असफल संबंधों के बाद, मैंने अनुभव किया कि दुनिया मैं हेनरी बिन्स की अवस्था होने से बुरा अगर कुछ हो सकता था तो वह था हेनरी बिन्स से इश्क़ करना। क़िस्मत से, हम दोनों अभी भी अच्छे दोस्त थे।

“नहीं। हत्या।”

वह हँसती है और कहती है, “अच्छी ख़बर यह है कि कोई घाव नहीं है, और बुरी ख़बर यह है कि तेरह टाँके लगे हैं।”

“ये मेरे शरीर के टाँकों की संख्या को शतक के पार पहुँचा देता है। क्या मेरा दूसरा पीस उपलब्ध है?”

“मैं देखती हूँ कि मैं क्या कर सकती हूँ,” वह हँसती है, फिर मानो जैसे मैंने रिफ्रेश का बटन दबा दिया हो, उसकी मुस्कान मुरझा जाती है और वह कहती है, “मुझे अधिकारियों को सचेत करना होगा कि तुम जग गए हो।”

मैं सिर से इशारा करते हुए हामी भरता हूँ।

वह मेरी पिंडली की माँसपेशी को दबाती है और पर्दे के पीछे कहीं ग़ायब हो जाती है।

रे और कैल अंदर आते हैं।

मैं अपना हाथ ऊपर उठाता हूँ, अपनी हथकड़ी को खनखनाते हुए, और कहता हूँ ,“क्या इसका ये मतलब है कि मैं गिरफ़्तार हो चुका हूँ?”

कैल बिना संकोच किये मुझे मेरी हिरासत की जानकारी देता है। उसके सब कुछ बताने पर, मैं कहता हूँ, “मैं सीधे मुद्दे पर आता हूँ, आपने ज़रूर हेनरी बिन्स के बारे में पढ़ा होगा, और आपने मुझे ठीक चार बजे धड़ाम से ज़मीन पर गिरकर अपनी खोपड़ी फुड़वाते हुए भी देखा, और मुझे इस बात का भी यक़ीन है कि आप लोगों ने यहाँ की नर्सों से भी पूछताछ की होगी और पाया होगा कि में आपातकालीन कक्ष में निरंतर पाया जाता हूँ और यहाँ अपरिचित नहीं हूँ।”

रे सिर हिलाती है।

“तो आपका यह मानना है कि मैं इस अवस्था में हूँ और इसके बावजूद आपको यह भी लगता है कि इस छोटे से एक घंटे के अंतराल में, मैंने कैली फ्रिग की हत्या की है।”

“इससे ये तथ्य नहीं बदल जाते कि तुम्हारे पास हत्या करने का मौक़ा नहीं था, तुम आसानी से उसे उस एक घंटे के अंदर मार सकते थे,” रे कहती है। “तुम्हारी उँगलियों के निशान हर जगह पर हैं, उस कार में भी जिसमें उसकी लाश मिली थी, और इस बात को कहने की आवश्यकता नहीं कि अभी तक तुमने जितने बयान दिए हैं सब झूठ हैं, सिवाय इस बेवकूफ़ी भरे निद्रा विकार के।”

मेरा दिमाग़ दौड़ रहा है।

“मुझे एक कॉल करना है।”

“पहले से ही वकील की तलाश”, कैल गुर्राते हुए बोलता है।

“असल में, मेरे पिताजी को शायद लगता है कि मेरी मृत्यु हो गई है, मुझे उन्हें कॉल करना है।”

रे मुझे अपना फ़ोन पकड़ाती है। मैं अपनी भौहें चढ़ाता हूँ ओर दोनों जासूस कमरे से बाहर चले जाते हैं। पापा जब फ़ोन उठाते हैं, तो वे बहुत उग्रता दिखाते हैं। उस रात हम ताश खेलने वाले थे, और मुझे मेरे कमरे में ना पाकर उन्होंने मुझे कॉल किया था। जब मैंने कोई जवाब नहीं दिया, तो वे अस्पताल की तरफ़ निकल पड़े थे।

“मुड़ जाइए और वापिस मेरे घर की तरफ़ जाइये।”

मैं उन्हें बता देता हूँ कि वहाँ पहुँचकर उन्हें क्या करना है।

फ़ोन रखने से पहले, मैं उनसे पूछता हूँ कि क्या उन्होंने मेरे घर के बाहर किसी बिल्ली को घुमते हुए देखा था।

उन्होंने ना में जवाब दिया।



वह नर्स – सारा नहीं बल्कि एक दूसरी नर्स, हालांकि सारा अपनी शिफ़्ट ख़त्म होने पर मुझे अलविदा कहने आई थी – मेरे सिर की ड्रेसिंग बदल रही है और तभी पापा वहाँ पहुँचते हैं।

पापा के पहनावे को एक शब्द में परिभाषित करने के लिए सबसे अच्छा शब्द है, प्राचीन। वे एक ढीला पतलून पहनते हैं जो अमूमन बहुत छोटा होता है और वे इसे कमर के काफ़ी ऊपर बाँधते हैं, स्वेटर ऐसी जिन्हें दशकों पहले ग़रीबों में बाँट देना चाहिए था, और चश्मा ऐसा जो एक छोटे कीड़े को पल भर में तल दे। उनका सिर घुंघराले ग्रे बालों से ढका हुआ है और चेहरे की दाढ़ी कम से कम तीन दिन पुरानी है।

मैं उनका परिचय, कैल और रे से कराता हूँ, दोनों अपने स्थान पर बैठ चुके हैं, इस इंतज़ार में कि मैं उन्हें वह दिखाऊँगा जो मेरे बेगुनाह होने का सबसे पुख़्ता सबूत है।”

“आप उसे ले कर आए हैं?” मैं पूछता हूँ।

वे अपने कोट की जेब में हाथ डालते हैं और गुलाबी सैमसंग निकालते हैं।

मैं उनसे फ़ोन ले लेता हूँ। वह बंद पड़ा है, बैटरी ख़त्म होने की वजह से।

“वो क्या है?” रे पूछती है।

फ़ोन को अपने दायें हाथ में पकड़े हुए, मैं कहता हूँ, “ये वही फ़ोन है जो मुझे कार के अंदर मिला था, वो फ़ोन जिसके बारे में मैं आपको आश्वासन देता हूँ कि मैं झूठ नहीं बोल रहा था।”

“लेकिन हमें कैली फ्रिग का फ़ोन मिल चुका है,” कैल भौंकता है।

“शायद उसके पास दो फ़ोन होंगे,” रे कंधे उचकाते हुए बोलती है।

मैं उसे नीचे करके उसकी पहुँच से दूर कर देता हूँ,” यह कैली फ्रिग का फ़ोन नहीं है।”

“तो फिर किसका है?” रे पूछती है।

“राष्ट्रपति महोदय का।”



“राष्ट्रपति? तुम्हारा मतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति का?” मेरे पापा पूछते हैं।

“बिल्कुल।”

कैल ठहाके लगा रहा है। ख़ुद को काबू में करते हुए वह कहता है, “तो यह था तुम्हारा सबूत।”

मैं रे को फ़ोन थमा देता हूँ , “ये उन्हीं का है।”

“क्या राष्ट्रपति को सेलफ़ोन रखने की अनुमति भी है?” रे उसे पकड़ते हुए पूछती है।

“बिल्कुल नहीं,” कैल बोलता है।

“असल में, उनको इजाज़त है, और वे रखते भी हैं।”

कैल और रे दोनों पापा की तरफ़ घूरते हुए देखते हैं। वे आगे बोलते हैं, “ओबामा अपने ब्लैकबेरी फ़ोन को रखने को लेकर इतने अटल थे कि उन्होंने इसके लिए एक विशेष प्रावधान जारी करवाया ताकि वे फ़ोन रख सकें।”

“वाक़ई?” मैंने पाया कि मैं ही यह सवाल कर रहा था। मैं आशा कर रहा था कि वास्तव में ऐसा ही हो, लेकिन फिर भी मैं आश्चर्यचकित था।

“ज़ाहिर सी बात है कि राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके फ़ोन में कुछ संशोधन किए गए थे, अतिरिक्त एन्क्रिप्शन के साथ जीपीएस को अक्षम कर दिया गया था, ताकि उनके स्थान को कोई चिन्हित न कर सके। लेकिन वे इसे रख सकते थे और कॉनर सलिवन को इसे रखने की अनुमति थी।”

“लेकिन यह तो गुलाबी रंग का है,” कैल ने चिल्लाते हुए कहा। “और हम इस संबंध में बातचीत कर ही क्यों रहे हैं? यह संयुक्त राष्ट्र अमेरिका के राष्ट्रपति का सेलफ़ोन नहीं है।”

“फ़ोन सफ़ेद है, और उसका खोल गुलाबी,” मैं कहता हूँ। “और यह कोई ऐसा वैसा गुलाबी खोल नहीं है, ज़रा करीब से देखिए।”

रे अपने हाथ में फ़ोन को घुमाकर अच्छी तरह मुआयना करती है। “उसके पिछले हिस्से में एक रिबन की नक़्क़ाशी है। यह एक सुज़न बी कोमन खोल है।”

“द फ़र्स्ट लेडी,” पिताजी ने टिप्पणी की।

अमेरिका की पहली महिला नागरिक, यानि द फ़र्स्ट लेडी, को दो वर्ष पूर्व कैंसर से पीड़ित होने का पता चला था। उन्होंने शुरुआती दौर में ही इसे पकड़ लिया था और अब वे लगभग ठीक हो चुकी हैं।

कैल मौन खड़ा था।

रे नर्स को बुलाने के लिए बटन दबाती है और जब थोड़ी देर में एक नर्स वहाँ आती है तो रे पूछती है, “क्या यहाँ पर किसी के पास सैमसंग का चार्जर है?”

“शायद डेब के पास होगा,” नर्स जवाब देती है, और थोड़ी ही देर में डेब का चार्जर ले कर आ जाती है।

रे उसे प्लग में लगाती है और दस सेकंड के अंदर फ़ोन पुनः जीवित हो उठता है।

“ये लॉक किया हुआ है,” सबको दिखाते हुए वह कहती है।

“वाशिंगटन स्मारक,” फिर मेरे पिताजी टिप्पणी करते हैं।

“क्या?” कैल पूछता है।

“लॉक स्क्रीन। पार्श्व में जो चित्र है, वो वाशिंगटन स्मारक है।”

वह स्मारक मेरे घर से सिर्फ़ छः मील दूर है और मैंने यह अनुमान लगाया था कि कैली को वह बहुत पसंद आया होगा और उसने उसकी एक फ़ोटो खींच ली होगी। अब मैं उम्मीद कर रहा था कि वह स्मारक कॉनर सलिवन के हृदय में एक विशेष स्थान रखता था।

मैं अपने पिताजी की तरफ़ देखता हूँ। वे अपना सिर हिलाते हैं। वे राष्ट्रपति के बारे में काफ़ी कुछ जानते हैं, लेकिन वह स्मारक देखकर उनके मस्तिष्क में कोई लहरें नहीं उठती।

“अगर यह लॉक है तो ये हमारे किस काम का है?” कैल बोलता है। “चलो इसे पुलिस थाने लेकर चलते हैं और वहाँ हमारे किसी स्थानीय विशेषज्ञ से इसे खुलवाएंगे।”

जितनी जल्दी हम इसे खुलवाएंगे, उतनी ही जल्दी हम यह पता लगा पाएँगे कि यह फ़ोन किसी राष्ट्रपति का नहीं है।”

“कितने नंबर का लॉक है?” मेरे पिताजी पूछते हैं।

“चार,” रे जवाब देती है।

मेरे पिताजी विचार करते हैं, और जब वे सोच रहे हैं तो उनके होंठ ऊपर-नीचे टप-टप करके हिल रहे हैं। सोच!सोच!सोच!

“तेरह चव्वालीस डाल कर कोशिश कीजिए ज़रा।“

रे फ़ोन में 1344 डालती है और मेरे पिताजी समझाते हैं, “जब वे डेटन के लिए बास्केटबॉल खेलते थे, तो उनकी जर्सी का नंबर तेरह था। चव्वालीस इसलिए क्योंकि वे हमारे चव्वालीसवें राष्ट्रपति हैं।“

रे नकारते हुए सिर हिलाती है।

“इनको उलट दीजिये, “मैं बोलता हूँ।

“क्या?“

“चव्वालीस, तेरह।“

“चार चार एक तीन,“ वह ज़ोर-से बोलती है। थोड़ा रुकती है फिर “हे भगवान!”।

कैल रे के हाथ से फ़ोन छीनता है, स्क्रीन पर देखता है और फ़ोन उसे वापिस दे देता है। रे मुझे और पिताजी को भी वही स्क्रीन दिखाती है। वाशिंगटन स्मारक घुल करके होम स्क्रीन खुल गई है। चित्र है राष्ट्रपति का, वे गरुड़ की मुद्रा में हैं, वह भी अपने ओवल ऑफ़िस के बीचोंबीच रखी ईगल कार्पेट के ऊपर। यह एक ऐसी तस्वीर थी जो अगर गलती से भी लीक हो जाती तो बदनामी ही करवाती।

“ज़रा देखो इसे,“ रे कहती है, फ़ोन की संपर्क सूची देखते हुए। “उपराष्ट्रपति, कोषाध्यक्ष, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस बिलिंग्स, सीआईए के प्रमुख।“ रे फ़ोन को कैल के चेहरे की तरफ़ घुमाती है और कहती है. “ज़रा इस तस्वीर को देखो, इसमें राष्ट्रपति सेल्फ़ी ले रहे हैं...और यहाँ पर उनका एक कुत्ता है...हे भगवान।“ वह मेरी तरफ़ देखती है। “तुम सही कह रहे थे।“

मैं समर्थन में सिर हिलाता हूँ।

“अब कृपया आप मेरे हाथ से यह हथकड़ी निकाल देंगी ताकि मैं घर जा सकूँ?“

कैल रे की तरफ़ देख कर सिर हिलाता है और वह मेरी हथकड़ी खोल देती है।

“समय क्या हुआ है?“ मैं पूछता हूँ।
 
:08

लैसी मेरे चेहरे को चाट रही है।

अरे! यह लैसी नहीं है।

यह तो मेरे पापा का एक सौ साठ पौंड वज़नी इंग्लिश मैस्टिफ़ है।

मर्डॉक।

न केवल मर्डॉक मेरे चेहरे को चाट रहा है, वह भी भगवान जाने कब से, वह मेरे पाँव के ऊपर भी सोया हुआ था, और मेरी कमर के नीचे का हिस्सा सुन्न पड़ा हुआ है।

क्या मैं बिना इस दर्द को महसूस किए, एक रात और सो सकता हूँ? जब तक मैं मर्डॉक को अपने ऊपर से हटा पाता हूँ, अपने पांवों को हरकत में लाता हूँ, अपना चेहरा साफ़ करता हूँ, अपने टांकों की ड्रेसिंग बदलता हूँ और किचन टेबल पर पापा के साथ बैठता हूँ, 3:06 बज चुके हैं।

“तुम इस तरह से क्यों उठ रहे हो?” वे पूछते हैं।

“आपका मूर्ख कुत्ता मेरे पाँव पर सोया हुआ था।”

वे हँसते हैं।

मर्डॉक पूँछ हिलाता हुआ आता है और अपने चेहरे को पापा की गोद में दफ़न कर लेता है। “तुम मूर्ख नहीं हो,” मेरे पिताजी उसे बोलते हैं।

यह मूर्ख नहीं है। इसे मूर्ख बनने के लिए और ज़्यादा होशियार बनने की ज़रूरत है।

मैं फ्रिज खोलता हूँ और पाता हूँ कि इसाबेल ने कुछ ताज़े सैंडविच बनाए हैं। रियुबेन सैंडविच। मेरे फ़ेवरेट। मैं दो सैंडविच और स्ट्रॉबेरी प्रोटीन शेक उठाता हूँ और उसे टेबल में रख देता हूँ जहाँ पापा ताश के पत्तों को फेंट रहे हैं। मैं एक टूना मछली का कैन निकालता हूँ और उसे दरवाज़े के बाहर रख देता हूँ।

क्या पता लैसी आ जाए।

मैं सैंडविच खाना शुरू करता हूँ और अपने लैपटॉप को खोलता हूँ।

पापा पत्तों को बांटते हैं।

“अगर तुम यही ढूँढ रहे हो तो समाचारों में राष्ट्रपति की गिरफ़्तारी की कोई ख़बर नहीं है,” वे कहते हैं।

मैं लैपटॉप बंद करता हूँ और उसे ज़मीन पर रख देता हूँ।

“और क्या-क्या पता है आपको?”

“तुम्हारे सोने के बाद उस महिला जासूस ने मुझे लगभग सब कुछ बता दिया।” वे मुस्कुराते हैं। “वैसे इतनी बदसूरत भी नहीं है वो।”

मैं हँसता हूँ, “ना, बिल्कुल नहीं।”

वे मेरे आक्षेप की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन मैं यह भी जानता हूँ कि वे इस कहानी का मेरा संस्करण भी सुनना चाहते हैं। मैं उन्हें चीड़ी की छक्की और कहानी के सजीव चित्रण से आभार व्यक्त करता हूँ।

“और तुम बिल्ली ले आए?” वे पेट पकड़कर हँसते हुए बोले। “तुम तो बिल्लियों से नफ़रत करते हो।”

“मैं उसे वहाँ नहीं छोड़ सकता था। और वैसे भी उसे लगता है वो एक कुत्ता है, इतनी बुरी भी नहीं है।”

मैं अपने पापा को 3:58 पर एक झप्पी देता हूँ और मर्डॉक से अपना चेहरा चटवाते हुए अलविदा कहता हूँ।

एक सप्ताह में, मैं अपनी पहली शांतिपूर्ण नींद लेता हूँ।



जब मैं फ़ोन उठाकर रे का नंबर मिलाता हूँ, तो सुबह के 3:08 बज चुके हैं।

वह फ़ोन उठाती है और कहती है, “उनका कहना है कि उनका फ़ोन दो दिन पहले खो गया था।”

“और तुम उनकी बात पर विश्वास करती हो?” मैं फ़ोन पर ही चिल्लाता हूँ।

“इसकी एक आधिकारिक शिकायत दर्ज है,” रे उत्तर देती है। “वाइट हाउस में मेरे एक मित्र ने मुझे फ़ैक्स करके भेजी है।”

“क्या इसमें कुछ जालसाज़ी हो सकती है?”

“मुझे नहीं लगता कि क्यों नहीं होगी, लेकिन इसे साबित करना एक टेढ़ी खीर होगा।”

“अच्छा, क्या तुम लोगों को कम से कम उस फ़ोन से राष्ट्रपति की उँगलियों के निशान मिल पाए?”

“नहीं। संभवतः उन्होंने वे मिटा दिए होंगे। और घर के अंदर हमें उनके कोई निशान नहीं मिले।”

मैंने एक बहुत लंबी सांस छोड़ी।

“और कार का क्या? क्या तुम लोगों ने आसपास के एटीएम या चौराहों के कैमरों में फ़ोर्ड फ़ोकस को देखने की कोशिश की?”

“हाँ, कुछ नहीं मिला।”

“तो अब क्या रास्ता है हमारे पास?”

“हमारे?”

“तुम्हारे। अब तुम लोग क्या कर सकते हो?”

“वैसे, हम बिना किस पुख़्ता सबूत के कुछ नहीं कर सकते, केवल फ़ोन का मिलना काफ़ी नहीं है। वास्तव में, ख़ुफ़िया सेवा आकर पहले ही उसे ले गई।”

“वाक़ई?”

“हाँ।”

“और उन्होंने मेरे कप्तान के साथ बातचीत की, जिसने जवाब में मेरे वाइट हाउस में जुगाड़ से कागज़ निकलवाने पर मेरी बखिया उधेड़ दी और मुझे चेतावनी दी कि हम राष्ट्रपति को संदिग्ध तभी मानेंगे जब हम किसी विडियो में उन्हें उस महिला का गला दबाते हुए देखें और तब भी हम इतनी बकवास सहन नहीं करेंगे।

“और कैल? उसने तुम्हारा समर्थन नहीं किया?”

“नहीं।”

मैं प्रतीक्षा करता हूँ कि वह विस्तृत रूप से मुझे समझाएगी, पर उसने कुछ नहीं कहा।

“तो वे आसानी से इससे निकल जाएँगे?”

“घटनास्थल से उनका संबंध सिर्फ़ दो ही चीज़ों से साबित किया जा सकता है, एक तुम और दूसरा वो फ़ोन, और वो फ़ोन अब हमारे कब्ज़े में नहीं है।”

“कहीं न कहीं तो कुछ संबंध ज़रूर निकलेगा। क्या तुम्हें यक़ीन है कि कैली फ्रिग ने कभी वाइट हाउस में काम नहीं किया?”

“उसे सर्दियों में ओहायो राज्य से स्नातक की उपाधि ली, फिर यहाँ आकर बस गई और पिछले चार महीनों से यहीं रह रही थी। शायद वह राष्ट्रपति से ओहायो में ही कहीं मिली होगी, लेकिन यह हम कभी भी साबित नहीं कर पाएँगे।”

“और उसके परिवार और मित्रों का क्या? उनसे पूछो।”

“बात करने के लिए परिवार नहीं है उसका। और जहाँ तक दोस्तों का सवाल है, तो हम किसी को ढूँढ नहीं पाए।”

“पर तुम्हारे पास उसके सेलफ़ोन के रिकार्ड्स हैं।”

“बेशक़ हैं। उसने सिर्फ़ एक ही नंबर पर कॉल किया और सिर्फ़ उसी नंबर से उसे कॉल आए। और वो नंबर अब बंद है।”

“यह तो बड़ी अजीब बात है।”

“बहुत। बहुत आसानी से कहा जा सकता है कि उसके और राष्ट्रपति के बीच संपर्क का यही साधन होगा, लेकिन सेल कंपनी उस नंबर के बारे में कोई जानकारी नहीं निकाल पाई। हमें और विस्तार से जाँच करने के लिए वारंट की ज़रूरत होगी, और क्योंकि मेरा पिछवाड़ा अभी भी दर्द कर रहा है, तो मैं ऐसा कुछ भी नहीं करूंगी जो मेरे लिए घातक हो सकता है।”

“अच्छा तब तो कह सकते हैं कि राष्ट्रपति हत्या के आरोप से बच गए।”

“अभी के लिए,” वह रुकती है, “हाँ।”

मैं फ़ोन रख देता हूँ।

तीन मिनट बाद, मेरे पाँव अलेक्सांद्रिया के ठंडे डामर पर तेज़ी से दौड़ रहे हैं।

मैं अपना ध्यान बंटाने की कोशिश करता हूँ, लेकिन मेरे दिमाग़ में राष्ट्रपति, कैली फ्रिग और अन्याय की आवाज़ गूंज रही हैI

मैं किसी बात से चिढ़ नहीं रहा हूँ। मेरे पास गुस्सा करने के लिए समय ही नहीं हैं। लेकिन मेरे अंदर नीली ज्वालाएँ धधक रही हैं।

एक कार किनारे पर आकर रुकती है। दरवाज़े खुलते हैं। उसमें से कुछ आदमी बाहर कूदते हैं।

मैं एक गली में बाएँ मुड़ जाता हूँ।

मैं सोच रहा हूँ कि रे ने क्या कहा था, कि घटनास्थल से उनका संबंध सिर्फ़ दो ही चीज़ों से साबित किया जा सकता है, एक तुम और दूसरा वो फ़ोन, और वो फ़ोन अब हमारे कब्ज़े में नहीं है।

अब बस मैं ही एकमात्र साधन हूँ।

अगर मैं मर गया, तो कोई संबंध नहीं बचेगा।

जो लोग मेरा पीछा कर रहे हैं वे मुझसे दस कदम पीछे हैं। मैं लगभग आधा किलोमीटर भागता हूँ, रास्ते में दो कचरे के डब्बे गिराते हुए उस गली से बाहर निकल जाता हूँ। मेरे ऊपर हेडलाइट चमकती हैं। मैं दाएँ मुड़ता हूँ और तीन ब्लॉक्स तक भागता हूँ, बाएँ मुड़ता हूँ और किनारे वाली गली पकड़ लेता हूँ जो पोटोमैक को जाती है। मैं अपने पीछे हेडलाइट्स महसूस कर सकता हूँ, जैसे-जैसे वे मेरे करीब आ रही हैं मुझे उनकी तपिश महसूस हो रही है। मैं नदी की आवाज़ सुन सकता हूँ। मैं कंक्रीट के तटबंध पर पहुँचता हूँ और वहां से मुड़ जाता हूँ। दोनों कारें फिसलते हुए थम गई हैं। दरवाज़े झटके से खुलते हैं और चार आदमी बाहर निकलते हैं। मैं बीस फीट नीचे बह रहे पानी को टकटकी लगाकर देखता हूँ।

मैं कूद जाता हूँ।

पानी बहुत ठंडा है, लेकिन मैं पानी में नहीं हूँ, मैं एक बड़े जल निकासी पाइप में हूँ जो पोटोमैक में खुलता है।

जघन्य। मैं जानता हूँ।

उतने ऊपर तटबंध से पाइप को देखना असंभव है और सिर्फ़ मैं ही यह जानता हूँ क्योंकि मैं एक बार ख़ुद को ललकारते हुए नदी में कूदा था, और घिसटते हुए इसके ठीक नीचे पहुँचा था। यह लगभग चार फीट ऊँचा है, मैं दुबक जाता हूँ और इंतज़ार करता हूँ।

मैं अपना फ़ोन देखता हूँ।

3:46।

दो मिनट बाद, मैं सड़क पर पहियों के घिसटने की आवाज़ सुनता हूँ।

मैं एक मिनट और इंतज़ार करता हूँ, मैं चढ़ता हूँ और तटबंध को पार कर लेता हूँ। मेरा पीछा करने वाले लोग जा चुके हैं।

जब मैं वापस भाग रहा हूँ तो मेरे मन में दो शंकाएँ हैं: क्या मैं ढाई मील की दूरी समय पर तय कर पाऊंगा, और क्या वे गधे अभी भी मेरी तलाश कर रहे हैं?

लगातार पीछे मुड़कर देखने और बार-बार रुकने से मेरा समय और जल्दी निकल रहा है। एक मील दूरी पर, चार मिनट का समय शेष है। और क्योंकि मैं उसेन बोल्ट नहीं हूँ, तो मेरी शामत है।

खोज शुरू होती है।

मैं कहाँ पर सो सकता हूँ, ताकि अगले तेईस घंटे पकड़ा ना जाऊँ?

बस एक ही तार्किक जवाब है।

मैं उस इटालियन रेस्टोरेंट के पीछे पड़े कचरे के डब्बे की तरफ़ अपना सेलफ़ोन चमकाता हूँ। वह दो तिहाई भरा हुआ है जिसका मतलब है कि अभी उसे उठाकर ले जाने में कम से कम दो दिन और बचे हैं।

मैं चढ़ के अंदर घुस जाता हूँ, ख़ुद को उस घिनौने जूठन के अंदर गाढ़कर, जितने हो सकें उतने थैलों से ढककर, अपनी आँखें बंद कर लेता हूँ।
 
09

हमेशा कुछ दिनों के बाद, कभी-कभी मैं दो मिनट जल्दी उठ जाता हूँ। 2:59, 2:58, और एक बार तो 2:57 पर भी उठा हूँ।

ये एक त्यौहार जैसा लगता है, प्रत्येक मिनट एक अच्छे-से पैक किया हुआ उपहार, मानो कह रहा हो, आओ मुझे खोलो। क्या मुझे ख़ुद को एक मिनट और नहाने देना चाहिए? क्या मैं अपनी किताब के तीन और पन्ने पढ़ सकता हूँ? एक किलोमीटर अधिक दौड़ सकता हूँ? यूट्यूब विडियो देख सकता हूँ? या वाइल्ड थिंग्स का स्विमिंग पूल सीन देख सकता हूँ, वो भी दो बार?

आज, मैं 2:58 पर उठा हूँ।

दो अधिक मिनट।

उनमें से एक मिनट तो मुझे ख़ुद को अब तीन चौथाई भर चुके इस कचरे के डब्बे से बाहर खींचने में लगेगा। और एक मिनट अपने शरीर और बालों में लगी इस मैक्रोनी, ब्रेड के टुकड़े, एक दिन पुराने लज़ान्या और कीड़ो की खिचड़ी को हटाने में लगेगा। जितने घिनोने ये कीड़े हो सकते हैं — और ये बहुत घिनोने हैं, इस बात पर मेरा विश्वास कीजिए — मैं इसके बेहतर पक्ष को देखने की कोशिश करता हूँ: मैं मारा नहीं गया, उन बदमाशों के द्वारा, जो मेरी जान के पीछे थे, और न ही मैं किसी बस के ड्राईवर के हत्थे चढ़ा था जो 911 को कॉल करके बुलाता, और न ही मैं किसी लैंडफ़िल साइट पर पहुँचा था। सब समीकरणों को ध्यान में रखते हुए, मैं ख़ुद को सौभाग्यशाली मानता हूँ। और सच में, मुझे बहुत अच्छी नींद आई। एक दिन पुराना लज़ान्या तो बस फ़ोम की तरह है, थोड़ी देर में ठीक हो जाएगा।

मैं घर जाने का पीछे वाला रास्ता चुनता हूँ, जिससे हालांकि दूरी थोड़ी बढ़ जाती है पर मैं उन बदमाशों की नज़रों में आने का ख़तरा मोल नहीं लेना चाहता, जो मेरे घर के सामने की सड़क की गश्त लगा रहे हैं, और जब मैं पहुँचता हूँ तो 3:06 बज चुके हैं।

मैं छुपकर पर्दों के बीच से देखता हूँ, पर बाहर कोई संदिग्ध कार नहीं दिख रही है। जहाँ तक उन बदमाशों का सवाल है, मैं यक़ीन से नहीं कह सकता कि वे कोई भाड़े के गुंडे थे, या फिर ख़ुफ़िया सेवा के लोग या कोई गुस्साए कांग्रेसिये, लेकिन मैं इतना ज़रूर कह सकता हूँ कि मैंने उन्हें कभी नहीं देखा था। मैं अपने दरवाज़े का सुरक्षा लॉक बंद कर देता हूँ, अपने कपड़ों को कचरे की एक थैली में फेंकता हूँ और नहाने चला जाता हूँ। I

जब मैं कंप्यूटर के आगे बैठता हूँ, 3:17 हो चुका है।

राष्ट्रपति की गिरफ़्तारी की कोई ब्रेकिंग न्यूज़ नहीं है और मैं स्वीकार कर लेता हूँ कि वे हत्या के दोष से बचकर निकल गए। और शायद अगर मैं जीना चाहता हूँ, तो मुझे उन्हें जाने देना चाहिए।

मैं अपने शेयर देखता हूँ, जो पिछले दो दिनों में बहुत लुड़क गए हैं – मैं लगभग चालीस हज़ार गंवा चुका हूँ – और मैं निर्णय लेता हूँ कि दो शेयरों के साथ मैं लहरों पर सवार हो जाऊँगा और बाकी को बेच दूँगा। मैं गेम ऑफ़ थ्रोंस देखने की कोशिश करता हूँ, पर मैं याद नहीं कर पा रहा हूँ कि पिछले एपिसोड्स में क्या हुआ था और मैं एकदम खोया हुआ महसूस कर रहा हूँ। किंग्सलेयर के हाथ को क्या हुआ था? हालांकि, कल रात की घटना को लगभग चौबीस घंटे बीत चुके हैं और मेरा शरीर कल की थकान से अब उबर चुका है, लेकिन मेरा दिमाग़ अभी भी थका हुआ है। मुझे बहुत मानसिक थकान महसूस हो रही है।

3:42 पर, मैं हार मान लेता हूँ और बिस्तर पर लेट जाता हूँ।

और जहाँ तक मुझे याद है, जीवन में पहली बार मैं ख़ुद से सो जाता हूँ।



और अगले कुछ दिन ऐसे ही नीरसता में गुज़रते हैं। मैंने दो बहुत मामूली से बदलाव किए हैं, जैसे मैंने निर्णय लिया है कि अब कभी भी बाहर जाकर जोखिम नहीं उठाना है और मैं अपनी नई ट्रेडमिल पर दौड़ता हूँ जिसे मैंने एक दिन पहले ही घर पर मंगवाया था (अपने घर के दरवाज़े खुले रखने के दिन अब ख़त्म हो गए और मैंने इसाबेल की मदद से यह दिन के समय घर पर मंगवाया था)। ख़ैर जो भी हो, ट्रेडमिल एकदम लेटेस्ट है और सबसे बढ़िया भी, और उसमें एक स्क्रीन है जो दिखाती है कि आप कहाँ दौड़ रहे हैं। आप एपेलेचियन पहाड़ियों की पगडंडी पर दौड़ सकते हैं, बोस्टन की सड़कों पर, सैन डियागो के समुद्र तट पर भी और यहाँ तक कि पोटोमैक के आसपास भी।

मेरा मतलब यह है कि बाहर जाने की ज़रूरत किसे है, है ना?

इस ट्रेडमिल पर आज मेरा पांचवा दिन है, और मैं थोड़ी देर के लिए वाशिंगटन की सड़कों पर भागने का विकल्प चुनता हूँ। पीछे की तरफ़ वाइट हाउस की धुंधली-सी छवि दिख रही है, मैं उसे पलट देता हूँ

मैं 2.43 मील दौड़ चुका हूँ और तभी मैं एक आवाज़ सुनता हूँ।

मैं झटके से दरवाज़े की तरफ़ देखता हूँ, मेरी आँखें तलाश कर रही हैं कि सामान्य सुरक्षा ताला और आदर्श सुरक्षा हेवी ड्यूटी ताला, जो मैंने लगाया था, ठीक से बंद है या नहीं। दोनों बंद हैं।

मैं भागना जारी रखता हूँ।

2.51 मील पर, मुझे दोबारा आवाज़ सुनाई पड़ती है।

मैं ट्रेडमिल से कूदता हूँ और दबे पाँव दरवाज़े पर जाकर दरवाज़े के छेद से बाहर की ओर देखता हूँI कुछ नहीं है।

क्या मैं चीज़ों की आवाज़ सुन रहा था?

ट्रेडमिल की तरफ़ दो एक कदम और, और फिर से वही आवाज़। मैं फिर से झरोखे से झाँककर देखता हूँ। और फिर कुछ नहीं दिखता।

मैं दोनों तालों को खोलकर धीरे-से दरवाज़े को खोलता हूँ।

म्याऊँ ।

“लैससससससससससससससी!

वह मेरी बाहों में कूद जाती है।

मैं उसे ऊपर उठाकर पकड़ लेता हूँ, मैं इतनी ज़ोर-से मुस्कुरा रहा हूँ कि मेरे गाल दुःख रहे हैं। “मेरी दोस्त!...तुम कहाँ चली ग- अरे! यह क्या हुआ तुम्हें?”

लैसी पूरी ख़ून से लथपथ है। उसके पेट पर एक बहुत बड़ा घाव है, उसके कान का एक टुकड़ा ग़ायब है और उसकी एक आँख सूजकर बंद हो चुकी है। और मानो वह अपनी कृत्रिम मुस्कुराहट से कह रही हो, “तुम्हें बाकी पाँचों की हालत भी देखनी चाहिए थी।”

मैं उसे टेबल पर रख देता हूँ और एक गर्म कपड़े से उसकी आँख सेंकने लगता हूँ। शुरुआत में वह थोड़ा झिझकती है, लेकिन बाद में मेरा पूरा साथ देती है। मैं उसे देखकर इतना ख़ुश था और उसके घावों को देखकर इतना व्याकुल था कि मुझे एहसास ही नहीं हुआ कि उसके पासे से कितनी गंदी बू आ रही थी।

“दोस्त, क्या तुम किसी बदबूदार स्कंक से लड़ी थी?”

म्याऊँ ।

“यह क्या है?” मैं उसके पिछवाड़े से दो कांटे निकालता हूँ। साही के काँटे।

“दोस्त, क्या तुमने एक साही और एक स्कंक से पंगा लिया था?”

म्याऊँ ।

मैं अनियंत्रित होकर हँस रहा हूँ और उसे पकड़कर गले लगा लेता हूँ।

वह चौंक जाती है।

“माफ़ करना, मित्र।”

मैं उसे एक टूना का कैन खिलाता हूँ, और फिर उसे सिंक में नहला देता हूँ। मैं कोमलता से उसके शरीर पर लगे सूखे हुए ख़ून को धोकर बहा देता हूँ। उसे अपनी आँखें खोलने में परेशानी हो रही है। “मैं इस सबसे गुज़र चूका हूँ दोस्त, मेरा यक़ीन करो।”

मैं उसे बेड पर लेकर जाता हूँ और उसके छोटे-से शरीर को प्यार से तब तक मलता हूँ जब तक वह सो नहीं जाती।



“लैसी...लैसी!”

उसकी आँखें फड़फड़ाती है, लेकिन वह बिल्कुल भी नहीं हिलती।

3:03 बज रहे हैं।

मैं धीरे-से उसे घुमाता हूँ। उसके पेट का घाव लाल है और सूजा हुआ है। मैं उसके घाव को छूता हूँ और वह कराह उठती है।

हे भगवान।

“दोस्त? तुम ठीक हो?”

वह ठीक नहीं है।

मेरा दिल तेज़ी से दौड़ने लगता है।

“मुझे माफ़ करना, दोस्त, हम तुम्हें ठीक कर देंगे।”

म्याऊँ ।

मेरी आँखें आँसूओं से भर रही हैं और मैं उन्हें पोछ रहा हूँ। यह बस एक पागल बिल्ली है, मैं अपने आप से कहता हूँ। मैं फ़ोन उठाता हूँ और इमरजेंसी में उपलब्ध जानवरों के डॉक्टर का नंबर खोजने ही वाला हूँ, और तभी रुक जाता हूँ। मैं पहले भी आपातकालीन जानवरों के चिकित्सक के पास जा चूका हूँ। वे यहाँ से डेढ़ मील दूर पार्क के बराबर में हैं।

मेरे पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, लेकिन मेरे पास एक छोटी-सी वेस्पा ज़रूर है जिसका मैं अक्सर उपयोग करता हूँ।

मैं लैसी और अपने झोले को उठाता हूँ और दरवाज़े को बाहर से बंद कर देता हूँ।

उस रात जब उन बदमाशों ने मेरा पीछा किया था उसके बाद से आज पहली बार मैं अपने अपार्टमेंट की शान्ति से दूर बाहर जा रहा हूँ। मैं सड़क का मुआयना करता हूँ, रास्ता साफ़ है।

मैं झोला खोलता हूँ और लैसी को उसमें डाल देता हूँ।

“बस दस मिनट की बात है, दोस्त,” मैं उससे कहता हूँ।

मैं सात ही मिनट में उसे पूरा कर लेता हूँ।

जैसे ही मैं अलेक्सांद्रिया वीसीए आपातकालीन पशु चिकित्सालय के अंदर घुसता हूँ, लैसी मेरे कंधे से चिपक जाती है।

वहाँ पर कोई भी नहीं है, ओर थोड़ी बहुत कागज़ी कार्यवाही के बाद हम डॉक्टर से मिलते हैं।

समय है 3 बजकर 20 मिनट।

“तो, आपको क्या लगता है क्या तकलीफ़ है इसे?” डॉक्टर एक ऑस्ट्रेलियाई लहज़े में बोलता है। उसके सुनहरे लाल रंग के बाल हैं, चश्मा पहने हुए है और वह मुझसे कहता है कि मैं उसे जेम्स नाम से पुकारूं, या उसके लहज़े में जैम्स।

“यह एक सप्ताह से ग़ायब थी, कल रात ही बुरी तरह से पिटकर वापिस आई है। मेरे ख़्याल से यह एक स्कंक और एक साही से भीड़ गई थी।”

“ओह ऐसा क्या?” वह हँसता है। “अच्छा, देखते हैं माजरा क्या है, शुरू करें?”

जैसे ही डॉक्टर अपना परीक्षण शुरू करता है, लैसी अपने कंधे के ऊपर से मेरी तरफ़ देखती है, “सब ठीक है, दोस्त।”

डॉक्टर उसे उल्टा करता है और उसके पेट मे कटे के निशान को देखता है। “किसी ने तुम्हें वहाँ बहुत ज़ोर-से मारा, हैं ना?” वह ध्यान से देखने के बाद मुझसे कहता है, “ऐसा लगता है कि यह बहुत सौभाग्यशाली रही, वास्तव में। पेट की त्वचा बहुत नर्म है। थोड़ा और अंदर होता, तो कोई ज़बरदस्त क्षति हो सकती थी।”

डॉक्टर लैसी के पेट को दबाता है और मैं उम्मीद करता हूँ कि वह चौंक जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं होता। लेकिन जैसे ही डॉक्टर उसकी पसलियों पर थोड़ा ऊपर की ओर स्पर्श करता है, तो वह एक दर्दनाक चीख निकालती है।

मेरा पेट तन जाता है। मैं डॉक्टर के यह कहने का इंतज़ार कर रहा हूँ कि उसे आतंरिक रक्तस्त्राव हो रहा हो और वह बस कुछ ही देर की मेहमान है। लेकिन एक मिनट तक जांच करने के बाद, डॉक्टर कुछ चोटिल पसलियों की डायग्नोसिस करते हैं और कहते हैं कि चिंता करने की कोई बात नहीं है। वह कुछ दर्द की गोलियां लिखता है और एक मलहम देता है उसके घावों पर लगाने के लिए।

मैं एक चैन की सांस लेता हूँ।

“तुमने सुना, दोस्त? बस पसलियों में हल्की चोट है।“

म्याऊँ ।

“यह दो दिन में पूरी तरह से हरकत में आ जाएगी।”

“धन्यवाद, डॉक्टर।” मुझे एक हफ़्ते पहले की एक बाद याद आती है, जब मैं लैसी को पुचकार रहा था, और मैं पूछता हूँ, “असल में, अब जब हम यहीं पर हैं तो...क्या आपने इसके कंधे पर ये गाँठ महसूस की?” मैं डॉक्टर के यह कहने का इंतज़ार करता हूँ कि ये ज़ाहिर तौर पर कैंसर है।

“माइक्रोचिप।”

“क्या?”

“यह इसकी माइक्रोचिप है। कभी-कभार लोग इसे कंधे के पीछे लगा देते हैं।”

वह मेरी भ्रान्ति को देखता है और पूछता है, “क्या आपने यह माइक्रोचिप नहीं लगाई?”

“नहीं यह एक महीने पहले मुझे सड़क पर मिली थी, बिना पट्टे के।”

“ख़ैर, जो भी इसका मालिक होगा, उसने इस पर एक माइक्रोचिप लगवाई थी जो अमूमन पचास डॉलर्स में मिल जाती है और कई जगह फ्री में भी लग जाती है।“

अब मेरा दिमाग़ दौड़ रहा है।

“क्या आप पता लगा सकते हैं कि इसका मालिक कौन ह?” मैं पूछता हूँ।

“मेरा मतलब है, मुझे कम से कम उन्हें खोजकर बताने की कोशिश करनी चाहिए, हैं ना?

“पक्की बात।”

वह एक दराज़ खोलता है, एक छोटा-सा स्कैनर निकालता है और उसे कंप्यूटर से जोड़ता है। थोड़ी ही देर वह स्कैनर को लैसी के कंधे पर फिराता है, मानो वह कोई राशन की दुकान का सामान हो। वह अपने विज़िटिंग कार्ड के पीछे लैसी के पिछले मालिक का नाम, पता और फ़ोन नंबर लिखता है, और मेरे सुपुर्द कर देता है।

मैं नाम पढ़ता हूँ और अपना चेहरा स्थिर रखने की कोशिश करता हूँ।



जब हम वापिस लौटते हैं, तो 3:46 बज चुके हैं।

मैं दो छोटी-सी पेन किलर गोलियां निकालता हूँ, उन्हें एक दूध के प्याले में घोलता हूँ, और लैसी को खिला देता हूँ। फिर मैं उसके सभी घावों पर मलहम लगाता हूँ और उसके बाद उसे और अपने लैपटॉप को लेकर बिस्तर पर बैठ जाता हूँ।

मैं वह कार्ड निकालता हूँ जो उस डॉक्टर ने मुझे दिया था।

जेसिका रेनॉय।

रिचमंड का कोई पता।

मैं गूगल करता हूँ “जेसिका रेनॉय और कॉनर सलिवन।”

बहुत सारे हिट्स मिलते हैं। मैं तस्वीरों पर क्लिक करता हूँ।

यस! मिल गया।

एक फ़ोटो मिली है, जेसिका रेनॉय और वर्जिनिया के तत्कालीन गवर्नर, कॉनर सलिवन, की।

जेसिका रेनॉय ही कैली फ्रिग है।
 
10

यह एक दोहरा हत्याकांड था। बारह रात पहले कैली फ्रिग की हत्या हुई और जेसिका रेनॉय की भी।

सुबह के 3:07 बज रहे हैं।

लैसी और मैं वापिस मेरे बिस्तर पर हैं। मैंने उसे अगले दौर की पेन किलर दे दी थी और वह फिर से खर्राटे मार रही है। उसके पेट के घाव में नाटकीय सुधार आया है और उसने मेरे चेहरे को चाटते हुए यह जताने की कोशिश की कि वह थोड़ा बेहतर महसूस कर रही है।

मैं पिछले दो मिनट से कॉनर सलिवन और जेसिका रेनॉय की फ़ोटो को घूर रहा हूँ। उनकी फ़ोटो के नीचे लिखा शीर्षक कहता है “अभियान स्वयंसेवक जेसिका रेनॉय को पदधारी प्रत्याशी, गवर्नर कॉनर सलिवन, से मिली जादू की झप्पी।”

यह फ़ोटो कम से कम छः वर्ष पहले की रही होगी जब वे वर्जिनिया के गवर्नर के अपने अंतिम पुनर्निर्वाचन अभियान का हिस्सा बने थे।

इस फ़ोटो में, पंद्रह अन्य लोग हैं जिन्होंने सफ़ेद टी-शर्ट पहनी है और उस पर लिखा है “द मैन विद द प्लान।” सलिवन “मेरे पास एक प्लान है...” का हवाला टीवी पर इतनी बार दे चुके थे कि उसे झेलना नामुमकिन हो चुका था। गवर्नर के चुनावी अभियान में हमेशा ही उन्होंने कहा “मेरे पास इस महान राज्य के लिए एक प्लान है” जो बहुत जल्द ही, उनके राष्ट्रपति उमीदवार बनने पर “मेरे पास इस महान राष्ट्र के लिए एक प्लान है” में परिवर्तित हो गया था। निस्संदेह, इसका श्रेय उन्हें जाता है, उनके पास योजना थी, और वे हर क्षेत्र में अपना योगदान दे रहे थे। पिछले आठ वर्षों में अर्थव्यवस्था सबसे मज़बूत स्थिति में थी, बेरोज़गारी इस दशक के न्यूनतम पर थी और अरब देशों से सारी सैन्य टुकड़ियां वापिस बुला ली गईं थी।

जेसिका रेनॉय और राष्ट्रपति महोदय सामने और बीच में हैं। जेसिका छरहरी और मध्यम कद-काठी की है। हालांकि वे ज़्यादा से ज़्यादा स्कूल पास करके अभी आई होगी लेकिन उसकी आश्वस्त आँखें और सधी हुई मुस्कान इस बात की ओर इशारा कर रही है कि वह दुनिया की वास्तविकताओं से भली-भाँती परिचित है। राष्ट्रपति ने एक चटक नीली शर्ट और एक काला कोट पहना हुआ है। वे उसके सामने इमारत जैसे दिख रहे हैं और उन्होंने अपना दायाँ हाथ उसके कंधे के ऊपर रखा हुआ है। इस मुद्रा में ऐसा कुछ भी अश्लील या आकर्षक नहीं है और अगर आकर्षक है भी तो वह पैतृक प्रेम-सा लग रहा है। मैं यह सोचता हूँ कि इसके अलावा अन्य पंद्रह लोगों में से भी कोई और स्वयंसेवक जेसिका की जगह पर बहुत आसानी से हो सकता था।

मैं अपने अगले पैंतालीस मिनट बिस्तर पर ही बिताता हूँ, इंटरनेट से जेसिका रेनॉय की जानकारी इकट्ठा करने में।

मैं बहुत कम ही जानकारी खोज पाता हूँ।



मेरे दिन के दस मिनट बीत चुके हैं जब मैं स्क्रॉल कर के रे के फ़ोन नंबर तक पहुँचता हूँ और लगभग कॉल बटन दबाने ही वाला होता हूँ, लेकिन फिर उसके विपरीत निर्णय लेता हूँ। इससे पहले कि मैं डिटेक्टिव से बात करूँ, मैं जेसिका रेनॉय के बारे में और अधिक जानना चाहता हूँ।

मैं इंटरनेट खोलता हूँ और मुझे एक कम्पनी मिलती है जो लोगों की पुरानी जानकारी ढूँढती है। मेरे पास जेसिका रेनॉय की जितनी भी जानकारी है, मैं वे सब डालता हूँ — एक छः साल पुराना पता और एक लम्बे समय से बंद पड़ा फ़ोन नंबर — और इस काम को जल्द से जल्द करने के लिए लगभग दो सौ डॉलर का भुगतान करता हूँ।

”अच्छा, तो अब मुझे लगता है कि हम बस इंतज़ार करेंगे।” मैं लैसी से कहता हूँ, जो चाटते हुए अपना नाश्ता कर रही है। अड़तालीस घंटों में वह लगभग पूरी तरह ठीक हो चुकी है।

म्याऊँ ।

”ज़रा देखो, शायद तुम्हें ज़्यादा परवाह हो। ये तुम्हारी माँ है जिसके बारे में हम बात कर रहे हैं।”

म्याऊँ।

”हाँ, मेरे साथ रहना लाजवाब है, लेकिन फिर भी।”

म्याऊँ।

”कैंडी? किस तरह की कैंडी?”

म्याऊँ।

”दोस्त, ट्विक्स एक कुकी होती है।”

हम इस बात पर एक मिनट तक बहस करते हैं और फिर मैं बालकनी का दरवाज़ा खोलता हूँ और वह अपनी चट्टान पर चली जाती है, अपना काम करने को। बाहर की अद्भुत हवा एक ताज़ा एहसास दिला रही है और मैं सोच लेता हूँ कि मैं बाहर दौड़ने जाऊँ।

गुंडो से सावधान।

किचन टेबल पर एक एमेज़ॉन के स्टिकर वाला एक भूरा डिब्बा है। वह दो दिन पहले आया था, लेकिन मैंने अभी तक इसे खोला नहीं है।

एक मिनट बाद मैं बाज़ार में उपलब्ध सबसे मज़बूत रस्सी काटने वाला हथियार पकड़े हुए हूँ।

मैं उसे लैसी की तरफ़ दिखाकर हिलाता हूँ। “अगली बार तुम कालीन पर सुसु करोगी, तो एक धमाका होगा। 440 वोल्टस का करंट लगेगा, समझे दोस्त।”

वह हंसती है।

मैं अपनी टोपी निकालता हूँ, अपने रनिंग शूज़ पहनता हूँ और सामने वाला दरवाज़ा खोलता हूँ। लैसी अपनी गर्दन बाहर निकालती है, हॉल का मुआयना करती है और वापिस बिस्तर में सिर घुसा लेती है। मैं शायद उस दिन की गुंडों वाली वारदात को भुला चुका हूँ, लेकिन लैसी के ज़ख्म अभी भरने बाकी हैं।

”मेरे हिसाब से हमें तुम्हारे लिए भी एक रस्सी काटने वाला हथियार खरीदना होगा।”

म्याऊँ।

”नहीं। चाकू तो बिल्कुल भी नहीं।”

म्याऊँ।

”हम इस पर तब चर्चा करेंगे जब मैं लौटूंगा।”

ट्रेडमिल पर लगभग एक हफ़्ते तक दौड़ने के बाद, मैं बाहर की ताज़ी हवा का स्वाद ही भूल गया हूँ। मैं इस बार एक दूसरा रास्ता चुनता हूँ और उत्तर की दिशा में समर पार्क की तरफ़ बढ़ता हूँ। मैंने पहले से ही भागने के रास्तों के बारे में सोच लिया है, अगर ज़रूरत पड़ी तो। मेरे दाहिने हाथ में लोडेड स्टन गन भी है।

मैं परिमाप के चारों और दौड़ता हूँ। जीवन का कोई सुराग़ नहीं दिखता यहाँ। मैं सतर्क रहने की कोशिश करता हूँ, पर बार-बार मेरा दिमाग़ भटक जाता है। मैं उसे हर बार दिमाग़ से निकालने की कोशिश करता हूँ, लेकिन हर बार वह मेरे ख़्यालों में फिर से आ जाती है। कैली फ्रिग नहीं। और न ही जेसिका रेनॉय। डिटेक्टिव रे। उसके गहरे भूरे बाल, उसकी चतुर मुस्कान, वह मुझे किस तरह घूरेगी अगर उसे यह लगा कि हत्यारा मैं हूँ। मैं कल्पना करने की कोशिश करता हूँ कि उस जीन्स और भारी भरकम स्वेटशर्ट के नीचे उसके शरीर का आकार कैसा होगा। वह कैसी आहें भरेगी। उसके निप्पल मेरी शरारती जीभ को क्या प्रतिक्रिया देंगे।

चमकती हुई रोशनी।

दो जोड़ी।

भागने का मार्ग डी।

मैं सड़क के दूसरी ओर भागता हूँ। वहाँ पर एक गड्ढा है और मैं सीधे पानी में कूद जाता हूँ, और किनारे से सरकते हुए समर पार्क में दाख़िल होता हूँ।

मैं अपनी बाईं तरफ़ कम रोशनी वाले टेनिस कोर्ट्स की तरफ़ बढ़ता हूँ। मैं चैनल वाले गेट से अंदर घुसता हूँ, गेट को फांदता हूँ, और फिर कोर्ट के चारों ओर लगी अठारह फुट ऊँची तार की बाढ़ की चढ़ाई शुरू करता हूँ। मैं मुड़ता हूँ और अपने कंधे के ऊपर से देखने लगता हूँ। कोर्ट के अंदर तीन अन्य लोग घुसे हैं। काले कपड़े पहने। उनके हाथों में बंदूकें हैं। मैं यह सोच रहा हूँ कि वे गोली क्यों नहीं चला रहे। जैसे ही मैं अपने पाँव को चेन के उस पार लेकर जाता हूँ, तीनों मिल कर पूरी ताक़त से उसे हिला देते हैं। किसी तरह मैं उसे पकड़े रहता हूँ, और फिर बाकी के दस फीट घसीटकर उतर जाता हूँ।

मैं बाढ़ के उस पार उन तीनों की तरफ़ देखता हूँ। जितना मैं जानता हूँ, वे नेवी सील्स हो सकते हैं।

"हेलो। भाई साहब।”

वे जवाब नहीं देते।

वे बाड़े पर चढ़ने लगते हैं और मैं उन तीनों के ऊपर पहुँचने का इंतज़ार करता हूँ।

"इसके लिए मुझे माफ़ करना।”

मैं चेन वाले बाड़े पर स्टन गन से करंट छोड़ देता हूँ।

तीन चीखें, और फिर तीन धड़ाम की आवाज़ें, और तभी वे कोर्ट के हरे फ़र्श पर गिरते हैं।

मैं मुड़ता हूँ और भागना शुरू करता हूँ।

“हिलना भी मत।

मैं बंदूक की नली के अंदर झाँक रहा हूँ।

"अपने हथियार को नीचे डालो।”

मैं स्टन गन नीचे गिरा देता हूँ।

"तुम सब ठीक हो ना?” वे अपने साथियों से पूछता है।

"इस हरामज़ादे ने हम पर करंट छोड़ा।”

वह ज़मीन से स्टन गन उठाता है और उसे देखता है। फिर वह उसे मेरी छाती से सटाता है और मेरी चीख निकल जाती है।



मैं एक कार में हूँ।

”तुम ठीक हो?”

मुझे धुंधला दिखाई दे रहा है। “समय क्या हुआ है?” मैं पूछता हूँ।

“3:35 बज रहे हैं।”

मैं उस आवाज़ को तिरछी नज़र से देखता हूँ।

“चिंता मत करो, हम तुम्हारे 4 बजे के कर्फ़्यू के पहले तुम्हें वापिस पहुंचा देंगे।”

मैं आवाज़ पहचान पा रहा हूँ, पर मुझे चेहरा याद नहीं आ रहा है।

“हेनरी बिन्स,” वह कहता है। यह सवाल नहीं है।

मेरी दृष्टि अब साफ़ हो रही है। मैं कार की पिछली सीट पर हूँ। मेरी छाती जल रही है।

मैं बोलने की कोशिश करता हूँ, लेकिन सिर्फ़ खांसी ही निकलती है।

वह मुझे एक पानी का गिलास देता है और मैं एक घूँट पीता हूँ। मेरे हाथों से नीचे के हिस्से में कंपकंपी छूट जाती है।

“राष्ट्रपति महोदय।”



कार के ऊपर की लाइट जल उठती है, और कॉनर सलिवन की छवि इस रोशनी में ऐसी ही दिख रही है जैसी मैंने लगभग दो सप्ताह पहले देखी थी। उन्होंने एक जीन्स और एक डेटन विश्वविद्यालय की स्वेट-शर्ट पहनी हुई है। वे ड्राइव पर निकले कोई भी अन्य व्यक्ति हो सकते थे। लेकिन ऐसा नहीं है। वे संयुक्त राज्य के राष्ट्रपति हैं।

“मेरे आदमियों के लिए माफ़ी चाहता हूँ,” वे कहते हैं। “उद्देश्य था कि तुम पर कोई आँच न आए।”

मैं अपने हाथ को अपनी छाती के करीब ले जाता हूँ जहाँ पर मुझे झटका लगा था और मैं जानता हूँ कि ताज़ा लाल घाव तैयार हो रहा है।

मैं सिर हिलाता हूँ।

“मैं जानता हूँ समय अति महत्वपूर्ण है, ख़ासकर तुम्हारे लिए तो हमेशा ही, तो मैं सीधे मुद्दे पर आता हूँ। मैं उसी समय समझ गया था जब मैंने उस खिड़की से तुम्हारा चेहरा देखा था कि तुम कुछ न कुछ मुसीबत ज़रूर खड़ी करोगे।”

हम नज़रें मिलाते हैं, और उस पल के बारे में एक साथ सोचते हैं।

मैं उनके शब्दों पर ध्यान देता हूँ: कि तुम कुछ न कुछ मुसीबत ज़रूर खड़ी करोगे । कैली फ्रिग ने भी मुसीबत खड़ी की थी। और उसकी हत्या हो गई। तो मेरी क्यों नहीं हुई?

“मैंने उस लड़की को नहीं मारा,” वे कहते हैं।

शायद अगर वे कहते की मैं गुरुत्वाकर्षण को उल्टा कर सकता हूँ, तो मैं मान लेता। अगर मैं गिलास को उल्टा लटका दूँ, तो वह गिरने के बजाय छत से टकरा जाएगा।

मैं व्यंगात्मक हँसी हँसता हूँ।

“मैं इसके लिए तुम्हें दोषी नहीं मानता,” वे सिर हिलाते हुए कहते हैं। “जो जानकारी तुम्हारे पास है, अगर वही मेरे पास भी होती, तो मैं निस्संदेह होकर कहता कि हत्या मैंने ही की। देखो, तुमने चीख सुनी, तुमने मुझे निकलते हुए देखा, तुमने मेरा सेलफ़ोन देखा, और तुमने मेरे और जेसिका रेनॉय के बीच संबंध ढूँढ लिया।”

मैं पलकें स्थिर रखने की कोशिश करता हूँ। मैं सोच रहा हूँ कहीं इन्होंने मेरे घर को बग तो नहीं किया। या फिर मैंने इंटरनेट पर जो भी खोजा है इन्हें वे सब पता है। या फिर दोनों।

वे एक सांस लेते हैं और कहते हैं, “मैं जेसिका से छः साल पहले मिला था जब उसने मेरे पुनर्निर्वाचन अभियान के लिए स्वयंसेवक का कार्य किया था।” वे कहते हैं, “मुझे अच्छी तरह याद है जब उसे मैंने देखा था, जब वह आई थी, मानो अठारह से लेकर पचास तक के सभी मर्द खड़े होकर उसे ताक रहे थे, ऐसी लालिमा थी उसमें।”

“आपको उसके साथ हमबिस्तर होने में कितना समय लगा?”

“ज़्यादा नहीं। अभियान के बाद एक और महीना, हम सब होटल में रह रहे थे। वो मेरे कमरे में घुस आई, और, उम्म्म...मैंने उसे निराश नहीं किया।”

“मैं नहीं जानता था कि आप इतने छिछोरे हैं।” बल्कि, उन्होंने अपनी एक परिपूर्ण पारिवारिक व्यक्ति वाली छवि को धुंए में उड़ा दिया था।

“मुझे इस बात का गर्व नहीं है,” वे ऊपर की ओर देखते हुए कहते हैं। मैं नहीं जानता कि वह पछतावा कर रहे हैं या कार की छत से आंसूओं के टपकने का इंतज़ार।

“और आप छः साल से इस रिश्ते में हैं?”

“नहीं। ये बस एक बार तभी हुआ था।”

मुझे कुछ शंका हो रही है जिस पर मुझे ध्यान देना चाहिए।

“उसने इस घटना का विडियोटेप बनाया। अगले दिन मेरे पास आई और मुझसे एक लाख डॉलर की मांग करने लगी।”

मेरी भौंहें चढ़ जाती हैं।

“मैंने उसे पैसे दे दिए और वो अगले दिन ग़ायब हो गयी। “

“आपने उसे पैसे दे दिए?”

“अगर विडियो लीक हो जाता, तो मैं तबाह हो जाता। मैंने उसे एक लाख डॉलर नक़द दिए और वो ख़ुशी-ख़ुशी उन्हें लेकर वहाँ से ग़ायब हो गई। अगले छः साल तक मेरा उस से कोई सम्पर्क नहीं रहा। फिर एक महीने पहले मेरे पास एक ई-मेल आया। वो वापिस आ गई थी और वो और पैसों की मांग कर रही थी।”

“तो फिर आपने दिए उसे पैसे?”

“हाँ दिए। दो हफ़्ते पहले।”

मैं उनके चेहरे का अध्ययन करता हूँ, और पाता हूँ कि मैं उनकी बातों पर विश्वास करने लगा हूँ। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उन्हें कैली/जेसिका द्वारा ब्लैकमेल किया भी जा रहा था तो उन्होंने उसकी हत्या नहीं की होगी। वास्तव में, उन्हें इससे हत्या का कारण मिला था।

“मैं जानता हूँ कि तुम क्या सोच रहे हो, उसे मारने का इससे भी एक बेहतर कारण था। और यह मत सोचना कि मेरे दिमाग़ में यह नहीं आया होगा। पहली बार जब मैंने उसे पैसे दिए थे तो वो छः सालों के लिए ग़ायब हुई थी। और मुझे थोड़ी ही शंका थी कि वो अगले छः साल में मुझे अपनी शक़्ल दोबारा दिखाएगी, और अगर वो बाद में वापिस आती भी, तो तब तक मैं अपना राष्ट्रपति का कार्यकाल पूरा कर चुका होता, और फिर उस टेप के लीक होने पर भी मैं उससे आसानी से निपट लेता।”

“अच्छा, तो मान लीजिए कि मुझे आपकी बात पर यक़ीन हो गया है। क्या हुआ था उस रात? और शुरुआत से बताइयेगा, जैसे आप किस तरह वाइट हाउस से बाहर आए और कैसे उस फ़ोर्ड फ़ोकस में बैठे।”

“जानते हो पिछले लगभग तीन सालों में मैंने तभी पहली बार गाड़ी चलाई थी। तुम सोच भी नहीं सकते, कितना अद्भुत एहसास था!” वे ठहाके लगाते हुए कहते हैं।

मैं कोई प्रतिक्रिया नहीं देता हूँ, मैं अभी भी एक क़ातिल के बगल में बैठा हूँ। और मुझे इस बात में ज़रा भी रूचि नहीं है कि उन्होंने आख़िरी बार कार कब चलायी थी।

वे सीधे होकर बैठते हैं।

“मैंने अपने साथियों को बोला कि मुझे ड्राइव पर जाने का मन है और मैं नहीं चाहता कि इसका कोई लिखित साक्ष्य रहे। रेड, जिस लड़के ने तुम्हें करंट का झटका दिया था, उसी ने, मेरे निर्देशों का पालन करते हुए इसे संभव करवाया था, हालांकि उसने मेरे साथ चलने की ज़िद ज़रूर की थी। उसने मुझे बाहर निकाला, हम कार में बैठे और चल पड़े। हम पाँच मील ही चले थे, तभी मैंने कार रोकी और उसे बाहर निकालने को कहा। मैं और रेड कॉलेज से एक दूसरे को जानते हैं। हमने साथ में दो साल तक बॉल खेला था। एकदम भाई जैसे। वो बाहर निकल गया। मैंने उसे कहा कि मैं एक घंटे में उसे वापिस पिक करूँगा। और मैं उस पते की तरफ़ बढ़ने लगा जिसे जेसिका – मुझे बिल्कुल भी अंदाज़ा नहीं था कि अब वो ख़ुद को कैली नाम से बुलाती है – ने मुझे दिया था, और मैं अंदर चला गया।

“मैंने उसे पैसे दिए, इस बार दो लाख डॉलर, और उसने वे ले लिए। उसने मुझे किस करने की कोशिश की लेकिन मैंने उसे पीछे धकेल दिया। तभी वो चिल्लाने लगी। मैंने उसका मुँह ढका और चुप रहने को कहा, और फिर मैं बाहर की ओर भाग गया।”

“और आपके फ़ोन का क्या?”

वे अपना सिर हिलाते हैं। “मेरी यह योजना थी कि मैं इस पूरी बातचीत को रिकॉर्ड कर लूँगा जिससे उसके ब्लैकमेल करने का एक पुख़्ता सबूत मेरे पास रहेगा अगर उसने भविष्य में भी ऐसी ही कोशिश की तो। लेकिन जेसिका बहुत चतुर थी। उसने मेरी पीठ पर मारा, मेरा फ़ोन ढूँढा और कहने लगी कि उसे वो भी चाहिए। यह उसका बीमा था, अगर मैं कभी यह साबित करने की कोशिश करता कि वो मुझे ब्लैकमेल कर रही है।”

“और फिर क्या? आप बस निकल गए और फिर कोई आया और उसने आकर उसका गला घोंट दिया?”

“हाँ, और वह अपने साथ दो लाख डॉलर भी ले गए।”



राष्ट्रपति महोदय ने, मुझे 3:50 पर, मेरे घर से पाँच गली दूर उतार दिया।

मैं दरवाज़ा खोलता हूँ और पूछता हूँ, “तो अगर आपने उसकी हत्या नहीं की, तो फिर किसने की?”

उनके पास इसका कोई उत्तर नहीं था।
 
Back
Top