• Hello Friends You can Register on the Forum and by posting you can earn money too.

दुक्खम्‌-सुक्खम्‌

35

जमुना में कितना पानी बह गया। न जाने कौन-कौन-सी नदियों का पानी पी-पीकर, घर से निकला कविमोहन अग्रवाल अब मूला-मूठा नदियों के किनारे, ताड़ीवाला रोड पर, पुणे में अपना घर बसाये हुए है। वृहत्तर घर उससे दूर हो गया है लेकिन उसकी एक इकाई वह अपने साथ ले आया है, मय चकला-बेलन और बाल-बच्चों के। फिर भी उसका काम करने का तरीका दफ्तर को पसन्द नहीं है। वह दफ्तर को अपनी सल्तनत समझता है। उसके लिए लोगों का महत्त्व वहीं तक है जहाँ तक वे दफ्तर के काम आते हैं।

इस एक दशक में प्रतिभा षोडशी हो गयी है और मनीषा किशोरी। दोनों अपनी तरह से बड़ी हुई हैं। न जाने कैसे प्रतिभा एकदम बहिर्मुखी है। मनीषा अन्तर्मुखी। पिता जिसे वे अब पापा कहती हैं अपने सारे दिशा-निर्देशन के बावजूद यह प्रक्रिया नहीं रोक पाये। यह भी नहीं पता कि कलाप्रेम के प्रथम ज्वार में जब पापा ने प्रतिभा का नाम रोहिणी भाटे की नृत्य कक्षाओं में लिखवाया तब यह शुरू हुआ अथवा तब जब नाजिर हुसैन से दोनों बहनों को शास्त्रीय गायन सिखाने के लिए बाक़ायदा गंडा बँधवाई की गयी। नाजिर हुसैन आकाशवाणी के आला कलाकार थे। वे आसानी से किसी को अपना शागिर्द क़ुबूल नहीं करते थे। लेकिन कविमोहन ने उन्हें अपनी वक्तृता और विनम्रता से इतना प्रभावित कर दिया जब कहा, ‘‘खाँ साब हमारा रोयाँ-रोयाँ आपकी शागिर्दी क़ुबूल करता है, इन बच्चियों को सा रे गा मा का हुनर सिखा दें तो आपके पाँव धो-धोकर हम पियें।’’

नाजिर हुसैन ने जब दोनों लड़कियों को देखा वे द्रवित हो गये। रेडियो का आला अफ़सर उनके सामने गिड़गिड़ा रहा था। उन्होंने कहा, ‘‘बरख़ुरदार हम एक चावल से हाँडी परखते हैं। हफ्ते भर में तुम्हें बता देंगे, हाँ या ना।’’

नानापेठ स्थित उनके आवास पर प्रतिभा और मनीषा रोज़ शाम पाँच से छ: जाने लगीं। प्रतिभा ने आरम्भिक स्वर आदेशानुसार उठाये किन्तु मनीषा को सा बोलते हुए ही ऐसी हँसी और खाँसी उठी कि खाँ साब की समूची क्लास हिल गयी। मनीषा की पीठ थपकी गयी, उसका सिर सहलाया गया पर खाँसी कुछ ऐसी रही कि लडक़ी के आँसू आ गये। एक रोज़, दो रोज़, यही हाल रहा। आखिरकार खाँ साब ने उसके पिता से कह दिया, ‘‘अग्रवाल साब, आपकी छोटी लडक़ी में मौसिकी का छींटा भी नहीं है। हाँ बड़ी को मैं सिखा दूँगा।’’

यही हाल रोहिणी भाटे के यहाँ हुआ। मनीषा ने खुद पहले ही दिन विद्रोह कर दिया, ‘‘यह क्या ज़मीन छू-छूकर गुरु को प्रणाम करना। हम क्या गुलाम हैं। हमें नहीं करनी ता-ता थैया।’’

उसके पापा ने किचकिचाकर कहा, ‘‘ऊत की ऊत बने रहना है तुझे।’’

अब तक इन्दु लिपस्टिक-पाउडर लगाकर आधुनिका बन चुकी थीं। आन्तरिक आधुनिकता की उन्हें न चेतना थी न परवाह। वह बोलीं, ‘‘इसे सारी उमर हमारी छाती पर मूँग दलनी है और क्या?’’

अपने कच्चे किशोर कलेजे पर मनीषा ये आघात झेल ले गयी। उसने इससे भी बड़े आघात स्कूल में झेले थे जिनकी कोई जानकारी घरवालों को नहीं थी।

एक दिन दस्तूर नौशेरवान पब्लिक स्कूल में मेडिकल निरीक्षण था। सब छात्राओं के बाल, नाखून, दाँत और गले की जाँच होनी थी और विभिन्न टीके लगने थे। सतारा के मिशन हॉस्पिटल की नर्सें और डॉक्टर हर लडक़ी को अपने सामने खड़ा कर पहले नाखूनों और दाँतों की नुमायश करवाते फिर जीभ निकलवाते और हाथ में दो पेन्सिलों के कोनों से लडक़ी के बालों को जगह-जगह छेदकर देखते कि कहीं जूँ तो नहीं है। जब मनीषा की बारी आयी, नाखून और दाँत तो उसने चुपचाप दिखा दिये लेकिन गले की जाँच पर उसने ज़ोर से कहा, ‘‘आ आऽऽऽ। डॉक्टर और नर्सों ने जल्दी से कहा, ‘‘ठीक है चिल्ला क्यों रही हो?’’

इस जाँच के बाद बारी आयी चेचक के टीके की। क्लास की लड़कियों ने जानबूझकर मनीषा को कतार में सबसे आगे खड़ा कर दिया। जब वह डॉक्टर और कम्पाउंडर के पास पहुँची, उन्होंने एक नज़र उसे देखकर हाथ के इशारे से हटाकर कहा, ‘‘जाओ तुम्हें टीके की ज़रूरत नहीं है।’’ सारी क्लास खिलखिलाकर हँसी। उस दिन मनीषा को समझ आया कि जिसे एक बार चेचक निकल जाती है, वह जीवन भर के लिए इस रोग से प्रतिरक्षित हो जाता है। लेकिन यह ज्ञान उसे एसिड की तरह मिला। हँसती हुई लड़कियों को देखकर उसका मन हुआ इन चुड़ैलों को वह अपनी पीठ पर लादकर मूलामूठा नदी में फेंक आये।

मनीषा जाकर क्लासरूम में बैठ गयी। लड़कियों की हँसी याद कर उसे रुलाई आने लगी। क्या यह हँसी की बात थी? प्रिंसिपल ने उन्हें हँसने पर डाँटा क्यों नहीं।

जब लड़कियाँ ‘उई’, ‘आई’ करती अपनी बाँह थामे क्लास में घुसीं, तब तक मनीषा एक अलग इनसान बन चुकी थी। उसने जलती आँखों से उन्हें देखा और मोर्चा बना लिया।

जिस नेता टाइप लडक़ी ने कुछ देर पहले मनीषा को लाइन में सबसे आगे खड़ा किया था, उसका नाम सूरज अहलूवालिया था। वह क्लास मॉनिटर थी। इस वक्त वह बड़े ध्यान से अपनी गोरी बाँह पर बना नश्तर का निशान देख रही थी।

मनीषा ने हाथ में डस्टर छिपाया हुआ था।

कसकर उसने मॉनिटर की बाँह को निशाना बनाया और दूर से मारा डस्टर। सूरज अहलूवालिया बची लेकिन फिर भी डस्टर उसके होंठ पर लगा और मुँह से ख़ून बहने लगा।

क्लास में दहशत छा गयी। मनीषा इस सबसे तटस्थ खड़ी रही। उसे अपनी इस हरकत पर कोई अफ़सोस नहीं था।

इस समय क्लास में कोई टीचर मौजूद नहीं थी। सूरज की जुड़वाँ बहन चाँद अहलूवालिया और दौलत पटेल मनीषा के पास पहुँचीं। उन्होंने लपककर उसे पकड़ा और कहा, ‘‘चलो प्रिंसिपल के पास।’’

मनीषा खम्भे की तरह अपनी जगह पर अड़ी, खड़ी रही। उसकी क्रुद्ध रौद्र मुद्रा देखकर दोनों लड़कियों की पकड़ शिथिल पड़ गयी। तभी छुट्टी का घंटा टनटना उठा।

अपना बस्ता उठाकर मनीषा ने ठोड़ी से इशारा किया, ‘‘वह जानती है मैंने क्यों मारा।’’

सब लड़कियाँ सकपका गयीं। मनीषा की खिल्ली उड़ाने में वे सब शामिल थीं। मनीषा आक्रामक उत्तेजना में सीढिय़ाँ उतर गयी।

इस तेवर के पीछे मनीषा की पिछले सात महीने की मेहनत थी जिसके चलते छमाही परीक्षा में उसके उच्चतम अंक आये थे। जिस दिन उसने नौशेरवान दस्तूर स्कूल में दाखिला लिया था, गणित के टीचर मिस्टर होडीवाला ने उसे क्लास में सबसे पीछे की सीट दिखाकर कहा था, ‘गो एंड ऑक्युपाय दैट सीट।’’ मिस्टर होडीवाला उनके क्लास टीचर थे।

मनीषा थी तो पन्द्रह की पर देखने में ग्यारह की लगती। अभी न लम्बाई बढ़ी थी न देह उभरी। दुबली इतनी कि कमर पर से स्कर्ट खिसक-खिसक पड़ता। आगे के छोटे बाल, चोटी से निकलकर सामने आ जाते तो चेहरे का नक्शा बदल जाता।

होडीवाला सर को सुन्दर, दिखनौट लड़कियाँ पसन्द थीं। गणित का सवाल दे चुकने के बाद वे एक-एक छात्र, छात्रा के डेस्क के पास जाकर, उसकी पीठ पर हाथ रखते और कहते, ‘‘यस मिसिबाबा, लैट मी सी वॉट यू आर डूइंग।’’ जितनी देर वे सवाल देखते, उनका हाथ छात्रा की पीठ पर घूमता रहता। रिसैस में लड़कियाँ आपस में यही चर्चा करतीं कि होडीवाला सर उसके पास कितनी देर तक रुके।

मनीषा देखने में एक हद तक सिर्री ही लगती। होडीवाला सर उसके पास कभी नहीं रुकते। उसके किये सवाल हरदम सही होते। वे अपने लाल पेन से एक सही का निशान लगाकर आगे बढ़ जाते, ‘‘यस मिसिबाबा लेट मी सी वॉट यू आर डूइंग।’’

छमाही परीक्षा में प्रत्येक विषय में मनीषा के सर्वोच्च अंक आये। मजबूरन क्लास टीचर को उसे सामने की सीट पर बैठाना पड़ा। जनरल साइंस, इतिहास, भूगोल और इंग्लिश व हिन्दी में उसकी हाजिर-जवाबी देखने योग्य थी। सब शिक्षकों का मानना था कि इतनी मेधावी छात्रा को सामने बैठना चाहिए। क्लास की बाकी लड़कियाँ इस बात से चिढ़ गयीं। उन्हें मनीषा पहले दिन से सिर्री लगी थी जो थोड़ी कूद-कूदकर जल्दी चलती थी, मुँह धोकर स्कूल चली आती थी और जिसे तर्क और होमवर्क में वे हरा नहीं पातीं।

लड़कियों ने उसे नीचा दिखाने के लिए अपने सवाल गढ़ डाले थे।

—तुम्हारा सरनेम अग्रवाल है, क्या तुम मारवाड़ी हो?

—ओ तो तुम यू.पी. की हो। हमारी कॉलोनी में दूध-दही का सारा धन्धा भैया लोग करते हैं, तुम भैया हो?

—तुम तो तबेले में रहती होगी।

इन पूर्वाग्रहों का खंडन करते-करते मनीषा को अब अग्रवाल सरनेम से ही चिढ़ होने लगी थी। वह घर में कहती, ‘‘पापा आपको कोई और सरनेम नहीं मिला था जो यह दकियानूस सरनेम, नाम के साथ चिपका लिया।’’

पापा कहते, ‘‘इसमें क्या बुराई है?’’

‘‘स्कूल में हमें सब छेड़ते हैं। लड़कियों के इतने बढिय़ा-बढिय़ा सरनेम हैं—कुलकर्णी, चिटनिस, अय्यर, नैयर, कृष्णास्वामी।’’

‘‘देखो सरनेम में कोई अपनी मर्जी नहीं लगा सकता। यह हमें परिवार से मिलता है। हम लोग बीसा अग्रवाल हैं यानी अग्रवालों में सबसे ऊँचे। हमारा गोत्र बंसल है।’’

माँ बोल उठतीं, ‘‘हम बंसल भी तो लिख सकते हैं।’’ उन्हें भी लेडीज़ क्लब में अग्रवाल सरनेम पर टीका-टिप्पणी सुनने को मिल जाती।

‘‘नहीं, हमारी पहचान अपने पूरे नाम से बनती है कविमोहन अग्रवाल। दफ्तर में सब मुझे के.एम. कहते हैं लेकिन पीठ पीछे। सामने तो सब अग्रवाल साब, अग्रवाल साब कहकर हाथ जोड़ते हैं।’’

‘‘पापा इसका मतलब मैं जिन्दगी भर मनीषा अग्रवाल ही कहलाऊँगी।’’

‘‘ऐसा नहीं है। लड़कियों का सरनेम शादी के बाद बदलता है। कौन जानता है तुम्हारा क्या सरनेम हो जाए। पर अभी तो तुम बहुत छोटी हो। अभी तुम्हें पढऩा-लिखना और नाम कमाना है। अरे तुम्हें तो मैं सरोजिनी नायडू बनाऊँगा, विजयलक्ष्मी पंडित बनाऊँगा।’’

‘‘रहने दो, इसे चोटी भी तो करनी नायँ आय, ये बनेगी सरोजिनी नायडू।’’ माँ, मनीषा को नकारते समय ब्रजभाषा में उतर जातीं।

मज़े की बात यह कि पड़ोस में वाकई एक लडक़ी मनीषा की सहेली थी जिसका नाम था सरोजिनी नायडू। शाम के वक्त वे और कई दूसरी लड़कियाँ साथ-साथ बन्द गार्डन तक घूमने निकलतीं, उससे लगे पार्क में प्रदर्शनी देखतीं और प्लास्टिक के छोटे-छोटे खिलौने खरीदतीं घर आतीं।

मनीषा को नहीं पता था कि सरोजिनी नायडू कोई विशिष्ट नाम है।

उसने सरोजिनी से पूछा।

सरोजिनी उससे एक क्लास नीचे गवर्नमेंट स्कूल में पढ़ती थी। उसने कहा, ‘‘पता नहीं अन्ना कहते हैं यह बहुत फेमस पोयट है।’’

‘‘पोयट नहीं पोयटैस।’’ मनीषा ने कहा।

जैसे एक लगन लग गयी। सरोजिनी नायडू कौन है कि पापा उसे उस जैसा बनाना चाहते हैं। और वह विजयलक्ष्मी पंडित।

पापा की बातों से मनीषा के अन्दर रोज़ जिज्ञासाएँ जन्म लेतीं।

दोपहरों में जब वह स्कूल से लौटती, माँ रेडियो सुनते-सुनते ऊँघ चुकी होतीं, दीदी किसी नाटक की रिहर्सल में व्यस्त होती, पापा ऑफिस में होते, और मनीषा बुक रैक में लगी किताबें खखोरती। हर किताब जहाँ से निकालो, वापस वहीं लगाओ, यह उस घर का कानून था। बुकरैक में बहुत-सी जीवनियाँ और आत्मकथाओं के मोटे ग्रन्थों की कतार थी, महात्मा गाँधी, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, जवाहरलाल नेहरू। मनीषा को जैसे उन्माद चढ़ जाता। वह किताब निकालती, पृष्ठ पलटती, कहीं-कहीं पढ़ती। कुछ समझ आता, ज्याजदा अनसमझा रह जाता लेकिन उसका नशा कम न होता। एक-दो घंटे किताबों के बीच बिताकर वह फिर बच्ची बन जाती, हर किसी से लड़ती-भिड़ती, ज़बान लड़ाती मनीषा जिसकी शिकायत माँ तक आती रहती, ‘‘आपकी छोटी लडक़ी ने यह किया, आपकी छोटी लडक़ी ने वह किया।’’ माँ सिर पीटकर झींकती, ‘‘क्या बताऊँ, जाने कहाँ से जन्मी थी यह औलाद!’’

घर में किताबों के रैक खखोरने पर ही मनीषा को पता चला था कि सरोजिनी नायडू और विजयलक्ष्मी पंडित कौन थीं। उसने अपनी सहेली सरोजिनी को बताया, ‘‘तुम्हारा नाम तो बहुत पहले से फेमस है। पता है सरोजिनी नायडू ने बहुत सारी कविताएँ लिखीं और उन्हें ‘नाइटिंगेल ऑफ़ इंडिया’ भारत कोकिला कहा जाता है। लगता है तुम भी कविता करने लगोगी।’’

सरोजिनी ने हँसकर कहा, ‘‘नाम भले ही मेरा हो पर कवि तो तुम्हीं बनोगी, तुम्हारे पापा का तो नाम ही कविमोहन है।’’

मनीषा को बड़ा गर्व हुआ, ‘‘मेरे पापा की पूछो मत। इतनी अच्छी कविता लिखते हैं, मुझे तो कई याद हैं, सुनाऊँ!’’

सरोजिनी के अन्दर जरा भी काव्य-प्रेम नहीं था। उसने हाथ जोड़ दिये, ‘‘बस-बस बोर मत करो, बन्ध रोड पर चलना है तो बताओ।’’

मनीषा ने कहा, ‘‘मुझे दीदी को लेने जाना है, उसे रिहर्सल से आने में देर हो जाती है।’’

‘‘तुम क्या उसकी सिपाही हो।’’

‘‘और क्या, देखी है मेरी कोहनी की नुकीली हड्डी। एक बार किसी को मार दूँ तो वहीं उसकी पसली चकनाचूर हो जाय।’’

वाकई मनीषा नृत्य भारती तक पैदल जाकर, अपनी दीदी प्रतिभा को साथ लेकर बबरशेर की तरह लौटती।

प्रतिभा थी बहुत सुन्दर, ऊपर से शोख़ और शरारती। पढ़ाई में भी वह यथा नाम तथा गुण थी। इसी वजह से लड़कियाँ उससे ईष्र्या रखतीं। और लडक़े अभिलाषा। उसकी एक नज़र के लिए वे नृत्य-भारती के फाटक पर घंटों भीड़ लगाये रहते। नाटकों में प्रमुख भूमिका निभाने से प्रतिभा के अन्दर अपने आप नायिका भाव पैदा हो गया था। छोटे-मोटे फैन पर तो वह नज़र भी न डालती।

‘हार की जीत’ नाटक में जब उसने नयनतारा की भूमिका अदा की, शहर की पेशेवर अभिनेत्रियों को बहुत अखरा। उनका ख़याल था कि नयनतारा की बहुआयामी भूमिका, जिसमें अभिनय, भाव-नृत्य और कंठ-संगीत, तीनों कलाएँ अनिवार्य हैं, यह सत्रह-अठारह साल की अल्हड़, अनुभवहीन लडक़ी क्या निभाएगी। उन्होंने सोलंकी सर को समझाया, ‘‘गुरुजी आपकी प्रतिष्ठा को कलंक लग जाएगा, कच्चे हाथों में पक्का चरित्र हास्यास्पद न हो जाय।’’ निर्देशक सोलंकी सर, प्रतिभा को वाडिया कॉलेज की स्टेज पर ‘बन्दर का पंजा’ नाटक में सत्तर साल की बूढ़ी स्त्री का अभिनय करते देख चुके थे। वे आश्वस्त थे। उन्होंने नयनतारा की भूमिका प्रतिभा को ही दी। सिर्फ पैंतालिस दिन के पूर्वाभ्यास से ‘हार की जीत’ तैयार हो गया। ‘बाल गन्धर्व रंगमन्दिर’ में इसके प्रीमियर शो में, दर्शकों से हॉल पूरा भर गया। मम्मी-पापा के साथ मनीषा भी शो देखने गयी। उसे एक तरह से समस्त स्क्रिप्ट याद थी क्योंकि दीदी को संवाद रटाने का काम वही करवाती रही थी। खास बात यह थी कि लोगों ने टिकट ख़रीदकर नाटक देखा। समूचा नाटक नयनतारा की भूमिका पर टिका था। प्रतिभा ने सचमुच बेहतरीन अदाकारी की। उसका सौन्दर्य, संवेदनशील अभिनय, कंठ का माधुर्य और चपल नृत्य देखकर दर्शक विभोर हो गये। कर्टेन-कॉल में सर्वाधिक तालियाँ उसके हिस्से आयीं। पापा बोले, ‘‘आज मुझे लग रहा है मेरा क़द कई फुट ऊँचा हो गया।’’ रेडियो से जुड़े कई कलाकार भी नाटक देखने आये हुए थे। उन्होंने कविमोहन से कहा, ‘‘आपके घर में ही इतनी बेजोड़ कलाकार है, आप इन्हें रेडियो पर क्यों नहीं लाते।’’

कविमोहन ने सगर्व समझाया, ‘‘बात यह है जो फिल्म और मंच पर असफल हो जाते हैं, वही कलाकार रेडियो में जाते हैं, दूसरे जब तक मैं यहाँ काम करता हूँ, अपने परिवार के लोगों को कैसे रेडियो में आने की अनुमति दे सकता हूँ?’’

कविमोहन के अडिय़ल, कडिय़ल स्वभाव से सब परिचित थे।

शो के बाद अख़बारवालों की भी भीड़ लग गयी। रंगकर्म में आयी नयी कलाकार से सभी बात करना चाहते थे। कवि और इन्दु मनीषा को समझाकर घर चले गये, ‘‘जब प्रतिभा ख़ाली हो जाय तो दोनों घर आ जाना। बहन थकी हो तो रिक्शा कर लेना। पैसे घर पर दे देंगे।’’

खाली हॉल में एक कुर्सी पर बैठी रही मनीषा।

सोलंकी सर रिपोर्टरों को बताते रहे कि उनकी नायिका कितनी प्रतिभावान है। प्रतिभा के चित्र खींचे जाते रहे। उसने सभी सवालों के बड़े स्मार्ट जवाब दिये।

मनीषा देख-देख खुश होती रही।

एक बात उसकी समझ नहीं आयी। सोलंकी सर बार-बार दीदी का कन्धा या बाँह छू रहे थे और दीदी ने उनका हाथ एक भी बार नहीं झटका जबकि घर में कोई भी अगर दीदी से ज्याकदा लिपटे-चिपटे तो दीदी तुरन्त धमका देती, ‘‘दूर बैठो, मुझे घिन लगती है।’’ एक बार मम्मी ने बिगडक़र पूछा था, ‘‘तुझे मेरे से घिन लगती है?’’ दीदी ने बात बदली थी, ‘‘मेरा मतलब है गर्मी लगती है।’’

यहाँ ‘हार की जीत’ का हीरो शिरीष मजुमदार एक तरफ़ उपेक्षित खड़ा था, उसकी तरफ़ कोई ध्यान ही नहीं दे रहा था। नाटक में दस-बारह पात्र थे लेकिन चर्चा केवल प्रतिभा की थी।

घर आने पर प्रतिभा ने जल्दी से कपड़े बदले, मुँह धोया और बिस्तर पर गुड़ुप पड़ गयी। सारा घर उसकी सँभाल में लग गया। माँ ने उसके बिखरे कपड़े समेटे, पापा ने रेडियो पर से मनीषा के छोटे-छोटे इनाम उठाकर ताक पर रखे। नाटक के प्रीमियर पर मेयर द्वारा प्रतिभा को दी गयी चमचमाती शील्ड रेडियो के ऊपर रखी गयी। मनीषा दो बार दीदी के कमरे में आयी पर बात नहीं हो पायी। प्रतिभा आँखें बन्द कर लेटी हुई थी। पापा-मम्मी धीरे-से उसके कमरे में आये। उसे सगर्व दृष्टि से देखते रहे। मम्मी ने आहिस्ता से उसे चादर उढ़ा दी। पापा ने कमरे की बिजली बन्द करते हुए मम्मी से कहा, ‘‘बेबी बहुत थक जाती है, इसे रोज़ एक सेब खिलाया करो।’’

अगले दो दिन तक मनीषा, दीदी की प्रीमियर सफलता से जुड़े प्रसंगों में लगी रही। पापा ने हलवाई से दस किलो लड्डू बनवाकर पड़ोस में बँटवाये। हर घर में मनीषा ही देने गयी। चार नम्बर, पाँच नम्बर, सत्रह नम्बर, उन्नीस नम्बर, घंटी दबाई, दरवाज़ा खुला, ‘‘नमस्ते आंटी, हमारी दीदी का नाटक इस बार भी सुपरहिट हुआ है, उसी की ख़ुशी में मम्मी ने ये लड्डू भेजे हैं, नमस्ते।’’

प्रतिभा कहाँ ख़ाली बैठती है। रोज़ छह से आठ तक बीस शो ‘हार की जीत’ के हुए। बस सिलवर जुबली मनाने में ज़रा-सी कसर रह गयी। ठीक उसके बाद कथक समारोह की प्रैक्टिस शुरू हो गयी। यह उसकी गुरुजी रोहिणी भाटे का ही आयोजन था, अत: इसमें तो पूरी जान लगा देनी थी उसे। उसके ही साथ बैजू, सुनयना और द्राक्षा ने भी मेहनत की। हालत यह हो गयी कि ये शिष्याएँ नाचते-नाचते चक्कर खाकर गिर पड़ीं। पिंडलियों की खाल घुँघरुओं की रगड़ खाते-खाते छिल गयी। मगर लड़कियाँ घाव पर टेप लगाकर फिर उठ खड़ी हुईं। गुरुजी का शो ए-वन जाना चाहिए चाहे जान निकल जाए। यह मनीषा का ही बूता था कि वह कभी जूस लेकर कभी दूध लेकर नृत्य-भारती संस्थान तक दौड़ती रही कि दीदी भूखी न रहे, नाचते-नाचते उसके शरीर में तरलता की कमी न हो जाए।

प्रतिभा थी लगन की पक्की। प्रैक्टिस के समय उसे नृत्य के सिवा और कुछ नहीं दीखता। बहन को देखते ही घुडक़ती, ‘‘यहाँ क्या करने आयी है! देखती नहीं प्रैक्टिस चल रही है।’’

मनीषा डरते-डरते कहती, ‘‘मम्मी ने दूध भेजा है, पी लो तो और अच्छी प्रैक्टिस होगी।’’

प्रतिभा थर्मस में से आधा दूध या जूस खुद पीती, आधा निसार खान नाम के अपने तबलावादक को पिला देती। कहती, ‘‘ये मुझसे ज्याखदा थक जाते हैं, इन्हीं की ताल पर तो मैं नाचती हूँ।’’

वापसी में दोनों बहनें साथ होतीं।

कवि-परिवार की आचार-संहिता थी, बच्चों को पैदल चलना चाहिए। हाँ, किसी के पैर में मोच आ जाए या पेट में बर्दाश्त-बाहर दर्द हो जाए, तब रिक्शा लिया जा सकता है।

इसी उसूल के तहत दोनों बहनें शाम को पैदल घर चली जा रही थीं कि एक लम्बी कार उनके पास आकर रुक गयी।

एक निहायत रूपवान व्यक्ति कार में से उतरा और बड़ी शालीनता से प्रतिभा से मुख़ातिब हुआ। उसने कहा, ‘‘मिस अग्रवाल मैं आपको घर पहुँचा दूँ यह मेरी ख़ुशकिस्मती होगी।’’

प्रतिभा ने उड़ती नज़र से उसे देखा, ‘‘देखिए, मैं आपको जानती नहीं, आप कौन हैं, ऐसे मैं कैसे जा सकती हूँ आपके साथ।’’

प्रिंस सांगली को यह बात इतनी बुरी लगी कि वह चुपचाप वहाँ से हट गया। वह उस दिन के बाद से कॉलेज नहीं गया। उसने न सिर्फ वाडिया कॉलेज बल्कि पुणे भी छोड़ दिया।

प्रतिभा को कोई कष्ट नहीं हुआ। उसने कहा, ‘‘जिसे मैं जानती भी नहीं, उसकी कार में कैसे बैठ जाती। लिफ्ट देने में लिफ्ट लेनेवाले की मर्जी भी बराबर की हक़दार होती है।’’

पापा अपनी बेटी के मौलिक विचारों के कायल हुए, ‘‘शाबाश बेबी बेटे, तूने मेरी छाती चौड़ी कर दी, मैं देख सकता हूँ तुझे कभी कोई पराजित नहीं कर पाएगा।’’

माँ ने गर्वोक्ति की, ‘‘मेरी बेटी गलत रास्ते चल ही नहीं सकती। देख लो, तुम दस साल बाहर रहे, मैंने एक मिनट भी अपना मन मैला नहीं किया, सावन-भादों सब जोगन की तरह बिता दिये।’’

प्रतिभा ने माता-पिता की शेखी की तरफ़ कोई ध्यान नहीं दिया। उसकी चेतना में अगली नृत्य-नाटिका और नाटक के संवाद गूँज रहे थे। साथ ही उसे अपने तबला कलाकार निसार का वादा सुनाई दे रहा था, ‘‘एक बार बम्बई चलकर देखो आप, मैं आपको मॉडलिंग की दुनिया की मलिका बनाकर दिखाऊँगा।’’

फिर आ गया वाडिया कॉलेज का वार्षिकोत्सव। हर तरफ़ चहल-पहल और तैयारियाँ। यह एक दिन का नहीं बल्कि चार दिनों तक चलने वाला आयोजन था जिसमें खेल-कूद, डिबेट, नृत्य और गायन प्रतियोगिताएँ और सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे एकांकी, नाटक आदि होते। विद्यार्थियों में खूब जोश रहता। देर शाम तक रिहर्सल चलते।

बैजू, सुनयना, द्राक्षा और प्रतिभा की इन दिनों बड़ी पूछ थी। सबसे ज्याादा प्रतिभा की, क्योंकि बाकी लड़कियाँ नृत्य और गायन में तो निपुण थीं, अभिनय के क्षेत्र में कोरी थीं। प्रतिभा की खासियत यह थी कि वह ट्रैजिक और कॉमिक दोनों भूमिकाएँ निभा सकती थी। लिहाज़ा उसे एक ही शाम दो ड्रामों में अभिनय करना था। उससे पहले दिन एकल नृत्य का आइटम तो था ही।

कविमोहन ने कहा, ‘‘इतने आइटम की तैयारी करेगी तो तेरा बहुत वक्त ख़राब होगा, थक अलग जाएगी।’’

‘‘पापा आपको पढ़ाई की फिक्र हो रही है न। मैं परीक्षा में फस्र्ट आकर दिखाऊँगी, दैट्स अ प्रॉमिस। सोशल गैदरिंग में सब लडक़े-लड़कियाँ लगे हुए हैं, मैं पीछे नहीं हट सकती।’’

जे. एम. सिन्ज़ के नाटक ‘ऑल माय सन्ज़’ में प्रतिभा ने माँ का किरदार निभाया, कुछ इस अन्दाज़ में कि उसकी मार्मिकता ने हर दर्शक को हिला दिया। अन्तिम दृश्य में माँ का संवाद था, ‘‘चले गये—सबके सब चले गये। छह-छह बेटे पैदा किये, छहों चले गये। अब जाकर मैं सोऊँगी, चैन से सोऊँगी। जिस दिनसे ब्याही आयी, एक दिन भी नहीं सोयी। कभी किसी के लिए, कभी किसी के लिए जीवन प्रार्थना में बीता। आज इसकी पूजा, कल उसका उपवास। अब सब चले गये। लाख तूफ़ान आएँ, अब मेरा क्या बिगाड़ लेंगे। सागर से मुझे क्या लेना और क्या देना। भले ही घर में अब भोजन के नाम पर सिर्फ एक सूखी मछली हो, मुझे क्या चिन्ता, किसकी फिक्र! मैं पैर फैलाकर सोऊँगी, भर नींद सोऊँगी।’’

प्रतिभा की आवाज़ का उतार-चढ़ाव, संवाद के बीच की उसाँस और चुप्पी, कंठ की थर्राहट और भरभरायापन, इस सबके ऊपर उसकी थकी-हारी चाल सब मिलकर एक मछुआरिन माँ का व्यक्तित्व ऐसा बयान कर रही थीं कि कोई कह नहीं सकता था कि यह भूमिका कुल अठारह साल की लडक़ी द्वारा अभिनीत हुई है।

ठीक इसके बाद प्रतिभा को एक हास्य नाटिका में मुख्य भूमिका करनी थी। ‘शादी या ढकोसला’ की नायिका के रोल में उसे पुरुष-पात्रों की ख़बर लेनी थी। पिछले नाटक का एकदम विलोम था यह आइटम लेकिन प्रतिभा ने इसमें भी अच्छा अभिनय किया।

अब आया वार्षिकोत्सव का आखिरी चरण—पुरस्कार वितरण समारोह। जैसी अपेक्षा थी, प्रतिभा को सर्वाधिक इनाम मिले। डिबेट, गायन और अभिनय में उसे प्रथम पुरस्कार मिला। कॉलेज की सर्वप्रिय छात्रा का मैडल भी उसे प्रदान किया गया। नृत्य-प्रतियोगिता में वह द्वितीय आयी। उसमें वैजयन्ती उर्फ वैजू को प्रथम पुरस्कार मिला। टेबिल-टेनिस शील्ड भी प्रतिभा की वजह से जीती गयी, उसका विशेष पुरस्कार मिला उसे। प्रतिभा ने मुख्य अतिथि के हाथ से अपने ही अन्दाज़ में पुरस्कार ग्रहण किये। बार-बार अपनी जगह से मंच तक जाना उसे कबूल नहीं। वह वहीं खड़ी रही विंग्ज़ में, एक भक्त छात्र को अपने इनाम पकड़ाती। वहीं से निकलकर वह मुख्य अतिथि से पुरस्कार लेती और फिर वहीं खड़ी हो जाती। लेने की अदा ऐसी जैसे वह पुरस्कार ले नहीं, दे रही हो।

मनीषा भी बैठी थी ताली बजाने वालों में। जितनी बार प्रतिभा का नाम बुलाया जाता, मनीषा को लगता वह लम्बी होती जा रही है। इच्छा तो उसकी हो रही थी कि सीट पर खड़ी होकर ताली बजाये।

जलसे के बाद दोनों बहनें घर लौट चलीं। कॉलेज से घर ज्या दा दूर नहीं था। कुछ इनाम प्रतिभा ने पकड़ रखे थे, कुछ मनीषा ने। मनीषा को लग रहा था जैसे ये सब उसी ने जीते हैं। आखिर वही तो याद करवाती थी दीदी को उसकी डिबेट की स्पीच और ड्रामों के डायलॉग। चाहे काण्ट और हीगेल की सैद्धान्तिकी हो, चाहे ध्रुवस्वामिनी के संवाद, प्रतिभा का कंठस्थ करने का तरीका यह था कि वह बिस्तर पर आँख मूँदकर लेट जाती और मनीषा से कहती, ‘‘हाँ मुन्नी, पढक़र सुना।’’

मनीषा को इस काम में बड़ा मज़ा आता। स्कूल की अपनी पाठ्य-पुस्तकें चाट जाने के बाद कॉलेज स्तर की पुस्तकें या साहित्यिक नाटक पढक़र सुनाने में नये अनुभव का निरालापन था। कभी-कभी वह बीच में चुप हो जाती यह जाँचने के लिए कि दीदी वाकई सुन रही है या सो गयी। प्रतिभा तुरन्त आँखें खोल देती, ‘‘मुन्नी तू चुप कैसे हो गयी। अभी तो पूरा एक दृश्य पड़ा है।’’

यह आदत प्रतिभा में पापा से आयी थी। कविमोहन को भी सुने हुए शब्द तुरन्त याद हो जाते। इसीलिए वह अपने आपको वॉकिंग रेडियो कहता। आजकल उसने घर में एक नया शब्द स्थापित किया था, वॉकी-टॉकी। शाम की सैर को वह कहता, ‘‘इन्दु वॉकी-टॉकी पर चलना है तो चलो।’’

रास्ते में कभी कोई, कभी कोई प्रतिभा को मुबारकबाद दे रहा था। तभी चार लडक़ों के एक ग्रुप ने आकर उसे बधाई दी। फिर उनमें से एक ठिगने मोटे लडक़े ने कहा, ‘‘मिस अग्रवाल, हम लोगों में एक शर्त लगी है। राज कक्कड़ का कहना है यह लडक़ी जो आपके साथ है, आपकी बहन है। मेरा कहना है ऐसा हो ही नहीं सकता। बकवास करना राज की पुरानी आदत है। वह आपकी क़ामयाबी से जल रहा है इसीलिए ऐसी घटिया बात कर रहा है। मुझे पता है यह ज़रा भी सच नहीं है। पर हम सब आपसे सुनना चाहते हैं। हम लोगों में आइसक्रीम की शर्त लगी है।’’

प्रतिभा ने निहायत लापरवाही से कहा, ‘‘इसमें कौन-सी शर्त की बात है। मेरी बहन है यह, मनीषा।’’

लडक़ों के मुँह खुले के खुले रह गये। उन्होंने टकटकी लगाकर मनीषा को देखा जैसे चिडिय़ाघर में बच्चे ज़ेब्रा देख रहे हों।

राज कक्कड़ ने सूरमा अन्दाज़ में बाँहें चढ़ा लीं, ‘‘देखा न, मेरी ख़बर गलत नहीं होती। है न धमाका-छाप।’’

ठिगने, मोटे लडक़े ने हताश स्वर में कहा,‘‘यह आपकी सगी बहन है मिस अग्रवाल?’’

‘‘हाँ बाबा, सगी।’’ प्रतिभा ने हँसते-हँसते कहा।

‘‘एक ही माँ की?’’

‘‘हाँ, और एक ही पिता की।’’ प्रतिभा ने अपनी तरफ़ से स्मार्ट मज़ाक़ कर मारा जिस पर सब हो-हो कर हँस पड़े।

मनीषा की सूरत रोनी हो आयी। कितने बेहूदा लडक़े हैं। कैसे भद्दे मज़ाक़ करते हैं। यह क्या शर्त लगाने की बात है। इतनी बार वह दीदी के साथ कॉलेज आ चुकी है, बहन नहीं तो क्या वह चपरासिन है।

घर पहुँचकर मनीषा ने किसी से कुछ नहीं कहा पर रुलाई एक अन्धड़ की तरह मन में घुमड़ रही थी। किसी को उसकी तरफ़ देखने की फुर्सत नहीं थी। कोई प्रतिभा की पीठ ठोक रहा था, कोई उसका मुँह चूम रहा था। पापा ने सगर्व, दीदी से कहा, ‘‘यू आर माय ब्रेनी डॉटर, शाबाश!’’

रात जब मनीषा अपने बिस्तर पर लेटी, इतनी देर की रुकी हुई रुलाई अवश फूट पड़ी। उसे समझ नहीं आ रहा था वह क्यों रो रही है पर आँसू थे कि बहे जा रहे थे। लगातार रोने से नींद भी उड़ गयी।

मनीषा दबे पाँव उठकर गुसलखाने में गयी।

वहाँ लगे शीशे में उसने अपना चेहरा देखा।

नहीं, इतना बुरा तो नहीं कि बरदाश्त न हो। बाल उसके दीदी से लम्बे और मुलायम हैं। त्वचा भी उसकी चमक रही है। फिर उन लडक़ों ने क्यों कहा कि वह दीदी की कोई नहीं। और फिर अगर लडक़ों ने बदतमीज़ी की भी, तो क्या दीदी उन्हें डपट नहीं सकती थी। क्या उसका हाथ अपने हाथ में लेकर, गर्व से नहीं कह सकती थी, ‘‘देखो यह है मेरी बहन, मेरी अपनी छोटी बहन, तुम्हें दिखाई नहीं देता?’’

मनीषा क्या करे कि अपनी दीदी की बहन लगे। क्या गले में पट्टा लटका ले या आटे के बोरे में मुँह घुसा दे या छील डाले अपनी चमड़ी छिलके की तरह।

मनीषा को इसी तिलमिलाहट में याद आयी उस लाल लहँगे की जिसके कारण उसे माँ से मार पड़ी थी।

दीदी को टाउनहॉल में एकल नृत्य प्रतियोगिता में भाग लेना था। उसके लिए लाल लहँगा, ब्लाउज़ और चूनर बनवाई गयी। प्रतियोगिता वाले दिन प्रतिभा बाज़ार गयी—लाल चुटीला और झूमर खरीदने। पीछे से दर्जी ने आकर पोशाक दी। नयी लाल पोशाक मनीषा को इतनी भायी, उससे रहा न गया। उसने चाव ही चाव में अपनी फ्रॉक उतारकर लहँगा-ओढऩी पहन ली। बाक़ायदा सिर ढँककर वह माथे पर टिकुली लगा ही रही थी कि दीदी वापस।

मनीषा को काटो तो ख़ून नहीं। हे भगवान, दीदी ने देख लिया। अब क्या होगा!

‘‘दीदी का पारा गरम हो गया, ‘‘तूने मेरी पोशाक क्यों ख़राब की, बता, बता!’’ दीदी ने उसे झँझोड़ डाला।

‘‘दीदी खराब नहीं की, लो मैं उतार देती हूँ।’’

दीदी रोने बैठ गयी, ‘‘ऊँ ऊँ ऊँ, अब मैं यह नहीं पहूनँगी। यह पोशाक गन्दी हो गयी।’’

मम्मी ने प्रतिभा से कुछ नहीं कहा, बस मुन्नी की धुनाई कर दी, साथ में अपनी भड़ास शब्दों में निकाली, ‘‘जन्मी थी औलाद। तू पैदा होते ही मर क्यों नहीं गयी। सब मथुरावालों की देहाती आदतें आयी हैं इसमें, किसी के भी लत्ते लटका लेना, किसी की भी चप्पल पहन लेना। तेरी हिम्मत कैसे हुई बड़ी बहन के कपड़ों को हाथ लगाने की! बेवकूफ़।’’

मनीषा हफ्तों सोचती रह गयी, क्या पोशाक इतनी जल्द, इतनी गन्दी हो गयी कि दीदी का डांस बिगड़ गया, उसे पुरस्कार नहीं मिला और घर लौटते हुए उसकी एक पायल भी खो गयी।

तब से मनीषा ने तय किया दीदी का कोई कपड़ा नहीं छूना है, रूमाल भी नहीं। दीदी को दुखी नहीं करना है।

मनीषा को अजीब यह लगता कि सिर्फ उसे और पापा को मथुरावाले कहा जाता। मम्मी कभी दीदी को और अपने को मथुरावाली नहीं कहतीं। वे मथुरा को स्थानवाचक संज्ञा की बजाय गुणवाचक विशेषण बना देतीं। कभी पापा चाय में अतिरिक्त चीनी की माँग कर बैठते तो मम्मी उनकी चाय में आधा चम्मच चीनी और डालकर मिलाते हुए कहतीं, ‘‘रहे तुम मथुरावाले ही। कितनी भी चीनी मैं डाल दूँ तुम्हें चाय फ़ीकी ही लगे।’’

किसी दिन मनीषा बालों में तेल नहीं लगाती और उसके बाल बिखरे-बिखरे लगते। मम्मी कहतीं, ‘‘क्या भग्गो भूतनी जैसी शकल बना रखी है। मेज़ पर तेल की शीशी भरी रखी है पर नहीं इसे तो मथुरावाली देहातिनों की तरह रहना है।’’

‘‘तुम नहीं हो मथुरावाली?’’ पापा छेड़ते।

‘‘ना बाबा, मैं ठहरी फ्रंटियर पंजाब की, मैंने तो शादी के बाद पहली बार तुम्हारी मथुरा देखी।’’

‘‘तुम्हें मथुरा याद नहीं आती?’’

‘‘ज़रा भी नहीं। मेरे लिए तो मथुरा जेल थी जेल। बड़ी चक्की चलायी, बड़े पापड़ बेले। और रहती तो मर जाती?’’

‘‘कैसे मर जातीं?’’

‘‘जमनाजी में छलाँग मार देती। पता है एक बार तो दुखी आकर गयी भी थी। पर उस दिन पानी बड़ा गँदला था और वहाँ नंगे मोटे पंडे लोग नहा रहे थे। मैंने सोचा अगर मैं मर गयी तो ये ही पंडे मुझे पानी में से निकालेंगे। मुझे बड़ी घिन लगी और मैं वापस आ गयी।’’

‘‘तब तो भगवान पंडों को और मोटा करे। पंडे और भी नंगे रहा करें ताकि औरतें मरने न जायँ।’’

‘‘तुम्हें हँसी की बात लग रही है, मेरी जान पर बनी थी।’’

‘‘हुआ क्या था?’’

‘‘बस अब याद न दिलाया करो। कोई एक बात हो तो बताऊँ। कभी कोई टर्राय, कभी कोई टर्राय। करने वाली एक और हुकुम चलानेवाले चार-चार।’’

अब कवि की विनोदप्रियता जवाब दे जाती। वह कहता, ‘‘इन्दु तुम्हारे साथ मुश्किल यह है कि तुम रिश्तों की इज्ज़त करना नहीं जानतीं। मेरी माँ एक पैर से लाचार, ऊपर से डायबिटीज़ की मरीज़। क्या हो गया अगर वहाँ काम कर दिया।’’

‘‘टाँग की कमी वे ज़ुबान से पूरी कर लेवें। मीठे की तो इतनी चींटा, बिल्कुल तुम्हारी तरह।’’

‘‘अच्छा चुप हो जाओ, मुझे गुस्सा आ रहा है।’’

बेचैनी में कवि सिगरेट फूँकने की रफ्तार और तादाद यकायक बढ़ा देता। वह रातों में जाग-जागकर सिगरेट पीता। वह सोचता, वह अपने घर, अपने शहर से बड़ी दूर निकल आया है। ताज्जुब की बात यह कि इतनी दूर बैठकर उसे न पिता पर क्रोध आता न माँ पर। दूरी ने पिता से अधिक माँ की एक देव-प्रतिमा उसकी कल्पना में स्थापित कर दी थी। इन्दु के कटु-वचन इस तन्मयता में व्याघात पहुँचाते।

आधुनिकीकरण की प्रक्रिया में इन्दु ने अपने बाल कटवाना, ताश खेलना, मेकअप करना और पड़ोसियों से गप्प-गोष्ठी करना तो सहज ही अपना लिया पर अपने जीवन-साथी का मनोविज्ञान समझना ज़रूरी नहीं समझा। जब दफ्तर से आकर कवि उसे बताना चाहता कि कैसे उसने समस्त मराठी कार्यक्रमों के बीच हिन्दी का एक घंटे का प्रसारण मन्त्रालय से मंज़ूर करवाया, इन्दु को उसकी सफलता का कोई स्पन्दन ही नहीं होता। वर्षों पति से अलग रहकर उसका स्वतन्त्र मानसिक संसार बन चुका था। जितना आनन्द उसे अपनी पड़ोसिनों में आता, उतना पति के सान्निध्य में न आता। कवि के दफ्तर चले जाने के बाद वह पहले एक-डेढ़ घंटे खुरपी लेकर अपनी क्यारियों में व्यस्त हो जाती। घर के पिछवाड़े कच्ची ज़मीन थी जहाँ इन्दु ने पाँच लम्बी क्यारियाँ तैयार की थीं। सेम, मेथी, धनिया, पुदीना, टमाटर और करेले सबके पौधे उसने लगा रखे थे। अहाते की पिछली दीवार पर लौकी और तोरई की बेलें चढ़ी थीं। इन्दु को पौधों के बीच वक्त गुज़ारना अच्छा लगता। उन क्यारियों में इतनी तरकारी पैदा हो जाती कि घर में केवल आलू, अरबी, अदरक जैसी सब्जियाँ बाज़ार से लानी पड़तीं। अपनी उगाई तरकारियाँ इन्दु अड़ोस-पड़ोस में बाँटतीं। घर की उगी तरकारियाँ इतनी कच्ची और कोमल होतीं कि मिनटों में पक जातीं।

स्नान के बाद, अच्छी तरह से तैयार होकर इन्दु का मेल-मिलाप का कार्यक्रम शुरू होता। बगलवाले बँगले की मिसेज़ कुमार, सात नम्बर, उन्नीस नम्बर की महिलाएँ या तो किसी एक के घर में बैठकर बातें करतीं अथवा सब नीचे अहाते में इकट्ठी हो जातीं। काफ़ी देर खड़े-खड़े गप्प-गोष्ठी चलती। मनीषा को यह देखकर बड़ा कौतुक होता कि सभी महिलाओं की साडिय़ों की पसन्द लगभग एक-सी थी। उनका मेकअप भी एक समान लगता। उनकी बातें भी एक-सी उबाऊ और एकरस थीं। पति की अफ़सरी जताने के लिए एक ऐसे कहती, ‘‘हमारे साहब तो नाश्ते में टोस्ट खाते हैं, पराँठे से उन्हें बड़ी चिढ़ है।’’ दूसरी कहती, ‘‘हमारे साहब तो हमारे बिना टूर पर भी नहीं जाते।’’ इन्दु भी पीछे नहीं रहती, वह कहती, ‘‘हमारे साहब की कविताओं की सारी दुनिया में धूम है। रेडियो पर जो तुम सब सुनती हो, उन्हीं की मर्जी से बजाया जाता है।’’

दोपहर में मनीषा बदस्तूर स्कूल से लौटती तो पाती माँ की आँख लग गयी है। उसका मन होता माँ उठकर उसे थाली परोसकर दें लेकिन इन्दु रोज़ शाम चार बजे उठती जब प्रतिभा का कॉलेज से आने का वक्त होता। तब उसकी सक्रियता देखने लायक होती। एक तरफ़ बेबी के लिए थाली परोसी जाती, दूसरी तरफ़ चाय चढ़ाई जाती। कटोरदान से मठरी और मर्तबान से अचार निकाला जाता। वे तीनों मिलकर चाय पीते।

थोड़ी देर सुस्ता लेने के बाद प्रतिभा हाथ-मुँह धोकर सफेद साड़ी, सफेद ब्लाउज़ पहन नृत्य-भारती के लिए तैयार हो जाती। कभी इन्दु कहती, ‘‘बहुत थकी है, आज न जा।’’

प्रतिभा कहती, ‘‘नहीं मम्मी, मुझे तो आचार्यजी से भी बड़ी कलाकार बनना है, तुम देखती जाओ।’’

कभी-कभी इन्दु मनीषा पर किचकिचाती, ‘‘अपनी बहन को देख, कित्ती मेहनत करती है। पढ़ाई क्या, डिबेट क्या, डांस क्या, सबमें आगे। तेरी इच्छा नहीं होती कुछ करने की?’’

मनीषा मुँह लटका लेती, ‘‘फस्र्ट तो मैं भी आती हूँ।’’

‘‘इससे क्या, कोई हुनर भी तो हो। लडक़ी की जात को सौ कलाएँ सीखनी होती हैं।’’

मनीषा मुँहफट हो जाती, ‘‘आपने कितनी सीखीं मम्मी?’’

इन्दु मुँह बनाती, ‘‘मुझे कभी आज़ादी ही नहीं मिली, न या घर न वा घर। अपने भाग सराहो, तुम पर कोई रोक-टोक नहीं। पढऩे और खेलने के सिवा कोई काम नहीं तुम्हें।’’

मनीषा कहती, ‘‘दीदी की तरह ताता थैया तो मैं कभी न करूँ। और वह पक्का गाना, बाप रे बाप!’’
 
36

दफ्तर से कवि आया तो उसका चेहरा चिन्ता से कुम्हलाया हुआ था। इन्दु ने देखते ही कहा, ‘‘क्या फिर तबादला हो गया?’’

कवि ने कहा, ‘‘नहीं, मथुरा से चिट्ठी आयी है, जीजी की तबीयत ज्याददा ख़राब है।’’

इन्दु की मुख-मुद्रा बदल गयी। कठिन स्वर में बोली, ‘‘जब मथुरा से चिट्ठी आय, यही सब पचड़ा लिखा रहै वामे। जीजी की तबीयत अच्छी रहती कब है जो ख़राब है।’’

‘‘चुप हो जाओ तुम।’’ कवि ने उसे डपट दिया।

दोनों लड़कियों को दादी की बीमारी का पता चला।

प्रतिभा बोली, ‘‘पापा अब क्या करोगे। मथुरा जाना पड़ेगा?’’

कवि ने गर्दन हिलाई, ‘‘जाना तो हम सबको चाहिए। वैसे भी दो साल हो गये घर गये।’’

मनीषा का मन दादी की बीमारी की ख़बर से डाँवाडोल हो रहा था। उसका ख़याल था उन सबको फौरन मथुरा जाना चाहिए। दादी उसे देखते ही ठीक हो जाएँगी।

कवि ने कहा, ‘‘इनी तुम तैयारी कर लो तो सुबह की गाड़ी से चला जाय।’’

‘‘तुम्हारा सामान बाँध दूँ?’’ इन्दु ने पूछा।

‘‘क्यों तुम्हारी कुछ नहीं लगतीं जीजी। ऐसे क्यों बोलीं तुम?’’

‘‘मैंने जाकर देखा नहीं है क्या? जब जाओ, लड़ाई, झगड़े के सिवा मथुरा में और क्या होता है। बड़ी मुश्किल से उस नरक से निकली हूँ।’’

‘‘शट अप। कान खोलकर सुन लो। मैं दोनों बच्चों को लेकर जाऊँगा। क्या पता जीजी को किसकी हुडक़ उठी हो। तुम अकेली यहाँ क्या करोगी?’’

इन्दु हतप्रभ हुई। सँभलकर बोली, ‘‘मैं मिसेज़ कुमार की लडक़ी नताशा को अपने पास बुला लूँगी।’’

प्रतिभा ने प्रतिवाद किया, ‘‘पापा सबका जाना झमेले वाला काम है। तीन दिन बाद मेरा नया शो स्टेज होगा। मैं कैसे निकलूँ। आप अकेले चले जाओ न।’’

मनीषा पापा की कुर्सी के पीछे जाकर खड़ी हो गयी, ‘‘पापा मैं दादी के पास चलूँगी। स्कूल का जो काम हर्ज होगा मैं आकर पूरा कर लूँगी।’’

इन्दु को जैसे त्राण मिल गया। बालों को झटका देकर बोली, ‘‘वैसे भी हफ्ते भर बाद इसकी गर्मी की छुट्टी हो जाएँगी। तब इसे काम ही क्या है। यहाँ से वहाँ धूप में फक्के मारती डोलेगी आशा, उषा और सरोजिनी के संग।’’

‘‘छुट्टी तो बेबी की भी होगी।’’ कवि ने कहा।

‘‘पापा कॉलेज से छुट्टी होगी पर डांस और म्यूजिक से कहाँ छुट्टी मिलेगी, ऊपर से स्टेज शो।’’ प्रतिभा ने अपना बचाव किया। उस रोज़ रात के एक बज गये सामान पैक करते। अगले दिन सुबह आठ बजे गाड़ी थी। पापा ने कहा, ‘‘मुन्नी ऐसा करते हैं तेरी दादी के लिए गाँधीजी की आत्मकथा ले चलते हैं। वैसे भी जीजी गाँधीजी की भक्त हैं। उन्हें इसमें कहानी का आनन्द आएगा।’’

किताबों के रैकों में आत्मकथा की ढुँढ़ाई शुरू हुई। कवि ने पूछा, ‘‘इन्दु मैंने शादी पर तुम्हें गाँधीजी की आत्मकथा भेंट की थी वह कहाँ गयी?’’

इन्दु ने कहा, ‘‘वहीं मथुरा में होगी तुम्हारे कमरे में।’’

‘‘तुमने पढ़ी?’’

‘‘कभी फुर्सत ही नहीं मिली। पर वहाँ ढूँढऩी मुश्किल है। इत्ते साल पुरानी बात है।’’

‘‘किताब कभी पुरानी नहीं होती। फिर गाँधीजी की आत्मकथा तो रामायण और गीता की तरह सँभालकर रखनेवाली किताब है, तुमने कोई क़द्र नहीं की उसकी?’’

‘‘तुम्हें लडऩे की इच्छा हो रही है तो जाओ वहीं मथुरा में लड़ो, अपनी मैया की तरह बस गाँधीजी की टेक लेकर बैठ गये।’’

कवि ने बड़ी मुश्किल से अपना हाथ इन्दु पर उठने से रोका। घर के नाम पर वह ततैया की तरह डंक मारने लगती। उसके सुन्दर चेहरे में से जैसे एक और ही चेहरा निकल आता टेढ़ा, तना हुआ, आँखें तरेरता। ऐसे समय कवि का मन होता वह इस घर को भी लात मारकर कहीं दूर निकल जाए।

इसी तनावग्रस्त मन:स्थिति में उसने गाड़ी पकड़ी। बम्बई पहुँचकर एक बार फिर गाड़ी बदलनी थी। मनीषा पापा का तनाव देख और समझ रही थी। कवि सिग्नल की तरफ़ मुँह कर लगातार सिगरेट पी रहा था। गुस्सा दबाने और अपने को संयत करने का उसका यह ढंग था। मनीषा अपने सामान पर नज़र जमाए रही। कवि का ध्यान इस ओर नहीं था। उसकी आँखें सैंकड़ों मील पार का घर देख रही थीं जहाँ जीजी हर गाड़ी के इंजन की भभकार के साथ बोल रही थीं, ‘‘देखो आज भी कबी नाँय आयौ, मोय लगै बानै अपनी मैया को एकदम्मे भुला दियौ।’’

फ्रंटियर मेल में जगह मिलने में उन्हें दिक्कत नहीं हुई। कवि ने टी.टी. से अपनी यात्रा की अनिवार्यता बतायी। उसने उनकी दो टिकटों का पक्का आरक्षण कर दिया।

बहुत दिनों बाद गाड़ी में बैठी थी मनीषा। सामान जमाने के बाद उसका मन उत्फुल्ल हो आया। उसने अपनी समझ से कहा, ‘‘पापा आप बिल्कुल फिक्र न करें, दादी एकदम ठीक हो जाएँगी।’’

‘‘कैसे?’’

‘‘ऐसा है, दादी कहती हैं आदमी और तोते में यही बात कॉमन है कि दोनों को कोई साथ चाहिए। सारे दिन अकेली रहकर उदास हो जाती होंगी। पता नहीं चरखा भी अब चलाती हैं या नहीं।’’

दोपहर में कवि की आँख लग गयी। मनीषा ने धीरे-से पापा की जेब में से सिगरेट और माचिस निकाल ली और बैग में रख दी। न दिखेगी, न पिएँगे, उसने सोचा।

कवि का कहना था कि सिगरेट उसके विचार-जगत को सक्रिय करती है जबकि मनीषा को लगता था कि सिगरेट को उसने तनाव-जगत् का अस्त्र बना रखा था। दफ्तर की किसी बात से परेशान होता तो रातों में जागकर सिगरेट पीता। पत्नी की बात पर चिढ़ जाता तो ताबड़तोड़ तीन-चार सिगरेट आधी-आधी पीकर कुचल डालता। उसके मनोविज्ञान को समझने की बजाय पत्नी उसके गुस्से में पलीता लगाती जाती, ‘‘घर से दूर रहकर यह अच्छी तबालत गले लगा ली तुमने। मैं भी तुम्हारी तरह कोई लत लगा लेती तब पता चलता तुम्हें।’’

ऐसे मौकों पर कविमोहन या तो घर से बाहर जाकर टहलने लगता अथवा अपने कमरे में बन्द हो जाता। उसने अनेक रेडियो नाटक ऐसी मन:स्थिति में लिख डाले थे। मनीषा ने पढ़े तो नहीं लेकिन रेडियो पर सुने थे ये नाटक, इनमें मथुरा गूँजती रहती, कभी बाँसुरी की तरह तो कभी नगाड़े की तरह। जिन दिनों ये नाटक लिखे गये, कविता-लेखन बिल्कुल बन्द रहा। मनीषा को लगता पापा के मन-मस्तिष्क में एक ही विषय बार-बार चक्कर लगाता है कि उसे परिवार में कोई समझता नहीं है। कभी बचपन तो कभी लडक़पन की छोटी-छोटी बातें इन नाटकों में पिरोई गयी थीं। मनीषा में हिम्मत नहीं थी कि पूछे, ‘‘पापा क्या यह सब आपके साथ हुआ था?’’ वह पापा को डिस्टर्ब नहीं करना चाहती थी लेकिन खुद इस बात से काफ़ी डिस्टब्र्ड थी कि ऐसा क्यों होता है कि एक परिवार में माँ-बाप एक बच्चे के प्रति नरम और एक के प्रति कठोर होते हैं। उसके मन में अपनी दीदी के लिए कोई हिर्स नहीं थी पर माँ का अपने प्रति तिरस्कार वह समझ नहीं पाती थी।

खिडक़ी से बाहर देखते-देखते कब दोपहर हो गयी पता ही न चला। डाइनिंग कार का बैरा दोपहर के खाने का ऑर्डर लेने आया तो कवि ने कहा, ‘‘दो शाकाहारी।’’

मनीषा खुशी से हँस दी। पापा द ग्रेट! उसके पापा दरियादिल हैं। उसके लिए अलग थाली मँगाई है।

मनीषा के मन में कौंध गयी दो साल पहले की स्मृति जब मम्मी ने इन्दौर से पूना के सफ़र में उन चारों के बीच तीन थाली का ऑर्डर दिया था। पापा ने जब वजह पूछी, मम्मी तिनतिनाकर बोलीं, ‘‘तुम्हें पता है बेबी चावल नहीं खाती और मैं रोटी। मनीषा मेरी थाली में से रोटी खा लेगी और बेबी की थाली से चावल। सब्ज़ी-दाल तो मिल-बाँटकर पूरी पड़ जाएगी।’’

जब खाना खाते हुए मम्मी ने अपने जूठे हाथों से रोटियाँ मनीषा को पकड़ानी चाहीं, मनीषा को लगा जैसे वह कोई भिखारी है जिसे सबकी जूठी थाली चाटनी है।

‘‘रहने दो माँ, मुझे भूख नहीं।’’ मनीषा ने कहा था।

माँ का टेपरिकॉर्डर चालू हो गया, ‘‘यों कहो तंग करना है। तू चाहती है हम चार थाल मँगाकर चारों में जूठा छोड़ें। अरे छोटे बच्चों का क्या है? थोड़ा यहाँ से टूँगा, थोड़ा वहाँ से टूँगा और पेट भर गया। पर नहीं यह तो हमारा औंड़ा करने पर तुली है। घर में भी तो कई बार दोनों बहनें इकट्ठी खाती हैं।’’

पापा ने माँ को समझाया था, ‘‘क्यों कौआपन करती हो इनी। भारत सरकार हमें इतना तो देती है कि हम सफ़र में ठीक से खा लें।’’

‘‘रहने दो जी, मैं अपने बच्चों की भूख-प्यास अच्छे से जानती हूँ। थाली मँगाकर बिरान करेगी मुन्नी, और कुछ नहीं।’’ इन्दु ने कहा।

स्टील की ट्रेनुमा थाली में खाना आया। खाना साधारण था लेकिन मनीषा को असाधारण रूप से स्वादिष्ट लगा। दरअसल उसे खाने की साज-सज्जा अच्छी लगी। जालीदार कपड़े में लिपटा नींबू का टुकड़ा, प्लास्टिक के पैकेट में अचार, नन्हें से डब्बे में बर्फी की एक कतली। दाल ज़रूर बेस्वाद थी जो नमक, नींबू मिलाने के बाद भी नहीं सुधरी लेकिन मटर-पनीर अच्छा था। पन्नी में लिपटी रोटियाँ नरम थीं।

खिडक़ी से कोयल की कूक सुनाई दे रही थी।

‘‘पापा कोयल को इंग्लिश में क्या कहते हैं?’’ मनीषा ने पूछा।

‘‘नाइटिंगेल।’’

‘‘क्या यह रात में बोलती है? पर अभी तो दिन है?’’

‘‘नाइटिंगेल का नाइट से कोई जोड़ नहीं है। लेकिन यह पत्तों में छुपकर कूकती है, इसीलिए इसका नाम नाइटिंगेल पड़ा होगा।’’

‘‘हमारे कोर्स में एक कविता है ‘नाइटिंगेल्ज़’।’’

‘‘ ‘ओड टु ए नाइटिंगेल’ है क्या?’’

‘‘नहीं पापा वैसे मिस ने उसके बारे में भी बताया। वह कीट्स की है। इसका शीर्षक सिर्फ ‘नाइटिंगेल्ज़’ है।’’

कवि को याद आ गयी पूरी कविता। लेकिन इसके कवि का नाम वह भूल रहा था। दरअसल रोमांटिक युग में नाइटिंगेल पर इतनी रचनाएँ लिखी गयीं कि उनकी सिर्फ गिनती याद रखी जा सकती थी।

‘‘मुन्नी यह वाली कविता किसकी लिखी है?’’

‘‘रॉबर्ट ब्रिजेज़ की। पापा इसमें कवि और कोयल का सवाल-जवाब बहुत अच्छा है।’’

‘‘हाँ, मुझे याद आ रहा है, जहाँ नाइटिंगेल्ज़ कहती है।’’

“Barren are the mountains and spent the streams

Our song is the voice of desire that haunts our dreams.”

‘‘यह तो काफ़ी मुश्किल कविता है। तुझे समझ में आयी।’’

‘‘हाँ पापा मिस भरुचा ने क्लास में हमसे यह कविता इनैक्ट भी करवायी। मुझे उन्होंने नाइटिंगेल बनाया और आदेश को कवि।’’

‘‘अच्छा!’’

‘‘पापा मिस ने मुझे कोयल क्यों बनाया?’’

‘‘क्यों बनाया?’’

‘‘क्योंकि मैं काली हूँ, कोयल काली होती है न।’’

‘‘किसने कहा तू काली है? मेरे जैसा रंग है तेरा, चाय और कॉफी के बीच का।’’

मनीषा को काँटे की तरह कसक गयी एक याद। मम्मी ने पापा के सामने ही उसे लताड़ा था, ‘‘काले मुँह की, यह नहीं कि स्कूल से आकर मुँह धो ले, कपड़े बदल ले। कहीं भी चल देती है चप्पल चटकाती।’’ पापा कुछ नहीं बोले थे। बस विरोध में माँ को घूरा था जिसका उनकी उग्रता पर कोई असर नहीं पड़ा था।

इस वक्त पापा को कुरेदकर मनीषा परेशान नहीं करना चाहती।

प्रकट उसने कहा, ‘‘पापा लगता है कोयल और कविता का रिश्ता बहुत पुराना है। सरोजिनी नायडू को भी भारत-कोकिला कहा जाता था न।’’

‘‘तुझे तो बहुत-सी बातें पता हैं। घर में तो उधम मचाती रहती है, यहाँ विद्वानों की तरह बोल रही है।’’

‘‘पापा मेरी सहेली है न सरोजिनी, उसका सरनेम नायडू है। उसका पूरा नाम सरोजिनी नायडू है पर उसे सरोजिनी नायडू के बारे में कुछ पता ही नहीं है।’’

‘‘तुझे पता है?’’

‘‘हाँ, हमारी मिस ने बताया सरोजिनी नायडू हैदराबाद में पैदा हुई थीं और लन्दन में पढ़ाई की थी। उनकी एक कविता का अंश हमारे कोर्स में है, ‘द फ्लूट प्लेयर ऑफ़ वृन्दावन’। पापा क्या वे वृन्दावन में रही थीं?’’

‘‘मुझे इसकी जानकारी नहीं पर देख मुन्नी, कृष्ण, राम पर लिखने के लिए वृन्दावन, अयोध्या में रहना नहीं पड़ता। जो पंक्ति राम के लिए कही जाती है वह कृष्ण पर भी लागू होती है, राम तुम्हारा चरित् स्वयं ही काव्य है, कोई कवि बन जाय सहज सम्भाव्य है।’’

‘‘पापा लेकिन वह कविता थोड़ी बोर है।’’

‘‘अच्छा तुझे एक मज़ेदार बात बताऊँ। सरोजिनी नायडू ने आज़ादी की लड़ाई में महात्मा गाँधी के साथ मिलकर काम किया। जब गाँधीजी गिरफ्तार हो गये नमक क़ानून तोडऩे के जुर्म में, तो सरोजिनी ने आन्दोलन सँभाला। उन्होंने लोगों के साथ मिलकर दो घंटे तक नमक बनाया। फिर उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।’’

‘‘यह तो कोई मज़ेदार बात नहीं हुई पापा।’’

‘‘पूरी बात सुन ना। जब आज़ादी मिल गयी, सबने गाँधीजी से कहा, ‘आप आराम से विशेष सरकारी भवन में रहो।’ गाँधीजी अड़ गये कि मैं तो जनम भर आश्रम में रहा हूँ, अब भी वैसे ही कुटिया छवाकर रहूँगा। तब सरोजिनी बोलीं, बापू आपकी गरीबी देश को काफ़ी महँगी पड़ती है।’’

‘‘कैसे पापा?’’

‘‘नहीं समझी, अरे बुद्धू, अगर वे किसी सरकारी जगह में रह लेते तो अलग से उनका आश्रम क्यों बनाना पड़ता। इस सारे इन्तज़ाम के लिए कितना सरंजाम किया गया।’’

मथुरा पास आ रही थी। मनीषा ने कहा, ‘‘मैं दादी को ये सब बातें बताऊँगी।’’

‘‘पता नहीं उन्हें होश भी है या नहीं,’’ कहते हुए कवि उदास हो गया।

मनीषा भी सुस्त हो गयी। उसने जल्दी-जल्दी दोनों बर्थ की चादरें तहाकर रखने के लिए बैग उठाकर सीट पर रखा। जिप खोलते ही कवि की नज़र अपनी सिगरेट की डिब्बी पर पड़ गयी। उसने लपककर उठा ली, ‘‘यह तूने छुपा रखी थी, मैंने सोचा जेब से कहीं गिर गयी मुझसे।’’

‘‘पापा, घर चलना है, नो स्मोकिंग।’’

‘‘एक पी लेने दे। वहाँ तो पाबन्दी हो जाएगी। लौंग-इलायची तो है न।’’

‘‘ये लो,’’ मनीषा ने छोटी-सी डिबिया पापा को थमा दी।
 
37

मथुरा का स्टेशन ज़रा भी नहीं बदला था। रेल रुकने के साथ प्लेटफार्म पर दो-तीन व्हीलर अख़बार के ठेले और मथुरा के पेड़े बेचते खोमचेवालों के अतिरिक्त गतिशीलता का कोई चिह्न वहाँ नहीं था। छह-सात कुली भी सुस्त खड़े थे। वे जानते थे कि इस स्टेशन पर ऐसे यात्री उतरते हैं जो अपना बुकचा ख़ुद उठाकर बाहर चल देते हैं।

इसी तर्ज में कवि ने सूटकेस उठाया और मनीषा ने बैग। दायें हाथ की सीध में नानकनगर दिख रहा था पर कविमोहन को उतावली थी। उसने रिक्शा किया और बैठते ही कहा, ‘‘चल भैया नेक जल्दी है, 5 नानकनगर पहुँचा दे।’’ रिक्शे की सीट से वह पीठ टिकाकर नहीं बैठा। उसके चेहरे की बेचैनी देखकर मनीषा मन-ही-मन मना रही थी, हे भगवान, दादी कुशल से हों।

अप्रैल की धूप सुबह नौ बजे भी दनदना रही थी जब कवि और मनीषा रिक्शे से उतरे। घर के खुले दरवाज़े में चौदह-पन्द्रह साल की एक लडक़ी आकर ठिठकी और उन्हें देखकर फौरन अन्दर भागी ‘‘मामाजी आ गये, मामाजी आ गये।’’

दादी तख़त पर पस्त पड़ी थीं। दादाजी दुकान पर जाने के लिए धोती के ऊपर कमीज़ पहन रहे थे।

कवि को देखते ही उनकी बौखलाहट फूट निकली, ‘‘तू अब आया है कबी, तेरी मैया तेरा नाम रट-रटकर बावली हो गयी रे। बहू कहाँ है और हमारी बिबिया। बड़ी देर लगाई बेटा, अब तू इसे सँभार। मेरे से ये नैया अब खेयी न जाय। देख, जामें नेक-सी जान बची भई है, जनै तेरे लिए या बच्चन के लिए।’’

कवि ने पिता को शान्त किया। वह माँ पर झुक गया, ‘‘जीजी, जीजी आँखें खोलो, मैं कवि, तुम्हारा कपूत आ गया हूँ। जीजी तुम मेरा इलाज करो। दस दिनों में ठीक हो जाओगी। जे देखो, मुन्नी। तुम्हारी बीमारी की सुन भजी चली आयी। आँखें खोलो जीजी।’’

विद्यावती ने बड़ा ज़ोर लगाकर आँखें खोलीं, आँख की पुतली में हल्की-सी पहचान टिमकी, फिर धूमिल हो गयी। वे फिर बेसुध हो गयीं।

कवि को रुलाई आ गयी, ‘‘मोय पहले च्यों नायँ बतायौ! मेरी जीजी का यह हाल हो गयौ!’’

दादाजी बोले, ‘‘रोज़ थोड़ी-थोड़ी तबियत गिरती गयी। वह तो कहो कुन्ती ने अपनी छोरी ये बिरजो भेज दी नहीं तो मरण ही था।’’

‘‘यह बिरजो है?’’ कवि ने अचरज से देखा। मनीषा से आठ महीने छोटी ब्रजबाला, चार भाई-बहनों में आखिरी नम्बर पर थी। स्वस्थ ठिगनी काया में वह मनीषा से बड़ी लग रही थी।

‘‘मामाजी चाय बनाऊँ?’’ बिरजो ने पूछा। वह जानती थी उसके मामा को चाय का शौक था।

‘‘मुन्नी बनाएगी।’’ कवि ने कहा।

मनीषा, बिरजो के पीछे रसोई में चली गयी।

‘‘कौन डॉक्टर को दिखाया?’’

‘‘बारी-बारी कई जने आकर देख गये। अब तू आयौ है तो तू सँभार। कित्ते दिनों से कारोबार मुनीम पे छोड़ा हुआ है। मैं जाता हूँ।’’

तभी हाथ में थाली लेकर लपकती हुई बिरजो पहुँची, ‘‘नानाजी पहले खायबे को खा लो।’’

नत्थीमल ने स्नेह से नतिनी को देखा, ‘‘देख रहौ है कबी, कित्ती सेवा नानी की, कित्ती मेरी इस छोरी ने की। बड़ा पुण्य मिलेगा इसे।’’

पिता के जाने पर कवि ने माँ की दवाओं के पर्चे देखे। बिरजो से पूछा, ‘‘कौन-सी दवाइयाँ खा रही हैं जीजी?’’

‘‘चार दिना से तो सुध ही नायँ नानी को। नानाजी ने कहा, जब होश आयगा तब दवा मँगाएँगे।’’

कवि का गुस्सा एक लपट की तरह लहरा उठा, ‘‘क्यों, मैं पूछता हूँ क्यों? एक भी गोली बिरान ना जाय इसलिए। जीजी मरासु पड़ी है और दादाजी रुपये आने पाई गिन रहे हैं। ला मुझे पर्चा दे मैं लाऊँ दवाइयाँ।’’

कवि पास के केमिस्ट से दवाइयाँ लेकर आया। सडक़ के मोड़ पर छेदीलाल मिले। कवि ने उन्हें प्रणाम किया। वे बड़े ख़ुश हुए, ‘‘अब तेरी मैया जी जाएगी। हफ्ता भर पहले रात में बाथरूम जाते समय आलमारी से टकरा जो गयी ही। कनपट्टी में चोट लगी, तभी से बेसुध है। हमने तो नत्थीमल से कही, बड़े अस्पताल ले जाकर दिमाग का एक्सरे करवाओ, पर नहीं, वह तो यहीं के डॉ. चतुर्वेदी का इलाज करते रहे।’’

कवि को घर में और भी बातें पता चलीं। माँ का मधुमेह बहुत बढ़ गया था। चाय में उन्होंने चीनी पीना छोड़ा नहीं था। बिरजो ने बताया, ‘‘मामाजी कभी मैं चाय में नेक कम चीनी डारूँ तो नानी चाय का गिलास सरका दें—ले जा मोय नायँ पीनी तेरी अलोनी फीकी चा। नानाजी लाख समझायँ, नानी मीठा खाना छोड़ें ही नायँ।’’

दवा, सेवा और परहेज के पालन से विद्यावती की तबीयत कुछ सँभली। बिरजो और मुन्नी ने कोई कसर नहीं छोड़ी। दोनों उनकी एक-एक बाँह पकडक़र उन्हें बाथरूम तक ले जातीं। मनीषा कहती, ‘‘जैसे गाँधीजी के अगल-बगल आभा और मनु रहती थीं दादी, वैसे ही मैं और बिरजो तुम्हारी आभा-मनु हैं।’’

दादी कुछ देर को प्रसन्न हो जातीं पर यह बात उनके मन पर बोझ बनी हुई थी कि बहू क्यों नहीं आयी। कवि और मनीषा के उत्तर एक से थे पर विद्यावती के सवाल विभिन्न। किसी भी वक्त वे स्वगत कथन करने लगतीं—‘बताओ, मैंने इन्दु के साथ क्या बुरा किया जो वह नहीं आयी। बेबी को भी रोक लिया। अरे इन्हीं गोदियों में ये छोरियाँ बड़ी हुई हैं। सच्ची पूछो तो कवि ने बहू को सिर चढ़ा रखा है।’

मनीषा दादी को समझाती, ‘‘नहीं दादी मम्मी तो आ जातीं पर दीदी का नाटक था न।’’

‘‘जे कौन-सी नौटंकी कम्पनी में छोरी को डाला है? बीच बाज़ार ढोल बजाती अच्छी लगेगी वह।’’

कवि ने बताया, ‘‘यह नौटंकी नहीं, बड़े ऊँचे दर्जे के साहित्यिक ड्रामे होते हैं। तुम्हारी बिबिया अब बहुत अच्छा नाचने भी लगी है। पक्का गाना भी सीख रही है।’’

दादाजी कहते, ‘‘हमसे तो तूने पूछी नायँ कि छोरियों को नाच-गाना सिखाऊँ। मुन्नी भी नौटंकी करै है का?’’

कवि बोला, ‘‘नहीं मुन्नी की दिलचस्पी नहीं है इस तरफ़।’’

‘‘तेरे रेडियो में भी यही सब होता होगा, नाच-गाना नाटक?’’

‘‘नहीं दादाजी रेडियो में बड़े काम की बातें आती हैं। सुबह, दुपहर, शाम देश भर की ख़बरें आती हैं, हिन्दी, अँग्रेज़ी और मराठी में। कभी खेती पर प्रोग्राम आता है कभी सेहत पर। समझो चलता-फिरता स्कूल है रेडियो।’’

‘‘तेरे दफ्तर में रेडियो मिले तो एक यहाँ भी लेते आना।’’

कवि ने कहा, ‘‘मेरे दफ्तर का नाम रेडियोस्टेशन है पर वहाँ रेडियो बनता नहीं है। उसके प्रोग्राम बनते हैं।’’

इसी मौके पर कवि ने छुट्टी ख़त्म होने की बात शुरू की। उसे आये छ: दिन हो रहे थे।

उसने दादाजी को पाँच सौ रुपये दिये, ‘‘दादाजी ये जीजी के इलाज के लिए हैं। और बिरजो तू यहीं रहेगी या वापस हिंडौन चली जाएगी।’’

‘‘बिरजो का नाम हमने किशोरी रमण में लिखवा दिया है, यहीं रहकर पढ़ेगी।’’

कवि निश्चिन्त हुआ, नहीं तो भग्गो की शादी के बाद उसे यही लग रहा था कि माता-पिता अकेले रह गये।

दादी ने कहा, ‘‘जाने को तू जा पर मुन्नीऐ यहीं छोड़ जा। बिरजो और मुन्नी का मन लगा रहेगा।

उस समय तो मनीषा चुप रही ऊपर जाकर उसने कवि से कहा, ‘‘पापा हम साथ चलेंगे। आप चले गये तो हम वापस कैसे आयेंगे!’’

‘‘दादाजी कोई इन्तज़ाम करेंगे। तू दो हफ्ता रुक जा तो जीजी खड़ी हो जाएँ।’’

पापा वह तो ठीक पर हमें यहाँ का टॉयलेट गन्दा लगता है, बाथरूम भी बेकार है।’’

‘‘परेशानी तो मुझे भी हुई पर क्या करें, यही अपना घर है।’’

कवि ने जितनी बार मनीषा को साथ ले चलने की बात की, जीजी ने उसे घुडक़ दिया, ‘‘दस साल मेरे पास रही है छोरी अब दस दिना नहीं रह सकती!’’

‘‘इसके स्कूल की पढ़ाई का हर्ज होगा।’’

‘‘अब तो गर्मी की छुट्टियाँ होबे वाली होंगी। वापस जाकर पढ़ लेगी जो पढऩा है।’’

‘‘पर वापस कैसे जाएगी?’’

‘‘हम किसी के हाथ भिजवा देंगे।’’ दादाजी ने कहा।

कवि रात की गाड़ी से चला गया।

मनीषा उदास हो गयी। दादी नींद की गोली खाकर लेट चुकी थीं। दादाजी ने हरी किरमिच के रजिस्टर में दिन का खर्च लिखकर काम समेट लिया था।

बिरजो ने कहा, ‘‘चल मुन्नी खाना खाएँ।’’

‘‘मुझे भूख नहीं है।’’ मनीषा ने कहा।

बिरजो ने पास आकर उसके गाल सहलाये, ‘‘बावली है, मामाजी खाना खाकर सो भी गये होंगे। अच्छा एक पराँठा खा ले।’’

दोनों ने इकट्ठे खाना खाया।

मनीषा ऊपर पापा के पुराने कमरे में सोती थी। वहाँ ज्या,दा सामान नहीं था। पत्रिकाओं और पुस्तकों से ठसाठस भरा एक रैक था, एक मूढ़ा और एक चारपाई। अपनी आदत के मुताबिक मनीषा रैक खखोरने लगी। धूल से अटी पड़ी थीं किताबें। पास पड़े गमछे से उसने किताबें झाड़ीं और सोचा सुबह ठीक से सफ़ाई करेगी। उसने पाया किताबों के बीच में दो-तीन डायरियाँ भी लगी हैं। एक डायरी उसने निकाली।

‘‘अरे इसमें तो पापा की कविताएँ हैं।’’ मनीषा के मुँह से निकला।

वह डायरी लेकर बैठ गयी। बाप रे! पापा ने इतना लिखा है। सब कविताएँ पूरी नहीं थीं। कोई चार पंक्तियाँ लिखकर बीच में छोड़ दी थी, कोई अगले पृष्ठ पर फिर से शुरू की गयी थी। मोतियों की लड़ी-सी पापा की लिखावट स्पष्ट भी थी।

कविताएँ काफी कठिन हिन्दी में थीं। मनीषा ने दो-चार पढ़ डालीं लेकिन कम समझ आयीं। एक कविता पढऩे में मज़ा आया :

खाना खाकर कमरे में बिस्तर पर लेटा

सोच रहा था मैं मन ही मन, हिटलर बेटा

बड़ा मूर्ख है जो लड़ता है तुच्छ-क्षुद्र मिट्टी के कारण

क्षणभंगुर ही तो है रे। यह सब वैभव धन।

अन्त लगेगा हाथ न कुछ, दो दिन का मेला

लिखूँ एक ख़त हो जा गाँधीजी का चेला।

कुछ भी तो है नहीं धरा दुनिया के अन्दर

छत पर से पत्नी चिल्लायी ‘दौड़ो बन्दर।’

मनीषा को माँ का ध्यान आ गया। इस वक्त क्या कर रही होंगी। उसके यहाँ रहने से माँ का तो हाथ टूट जाएगा। कौन सारे दिन बाज़ार के चक्कर लगाएगा। मनीषा को हल्की खुशी भी हुई। अब मम्मी क्या, दीदी को भी पता चलेगा मनीषा के बिना घर क्या चीज़ है।

कहीं-कहीं डायरी में गद्य लिखा था। मनीषा ने पहला पन्ना उलटकर देखा। पापा के हस्ताक्षर थे और सन् लिखा था 1945, यानी वह साल भर की रही होगी जब पापा इतनी भारी-भरकम बातें सोचने लगे थे। हिन्दी में यही मुश्किल है। क्लास में भी हिन्दी की मिस अपनी भाषा से अलग पहचानी जाती है। सब लड़कियाँ कहती हैँ मिस बड़ी tongue twisting हिन्दी बोलती हैं। वे तो मिस शब्द पर भी एतराज़ करती हैं। उनका कहना है हिन्दी कक्षा में उन्हें बच्चे अध्यापिकाजी कहा करें। मनीषा की हिन्दी ठीक-ठाक है लेकिन आनन्द उसे इंग्लिश पढऩे में आता है। हिन्दी मिस चंडोक का उच्चारण उसे अशुद्ध लगता है। वे संयुक्त अक्षरों को अलग करके बोलती हैं तो शब्द अजनबी हो जाते हैं। उनकी पुस्तक में ‘सत्य हरिश्चन्द्र’ पाठ को वे कहती हैं सत्य हरीशचन्दर। इसी तरह कृष्ण को किरशन कहती हैं। पता नहीं किसने उन्हें अध्यापिका बना दिया। इस पब्लिक स्कूल में बाकी लोगों की हिन्दी उनसे भी खराब है, इसलिए उनका काम चल रहा है। कविमोहन ने घर में नियम बना रखा है जो भी भाषा बोलो, सही, शुद्ध और त्रुटिहीन बोलो। पापा कहते हैं— Your language should be impeccable. वे इस फ़ैशन की हँसी उड़ाते हैं जिसमें बच्चे आधा वाक्य हिन्दी में और आधा इंग्लिश में बोलते हैं। एक बार मनीषा ने कहा, ‘‘आज मैं पहले स्कूल गयी, वहाँ से ‘बन्द’ तक वॉक किया, फिर घर तक वॉक किया, बहुत थक गयी।’’

पापा ने कहा, ‘‘तुम पैदल चलीं या तुमने वॉक किया?’’

‘‘एक ही बात है पापा।’’ मनीषा ने कहा।

‘‘नहीं, एक बात नहीं है। क्रियापद वाक्य का प्राणतत्त्व होता है। अगर वही आपने दूसरी भाषा में कहा तो वह हिन्दी वाक्य कहाँ रहा?’’

‘‘पापा सब ऐसे ही बोलते हैं!’’

‘‘तो हर बात में इंग्लिश क्रियापद का इस्तेमाल क्यों नहीं करतीं। कभी तुमने सुना है किसी को कहते कि मैंने आज देर तक स्लीप किया या देर तक ईट किया। फिर यह रियायत ‘वॉक’ को क्यों दी जाती है।’’

मनीषा इस दलील की कायल हो गयी। पापा के सामने बोलने के मामले में अटैंशन।

डायरी में एक जगह लिखा था, ‘‘दादाजी ने मुझे मसूरी जाने से रोक दिया। मैं तो पैर पटककर जीजी को मना लेता पर क्या करूँ, रात में दादाजी की तबीयत ख़राब हो गयी। दमे का तेज़ दौरा पड़ गया। कक्षा के सारे बच्चे गये, बस मैं रह गया।’’

एक और पन्ने पर लिखा हुआ था, ‘‘दादाजी मेरे प्रति बड़ी निष्ठुरता करते हैं। मेरी जिद पूरी करने की कौन सोचे, वे तो ज़रूरतों पर भी ख़र्च नहीं करना चाहते। मन करता है घर से भाग जाऊँ।’’

मनीषा ने घबराकर डायरी बन्द कर दी। उसे लगा उससे अपराध हुआ है। डायरी तो किसी की एकदम निजी किताब होती है, उसे पढऩा क्या, देखना भी नहीं चाहिए।

नींद की गोली का असर हल्का पडऩे पर दादी की नींद आधी रात के बाद टूटी तो उन्होंने देखा ऊपर के कमरे में बिजली जली हुई है। उनका मन तो हुआ मुन्नी को आवाज़ लगाएँ पर यह सोचकर कि पास सोये दादाजी की नींद में ख़लल पड़ेगा, वे चुप लगा गयीं।

सुबह उठकर उन्होंने सबसे पहले मनीषा से जवाबतलब किया, ‘‘आधी रात तक बत्ती जलाकर का कर रई थी तू?’’

उसके बोलने के पहले ही दादाजी बमक पड़े, ‘‘रात-रात भर बिजली जलै समझो रुपिया में आग लगै। जो काम रात में करो वह दिन में च्यों न कर लो, हैं?’’

मनीषा ने धीरे से कहा,‘‘मैं किताब पढ़ रही थी।’’

‘‘अरे दिन में पढ़। मेरे पास बैठकर पढ़ा कर। बिरजो को भी बिठा ले। ये भी पढ़ाई का गुन-ढब सीखे।’’

बिरजो का मन पढऩे में ज़रा भी नहीं लगता था। आठवीं कक्षा में जब दूसरी बार फेल हो गयी तो राधेश्याम ने इसे हिंडौन से मथुरा भेजना सही समझा। उन्होंने कहा, ‘‘जब नानाजी की कड़ी निगाह में रहेगी, तभी इसकी आठवीं पार लगेगी। इसकी उमर की लड़कियाँ मैट्रिक कर लेती हैं।’’

कुन्ती लडक़ी को मथुरा भेजने के पक्ष में नहीं थी पर पति के फ़रमान के आगे उसकी एक न चली। उसने अपने मन को समझा लिया, ‘‘चलो जीजी की सेवा हो जाएगी। क्या पता घर से दूर रहकर इसे अक्ल आ जाए।’’

बिरजो का मन घर के काम में लगता या फिर गिट्टे खेलने में। पढऩे के नाम पर उसके हाथ में ‘चन्दामामा’ पत्रिका होती जिसकी एक-एक कहानी वह कई-कई बार पढ़ती।

मनीषा ने भी उससे लेकर चन्दामामा उलटी-पलटी। आधे घंटे में वह सारी कहानियाँ पढ़ गयी।

उसने ब्रजबाला से कहा, ‘‘अपना बस्ता ला, तेरी किताब-कॉपी देखूँ!’’

‘‘बाद में लाऊँगी, अभी दाल चढ़ा दूँ।’’

‘‘दाल बाद में हो जाएगी, पहले बस्ता ला।’’

दो दिन के टालमटोल के बाद ब्रजबाला हाथ आयी। उसका बस्ता पुराना था पर किताब-कॉपी एकदम नयी थीं। सब पर करीने से बाँस के कागज़ की जिल्द चढ़ी हुई। सफेद चिप्पी पर नाम कक्षा आदि लिखा हुआ। लेकिन किताबों को देखकर ही पता चल रहा था कि ये बहुत कम खोली गयी हैं। कई किताबों के पन्ने चिपके हुए थे। कॉपियों में प्रश्न लिखे थे, उनके उत्तर नदारद। मनीषा ने अचरज से पूछा, ‘‘बिरजो तेरा इम्तहान हो गया?’’

‘‘हम्बै, तू आयी उसी दिन ख़त्म हुआ।’’

‘‘रिज़ल्ट कब आएगा?’’

‘‘का पता!’’

मनीषा ने कहा, ‘‘तेरी किताब-कॉपी तो कोरी की कोरी पड़ी हैं, कुछ लिखा भी कि ऐसे ही कागज़ धर आयी।’’

‘‘मैंने तो खर्रे पे खर्रे लिख डारे, सच्ची।’’

‘‘ये कापियाँ कोरी क्यों पड़ी हैं?’’

‘‘टीचर ने पूछा ही नहीं। क्लास में बैठी स्वेटर बुनती रहती है वह।’’

लाला नत्थीमल गरम होकर बोले, ‘‘चल, मैं चलकर पूछूँ तेरे स्कूल में। पाँच का पत्ता फीस जावे है तेरी और पढ़ाई का जे हाल।’’

बिरजो रणक्षेत्र से पलायन कर गयी, ‘‘खाना बनाने को अबेर हो रही है।’’ कई बार, कई तरह से फुसलाने के बाद ब्रजबाला किताबों के साथ हाथ आयी।

वैसे ब्रजबाला इतनी प्यारी, गुदकारी और हँसमुख थी कि उस पर गुस्सा करने का मन ही नहीं होता। मिनटों में वह चाय बना लाती। जीजी का पानदान नमक-नींबू से रगडक़र ऐसा चमचमा देती कि लगता वह सोने का बना है। सुबह आँगन, पौली धोकर घर को स्वच्छ बना देती। उसके हाथ में इतना स्वाद था कि मामूली दाल-चावल भी राजसी भोज का आनन्द देता।

मनीषा ने इतिहास की पुस्तक के पन्ने पलटे। बुद्ध और जैन धर्म वाले अध्याय में उसने गौतम बुद्ध का चित्र देखकर पहचान लिया, ‘‘बिरजो ये वही तस्वीर नहीं है क्या जो म्यूजियम में रखी है।’’

‘‘कहाँ?’’

‘‘मथुरा संग्रहालय में। मैंने दो साल पहले देखी ही।’’

‘‘गये तो हम भी हैं एक दफे। इत्ता ध्यान नहीं आ रहा। मुन्नी जीजी हमें एक बार ले जाकर दिखा दो न।’’ बिरजो ने जिद की।

दादी ने इजाज़त दे दी। मथुरा का म्यूजियम कौन दूर है। मुश्किल से आठ आने की दूरी है रिक्शे में।

एक दिन दुपहर में मनीषा और ब्रजबाला म्यूजियम जाने के लिए निकलीं। दोनों ने तय किया, रिक्शे के पैसे बचाकर पैदल चला जाए। उन पैसों की चाट-पकौड़ी खा लेंगी, और क्या! बातों में रास्ते का पता ही नहीं चला।

यह दोपहर का समय था। धूप तेज़ थी। संग्रहालय के बाहर उतनी चहल-पहल नहीं थी जितनी शाम को होती थी। यही गनीमत थी कि संग्रहालय के ठीक सामने, ज़रा दाहिने, बाबाजी की प्याऊ थी। इस प्याऊ का पानी बड़ा ठंडा और सुगन्धित था क्योंकि बाबाजी हर मटके के अन्दर पुदीने की पत्तियाँ डालकर रखते थे। सब मटकों के ऊपर लाल कपड़ा पड़ा रहता जिसे वे पानी से तर करते रहते। दोनों लड़कियों ने जी भरकर पानी पिया।

संग्रहालय के मुख्य सभागार में पन्द्रह-बीस दर्शक थे और अगल-बगल के कक्षों में कुछ छात्र सिक्कों और धातु के अवशेषों का अध्ययन कर रहे थे।

मनीषा को संग्रहालय के केवल मुख्य सभागार में रुचि थी। पुरानी पांडुलिपियों, सिक्कों, आभूषण और बर्तनों को देखकर उसे ऊब लगती। हर पाषाण-प्रतिमा के नीचे उसका परिचय और सन् लिखा हुआ था। वैसे मनीषा को इन पाषाण-खंडों से अधिक उनके आधारपीठ अच्छे लगते। काठ के विशाल खंड पर रखा पत्थर का अनगढ़ टुकड़ा अपने आप विशिष्ट लगने लगता।

गौतम बुद्ध की खंडित प्रतिमा संग्रहालय के मुख्य-पीठ पर स्थापित देख ब्रजबाला को कौतूहल हुआ, ‘‘मुन्नी मेरी किताब में से चलकर यह मूर्ति यहाँ कैसे आ गयी?’’

मनीषा ने कहा, ‘‘बुद्धू बिरजो, यह मूर्ति वहाँ से नहीं, यहाँ से चलकर तेरी किताब तक पहुँची है, तेरी क्या इतिहास की हर किताब तक पहुँची है। इसी की फोटो बनाकर छापी गयी है।’’

‘‘अच्छा चल अब यहाँ से। बाहर चलकर पानी के बताशे खायें।’’

‘‘बताशे तो मीठे होते हैं। हम तो पानीपूरी खाएँगे।’’

‘‘अब तू हो गयी है बम्बई पूना वाली। कल तक तू भी तो इन्हें बताशे कहती थी।’’

‘‘दिल्ली में इन्हें गोलगप्पे कहते हैं।’’

‘‘एक ही चीज़ है कुछ भी कह।’’

पूरा हॉल क्रॉस कर वे दोनों प्रवेश-द्वार के बरामदे तक आयीं। वहाँ यक्षिणी की विशालकाय प्रतिमा के पास एक गंजा ठिगना-सा आदमी कुछ झुककर खड़ा हुआ था। जैसे ही इन लड़कियों पर उसकी नज़र गयी, वह सकपकाकर वहाँ से हटा। ब्रजबाला को शायद इस स्थिति का पहले से अनुमान था, वह आदमी लडख़ड़ाता हुआ बाहर जाने लगा। उसका चेहरा विचित्र और विकृत लग रहा था। ब्रजबाला ने मनीषा को दिखाया, ‘‘यह देख, क्या करके गया है यह!’’

मनीषा कुछ नहीं समझी।

ब्रजबाला ने फिर बताया, एकदम उसके कान में ‘‘इस मूर्ति की वह जगह एकदम गीली और चिकनी हो रही है। मैंने पहले भी सुनी थी यह बात। दोपहर में लोग यही करने यहाँ आते हैं।’’

‘‘कहाँ, क्या?’’ मनीषा हवन्नक-सी उस प्रतिमा को देखने लगी पर उसे कुछ नज़र नहीं आया।

सामने के हॉल से कुछ लोग आते देख, ब्रजबाला उसका हाथ खींचकर बाहर के फाटक की तरफ़ बढ़ गयी, ‘‘तेरा सिर और क्या?’’

फाटक के बाहर सिर पर अँगोछा लपेटे दुकान का मुनीम जियालाल खड़ा था।

‘‘तुम यहाँ धूप में क्या कर रहे हो?’’ ब्रजबाला तुनककर बोली।

‘‘हमें लालाजी ने भेजा कि तुम छोरियों को लिवा लाओ।’’

‘‘हम का कोई दूधपीती बच्ची हैं जो तुम लिवा लाओगे।’’ ब्रजबाला बिगड़ी।

‘‘उस पर क्यों किल्ला रही है, वह तेरा कहा माने या बाबा का?’’ मनीषा ने कहा।

दोनों का मूड उखड़ गया। गोलगप्पे खाने का ध्यान भी नहीं आया। वे एक गुज़रते रिक्शे को रोककर बैठ गयीं। रास्ते में मनीषा ने कहा, ‘‘हमें दादी को आज की यह बात बतानी चाहिए।’’

‘‘घनचक्कर है क्या। नानी वह चाँटा लगाएगी कि याद रखेगी।’’

‘‘मुझे तो ठीक से समझ भी ना आयी पर अगर तूने कोई ख़राबी देखी है तो घर पर बताना ज़रूर चाहिए।’’

ब्रजबाला ने मुँह फुलाकर कहा, ‘‘तू तो चार दिना को आयी है, वापस भज लेगी। मेरे ऊपर ऐसी तालाबन्दी बैठ जाएगी कि पूछो मत। फिर बताने से क्या होगा। नानी क्या कोतवाल है जो अजायबघर बन्द करवा दे।’’

इस दलील में दम था। मनीषा चुप लगा गयी लेकिन उस रात उसे नींद नहीं आयी। वह देर तक सोचती रही कि ऐसी क्या ख़राबी थी जो बिरजो को दिख गयी पर उसे पता नहीं चली।

आखिरकार उसे लगा चलो हमें क्या। अगले दिन से ही उसने ग़ौर किया कि बिरजो उससे छोटी होने पर भी ज्या दा सयानी थी। घर के छोटे-बड़े कामों में वह पुरखिन की तरह युक्ति लगाती। कभी नाना कहते, ‘‘यह रोटी ठंडी आँच की है, दूसरी ला।’’ वह उसी रोटी को फिर से सेककर दे आती। एक दिन चने की दाल बटलोई में गल ही नहीं रही थी, बिरजो ने सिलबट्टे पर दाल पीसकर तुरन्त दाल तैयार कर दी। नानी रोज़ दोनों वक्त अपने छोटे-से खल्लड़ में भुने चने कुटवाया करतीं ओर उसकी रोटी खातीं। यह मधुमेह पर क़ाबू रखने का उनका नुस्खा था। बिरजो आटे में कच्चा बेसन मिलाकर रोटी सेक देती। अगर नानी कहतीं, ‘‘मोय तो रोटी में कचाँध आ रही है।’’ बिरजो कहती, ‘‘इस बार चने ठीक से भुने नहीं हैं नानी।’’
 
मनीषा को लगता अगर बिरजो का झूठ पकड़ा गया तो क्या होगा लेकिन बिरजो पूरे धड़ल्ले से अपना काम किए जाती।

कई वर्ष पहले दादी ने बेबी-मुन्नी को गली की पीली कोठी के छज्जे पर बैठा एक आदमी दिखाकर बताया था, ‘‘यह देखो छोरियो छदम्मीमल। मंडी के बहुत बड़े ब्यौपारी हैं।

प्रतिभा ने फौरन पूछा, ‘‘दादी इनका मुँह टेढ़ा क्यों है?’’

दादी ने कहा, ‘‘जेई तो मैं बता रही हूँ। छदम्मीमल बहुत झूठ बोलते थे। बात-बात में झूठ। देखो भगवानजी ने कौन दशा कर दी इनकी। झूठ बोलने से मुँह टेढ़ा हो जावै है।’’

बेबी-मुन्नी दोनों डर गयी। उन्होंने अपने मुँह पर हाथ रखकर कहा, ‘‘बाप रे! हम तो कभी झूठ नहीं बोलेंगे, नहीं तो हमारा मुँह भी ऐसा ही हो जाएगा।’’

लाला नत्थीमल का स्वभाव पहले से नरम पड़ चुका था। अब घर में उनके क्रोध को झेलने वाले भी नहीं बचे थे। लेकिन उनकी शक़ करने की आदत वैसी की वैसी थी। वे अपना सारा रुपया घर की तिजोरी में रखते और समय-समय पर कमरे के किवाड़ लगाकर पूरी रोकड़ गिनते। घर में दो तिजोरियाँ थीं। एक दिन उन्होंने मनीषा से कई गड्डियाँ गिनवायीं। चौड़े-चौड़े सौ के नोट, मोटे डोरे से बँधे हुए थे। जब मनीषा ने बिना किसी गलती के कई गड्डियाँ एकदम ठीक गिन दीं, लालाजी प्रसन्न हो गये, ‘‘है तू पक्की लाला नत्थीमल की नतनी, मान गये उस्ताद!’’

मनीषा ने कहा, ‘‘बाबा आप ये सारे रुपये बैंक में क्यों नहीं रखते हो। घर में चोरी होने का ख़तरा है।’’

दादाजी बोले, ‘‘बैंक में तो और ज्यांदा ख़तरा जानो। कभी बैंक का दिवाला पिट जाय तो समझो सारी रकम डूब जाय।’’

कुछ साल पहले मथुरा में लक्ष्मी कमर्शियल बैंक का दिवाला पिट गया था और बहुत-से उसके खाताधारी कंगाल होकर सडक़ पर आ गये थे।

‘‘सरकारी बैंक में रखें तो फेल नहीं होता वह।’’

‘‘तू बावली है, देख तुझे रुपये का कायदा समझाऊँ। यह देख यह दस का नोट है। इसे मैं नेक देर बाहर की हवा लगाऊँ तो यह भुस्स हो जायगौ।’’

मनीषा हँसने लगी, ‘‘बाबा जब तक इसे बाज़ार की हवा नहीं लगाओगे यह कैसे भुस्स होगा।’’

‘‘वो ही तू नहीं जानै। रुपये का स्वभाव चलायमान होवे। बाज़ार न भी जाओ, कोई तुम्हारे हाथ में देख ले तो उधार माँग लेगा, और कुछ नहीं तो घरवाली को कोई चीज़-बस्त लेनी याद आ जायगी या कहीं रख के भूल जाओगे।’’

मनीषा कौतुक से अपने बाबा को देख रही थी जो जितनी बार ‘रुपया’ शब्द बोलते, अपना मुँह थोड़ी देर खुला रखते।

एक शाम मनीषा और ब्रजबाला आँगन में बैठकर गिट्टे खेल रही थीं कि मनीषा को बड़ी ज़ोर से पेट दर्द हुआ। ‘ओह माँ’ करती हुई वह वहीं लेट गयी। उसे लगा उसके अन्दर से कोई पिघलता हुआ लावा बाहर बहा जा रहा है।

ब्रजबाला अन्दर से दादी को बुला लायी। दादी ने फौरन ब्रजबाला से कहा, ‘‘इसे बाथरूम लेकर चल।’’

दादी के निर्देशन में बिरजो ने मनीषा को साफ़-सुथरा कर दिया।

दादी बोलीं, ‘‘मुन्नी अब तेरे दूध के दाँत टूट गये, आगे से लड़कियों की तरह चलना सीख, पहरना सीख। अब तू बड़ी हो रही है।’’

बिरजो ने कहा, ‘‘अम्मा ने तो मोसे कहा था अब तू लुगाई बन गयी छोरी।’’

मनीषा बहुत डर गयी। यह क्या मुसीबत लग गयी उसके पीछे कि न अब दौडऩा, न उछलना, न कूद-कूदकर चलना। उसने कहा, ‘‘दादी चलकर डॉक्टर से हमारी मलहम-पट्टी करवा दो, हम ऐसे नहीं रहेंगे।’’

दादी ने कहा, ‘‘पगली इसकी मलहम-पट्टी घर में ही होती है। और अब चौके में मत जाना।’’

लो बोलो। बन्दिश तो मनीषा को तनिक बरदाश्त नहीं। उसे बड़ी ज़ोर से अपना घर याद आया।

‘‘तू तो सुच्ची है न बिरजो!’’ दादी ने पूछा।

बिरजो ने गर्दन हिलाकर हामी भरी।

दादी ने मनीषा को पुचकारा, ‘‘चल तू मेरे कमरे में बैठकर मोय गाँधीजी की किताब सुनाया कर।’’

मनीषा ने एक रात किताबों का अनुसन्धान करते हुए उन्नाबी किरमिच में बँधी महात्मा गाँधी की ‘सत्य के प्रयोग’ पुस्तक ढूँढ़ निकाली थी जिसके पहले पृष्ठ पर पापा की लेखनी में लिखा हुआ था—‘जीवनसंगिनी प्रिया इन्दुमती को उपहारस्वरूप भेंट।’ वह उसके कई अध्याय पढ़ गयी। उसे ताज्जुब यह हुआ कि जहाँ कई अन्य महापुरुषों की आत्मकथाएँ एकदम नीरस और निगूढ़ थीं, महात्मा गाँधी की आत्मकथा सरल और सुबोध थी। छोटे-छोटे अध्याय थे जो हर बार नयी कहानी का आनन्द देते।

मनीषा बोली, ‘‘दादी आधी किताब तो मुझे याद हो गयी, तुम मुँहज़ुबानी सुन लो।’’

महात्मा गाँधी के लडक़पन के प्रसंग सुन दादी विभोर हो गयीं। बोलीं, ‘‘हे भगवान कित्ते सच्चे थे गाँधी बाबा! अरे अपनी गलतियाँ भी लिखकर चले गये। बताओ वे चाहते तो का झूठ नहीं लिख सकते थे?’’

मनीषा ने कहा, ‘‘दादी, पापा कहते हैं झूठ लिखा तो कहानी होती है, सच लिखो तो आत्मकथा।’’

बाबा की आदत थी वे अपने तख्त पर बैठकर कामकाज में लगे रहते मगर एक कान से हर बात सुनते रहते। वे फ़ौरन बोले, ‘‘तभी तेरा बाप झूठी कहानी बना-बनाकर रेडियो पर सुनावै है।’’

‘‘पापा तो कभी झूठ नहीं बोलते।’’ मनीषा ने तुरन्त प्रतिवाद किया।

‘‘बोलने की नहीं, मैं लिखने की कह रहा हूँ। शरमनलाल बता रहे थे, जेई घर के बारे में जाने कौन-कौन-सी बातों के जोड़-मेल से ड्रामा बनाया वा ने। उसका नाम भी बताया गया रेडियो में, कविमोहन अग्रवाल।’’

‘‘कौन-सी तुमने अपने कानों से सुनी जो पूछ रहे हो?’’ दादी ने बेटे का बचाव किया।

‘‘असल बात यह नहीं है। सच्ची बात यह है कि छोरे को अपने घर से, अपने माँ-बाप से राई-रत्ती भी मोह नायँ। उसने कभी सोची बहनों के ब्याह हो गये, मेरे माँ-बाप कैसे रहेंगे अकेले। नहीं वह तो सरकारी अफ़सर बनेगा, कुर्सी तोड़ेगा।’’

दादी को गुस्सा आने लगा, ‘‘तुमने कभी छोरे से मोह दिखाया। हमेशा दुर-दुर करते रहे। प्यार वह चीज़ है जो बाँट-तराजू से नहीं तोली जावै। तुमने बाँट-तराजू के सिवा कुछ जाना ही नायँ।’’

लाला नत्थीमल की आँखें लाल होने लगीं, ‘‘जे लड़कियाँ घर से जायँ तो तुझे मैं ठीक करूँ, बक-बक करना बहुत आ गया है तुझे!’’

मनीषा को बाबा के गुस्से से डर लगता था। उनका चेहरा खिंच जाता, माथे की एक नस उभरकर फडक़ने लगती और उनके हाथ-पैर काँपते। ऐसा लगता जैसे वे अभी किसी को मार देंगे या शाप दे देंगे। बिल्कुल इसी तरह की मुद्रा उसने पापा की भी देखी थी। पापा कभी-कभी गुस्सा करते लेकिन जब करते तब पूरा घर थर्रा जाता।

मनीषा कमरे से बाहर आ गयी। बिरजो चौके में खटर-पटर कर रही थी। मनीषा ने उसकी तरफ़ क़दम बढ़ाये तभी उसे दादी की वर्जना याद आयी। बिरजो ने उसे रसोई में आने का इशारा किया, साथ ही मुँह पर उँगली रखकर चुप रहने का। मनीषा को यह छल क़बूल नहीं था। वह छत पर चली गयी।

उसका मन उचाट हो रहा था। पापा पर गुस्सा आया, हमें यहाँ फँसाकर चले गये और वहाँ से चिट्ठी तक नहीं लिखी। लिखना तो माँ को भी आता है पर किसी को मुन्नी की याद आये तब न। फाइनल यर की पढ़ाई सिर पर है और वह यहाँ टाइम ख़राब कर रही है।

जैसे आकाश के तारों और नीम की पत्तियों ने उसकी पुकार पापा तक पहुँचा दी, सोमवार को ही पूना से पापा की लम्बी-सी चिट्ठी आयी जिसके अन्त में मम्मी ने भी चार लाइनें लिखी थीं ‘री मुन्नी तू वहाँ जाकर बैठ गयी। तुझे पता है तेरे बिना मेरा एक भी दिन नहीं कटता। बेबी चार रोज़ से दिल्ली गयी हुई है। जीजी की तबीयत सँभल गयी होगी। तू जल्दी से आ जा। एक दिन कान्ता भी घर आयी थी, तुझे न देखकर बड़ी झींकी।’’

मनीषा का मन मम्मी-पापा के प्यार में सराबोर हो गया। मेरे मम्मी-पापा। देखा मुझे कित्ता चाहते हैं। कवि शैले की तरह उसका मन हुआ कोई उसे पेड़ का पत्ता बना दे, चिडिय़ा बना दे, कागज़ का टुकड़ा बना दे और वह उड़ती-उड़ती अभी पहुँच जाय पूना। वह स्टेशन रोड पर कान्ता के घर जाकर उसे चौंका दे। वह मम्मी को बन्द गार्डन पर भेलपुरी खिला लाये। रात को पापा के पैरों में दर्द होता है। मनीषा नहीं है तो कौन उनके पैरों पर खड़ा होता होगा। यकायक मनीषा वर्तमान में लौटी। उडऩा तो दूर इस वक्त तो वह ठीक से चल भी नहीं पा रही। ऐसा लग रहा है जैसे टाँगों के बीच में बिस्तरबन्द बँधा है।

विद्यावती ने कहा, ‘‘इत्ती दूर छोरी अकेली कैसे जायगी?’’

लालाजी ने कहा, ‘‘दो एक जने से बात कर के देखूँ, ऐसे परदेस में बैठा है छोरा कि जल्दी कोई वहाँ जाने को तैयार भी नहीं होगा।’’

‘‘बलराम से पूछो, उसे घूमबे-फिरबे का शौक है।’’ विद्यावती ने सुझाव दिया।

लीला बुआ का बड़ा लडक़ा बिल्लू ही अब अपने पूरे नाम बलराम से पुकारा जाता था। उसने चक्की का काम छोटे भाई गिल्लू उर्फ गिरीश को थमा दिया था और खुद खादी भंडार में सेल्समैन हो गया था। उसकी शादी इटावा के एक व्यापारी परिवार की लडक़ी कालिन्दी से हो गयी थी। कभी-कभी वह आकर नाना-नानी का हाल देख जाता।

बलराम के हामी भरने पर बाबा ने पूना के दो टिकट कटाये। बिरजो मचलने लगी, ‘‘हम भी जाएँगे मुन्नी के संग। हमने तो हिंडौन और मथुरा छोड़ और कुछ देखा ही नायँ।’’

लालाजी ने डाँट लगायी, ‘‘ चुप्पे से यहाँ बैठकर पढ़ाई कर। फेल हो गयी तो हमारी नाक कटाएगी।’’

मनीषा का थोड़ा-सा सामान था, एक थैले में समा गया। लेकिन दादी को चैन कहाँ। उन्होंने कहा, ‘‘मथुरा से कोई पेड़े लिये बिना भी जाता है। और मुन्नी चूसमा आम कवि को बड़े भायें, एक डोली ले जा।’’ लीला बुआ ने घीया के लच्छे और खुरचन भिजवा दी। बाबा ने बड़े सुन्दर कपड़े का एक थान बाज़ार से ला दिया, ‘‘दोनों बहनें अपने सलवार-कमीज़ बनवा लेना, बड़ी हो गयी हो, फ्रॉक मत पहरा करो।’’

मनीषा को थोड़ी झेंप लगी। कहीं बाबा को उसके पेट दर्द का पता तो नहीं चल गया। उसका बस चलता तो अपने दादी-बाबा के आगे अनन्त काल तक बच्ची ही बनी रही आती। चलते वक्त दादी ने मनीषा को घपची में भरकर ख़ूब दुलार किया, ‘‘अब तू हर छुट्टी में अइयो अच्छा।’’ बाबा ने उसे दस रुपये का नोट देकर आशीर्वाद दिया।

वापसी का सफ़र आगमन के सफ़र जैसा नहीं था। इस बार आरक्षण तो करवाया नहीं गया था। सामान्य डिब्बे में ठूँसमठूँस मुसाफिर भरे हुए थे। जिस भी डिब्बे के दरवाज़े पर वे जाते लोग कहते, आगे जाओ यहाँ जगह नहीं है।

बलराम ने एक डिब्बे में लोगों को धक्का-मुक्का देकर किसी तरह चढऩे लायक गुंजाइश निकाली। गरमी से सबका बुरा हाल था। कानपुर पहुँचने पर उन्हें बैठने की जगह मिली। खिडक़ी वाली सीट बलराम ने ले ली, ‘‘यहाँ कोयला उड़ेगा, तू सामने वाली सीट पर बैठ।’’

रात सोने से पहले मनीषा को टॉयलेट जाने की ज़रूरत पड़ी। वह यात्रियों के बीच जगह बनाती किसी तरह गयी लेकिन वहाँ का दृश्य देखकर उलटे पैरों लौट आयी। टॉयलेट के दरवाज़े तक लोग अपने असबाब समेत ज़मीन पर बैठे हुए थे। कई मुसाफिर तो बैठे-बैठे सो रहे थे।

बलराम ने पूछा, ‘‘क्या हुआ, मुँह क्यों बना लिया?’’

‘‘कुछ नहीं।’’ मनीषा बोली।

‘‘बाथरूम जाना है तुझे, चल मैं रास्ता बनाऊँ।’’ बलराम आगे-आगे चला।

बलराम पहलवान की तरह लम्बा और बलिष्ठ था। सिर पर चोटी, बदन पर खादी का कुर्ता-पाजामा, लोग दूर से उसे नेता या लठैत समझते। उसके जाते ही ज़मीन पर बैठे लोगों ने सिकुडक़र इतनी जगह निकाल दी कि मनीषा एक पाँव टिकाती टॉयलेट में घुस पायी।

टॉयलेट का अन्दर का नज़ारा और भी भयानक था। नल में से टोंटी ग़ायब थी और ज़ंजीर से मग। इससे पहले मनीषा ने हमेशा आरक्षित डब्बों में सफ़र किया था। सरकारी तबादलों में वे सब प्रथम श्रेणी में यात्रा किया करते थे। वहाँ टायलेट साफ़ हुआ करते। एक ही राहत थी। मनीषा का रक्तस्राव रुक गया था। उसने अपने को बन्धनमुक्त किया, बहते नल से हाथ स्वच्छ किये और मन-ही-मन भगवान को याद किया, हे भगवान यह तबालत अब फिर कभी न हो।’

बिरजो ने रास्ते के लिए पूरियाँ, आलू की सूखी सब्ज़ी और भरवाँ करेले रख दिये थे। ठीक यही खाना बुआ ने बलराम के साथ रखा। देखकर मनीषा को हँसी आ गयी। उसे लगा इस डिब्बे में हर मुसाफिर के पास यही खाना निकलेगा। जब चखकर देखा तो अन्तर समझ में आ गया। दोनों खानों के स्वाद में फ़र्क था, मिर्च-मसाले में, यहाँ तक कि शक्ल-सूरत में भी। मम्मी की बात याद आयी कि चीज़ वही होती है पर हर हाथ के साथ खाने का स्वाद बदलता है।

तीस घंटे के लम्बे सफ़र में न नींद मिली न आराम, केवल घर पहुँचने की ललक ने मनीषा को सजग रखा। पूना स्टेशन पर उतरकर उसे लगा जैसे वह बरसों बाद अपने शहर लौटी है। उसकी फ्रॉक काफ़ी मैली हो गयी थी और बाल बिखर गये थे। बलराम का भी हुलिया ख़राब था। सफेद कुर्ता-पाजामा इस वक्त तक चितकबरा लग रहा था, उसमें रास्ते की इतनी धूल और इंजन की कालिख समा गयी थी।

जब वे घर पहुँचे माँ उन्हें देखकर खुश बाद में हुई, हक्की-बक्की पहले। पापा ऑफिस जा चुके थे। बलराम ने रिक्शे से उतारकर सामान अन्दर रखा।

‘‘यह क्या धजा बना रखी है अपनी?’’

‘‘जनरल डब्बे में आये हैं, बैठे-बैठे।’’ मनीषा ने बताया।

‘‘मामीजी प्रणाम!’’ बलराम ने इन्दु के पैर छुए।

‘‘मैं तो पहचानी ही नहीं बिल्लू तू इतना बड़ा हो गया।’’ इन्दु ने जल्दी-जल्दी लीला बीबीजी का समाचार लिया और कहा, ‘‘तुम लोग एक-एक कर नहाते जाओ।’’

खाने के बाद मनीषा अपने बिस्तर पर ऐसी सोयी कि शाम सात बजे उसकी नींद खुली।

कविमोहन दफ्तर से आकर चाय पी चुका था और अब बलराम के साथ मथुरा की बातें कर रहा था।

मनीषा रसोई में जाकर माँ के गले से झूल गयी, ‘‘मम्मी दीदी कब आएगी?’’

‘‘अभी छह दिन और लगेंगे। यूथ फेस्टिवल दस दिन का होता है, बाकी आने-जाने के तीन दिन और जोड़ लो।’’

‘‘किस आइटम में गयी है।’’

‘‘उसके कॉलेज से ग्रुप डांस का ट्रुप गया है। बैजू, सुनयना, द्राक्षा सब गयी हैं।’’ माँ ने आवाज़ थोड़ी दबाकर कहा, ‘‘ये कित्ते दिन रहेगा?’’

‘‘कौन?’’ मनीषा नहीं समझी।

‘‘बिल्लू और कौन। इत्ती भारी ख़ुराक है इसकी बाप रे! कौन इसकी रोटियाँ बनाएगा!’’

कवि को सबसे सुखद ख़बर यह लगी कि मन्नालाल आठ साल बाद घर वापस आ गये हैं। कहाँ रहे, कैसे रहे, कुछ नहीं बताते पर अब साधु-सन्तों का साथ एकदम छोड़ दिया है। चक्की पर भी नहीं जाते। बरामदे में बैठकर अख़बार पढ़ते रहते हैं। घर की अच्छी चौकीदारी हो गयी है। कोई धनिया-पुदीना भी लेने निकले तो उनसे पूछकर जाय।

‘‘अब तो लीली दीदी खुश होंगी।’’ कवि ने कहा।

‘‘अम्मा को दूसरे दुख हो गये हैं। अब वे बहुओं से परेशान रहती हैं और बहुएँ उनसे।’’

‘‘अब जीजाजी से लड़ती तो नहीं?’’ कवि ने शरारत से पूछा।

‘‘अम्मा ज़रा नहीं बदलीं। बाबूजी से कहती हैं सुखवास की उमर में बनवास दे दिया, बनवास की उमर में कौन सुख देने आये हो?’’

‘‘पगली है, जीजाजी को गुस्सा आ गया तो फिर भाग खड़े होंगे।’’

‘‘पहले से काफ़ी झम गये हैं बाबूजी। कहते हैं मैं सगुन-निरगुन सब देख आया।’’

‘‘चलो बीबीजी के माथे से कलंक उतरा।’’ इन्दु ने कहा।

‘‘ऐसा नहीं है। जैसी अकडफ़ूँ वे पहले थीं वैसी ही अब हैं। मजाल है पड़ोस में उनके गये बिना कोई करवाचौथ या सकट मना ले। अभी भी अपने को अमर सुहागिनों में गिनती हैं। उनका कहना है सुहागिनों में सबसे ऊँचा दर्जा उनका है।’’

‘‘पर अब तो ननदोईजी लौट आये।’’

‘‘इससे क्या। अम्मा अपने ऊपर तो मक्खी भी नहीं बैठने देतीं। कहती हैं, मोय का मिलौ। पहले इनके गये की बेडिय़ाँ पाँव में पड़ी रहीं, अब इनके आये की पड़ी हैं।’’

इन्दु की मुख-मुद्रा भी सोचग्रस्त हो गयी। उसने कहा, ‘‘कहती तो जीजी सही हैं। पति घर में न हो तो लाख तोहमतें ऐसे ही लग जाती हैं। औरत का तो वह हाल है न मायके सुख न ससुराल सुख।’’

‘‘अम्मा की तो कोई ससुराल भी नहीं है। फिर भी वे दुखी दिखाई देती हैं।’’

इन्दु बलराम से बात तो अच्छे से करती रहीं। उसे अपनी क्यारियाँ भी दिखलायीं। बस खाना खिलाते समय वह विचित्र व्यवहार करती। रात में ढेर से चावल बना दिये। बलराम ने धीमी आवाज़ में कहा, ‘‘मुझे बादी की शिक़ायत है, चावल तो मैं दिन में भी नहीं खाता।’’

इन्दु ने भवें सिकोडक़र कहा, ‘‘इत्ती गरमी में मेरे से रोटी नहीं सेकी जाती, ब्रेड खा लो।’’

कवि ने बात सँभालने की कोशिश की, ‘‘चलो आज हम सब बाहर चलकर खायँ, घूमना भी हो जाएगा।’’

बलराम बोला, ‘‘मेरे लिए परेशान मत हो मामाजी, मुझे भूख ही नायँ।’’

‘‘हमें तो लगी है भूख।’’ कहकर कवि ने उसे मनाया।

इन्दु जल्दी से बन-ठनकर तैयार हो गयी।

मनीषा ने भी फ्रॉक बदली और बालों में नये रिबन लगाये।

बलराम ने मामी की तरफ सराहना से देखकर कवि से कहा, ‘‘हमारी मामीजी तो फिल्मस्टार लग रही हैं, एकदम नूतन जैसी।’’

इन्दु ने अकड़ से कहा, ‘‘नूतन तो, लोग कहते हैं, काली है।’’

पग-पग पर इन्दु का फूहड़पन झेलना कवि के लिए आसान न था, वह बलराम के सामने बहस कर तमाशा नहीं खड़ा करना चाहता था। उसने बरामदे में निकलकर सिगरेट सुलगा ली।

वे सब कैम्प स्ट्रीट में ‘इंडस’ में जाकर बैठे। यहाँ का टोमाटो सूप और तन्दूरी पराँठा मनीषा को बहुत पसन्द था। उसने पापा को बता दिया।

कवि हँसने लगा, ‘‘दोनो का क्या मेल है। पराँठे के लिए सब्ज़ी नहीं लेगी।’’

इन्दु ने अपना पुराना सिक्का चलाया, ‘‘यह मेरे में से खा लेगी।’’

कवि ने बिना उसकी तरफ़ देखे अपना ध्यान बच्चों पर फोकस रखा, ‘‘यहाँ थाली सिस्टम नहीं है। अपनी मर्जी का खाना मँगाने को इंग्लिश में a la carte कहते हैं।’’

‘‘पापा गलत! इंग्लिश में नहीं फ्रेंच में।’’ मनीषा चहकी।

पापा की गलती निकालने का मौक़ा भी कब-कब मिलता है उसे!

‘‘इंग्लिश ने यह शब्द अपना लिया है तो इंग्लिश का ही माना जाएगा न। अच्छा इसका मतलब समझा दे। तू तो फ्रेंच पढ़ती है।’’

दस्तूर स्कूल में मनीषा द्वितीय भाषा के रूप में फ्रेंच पढ़ रही थी। उच्चारण के सिवा उसे फ्रेंच भाषा की हर अदा पसन्द थी। उसने कहा, ‘‘इसका मतलब है, सूची में दिये गये हर व्यंजन की कीमत अलग-अलग है।’’ बलराम को हैरानी हुई, ‘‘इत्ती लम्बी बात के लिए बस दो-ढाई शब्द।’’

‘‘और क्या। फ्रेंच तो इंग्लिश से भी ज्यासदा समृद्ध है। आपने शादी के कार्डों के नीचे लिखा देखा होगा RSVP। यह भी फ्रेंच शब्द है respondez si'l vous plait मतलब ‘कृपया उत्तर दें’।’’

‘‘अच्छा अब तू अपना ज्ञान मत बघार।’’ इन्दु ने कहा।

खाने के बाद जब वे बाहर निकले, बाज़ार अभी खुला हुआ था। ‘दोराबजी’ और ‘स्पेन्सर्स’ के बड़े स्टोर देखकर बलराम को बड़ा अचम्भा हुआ, हाँ खादी भवन यहाँ भी वैसा ही था जैसा मथुरा में। बलराम ने पूछा, ‘‘मामाजी क्या वजह है कि कुछ चीज़ें तो बहुत बदल जाती हैं पर कुछ वैसी ही पुरानी रही आती हैं।’’

‘‘बहुत अच्छा सवाल पूछा है तुमने बिल्लू। देखो समाज दो तरह से बदलता है, एक प्रकृति के नियम से, दूसरा सभ्यता के दबाव से। खान-पान, पहनावा और निवास पर प्रकृति का नियम लागू होता है। बाकी सब चीज़ों पर समय और सभ्यता का असर पड़ता है।’’

‘‘इतनी दुकानें बदलीं, इतना बाज़ार बदला पर खादी भंडार क्यों नहीं बदला?’’

‘‘तुम्हें पता है खादी भंडार गाँधीजी के सिद्धान्तों पर चलाए जाते हैं—सादा जीवन, उच्च विचार। बाकी दुकानों में जो भी तडक़-भडक़ डाली जाती है उसका ख़र्च तो ग्राहक की जेब से ही जाता है न।’’

‘‘मामाजी अगर आपको अबेर न हो तो मैं नैक यहाँ का खादी भंडार देख आऊँ।’’ बलराम कहने के साथ ही अन्दर चला गया।

वे तीनों बाहर शो विंडो के पास खड़े थे। कवि ने कहा, ‘‘मेरा मन है लीली दीदी को खादी सिल्क की एक बढिय़ा साड़ी भेजूँ। बलराम ले जाएगा।’’

‘‘बीबीजी ने तुम्हारे लिए कछु भेजा जो तुम भेजने की सोच रहे हो।’’

‘‘लीली दीदी हमेशा मुझे देती रही हैं। तुम हर चीज़ में अड़ैंच क्यों डालती हो।’’

‘‘अड़ैंच कहाँ, मैं तो कह रही थी बलराम खादी भंडार में काम करता है, जितनी मर्जी साड़ी खरीदे और माँ को पहराये।’’

बात आयी-गयी हो गयी। लेकिन कवि के कलेजे में उसकी फाँस चुभी रह गयी। ऐसे ही लमहों में उसका मन अपने घर से उचाट हो जाता। उसे लगता जैसे वह अपने नहीं किसी और के घर में रह रहा है। सबके निमित्त वह कमाता रहे, अपने निमित्त कुछ भी करने की आज़ादी उसे नहीं है। उसे यह भी लगता कि घर-परिवार में अगर इतनी जकड़बन्दी रही तो वह दिन दूर नहीं जब घर-परिवार समाप्त हो जाएँगे। अपने प्रिय कवि की पंक्तियाँ उसे कई बार याद आतीं—‘घर रहेंगे हमीं उनमें रह न पाएँगे’ या ‘जब-जब सिर उठाया, अपनी चौखट से टकराया’।

अगले दिन बलराम की वापसी थी। वह बड़े सवेरे उठकर नहाकर तैयार हो गया। इन्दु ने कहा, ‘‘तुम्हारी गाड़ी तो ग्यारह बजे है, तुमने अभी से सामान बाँध लिया।’’

‘‘बस मामीजी, घर में सब रास्ता देख रहे होंगे। और खादी भंडार पर तो उससे भी ज्या़दा। सबसे पुराना वर्कर तो मैं हूँ, बाकी तो आते-जाते रहते हैं।’’

‘‘यहाँ मन नहीं लगा तुम्हारा?’’ इन्दु ने पूछा।

‘‘ऐसी बात नहीं है मामीजी। आपने वह मिसल सुनी होगी न,

मथुरा की छोरी और बिन्दावन की गाय

जो और कहीं ब्याहो, तो भूखी रह जाय।’’

इन्दु कुछ शर्मिन्दा-सी वहाँ से हट गयी। उसे लगा वह बलराम के साथ कुछ ज्याोदा बेदिली दिखा गयी। पर अब क्या हो सकता था।

वह कवि के पास गयी और दबे स्वर में बोली, ‘‘क्यों जी तुम्हारे कुरते-पाजामे का कोरा कपड़ा जो रखा है, बलराम को दे दें।’’

कवि बोला, ‘‘रहने दो, वह तो कपड़ों के बीचोंबीच बैठा है, जो मर्जी बनवा ले।’’

इन्दु भुनभुनाती वहाँसे चली गयी, ‘‘मेरी तो कोई बात इन्हें अच्छी ही नायं लगे।’’
 
38

तालकटोरा बाग में हुए दस दिवसीय यूथ फेस्टिवल में समूह नृत्य प्रतियोगिता में पूना विश्वविद्यालय ने प्रथम स्थान पाया। सभी अख़बारों में इस आइटम की तस्वीर छपी। कवि-परिवार ने आँखें गड़ाकर प्रतिभा को पहचानने की कोशिश की। समूह नृत्य में कुल छह लड़कियों का झुंड था। सज-धजकर सब एक समान सुन्दर लग रही थीं। बड़ी मुश्किल से प्रतिभा की पहचान हो पायी। अख़बारों की प्रतियाँ सँभालकर रख ली गयीं।

वाडिया कॉलेज का नाम सुर्खियों में आ गया। फर्गुसन कॉलेज से परिचर्चा और वाद-विवाद प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थी गये थे। डेक्कन कॉलेज की संगीता कुलकर्णी शास्त्रीय गायन में प्रतियोगी थी। केवल समूह-नृत्य में पूना विश्वविद्यालय विजयी हुआ था। बड़ी-सी शील्ड मिली थी जो कॉलेज में प्रिंसिपल के कार्यालय में सजा दी गयी। प्रतिमा को प्रमाण-पत्र और चाँदी का एक कप मिला।

प्रतिभा के लौटते ही घर में रौनक आ गयी।

इन्दु ने अलमारी से किताबें खिसकाकर उसके प्रमाण-पत्र और इनाम के लिए जगह बनायी।

‘‘अरे अरे, किताबें क्यों हटा रही हो?’’ कवि ने टोका।

‘‘और कहाँ रखूँ। रेडियो और ताक, दोनों जगह तो इनामों से ठसाठस भरी हुई हैं।’’

‘‘पुराने वाले इनाम एक पेटी में रख दो, जब बेबी का ब्याह होगा, अपने साथ ले जाएगी।’’ कवि ने कहा।

प्रतिभा बीच में बोली, ‘‘नो चांस। फिर तो पेटी पड़ी रहेगी सारी उम्र। मुझे शादी करनी ही नहीं।’’

‘‘हर लडक़ी यही कहती है, फिर भी हर लडक़ी की शादी होती है। जैसे ही मिस्टर राइट मिला, लड़कियों का इरादा बदल जाता है।’’

‘‘पापा, मुझे चिढ़ाओ मत नहीं तो मैं सच में चिढ़ जाऊँगी।’’

‘‘अब तो तेरा बी.ए. हो गया, आई,ए.एस. की तैयारी शुरू कर दे।’’

प्रतिभा उलझी हुई सी पापा को देखने लगी। उसे लगा यही मौक़ा है अपनी बात बोलने का।

‘‘पापा, हमें आई.ए.एस. नहीं देना।’’

‘‘फिर क्या करेगी। एम.ए. करके लेक्चरर बनेगी?’’

‘‘नहीं पापा, मैं बम्बई जाऊँगी। वहाँ बड़ा स्कोप है। फेस्टिवल में हमें कई ऑफ़र मिले।’’

‘‘यही कसर बची थी। अब फिल्मों में नाच दिखाएगी।’’ इन्दु बिगडऩे लगी।

‘‘नहीं माँ, फिल्मों में नहीं, हमें मॉडलिंग के लिए एक बड़ी एजेंसी ने कहा है। तुम मैगज़ीन पढ़ती हो, उसमें आधे से ज्यािदा पन्नों पर विज्ञापन छपते हैं। बस यही करना होता है। कोई साबुन या टूथपेस्ट हाथ में लेकर फोटो खिंचाओ, और लखपति हो जाओ।’’ प्रतिभा ने समझाया।

‘‘कितनी घटिया ऐम्बिशन लेकर आयी हो तुम दिल्ली से। क्या इसी के लिए तुम्हें इतना पढ़ाया-लिखाया और कलाएँ सिखायीं?’’ कवि को गुस्सा आ गया।

‘‘पापा अगर नाटक में काम करना, नृत्य करना ठीक है तो मॉडलिंग में क्या बुराई है यह बताइए। इस शहर में कितने ही शो कर चुकी हूँ मैं, नाम के सिवाय कुछ नहीं कमाया मैंने।’’

‘‘और क्या कमाना है तुझे बोल। क्या शकल दिखाकर पैसे कमाएगी। हमारे मुल्क में मॉडल को किस नज़र से देखा जाता है, तू नहीं जानती। कान खोलकर सुन ले। कोई मॉडलिंग-वॉडलिंग नहीं करनी है। चुपचाप आगे पढ़ो, पढ़ाई में नाम कमा, कला में नाम कमा। पैसा कमाने को मैं बैठा हूँ।’’

‘‘पापा मेरे साथ की वैजू, सुनयना सब बम्बई जाने वाली हैं, बस एक बार मैं उनके साथ हो आऊँ, प्लीज़।’’

‘‘तेरी यही बात हमें बुरी लगे। पूना में तुझे डांस, म्यूजिक और स्टेज़ के मौक़े मिल तो रहे हैं।’’

‘‘पर पापा यहाँ मुख्य रूप से मराठी रंगमंच का बोलबाला है, हिन्दी रंगमंच की कोई पहचान नहीं है।’’

‘‘अभी तू छोटी है। जब मेरा तबादला बम्बई होगा तब देखी जायगी।’’

‘‘आपकी भारत सरकार को सपने नहीं आ रहे हैं। पूना के बाद वह आपको विजयवाड़ा भी भेज सकती है। हो सकता है बम्बई पहुँचने में आपको दस साल लग जायँ। मैं तो तब तक बुड्ढी हो जाऊँगी।’’

‘‘तुझे क्या जल्दी है। पढ़-लिखकर नाम कमा। क्या-क्या मैंने सपने देख रखे हैं तेरे लिए। तुझे तो मैं विजयलक्ष्मी पंडित बनाऊँगा।’’

‘‘पापा वह मैं कभी नहीं बन सकती क्योंकि उसके लिए पहले आपको मोतीलाल नेहरू बनना होगा।’’ प्रतिभा ने कहा।

जैसे कमरे में सनाका खिंच गया। पिता के रूप में कवि की समस्त उपलब्धियों को ध्वस्त करता, प्रतिभा का आक्षेप उसकी असहमति, असन्तोष और अस्वीकार का घोषणा-पत्र बन गया। कवि अब तक यही सोचता रहा कि बेटी का विकास वहीं तक है जहाँ तक वह उसके जीवन में रोशनी डालता चलता है। उसे नहीं पता चला कि अपने समवयस्क साथियों, पुस्तकों, अख़बारों और पत्र-पत्रिकाओं के जरिये बेटी ने अपने सपनों की नयी दुनिया देख ली है। दुख यही था कि इतनी आज़ादी और अग्रगामिता के बावजूद वह न लेखक बनना चाहती थी न कलाकार, न वह अफ़सर बनना चाहती थी न लेक्चरर, वह मॉडल बनना चाहती थी। उसे बाहरी तडक़-भडक़, सौन्दर्य की सराहना, समृद्धि के सरल उपाय अपनी ओर खींच रहे थे।

पिता-पुत्री के बीच विवाद अनिर्णीत रह गया। प्रतिभा तमककर अपने कमरे में चली गयी। कवि घायल सिंह सा अँधेरे बरामदे में इधर से उधर, तेज़ क़दमों से घूमता रहा। उसकी उँगलियों से सिगरेट एक मिनट को भी न छूटी, न बुझी।

इन्दु रसोई में भुनभुनाती रही, ‘‘जब अच्छी-भली कॉलेज की नौकरी छोडक़र रेडियो थियेटर में आने का कौल भरा था, तभी सोचना था लड़कियाँ कौन चाल की बनेंगी। बड़ी विज्ञापनबाज़ी करेगी, कित्ती जगहँसाई होगी, आस-पड़ौस के लोग क्या कहेंगे। इसी पर सारी उम्मीदें टिकी थीं, यही ऐसी निकल गयी। छोटी तो अलग ऊदबिलाव है, उससे तो पहले ही कोई आशा नहीं है।’’

सरोजिनी, आशा, उषा, सब दूसरे स्कूल में पढ़ती थीं, तुकाराव माध्यमिक विद्यालय। नौशेरवान दस्तूर स्कूल में साथ पढ़ती थी कान्ता चोपड़ा, जिसके साथ सुबह स्कूल जाना और दोपहर को घर लौटना रोज़ का नियम था। कान्ता उसकी हमउम्र थी, उससे ज्याेदा सेहतमन्द और सक्रिय। उसके पिता रेलवे में चीफ़ गुड्स इंस्पेक्टर थे और उन्हें स्टेशन के पास ही बँगला मिला हुआ था।

महीने भर बाद जब छुट्टियों का होमवर्क उतारने मनीषा उसके घर पहुँची वह रूसी हुई थी, ‘‘जा मैं नहीं बोलती, बिना मुझे बताये इतनी दूर जाकर बैठ गयी।’’

मनीषा ने मनाया, ‘‘मेरी प्यारी कन्तू, तू बता मैं कब बताती तुझे। दादी माँ बीमार थीं, पापा ने दफ्तर से आकर ख़बर दी। सवेरे तो हम चले गये।’’

‘‘मरी चिट्ठी नहीं लिख सकती थी, कैसे मैंने एक-एक दिन काटा है।’’

थोड़ी देर की रूसा-रूसी के बाद कान्ता अपना बस्ता लेकर आयी। उसने सभी कापियाँ दिखायीं और कहा, ‘‘एक ख़बर मुँहज़ुबानी सुन लो। प्रिंसिपल ने कहा है, एस.एल.सी. क्लास में पहले दिन वे सब लड़कियों का यूनिफॉर्म चेक करेंगी। सब चीज़ क़ायदे की होनी चाहिए, ट्यूनिक, जूते, बैग, यहाँ तक कि अन्तर्वस्त्र भी।’’

मनीषा बात में उलझ गयी, ‘‘यूनिफॉर्म तो हम पूरा पहनते हैं। अन्तर्वस्त्र का क्या मतलब है। हम घर में सिली शमीज़ पहनते तो हैं।’’

‘‘यह नहीं, उनका मतलब है बाज़ार में सिले अन्तर्वस्त्र जैसे निम्मी, बारबरा और गर्टरूड पहनती हैं।’’

‘‘यह तो मुश्किल पड़ गयी।’’

स्कूल खुलने में दस दिन बचे थे। उनमें होमवर्क पूरा करना था। मम्मी से यह कहने की हिम्मत नहीं थी कि मम्मी मैं बड़ी हो रही हूँ। तुम्हारी तरह मेरे लिए भी अन्तर्वस्त्र पहनना ज़रूरी है।

मम्मी कतरब्योंत की विशेषज्ञ थीं। जब भी कभी मनीषा के लिए कपड़े सिलवाने की बात चलती, मम्मी अपनी पुरानी साड़ी या प्रतिभा का पुराना सलवार-सूट और कैंची लेकर बैठ जातीं, ‘‘अभी घंटे भर में मुन्नी की ड्रैस बन जाएगी। छोटे बच्चों का क्या है, वे तो कुछ भी पहन लें।’’

पौ फटने की बेला में कलियों का चटखकर खिलना किसने देखा है, होशियार से होशियार माली ने भी नहीं। इसी तरह लड़कियों का बड़ा होना होता है। उन्हें नहीं पता कब उन्हें फ्रॉक पहनते-पहनते, सलवार-कुरते की ज़रूरत महसूस होने लगती है; कूद-कूदकर चलने की बजाय, धीमे-धीमे, छोटे पग उठाने को कुदरत मज़बूर कर देती है। अपने को लडक़ा मानने की हेकड़ क़ायम रखना मनीषा और कान्ता के लिए दुश्वार हो रहा था। देह के अलावा मनोजगत में भी कई परिवर्तन हो रहे थे।

मनीषा ने कान्ता को बताया कि मथुरा में उसकी जान को क्या बला लग गयी थी।

‘‘थैंक गॉड, वह गंगा-यमुना चार दिनों में खत्म हो गयी। मैं तो बड़ी डर गयी थी।’’ मनीषा ने कहा।

‘‘ले, मैं तो दो साल से भुगत रही हूँ,’’ कान्ता बोली, ‘‘मम्मी मुझे रसोई में जाने से रोक देती हैं, बस सिलाई मशीन के सामने बैठा देती हैं, कि सियो घर भर के डस्टर और पाजामे।’’

‘‘तूने मुझे नहीं बताया?’’

‘‘क्या बताती, तू तो पहाड़ी घोड़े की तरह कूद-कूदकर चलती थी। तेरी समझ में क्या आता।’’

‘‘अब बता इस नयी तबालत का क्या करना है। अन्तर्वस्त्र कहाँ से लायें।’’

‘‘एक मिनट। मैंने मम्मी को खरीदते देखा है, डेढ़ रुपये की आती है। अपन दोनों डेढ़-डेढ़ रुपया जुटा लें तो बाज़ार चलें।’’

डेढ़ रुपया जुटाना कोई मुश्किल काम नहीं था। मुश्किल थी गोपनीयता। इस खरीदारी के लिए उन दोनों ने दोपहर का एक ऐसा वक्त चुना जब सडक़ पर ज्यािदा भीड़ न हो और उन्हें कोई दुकान की सीढिय़ाँ चढ़ते न देखे।

आपस में दोनों ने तय किया था कि ऐसी दुकान पर चलें जहाँ सेल्सगर्ल हो। बाज़ार में ऐसी कोई दुकान थी ही नहीं। फिर लड़कियों ने कहा, ‘‘चलो ऐसी जगह चलें जहाँ बुज़ुर्ग सेल्समैन हो।’’ ऐसी भी कोई दुकान नहीं मिली। अन्त में वे एक ऐसी दुकान की सीढिय़ाँ चढ़ गयीं जहाँ कोई ग्राहक नहीं था और सेल्समैन बूढ़ा तो नहीं पर अधेड़ ज़रूर था। अन्दर पहुँचकर कान्ता ने मनीषा को कोहनी मारी, ‘‘तू बोल।’’ मनीषा क्या बोलती। पता ही नहीं था अन्तर्वस्त्र की खरीदारी कैसे करते हैं, क्या बोलना पड़ता है।

सेल्समैन ने कुछ भाँपकर कहा, ‘‘कहिए, क्या दिखाएँ ब्रा, पैंटी या रूमाल?’’

मनीषा ने तुरन्त अनजान बनते हुए कहा, ‘‘हाँ, वह क्या कहते हैं, रूमाल दिखाइए।’’

कान्ता आँखों ही आँखों में मनीषा को घुडक़ रही थी पर मनीषा पूरी एकाग्रता से रूमाल देखने लगी। चार-चार आने में कैमरिक के सुन्दर रूमाल मिल रहे थे।

मनीषा ने चार खरीद लिये। एक रुपया चुकता कर दुकान से चल दी। पीछे-पीछे गुस्से से लाल-पीली कान्ता पैर पटकती, सीढिय़ाँ उतरी।

कान्ता ने बिगडक़र कहा, ‘‘अब स्कूल इंसपेक्शन पर तेरे रूमाल पहनकर जाएँगे क्या?’’

‘‘तो क्या करती! सेल्समैन के बोलते ही मैं इतनी घबरा गयी। कैसे आँखें फाड़-फाडक़र हमें देख रहा था!’’

कान्ता के पास उसका डेढ़ रुपया सुरक्षित था।

मनीषा बोली, ‘‘अगली दुकान चलकर तेरे लिए तो ब्रा ले लें। मेरी देखी जाएगी।’’

‘‘क्या देखी जाएगी?’’ कान्ता भडक़ी।

‘‘मैं मम्मी या दीदी की पहन लूँगी।’’

‘‘हाफक्रैक है तू। कोई किसी की ब्रा नहीं पहन सकता। सबकी अपनी अलग होती है।’’

तभी दिमाग में बल्ब जला।

कान्ता का।

उसे याद आया रोज़ शाम पाँच बजे उसकी कॉलोनी में एक ठेलेवाला आता था। उसके ठेले पर रोज़मर्रा की ज़रूरत की हर चीज़ उपलब्ध रहती—किताब, कॉपी, पेन्सिल, पेन से लेकर कद्दूकस और नींबू निचोडऩी तक। एक कोने में वह फ्रॉक के कपड़े, सलवार-सूट और होजियरी का सामान भी रखता। वहीं कुछ पतले गत्ते के डब्बे भी लगे रहते। कान्ता को लगा ज़रूर ये डब्बे अन्तर्वस्त्रों के होंगे तभी उसके ठेले पर लड़कियों और स्त्रियों की इतनी भीड़ जमी रहती। रामलाल का ठेला पूरी कॉलोनी में मशहूर था। होता यह था कि वह एक के अहाते में ठेला खड़ा करता। कुछ देर में आस-पास के घरों के बच्चे-बच्चियाँ, लड़कियाँ, स्त्रियाँ सब वहीं इकट्ठी हो जातीं। एक उत्सव-सा होता उसका आना। वहाँ सब जनी एक-दूसरे का हाल पूछतीं और सौदा देखतीं। रामलाल मुस्कराकर अपना टेढ़ा दाँत दिखाते हुए कहता, ‘‘देख लो, देख लो, देखने का कोई दाम नहीं लगता।’’

छोटे बच्चे एक रबर या एक पैकेट च्यूइंगम खरीदकर खुश हो जाते। लड़कियाँ नेल पॉलिश, लिपस्टिक के डब्बों की तरफ़ हसरत से देखतीं। सौदेबाज़ी में गृहणियाँ हावी रहतीं क्योंकि उन्हीं की अंटी में पैसे होते।

वैसे कान्ता को ठेलेवाले से सामान लेना पसन्द नहीं था। ठेले की सीमित सामग्री में बाज़ार घूमने की उत्तेजना कहाँ! पर अन्तर्वस्त्र खरीदने के लिए गोपनीयता और विश्वसनीयता भी चाहिए थी।

साढ़े चार बजे शाम, हाथ-मुँह धोकर मनीषा ने अपनी साइकिल अभी बाहर रखी ही थी कि माँ की घुडक़ी सुनाई दी, ‘‘इत्ती धूप में कहाँ जाना है। यह नहीं कि घर में बैठकर पढ़े-लिखे। तू जा रही है तो बाहर से कपड़े कौन उठाएगा?’’

रोज़ साढ़े चार बजे, पिछवाड़े की रस्सी से, सूख रहे कपड़े उठाना मनीषा का काम था।

मनीषा ने खुशामदी आवाज़ में कहा, ‘‘नाराज़ क्यों होती हो मम्मी। मैं अभी उठा देती हूँ।’’

उसका रोज़ का एक खेल यह था कि वह बाकी सारे कपड़े कन्धे पर डालकर लाती पर मम्मी और दीदी के अन्तर्वस्त्र फुटरूलर या किसी डंडी पर लटकाकर लाती और अन्दर आकर चिढ़ाती, ‘‘यह किसकी ऐ ऐ है?’’ मम्मी और दीदी लपककर अपने कपड़े पकड़तीं और कहतीं, ‘‘जब तू पहनेगी न, तब हम बताएँगे।’’ आज यह खेल नहीं हुआ तो माँ ने अचरज से मनीषा की तरफ़ देखा, ‘‘आज तो बड़ी सिधाई से कपड़े उठाये हैं।’’

‘‘साइन्स कॉपी लेनी है, दो रुपये दो।’’ मनीषा ने कहा।

‘‘अभी कल तो तूने डेढ़ रुपया लिया था।’’ माँ ने त्योरी चढ़ाई।

‘‘उसके मैंने रूमाल ले लिये। मेरे रूमाल फट गये थे।’’ मनीषा ने कहा।

मम्मी ने मुँह-ही-मुँह में बड़बड़ाते हुए पर्स से दो का नोट निकाला।

जब मनीषा रेलवे कॉलोनी पहुँची, पाँच बजने ही वाले थे। कान्ता ने मनीषा के लिए दूध में बर्फ और रूहअफ़ज़ा शर्बत डालकर अपनी तरह का मिल्कशेक बनाया। उसने एक प्लेट में बेसन के मोटे सेव रखकर कहा, ‘‘ले पकौड़े खा।’’

मनीषा हँसने लगी, ‘‘हर बात उलटी बोलती है, ये पकौड़े कहाँ हैं, ये तो सेव हैं।’’

‘‘हमारे पंजाब में इन्हें पकौड़े ही बोलते हैं।’’

सेव बहुत स्वादिष्ट थे, उनमें साबुत काली मिर्च और धनिये के दाने पड़े हुए थे।

कान्ता ने खिडक़ी से बाहर झाँका।

रामलाल का ठेला, बगल के अहाते में चार नम्बर की मिसेज़ खान के घर के सामने खड़ा था।

‘‘चलो वहीं चलते हैं।’’ कान्ता ने मनीषा को साथ लिया।

ठेले पर जैसे ही जरा उछीड़ हुई कान्ता ने रामलाल से धीरे से कहा, ‘‘लेडीज़ वाली बनियान दिखाना।’’

‘‘कौन से नम्बर की?’’ रामलाल ने पूछा।

वे क्या बतातीं। कभी नापा ही नहीं था। यह पहली बार का अनुभव था।

मनीषा ने अक्ल से काम लिया, ‘‘सबसे छोटी।’’

रामलाल ने दो पतले, चपटे डब्बे उन दोनों की तरफ़ बढ़ा दिये, ‘‘ट्राइ कर लो बेबी लोग।’’

समस्या यह थी कि इन्हें कहाँ, कैसे ट्राइ करके देखा जाए।

मिसेज़ ख़ान उनकी मुश्किल ताड़ गयीं। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे बाथरूम में ट्राइ कर लो न।’’

उनके घर के दो बेडरूमों में दो बाथरूम थे।

किसी तरह तनियों, हुकों और इलास्टिक के पेचीदा व्याकरण को समझकर जब मनीषा ने ब्रा पहनी तो पता चला कि यह सबसे छोटा नम्बर यानी 26 भी बहुत बड़ा है। उसे उतारकर उसने अपने कपड़े वापस पहने। मनीषा बाहर निकली, यह सोचती कि कान्ता भी अन्तर्वस्त्र नापास कर चुकी होगी। पर वह तो प्रसन्न खड़ी थी।

‘‘एकदम ठीक है।’’ उसने घोषणा की।

मनीषा ने ठेलेवाले से कहा, ‘‘और छोटी वाली नहीं है।’’

‘‘जीरो साइज़ नहीं आती।’’ रामलाल ने कहा और पैकेट वापस रख लिया।

कान्ता ने उसे डेढ़ रुपया दे दिया।

मनीषा ने तय किया वह वही अपनी रोज़ वाली शमीज़ पहनकर जाएगी, प्रिंसिपल को जो सज़ा देनी है, दे। कह देगी उसका साइज़ बनता ही नहीं है।

अगले दिन स्कूल का पहला दिन था। पहनना तो सबको यूनिफॉर्म ही था पर हर लडक़ी की सजधज निराली थी। किसी ने यूनिफॉर्म के साथ कैमरिक का ब्लाउज़ पहना हुआ था तो किसी ने लिनिन का। हर लडक़ी का सीने का उभार, नये अन्तर्वस्त्रों में विशाल लग रहा था, उनमें गर्व का अहंकार था। मनीषा जैसी दो-चार मरियल-करियल लड़कियाँ थीं जो अपने पिछले साल के यूनिफॉर्म और अन्तर्वस्त्रों में नज़र आ रही थीं।

लेकिन प्रिंसिपल तो उस दिन आयी ही नहीं। उन्हें आई.सी.एस.ई. बोर्ड की मीटिंग में भाग लेने मुम्बई जाना पड़ा। कई लड़कियों की जान में जान आयी। कुछ लड़कियों के अन्तर्वस्त्र पुराने, मटमैले या बेढंगे थे, उन्हें डर था कि प्रिंसिपल उन्हें कसाई की तरह भँभोड़ेंगी और किचकिचाएँगी। कुछ लड़कियों की समस्या यह थी कि उन्होंने छुट्टियों में अपने कान छिदवा लिये थे। स्कूल का नियम था कि कोई छात्रा या शिक्षक नाक या कान में कोई आभूषण पहनकर न आये। अगर लड़कियों की हथेली पर मेंहदी दिख जाए तो उन्हें सज़ा मिलती थी। स्कूल को उत्सव और शृंगार से बेहद चिढ़ थी। मिसेज़ भरूचा, मिस पावरी, मिस दस्तूर और मिसेज़ कोठावाला इतनी गोरी थीं कि उनका रंग ही उनका आभूषण था लेकिन छात्राओं में तो केवल दस प्रतिशत पारसी थीं, बाकी उत्तर या मध्य भारत की थी जिनके परिवारों में पर्व-त्यौहार, मेले-उत्सव के अनुष्ठान पारम्परिक तरीके से मनाये जाते। ऐसे परिवारों की लड़कियों को स्कूल जेलख़ाना लगता। वे सोचतीं कब हम सीनियर सेकेंडरी लेवल इम्तहान ख़त्म करें, कब हमें यहाँ से छुटकारा मिले।
 
39

प्रतिभा अग्रवाल न जाने कब टीनएजर से सीधी वयस्क हो गयी। यह परिवर्तन नृत्य-भारती संस्थान आते-जाते हुआ या वाडिया कॉलेज आते-जाते अथवा यह युवा-समारोह में जाकर हुआ, इसकी पड़ताल करना बेहद मुश्किल था लेकिन यह एक बेहद जटिल स्विचओवर, बहरहाल, हो गया।

अभी तक जो लडक़ी अपने पापा की हर बात को एक भक्त की दृष्टि से देखा करती अब नास्तिक की दृष्टि से देखने लगी। कवि दफ्तर से आकर दफ्तर के कारनामे सुनाता, प्रतिभा कन्नी काटकर अपने कमरे में चली जाती। रातों में वह फुस-फुस मनीषा को बताती, ‘‘पता है मुन्नी, पापा को दफ्तर के लोग ज़रा भी पसन्द नहीं करते। उन्होंने प्रोड्यूसरों का जीना हराम कर रखा है। मुझे निसार सर ने बताया, जितना मैं रेडियो स्टेशन पर तबला बजाकर कमा रहा हूँ इससे तिगुना मैं घर बैठे कमा लूँगा।’’

‘‘वह कैसे?’’

‘‘बड़ी-बड़ी नृत्यांगनाओं के शो होते रहते हैं। वे मुँहमाँगे दामों पर तबला संगतकार बुलवाती हैं। अपने साजिन्दों को विदेश तक ले जाती हैं। नाच की जान तबले में बसी होती है।’’

‘‘बोल और गाने में नहीं होती।’’ मनीषा पूछती।

‘‘थोड़ी-थोड़ी सबमें होती है पर सबसे ज्याछदा तबले में।’’

‘‘निसार सर पापा की बुराई क्यों करते हैं?’’

प्रतिभा बुरा मान जाती, ‘‘वे बुराई थोड़े ही करते हैं। वे सचाई बताते हैं। आकाशवाणी में प्रोग्राम का जिम्मा प्रोड्यूसरों का है। संगीत के प्रोड्यूसर नगेन्द्र गौतम अच्छे आदमी हैं पर पापा उनके ऊपर अफ़सरी झाड़ते हैं, कहते हैं तीन महीने का प्लान बनाकर मीटिंग में पेश करो, फिर लाल पेन से उनके कागज़ों पर निशान लगा देते हैं कि इस कलाकार को हर बार क्यों ले रहे हो, उस कलाकार को क्यों नहीं लिया? अगर कोई बड़ी कलाकार स्टूडियो में आ जाय तो खुद जाकर कंट्रोलरूम में बैठ जाते हैं।’’

मनीषा समझ न पाती कि इन बातों में बुराई क्या थी। बहन से झगड़ा न हो जाय इसलिए वह उसके कमरे से हट जाती। मनीषा जानती थी कि पापा रेडियो में प्रोग्राम प्रसारण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं कर सकते। वे कहते, ‘‘मेरे पद का नाम है प्रोग्राम एक्ज़ीक्यूटिव यानी कार्यक्रम को कार्यान्वित करनेवाला। रेडियो में कोई भी प्रोग्राम मुझसे ओके करवाये बग़ैर नहीं जाएगा।’’ केन्द्रनिदेशक चावला कविमोहन को बोलने देते क्योंकि वे उनकी योग्यता से प्रभावित थे। वे कहते, ऐसा आदमी रेडियो को बड़ी मुश्किल से मिलता है जिसे प्रशासन और प्रोग्राम दोनों की समझ हो।

ऑल इंडिया रेडियो का नाम आकाशवाणी अब ज़ोर पकड़ गया था लेकिन जनता के बीच में अभी भी रेडियो स्टेशन नाम ही चलता। धीरे-धीरे सूचना और प्रसारण मन्त्रालय ने रेडियो में प्रोड्यूसर-स्कीम लागू कर दी। उच्चस्तरीय बैठक में यह तय किया गया कि प्रोग्राम की देखभाल और प्लानिंग का काम विषयगत विद्वानों को सौंपा जाए। यह किसी ने नहीं सोचा कि क्या विद्वानों को रेडियो जैसे तन्त्र की अभियान्त्रिकी का ज्ञान है। वरिष्ठ साहित्यकारों, संगीतकारों और कलाकारों की प्रोड्यूसर पद पर नियुक्तियाँ की गयीं।

बुद्धिजीवियों के बीच इस सरकारी क़दम का व्यापक स्वागत हुआ। लेकिन रेडियो के वरिष्ठ अधिकारियों को काफ़ी तकलीफ़ हुई।

प्रोग्रामों का रचनात्मक पक्ष अब पूरी तरह से प्रोड्यूसरों के हाथ में चला गया। अफ़सरों के जिम्मे महज़ दफ्तर का अनुशासन रह गया।

अनुशासन कवि की जीवन-शैली बन गया था। पर वह अनुशासन के बटन कई बार ज़रूरत से ज्यासदा कस देता।

काम करनेवाला बिलबिला उठता।

ननकू ऐसे ही एक दिन चला गया। पचास साल का अधेड़ नौकर। रात में बिस्तर पर उसने चादर बिछायी। कवि वहीं खड़ा था। उसने कहा, ‘‘चादर टेढ़ी बिछी है।’’ ननकू ने दायें-बायें खींचकर चादर सीधी की। कवि ने कुछ ज़ोर से कहा, ‘‘अभी भी टेढ़ी है।’’

‘‘हमसे नहीं होता,’’ कहकर ननकू अन्दर जाने लगा। कवि ने उसे कन्धे से पकडक़र धमकाया, ‘‘कान पकडक़र उठक-बैठक लगा और बोल अब से चादर टेढ़ी नहीं बिछाऊँगा।’’

ननकू ने कान तो पकड़े पर कुछ बोला नहीं। रोनी सूरत लिये वह आँगन में आ गया। सुबह जब घर के लोग उठे, देखा पीछे का दरवाज़ा उढक़ा हुआ है और ननकू ग़ायब है।

इन्दु को बहुत तकलीफ़ हुई। डेढ़ साल पुराना, घर का काम सीखा हुआ नौकर एक रात में काम छोड़ गया। पर कवि को कोई अफ़सोस नहीं हुआ। बोले, ‘‘गलती उसकी थी, मेरी नहीं।’’

बेटियों पर भी उनका अनुशासन बहुत कठोर था। दरअसल कवि को हर समय एक ही धुन सवार रहती, दूसरों के निर्माण और सुधार की। गर्मी की लम्बी छुट्टियों में वे बच्चों को कभी दोपहर में सोने की छूट नहीं देते। वे सुबह ही उन्हें कोई मोटी-सी किताब पकड़ा देते, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद या पंडित नेहरू की आत्मकथा और कहते, ‘‘इसका एक चैप्टर पढक़र याद करना, मैं ऑफिस से आकर पूछूँगा।’’ मनीषा को महापुरुषों की आत्मकथाओं या जीवनियों से वितृष्णा उसी उमर से शुरू हुई थी। कभी इन महापुरुषों के संघर्ष-काल में वह कोई तारीख़ भूल जाती तो पापा तुरन्त होमवर्क दे देते, ‘‘चलो, यह चैप्टर तीन बार लिखकर दिखाओ।’’

सख्ती का आलम ऐसा था कि रोज़ बेबी जो पूना में रोहिणी भाटे के स्कूल में कत्थक सीख रही थी, उससे कहा जाता, ‘‘दिखाओ, आज कौन-से स्टेप्स सीखे तुमने।’’

घर का सामान बाज़ार से ख़रीदकर लाना मुन्नी के हिस्से का काम था। कॉलेज से लौटने के बाद उसका काफ़ी समय बस दौड़ते बीतता। कभी घर में बेसन ख़त्म तो कभी बिस्किट-ब्रेड। फिर बिजली का बिल, गैस सिलिंडर का इन्तज़ाम सब मुन्नी के जिम्मे। जैसे ही वह सामान लेने बाहर निकलती, कवि फुटनोट लगा देते, ‘‘देख पैसे ठीक से सँभाल और सुन रसीद ज़रूर लेकर आना।’’

मनीषा का दिमाग भन्ना जाता। यह एक हिदायत सुन-सुनकर उसके कान पक गये। सब्ज़ी ख़रीदते हुए वह सोचती, ‘पाव भर भिंडी और आध किलो बैंगन की रसीद कैसे मिले। रास्ता चलते, सौदा ख़रीदते, वापस आते वह सोचती, पापा का नाम कविमोहन नहीं रसीदमोहन होना चाहिए था। रसीद कच्ची हो या पक्की, होनी ज़रूर होती।

घर में हर रोज़ ख़र्च लिखा जाता। एक भूरे रंग का किरमिच का रजिस्टर था। उस पर खड़े हाशिये डालकर रोज़ का ख़र्च दर्ज होता। पहले कवि लिखा करते पर जब से दफ्तर का काम बढ़ता गया कवि ने यह महकमा इन्दु को सौंप दिया। इन्दु ऐसे लिखतीं : –) मिरची, =) अदरक, º) धनिया। तब रुपये-आने चलते थे। अक्सर घर में एक रुपये की सब्ज़ी आती, एक रुपये का फल। एक रुपया लेकर कवि दफ्तर जाता। एक रुपये रोज़ का दूध आता।

लेकिन रोज़ रात माँ बिस्तर पर बैठ हिसाब मिलाकर कहतीं, ‘‘बाप रे! आज तो बड़ा ख़र्च हो गया।’’

मनीषा हँसती, ‘‘माँ ज्यारदा कहाँ एक-एक रुपया ही तो ख़र्च हुआ है।’’

‘‘एक-एक कर ही तो सारे रुपये निकल जाते हैं। तेरे पापा इत्ती मेहनत करते हैं, कभी इन्हें चवन्नी का दही न खिला सकी।’’

दोनों के बीच में ऐसा प्रेमतन्तु था कि उनमें कभी विवाद या संघर्ष भी न होता।

कवि रोज़ डायरी लिखते। पहले बेटियाँ सोचती थीं कि पापा भी ख़र्च का हिसाब लिखते हैं। वे आपस में चुहल करतीं कि कैसे दो आदमी मिलकर सारा दिन ख़र्च का हिसाब लिखते हैं पर हिसाब है कि निपटने में ही नहीं आता।

बहुत बाद में पापा की एक पुरानी डायरी मनीषा के हाथ पड़ गयी। उसने जल्दी-जल्दी उसके पृष्ठ पलटे। उसमें कहीं कोई ख़र्च का हिसाब नहीं लिखा था। उसमें पापा के विचारों का गंगासागर था। उन सुभाषितों से उनके सौन्दर्यबोध, विचार-सम्पदा, बौद्धिक ऐश्वर्य और मौलिक चिन्तन का परिचय मिलता था। वे कभी आधी रात में उठकर टेबिल लैम्प जलाकर लिखते, कभी भोर में जाग जाते। वे पढ़ते, प्रतिक्रियायित होते और स्फुट विचार लिखते। उन पर किसी वाद, प्रतिवाद का प्रभाव या बन्धन नहीं था। कई बार प्रगतिवादी मित्रों ने इन्हें प्रगतिशील साहित्य गोष्ठियों में प्रतिबद्ध साथी की तरह दर्ज करना चाहा पर वहाँ जाकर वे सृष्टि के रहस्य और अलौकिक शक्तियों की मीमांसा पर भाषण झाड़ आये। जहाँ किसी तात्त्विक विषय पर शाश्वत चिन्तन होता वहाँ वे समाज की समकालीन समस्याओं पर बोलने लगते। उन्हें अपने बारे में विभ्रम बनाये रखना अच्छा लगता।

अकेले में वे इन्दु से कहते, ‘‘सरकारी आदमी को केवल अपने कर्तव्य से बँधा होना चाहिए। विचारधारा से बँधना अपने गले में चौखटा बाँधना है।’’

इसमें कहीं उनका असुरक्षा-बोध भी शामिल रहता। उन दिनों प्रतिबद्ध होने का अर्थ कम्युनिस्ट होना होता था और कम्युनिस्ट का ठप्पा लगते ही नौकरी से हाथ धोना पड़ता।

तब भी देश में लोकतन्त्र था लेकिन लोकतन्त्र के एक हिस्से को हमेशा शक की निगाह से देखा जाता था। हालाँकि माक्र्सवादी और कांग्रेसी दोनों अपनी-अपनी तरह के क्रान्तिकारी रहे थे, एक के हिस्से सत्ता आयी थी तो दूसरे के हिस्से संघर्ष। कवि से जब कोई उसकी राजनीतिक विचारधारा जानना चाहता वह टाल जाता। वह कहता यह न सतयुग है, न कलियुग, यह तो छद्मयुग है। इसमें सावधान रहना ही सबसे अच्छा है। जो हो उससे उलट प्रचारित करो तभी सुरक्षा है। वह रैक में सबसे सामने किताब रखता ‘द गॉड दैट फेल्ड’।

फिर भी दफ्तर में छोटी-बड़ी बातों पर लडऩा उसके स्वभाव का अंग था। एक बार एक संगीत-सभा में रसूलनबाई पधारीं। ऐन उस समय जब संगीत-सभा शुरू होनी थी, उनका पनडब्बा खो गया। बिना पान मुँह में दबाये, वे गाती नहीं थीं। ऐसा लगा जैसे उनका कार्यक्रम नहीं हो पाएगा। रेडियो स्टेशन में उनके पनडब्बे की ढूँढ़ मची। अन्त में दफ्तर के चपरासी, ढोंढू बुवा ने मंच के तख्तम के नीचे से उनका पनडब्बा ढूँढ़ निकाला। संगीत-सभा न होने का संकट टल गया। बनारसी पान की गिलौरी मुँह में दबा रसूलनबाई ने ठुमरी के बोल उठाये ‘बैरन भई रतियाँ’। अगले रोज़ एक पैक्स अजय श्रीवास्वत ने दावा किया कि पनडब्बा उसने ढूँढ़ा था। उसे इसका क्रेडिट मिलना चाहिए। कवि भिड़ गया। उसने कहा, ढोंढू बुवा ने जब पनडब्बा ढूँढ़ा वह वहीं था। अजय श्रीवास्तव फिज़ूल में तिल का ताड़ बना रहे हैं।

रेडियो में अजय श्रीवास्तव जैसी मानसिकता के लोगों की बहुतायत होती जा रही थी। वे काम कम और काम का शोर ज्यायदा करते। और भी दस किस्म की कमज़ोरियाँ उनमें थीं। ड्रामा विभाग में कैज़ुअल कलाकारों का शोषण शुरू से होता आया था। बेचारे कैज़ुअल कलाकार चुपचाप अफ़सरों और प्रोड्यूसरों की ज्याअदती सहते पर कहते कुछ नहीं। उन्हीं दिनों यह भी उजागर हुआ कि ड्रामा प्रोड्यूसर हर कैज़ुअल आर्टिस्ट को अपनी रंग मंडली का सदस्य बनाते हैं। इसके लिए बाकायदा गंडा-बँधवाई का अनुष्ठान होता है। कलाकार अपना एक माह का मानदेय गुरुदक्षिणा के रूप में प्रोड्यूसर को सौंपता है। महिला कलाकारों का शारीरिक-शोषण होता है। यहाँ तक कि शहर के लोग धीरे-धीरे रेडियो स्टेशन को रंडियो स्टेशन कहने लगे।

कवि शिकायत करने में ज़रा भी देर न लगाता। एक बार ड्रामा प्रोड्यूसर गिरधर पांडे कमल देसाई नाम की कैज़ुअल आर्टिस्ट का चुम्बन लेते हुए स्टूडियो में पकड़े गये। केन्द्र निदेशक मामले को दबा देना चाहते थे पर कवि ने पत्रकारों को असलियत बताकर तूफ़ान बरपा कर दिया। स्थानीय अख़बारों में कई दिन तक रेडियो स्टेशन के खिलाफ़ छपता रहा। बात मन्त्रालय तक पहुँची। केन्द्र निदेशक ने जवाबतलबी में अपनी रिपोर्ट में लिखा कि ये अफ़वाहें निराधार हैं। प्रोड्यूसर महोदय स्टूडियो में अपनी पत्नी के साथ थे, उस समय किसी नाटक की कोई रिहर्सल नहीं थी। पति अपनी पत्नी से कहीं भी प्रेम प्रदर्शित कर सकता है।

प्रोड्यूसर की निरीह पत्नी ने सारी घटना की ताईद कर दी और प्रोड्यूसर की कुर्सी बची रह गयी लेकिन शहर में मज़ाक बन गया, ‘अपनी बीवी से मुहब्बत करनी है तो रेडियो स्टेशन आइए।’
 
40

जिन दिनों कवि रेडियो स्टेशन की गतिविधियों से अघा जाता, वह अपना पूरा ध्यान किताबों में लगा देता। वह अपनी बेटियों को भी सलाह देता, ‘‘तुम लोग अपना लक्ष्य तय कर लो, साल भर में कम-से-कम सौ किताबें तुम्हें पढऩी हैं। कोर्स की नहीं, कोर्स की किताबें तो तोते पढ़ते हैं, साहित्य पढ़ो, दर्शन पढ़ो।’’

बेबी की रुचि नृत्य और संगीत की पुस्तकों में थी। मुन्नी, मनीषा, किताबों से ज्याकदा घूमने-फिरने, भाषण झाडऩे और वाद-विवाद में हिस्सा लेने में लगी रहती। कवि कहता, ‘‘देखो, किताब अँधेरे में एक लालटेन की तरह होती है, वह तुम्हारी राह आलोकित करती चलती है।’’

‘सुनीता’, ‘त्यागपत्र’, ‘परख’, ‘गबन’, ‘गोदान’ और ‘शेखर एक जीवनी’, कवि बच्चों के कमरे के रैक में रख देता और इन्तज़ार करता कि वे आकर बताएँ, ‘पापा हमने ये सब पढ़ लीं, अब और किताबें दीजिए।’

वह अख़बारों को बड़े सुथरे ढंग से जमा करता जाता। उसकी बैठक के एक कोने में अख़बार और पत्र-पत्रिकाओं के ढेर लगे रहते। वह एक पुर्जा भी किसी को छूने न देता। उसका विचार था कि इन सबका इस्तेमाल वह लेखन में उस दिन करेगा जब रिटायर हो जाएगा।

‘‘कब लिखेंगे, वक्त निकलता जा रहा है अग्रवाल साहब।’’ पाठक जी कहते।

‘‘रचना करना और कीर्तन करना एक बात नहीं है। यह नित्य कर्म नहीं, विशिष्ट कर्म है।’’ कवि कहता।

पाठक जी बुरा मान जाते। उनके यहाँ हर शुक्रवार को ज़ोर-शोर से कीर्तन होता था। उनका नन्हा पोता शिखर, कीर्तन में ठुमक-ठुमक नाचता। इस आयोजन से पाठक जी सप्ताह भर के लिए जैसे परिमार्जित हो जाते।

किताबों में लोगों की दिलचस्पी कम होती जा रही थी, यह देखकर कवि क्षुब्ध होता। वह कहता, ‘‘आनेवाले वर्षों के लिए हम मूर्खों की पीढ़ी तैयार कर रहे हैं, दस-बीस किताबों पढक़र डिग्री पानेवाले ये मूर्ख, देश को कहीं का नहीं छोड़ेंगे, ये भविष्य की पीढिय़ों को न विचार दे पाएँगे न दर्शन। किताबों के बिना लोगों के घर कितने नंगे लगते हैं। ऐसे भी घर होते हैं जहाँ टेलीफोन डायरेक्टरी के सिवा और कोई किताब नहीं होती, हॉरिड।’’

मनीषा कहती, ‘‘इस मामले में हमारा घर तो बहुत पहना-ओढ़ा लगता है पापा।’’

‘‘बिल्कुल,’’ पापा गर्व से तन जाते, ‘‘यू नेम एन ऑथर, वी हैव हिम ऑन द रैक।’’ वाकई उनकी ऊँची-ऊँची आलमारियों में शेक्सपियर से लेकर एडवर्ड एल्बी, जॉन ऑसबॉर्न और विजय तेन्दुलकर सब मिल जाते। उन्हें पता रहता, कौन किताब कहाँ रखी है। घर में अन्दर का एक कमरा ऐसा था जिसमें सिर्फ एक छोटीसी खिडक़ी थी। उसमें एक लद्धड़ पंखा लटका था जो आवाज़ ज्याकदा करता, हवा कम देता। वहीं किताबों के ऊँचे-ऊँचे रैक लगे थे। एक रैक के कोने पर झाडऩ टँगा था। कवि अपना बहुत-सा वक्त इसी कमरे में बिताते। मनीषा भी कभी-कभी इस कमरे में वक्त बिताती। उसे डिबेट के चक्कर में विवेकानन्द और राममनोहर लोहिया की पुस्तकें खखोरनी पड़तीं। वह कमरे से पसीना-पसीना जब बाहर निकलती तो झींकती हुई, ‘‘इस कमरे में एक टेबिलफैन क्यों नहीं लगा सकते हम!’’ पर पापा कहते,

‘‘अलभ है इष्ट अत: अनमोल,

साधना ही जीवन का मोल।’’

किसी छुट्टी के दिन कवि को गोष्ठी या सभा में जाना पड़ जाता। वह कहता, ‘‘बेबी, आज किताबें तू झाड़ देना।’’

प्रतिभा बिगड़ जाती, ‘‘ना बाबा, मैं उस कमरे में नहीं जाऊँगी। धूलल से मुझे अलर्जी हो जाती है। पसीने से मेरी स्किन ख़राब हो जाएगी।’’

कवि आहत हो जाता, ‘‘अच्छा मुन्नी, तू झाड़ देना किताबें।’’

फुरसत में कवि परिवार को समझाता, ‘‘यह देखो निराला की ‘अपरा’। इसमें से कोई कविता लेकर बैठो, कितने अच्छे सान्निध्य में तुम्हारा एक घंटा बीतेगा। और किताब पढऩे में कुछ ख़र्च भी नहीं होता। जितनी बार पढ़ो, कविता का नया अर्थ सामने आता है।’’

इस पुस्तक-प्रेम ने उसे समृद्ध तो किया था, उसके अन्दर तरह-तरह की काल्पनिक शंकाओं को भी जन्म दिया था। लोग जीवन से किताबों की समझ विकसित करते हैं, कवि किताबों से जीवन को तौलता-परखता। लड़कियों का रवैया देखकर कहता, ‘‘मुझे लगता है तुम लोग मुझे रीगन ओर गॉनरिल की तरह यातना दोगी। मैं ऐसा किंग लियर हूँ जिसके जीवन में कॉर्डिलिया है ही नहीं।’’

उनकी बात समझने के लिए लड़कियाँ समूचा नाटक ‘किंग लियर’ तो न पढ़तीं पर रात में चाल्र्स लैम्ब की लिखी ‘टेल्स फ्रॉम शेक्सपियर’ उठाकर ‘किंग लियर’ का सार-संक्षेप पढ़ जातीं। सुबह मनीषा पापा से उलझ पड़ती ‘‘आपने क्या समझकर मुझे गॉनरिल बनाया। आप मुझे कॉर्डिलिया नहीं कह सकते थे!’’

बिजली जाने पर इन्दु अगर मोमबत्ती हाथ में लिये दरवाज़े बन्द करती नज़र आती कवि कहता, ‘‘तुम लेडी मैकबेथ की तरह हाथ में मोमबत्ती पकड़े मत घूमा करो, मुझे इसमें षड्यन्त्र की बू आती है।’’

माँ समझती नहीं थीं इसलिए बुरा भी नहीं मानतीं। उन्होंने पति को भगवान की तरह अपने जीवन में प्रतिष्ठित कर रखा था। वे पूरे मनोयोग से उनकी सेवा में लगी रहतीं। इन्दु बड़ी अच्छी श्रोता थीं। दफ्तर से आकर कवि रेडियो की तरह चालू हो जाता, ‘‘चावला ने आज यह कहा, मैंने उस पर यह कहा। हिन्दी वार्ता के प्रोड्यूसर ने आज लिखा कि जन्माष्टमी पर ‘श्रीकृष्णजन्म’ शीर्षक वार्ता का प्रसारण हो। मैंने टिप्पणी लिखी कि द्वारिकाधीश मन्दिर की ओ.बी. के बिना जन्माष्टमी पर किसी भी वार्ता का कोई औचित्य नहीं है।’’

पापा के दफ्तर-पुराण से बेटियाँ बोर होने लगतीं। यहाँ तक कि दिन भर बजते रेडियो के प्रति भी वे उदासीन हो जातीं। कभी कोई अच्छी गज़ल या गीत सुन पड़ता तो ज़रूर कान लगा देतीं पर उनके ज़ेहन में रेडियो सिलोन एक सपने की तरह गूँजता।

प्रतिभा तो धड़ल्ले से पद्मनाभन के घर जाकर बिनाका गीतमाला कार्यक्रम सुनकर आती, मनीषा घर बैठे ही अन्दाज़ लगाती आज कौन-सा गाना किस पायदान पर होगा। प्रतिभा के पास गानों की एक मोटी कॉपी थी जिसमें फिल्मी, ग़ैर-फिल्मी गीत लिखे हुए थे।

पड़ोस के पाठक जी आयकर अधिकारी थे। वे कवि के महकमे को ज्याकदा अहमियत नहीं देते। उन्हें लगता था कि आयकर-विभाग देश की नब्ज़ है। वे छुट्टी की सुबह बरामदे में दिख जाते। हलो, कैसे हैं की औपचारिकता के बाद वे कहते, ‘‘अब तो इंडिया में टेलीविज़न भी आ रहा है। अग्रवाल साहब आप रेडियो वाले अब क्या करोगे। कोई नहीं सुनेगा रेडियो। अपने लिए प्रसारण करते रहो आप!’’

कवि कहते, ‘‘पाँच साल और बूढ़े हो जाओ, तब पूछूँगा, भई रेडियो अच्छा है या टी.वी.। कुर्सी पर उठंग बैठकर देखना पड़ता है टी.वी.। आँखें अलग चौपट। रेडियो का क्या है, बैठकर सुन लो, लेटकर सुन लो। घूमते हुए सुन लो; काम करते हुए सुन लो। तुम बाथरूम जाओ तो यह बाथरूम चला जाएगा, तुम पाखाने जाओ तो पाखाने। रेडियो के समाचार-वाचकों का उच्चारण देखो, विश्वस्तर का होता है। आपके दूरदर्शन की क्या नाम है आसमां सुलतान एक ल$फ्ज़ भी सही नहीं बोल पाती, प्रधानमन्त्री को पदानमन्त्री कहती है।’’

पाठक जी निरुत्तर हो जाते। वे अपने घर प्रस्थान कर जाते।

मनीषा कहती, ‘‘पापा आप तो घर आये के एकदम पीछे पड़ जाते हैं। आखिर हर एक को अपना मत रखने का हक़ होता है।’’

‘‘यह मत नहीं मतिभ्रम है, मेरी बातों में दख़ल मत दिया कर।’’

मनीषा अब तक चश्मा लगाने लगी थी और अपने चश्मे से चीज़ों को देखना भी सीख रही थी।

यह वह समय था जब वह अपने माता-पिता और बहन की खूबियों-खामियों से परिचित हो रही थी। इसीलिए उस दिन उसे कोई ज्याथदा ताज्जुब नहीं हुआ जब बी.ए. उत्तीर्ण करने के तुरन्त बाद प्रतिभा ने एक रात घर में घोषणा की, ‘‘मैं बहुत जल्द निसार सर के साथ बम्बई जा रही हूँ।’’

कवि एकदम से बौखला गया, उसने कहा, ‘‘क्या कहा, ज़रा फिर से तो कहना।’’

प्रतिभा ने दूनी हिमाकत से दुहराया, ‘‘विश मी लक पा, मैं अपने पहले मॉडलिंग असाइनमेंट पर निकल रही हूँ।’’

माँ ने उबलकर पूछा, ‘‘वह मियाँ भी साथ जा रहा है?’’

‘‘ऐसे मत बोला करो माँ, निसार सर बहुत बड़े कलाकार हैं। विज्ञापन-जगत् में उनकी बड़ी पहुँच है।’’

‘‘उस बदमाश को मैं कल ही ठिकाने लगाता हूँ। एक मेरा ही घर मिला है उसे बिगाडऩे को।’’ कवि चिल्लाया।

‘‘उन्होंने कुछ नहीं किया। वे तो मेरी मदद कर रहे हैं। आपने मुझे पहले जाने नहीं दिया। देखिए उनके मार्गदर्शन में वैजू और सुनयना कितनी तरक्की कर गयीं।’’

‘‘क्या तरक्की कर गयीं। बी.ए. हुआ उनका।’’ कवि ने पूछा।

‘‘दोनों ने अपनी डांस अकादमी खोल ली। बी.ए. की डिग्री का वे क्या करतीं।’’

‘‘तेरा कहने का मतलब पढ़ाई-लिखाई का कोई मतलब नहीं है?’’

‘‘कर तो लिया मैंने बी.ए. इससे क्या होता है। इन्सान के पास हुनर होना चाहिए।’’

‘‘तुझे दुनिया में यही हुनर दिख रहा है कि तू मॉडल बन जाय। यह अकल का नहीं शकल का धन्धा है।’’ माँ ने कहा।

‘‘इतनी फूहड़ सोच है आपकी माँ। किसी भी कला को इतना मत गिराइए।’’

कवि ने डाँटकर सबको चुप किया। गम्भीर स्वर में उसने कहा, ‘‘देख बेबी, उस आदमी के साथ तो मैं तुझे हरगिज़ नहीं जाने दूँगा। लोग कहेंगे अग्रवाल साहब की लडक़ी एक तबलची के साथ भाग गयी। हाँ, अगर वह विज्ञापन कम्पनी, यहीं, पूना आकर तेरा फोटो सेशन करे तो मैं विचार करूँ।’’

‘‘पापा आप निसार सर को तबलची कहकर उनकी बेइज्ज़ती कर रहे हैं। वे इतने नामी तबला-कलाकार हैं। जो आप समझ रहे हैं, वह सब गलत है। सर बाल-बच्चेवाली जिम्मेदार आदमी हैं। वह सिर्फ मेरे कैरियर की फिक्र में जा रहे हैं।

‘‘फिर भी लोगों को यह सब क्या पता? तू खुद सोच, इस बात का आशय क्या निकलता है?’’

‘‘मैं लोगों की परवाह नहीं करती। लोग हमारे किस काम आते हैं!’’

‘‘बेवकूफ़ है तू। समाज के बिना व्यक्ति की कोई जगह नहीं होती। समाज में आज भी विवाह से पहले लडक़ी का घर से बाहर चला जाना अपचर्चा का कारण बनता है।’’

‘‘पापा आपकी बातें असंगत हैं। वैसे तो आप बड़े मॉडर्न, क्रान्तिकारी बनते हैं। क्या मैं मानूँ आपकी समस्त शिक्षा-दीक्षा गलत निकली।’’

‘‘बेबी,’’ पापा ने धमकाया, ‘‘तू बड़-बड़ किए जा रही है। जिसे तू बड़ा भारी कैरियर मान रही है वह कुछ नहीं सिर्फ ऐय्याश लोगों का, लड़कियों को बहकाने का बहाना है।’’

‘‘एक ग़ैर जाति के लफंगे के साथ तुझे कैसे जाने देंगे हम, चुपचाप घर बैठ, टांग तोड़ दूँगी तेरी।’’ माँ ने आखिरी चेतावनी दी।

‘‘दरअसल रोहिणी भाटे, नगेन्द्र गौतम, कुमार साहब जैसे मठाधीशों ने निसार अहमद को सिर चढ़ा रखा है। मैं अबकी इसका कॉन्ट्रेक्स कैंसिल करवाकर छोड़ूँगा।’’

‘‘आपसे ऐसी ही घटिया बात का खटका था। मुझे सर ने पहले ही कहा था ऐसा आप करेंगे। ठीक है वे मेरे संग नहीं जाएँगे। यहीं बैठे फोन से सारा इन्तज़ाम कर देंगे पर पापा मैं अब यहाँ नहीं रहूँगी। आपका यह एम.ए. डी.फिल. वाला रास्ता मैं नहीं चलूँगी।’’

‘‘तो तू रोहिणी भाटे का नृत्य-भारती जॉयन कर ले। नाच सिखाने की तेरी इच्छा पूरी हो जायगी।’’

‘‘यह आप तय नहीं करेंगे पापा, मैं क्या करूँगी।’’

‘‘तेरे अच्छे के लिए ही कह रहे हैं पापा।’’ माँ ने कहा।

‘‘पापा आप हमें कठपुलती समझते हैं, जैसे मर्जी घुमा दिया, जैसे मर्जी नचा दिया। बनाओ आप मुन्नी को, जो बनाना है। मुझे मेरे हाल पर छोड़ दो।’’ प्रतिभा सारे घर को आक्रोश और असन्तोष में फनफनाता छोड़ अपने कमरे में चली गयी।

क्रान्ति का बिगुल बज चुका था। अपनी-अपनी जगह मोर्चे तन गये। मनीषा को मध्यस्थ की भूमिका निभानी थी। उसके या कोलीन के हाथ प्रतिभा के कमरे में नाश्ता, खाना भिजवाया जाता। एक-दो बार मनीषा ने दबे स्वर में दीदी को समझाया, ‘‘दीदी तुम एक बार जाकर पापा को सॉरी बोल दो। इतने दिनों से पापा न सोये हैं, न खाना खा रहे हैं, बस सिगरेट पिये जा रहे हैं। तुम्हें उनका कोई ख़याल नहीं!’’

प्रतिभा ने भभककर कहा, ‘‘उन्हें मेरा ख़याल है? उन्हें जो प्रयोग करना है अपनी जिन्दगी से करें।’’

मनीषा पापा को समझातीं, ‘‘पापा आप इतना सोचना छोड़ दीजिए। आप कोई नयी किताब प्लान कीजिए, आप कोई नयी किताब पढ़िए।’’

जवाब माँ देतीं, ‘‘तुम बेटियों ने बड़ा इन्हें पढऩे-लिखने लायक छोड़ा है न।’’

माँ से बात करना मनीषा को गवारा नहीं। उनमें तर्क नहीं है, बस तेवर और ताने हैं।

एक दिन सवेरे कोलीन प्रतिभा बेबी के कमरे में नाश्ता लेकर गयी तो हड़बड़ाई हुई वापस प्लेट लेकर आयी, ‘‘बेबीसाब अपने कमरे में नहीं हैं।’’

सब उस कमरे में लपके। वहाँ मेज़ पर किताब से दबाया हुआ छोटा-सा ख़त था जिसमें प्रतिभा ने लिखा था :

‘‘पापा मेरा इस घर में वक्त ख़त्म हो गया है। बम्बई से मुझे बार-बार बुलावा आ रहा है। मैं वहाँ, फिलहाल वैजू और सुनयना के साथ गोरेगाँव वाले घर में रहूँगी। दुखी न हों, आपका शुक्रिया।’’

घर के तीनों सदस्य चीत्कार कर उठे। कोलीन घबरा गयी। वह बोली, ‘‘क्या हुआ बेबी मेमसाब को? स्यूसाइड करने को गयी क्या?’’

इन्दु ने उसे डपटा, ‘‘बकवास मत कर। बेबी बम्बई गयी है, चिट्ठी में यह लिखा है।’’

‘‘अपना बॉयफ्रेंड के साथ?’’ कोलीन का सवाल था।

मनीषा ने होठों पर उँगली रखकर उसे चुप कराया। कमरे से कोलीन के जाते ही इन्दु भरभराकर बिस्तर पर गिर गयीं, ‘‘मेरी पली-पलाई लडक़ी चली गयी, बेबी तो मेरी जान थी।’’

कवि ने थरथराते हाथों से प्रतिभा की चिट्ठी आगे करते हुए कहा, ‘‘बीस बरस हमने इसे बताशे की तरह रखा, जवाब में यह सूखा-सा शुक्रिया थमाकर चली गयी।’’

मनीषा के अलग आँसू बह रहे थे। कवि ने उसे पुचकारकर चुप किया, ‘‘रोते नहीं हैं बेटे। बेबी अपना पता-ठिकाना बताकर गयी है। कोई पूछे, सुन लो इनी, मुन्नी, यही कहना है, बेबी भागी नहीं है, काम पर गयी है, उसे जाना ही था, वह पहले ही कह रही थी।’’

मनीषा को घपची में भरकर पापा बोले, ‘‘बेबी हैज़ चीटेड मी। बी फेथफुल टु मी मुन्नी।’’

सन्ताप के उन क्षणों में मनीषा के मन में वचनधर्मिता की उत्ताल तरंगें उठीं। पापा के सीने से सट उसने अपना सुबकता हुआ सिर हिलाया, ‘‘हाँ पापा, हाँ।’’

दुख में रात जितनी लम्बी और यातनादायक होती है उतनी ही रक्षात्मक भी। रात में समाज और परिवेश की ताकी-झाँकी से निजात मिलती है। कवि अपने अन्तर्बाह्य के अँधेरों में उतरकर सोचता रहा बेबी की परवरिश में उन लोगों से कहाँ गलती हुई। बगल के बिस्तर में जब तब करवट लेती इन्दु की हाय, आह सुनाई पड़ रही थी। धीरे-धीरे ये कराहें बन्द हो गयीं। कवि को लगा पत्नी की आँख लग गयी है। काफ़ी देर बाद ही उसे लगा जैसे इन्दु की निश्चलता स्वाभाविक नहीं है। उसने उसे हिलाया, ‘‘इनी, इनी।’’

इन्दु पर बेहोशी छायी थी। कवि ने मुन्नी को आवाज़ दी।

सोयी वह भी नहीं थी। फ़ौरन आ गयी।

इन्दु पर जब-तब बेहोशी के दौरे पड़ते थे। उसका रक्तचाप मन्द हो जाता और हाथ-पैर ठंडे पड़ जाते। मनीषा ने माँ के मुँह में कॉरामीन की बूँदें ज़बरदस्ती टपकाईं, पानी के छींटे डाले और उनके पैरों के तलवे मले। थोड़ी देर में इन्दु ने आँखें खोल दीं और बेबी-बेबी पुकारने लगीं। एक बार फिर तीनों पर रुलाई का दौरा पड़ा।

संयत होने पर कवि ने पूछा, ‘‘इन्दु, बेबी के पास रुपया-धेला कुछ है या बस यों ही चप्पल पहनकर निकल गयी!’’

इन्दु ने याद किया, ‘‘मेरे पास उसने अपने पाँच सौ रुपये जमा कर रखे थे। अभी परसों ही मुझसे माँग लिये कि मम्मी मेरे रुपये दे दो?’’

‘‘और तुमने दे दिये?’’

‘‘उसने कहा किताबें खरीदनी हैं उसे। फिर ये उसी के इनामों के पैसे थे।’’

‘‘न तुम देतीं, न वह जाती।’’ कवि पछताने लगा।

‘‘इत्ती बड़ी बम्बई में पाँच सौ रुपये पाँच घंटे भी न चलें। अकड़ू वह इतनी है कि मर जायगी, उधार नहीं माँगेगी।’’

मनीषा बोली, ‘‘जिन्होंने उसे बुलाया है, वे देखभाल भी करेंगे।’’

दफ्तर में निसार अहमद ने पहले की तरह ही कविमोहन का आदाब किया। कवि का मन हुआ एक चपत उसके चेहरे पर लगाकर पूछे, ‘‘कहाँ भगाया तूने मेरी बेटी को, बोल।’’ बड़ी मुश्किल से उसने अपना गुस्सा पिया, सिगरेट के लम्बे कश के साथ।

दफ्तर में सारा दिन कवि का मूड उखड़ा रहा। वह बार-बार घड़ी देखता, पाँच बज ही नहीं रहे थे। प्रोड्यूसरों को थोड़ा ताज्जुब हुआ कि आज अग्रवाल साहब स्टूडियो और कंट्रोल रूम में एक भी बार नहीं झाँके। उन्होंने आपस में कहा, ‘‘लगता है अग्रवाल साहब की तबीयत नासाज़ है या ऊपर से झाड़ पड़ी है कि हमारे काम में दख़लन्दाज़ी छोड़ो।’’

रेडियो स्टेशन का रिवाज़ था कि यहाँ हर नयी बात को सीधे मन्त्रालय से मिली डाँट-फटकार का असर समझा जाता। सूचना प्रसारण मन्त्री शास्त्रीय संगीत के ज्ञाता भी थे इसलिए कलाकारों के मन में विश्वास बना रहता कि वे जो भी करेंगे कलाकारों के हित में करेंगे।

कई महीनों के बाद डाक से प्रतिभा की चिट्ठी आयी। सबसे पहले पत्र-पेटी में पड़ी चिट्ठी पर मनीषा की नज़र पड़ी। चिट्ठी लेकर वह पत्ता-तोड़ अन्दर भागी।

‘‘दीदी की चिट्ठी, मम्मी पापा देखो।’’

सब बैठक में इकट्ठे हो गये।

कवि ने ख़त खोला। पूरे दो पन्नों का था। प्रतिभा ने पूरी तफ़सील से अपने फोटो सेशन और इंटरव्यू के बारे में बताया था। वह उम्मीद से भरी हुई थी कि बहुत जल्द किसी अच्छी विज्ञापन एजेंसी का उसे कॉन्ट्रेक्ट मिल जायगा। अन्तिम पंक्तियों में उसने लिखा था मम्मी आप फिक्र मत करना। यहाँ वैजू, सुनयना ने पूरी गृहस्थी जमा रखी है, बिल्कुल घर जैसा खाना मिल रहा है। मनीषा के लिए लिखा था, ‘‘मुन्नी मेरे पैर जम जाएँ तो तुझे बम्बई बुलाऊँगी। अभी चौपाटी, कमला नेहरू पार्क, मछली-घर कुछ नहीं देखा, तेरे साथ घूमूँगी।’’

कुछ देर को कवि-परिवार में आल्हाद छा गया। बहुत दिनों के बाद आज नाश्ता स्वादिष्ट लगा। कवि ने कहा, ‘‘अकल तो प्रतिभा में बहुत है पर गलत दिशा में लगा रही है। उसे यह नहीं पता मॉडलिंग में कैरियर मुश्किल से दस साल का होता है। तीस की होते ही मॉडल को बाहर का दरवाज़ा दिखा दिया जाता है।’’

इन्दु बोलीं, ‘‘उसने घर छोड़ा नहीं है। विज्ञापन का काम बम्बई में होता है इसलिए चली गयी। देखा, कैसे अच्छे से लिखी है चिट्ठी।’’

कवि एक बार और पढऩे के लिए चिट्ठी अपने कमरे में ले गया। उसके चेहरे पर अवसाद और सन्तोष के धूप-छाँही बादल मँडरा रहे थे। मन में अभी नाराज़गी बनी थी कि घर की लाड़ो-कोड़ो बच्ची, जिसे बेटे से भी ज्याददा प्यार-दुलार से पाला, सभी कलाओं में प्रवीण बनाया, न जाने किन ताक़तों के परामर्श पर विश्वास कर, अपना घर छोडऩे को प्रेरित हुई। कौन कमी थी यहाँ कि वह इतने उथले-छिछले कैरियर की तरफ़ लपकी। ये लाइन से लाइन भरी किताबों की आलमारियाँ, ये इनाम से सजे ताक उसके जीवन में ज़रा-सी भी रोशनी नहीं डाल सके।

सन्तोष था तो बस इस बात का कि शहर में किसी ने प्रतिभा की अनुपस्थिति को चरित्रहीनता से जोडक़र अपवाद पैदा नहीं किया। कवि के दुश्मनों ने भी सिर्फ इतना कहा, ‘‘अग्रवाल साब ने नसीहतें दे-देकर बच्ची को इतना सताया होगा कि वह भाग खड़ी हुई।’’

अभी प्रतिभा के बारे में मथुरा कोई ख़बर नहीं की थी कवि ने। क्या फ़ायदा, जीजी और दादाजी वैसे ही अकेले, अस्वस्थ और असहाय हैं, उन्हें एक धक्का और क्यों दिया जाय।

इन्दु ने बेबी की चिट्ठी बार-बार पढ़ी, पढ़ते हुए कभी हँसी, कभी रोयी, फिर उसने चिट्ठी अपने तकिये के नीचे दबा ली। बिस्तर पर लेटे हुए उसे धुर बचपन की बेबी दिखती रही, कैसा रूप था मेरी लाली का। कहीं बाहर उसे लेकर जाती तो लोग रास्ते पर रुककर उसे देखा करते। वह उसे जो भी रंग पहनाती वही उस पर फूट-फूटकर खिलता। उसकी दादी हर बार टोकती—‘इन्दु मैंने कित्ती बार कही छोरी को लाल रंग न पहराया कर, याय नज़र लग जाय है।’ काला, नीला, हरा, गुलाबी हर रंग पर यही नसीहत मिलती क्योंकि बाहर से लौटकर बेबी की तबीयत थोड़ी ख़राब हो जाती। कभी उसकी नाक बहने लगती, कभी आँखें आ जातीं तो कभी पेट चल निकलता। अभी छह बरस की भी नहीं हुई थी तो कवि ने उसे दो हाथों में तश्तरी थामकर नाचना सिखाया था—‘ऐ मालिक तेरे बन्दे हम, ऐसे हों हमारे करम, नेकी पर चलें और बदी से डरें ताकि हँसते हुए निकले दम।’

दादी ने तभी टोक दिया था, ‘‘यह दम निकलने वाला कौन-सा गाना हुआ। हमें इसे नचनिया नायँ बनानौ, रहने दे कवि।’’

मनीषा फूल की तरह हल्का महसूस कर रही थी क्योंकि उसके मम्मी-पापा खुश थे। वह सोच रही थी चलो दीदी ने इतना तो सोचा कि चिट्ठी लिख दे। पता नहीं क्या कर रही होगी दीदी। कौन उसके कपड़ों की तह लगाता होगा, कौन किताब पढक़र सुनाता होगा? याद तो आती होगी मुन्नी की। इस वक्त मनीषा को बहन की सिर्फ अच्छी बातें याद आ रही थीं। एक बार मनीषा के पैर में फोड़ा निकला था। पैर ज़मीन पर रखना दुश्वार था। इम्तहान के दिन थे। वह सुबह से रो रही थी मेरा पेपर छूट जायगा, मैं फेल हो जाऊँगी। प्रतिभा ने उससे कहा, ‘चल आटे की बोरी बन जा मेरी पद्दी पर, तुझे स्कूल ले चलूँ।’ मम्मी पापा हैं-हैं करते रह गये दीदी ने उसे पद्दी चढ़ाकर स्कूल पहुँचाया।

एक बार थर्ड स्टैंडर्ड में मनीषा के नम्बर थोड़े पिछड़ गये और वह अव्वल की जगह तीसरे नम्बर पर आयी। रिपोर्ट कार्ड लेकर घर जाने में उसे भय हो रहा था कि पापा मारेंगे या सज़ा देंगे। प्रतिभा उस बार पाँचवीं में फस्र्ट आयी थी। उसने अपना रिपोर्ट कार्ड मनीषा को देकर कहा, ‘‘डर मत, तू यह वाला दिखा देना, मैं तेरा वाला दिखा दूँगी।’’

यादें ज्यापदा देर सुहानी नहीं रहीं। बीच के बरसों में प्रतिभा का उसे बार-बार टोकना, रोकना और बेबात दौड़ाना भी मनीषा को भूला नहीं था। दिन में दो-चार बार उसे क्रैक (पागल) और हाफ-क्रैक (आधी पागल) कहना बड़ी बहन का शगल था। घर में प्रतिभा ऐसे रहती जैसे कमल के पत्ते पर ओस की बूँद। वह समस्त काम का बोझ मनीषा पर डाल देती कि कहीं उसके हाथ मैले-गीले न हो जायँ। यहाँ तक कि मम्मी के बीमार पडऩे पर भी वह चौके में हाथ न बँटाती। वह पापा से कहती, ‘‘पापा कोलीन को भेजकर खाना ढाबे से मँगाते हैं, मुँह का स्वाद बदल जाएगा।’’ वह यह न सोचती कि मरीज क्या खाएगा। तब मनीषा ही रसोई का रुख करती कि जैसी भी उसे आती है, मम्मी के लिए लौकी की सब्ज़ी और मूँग की दाल उबाल दे।

और अब वह मनीषा को ऐसी परिस्थिति में फँसा गयी थी जिससे निकलने की राह आसान नहीं थी। उसके ऊपर अपने आचरण की जिम्मेदारी तो अपनी जगह थी, अपनी बहन के आचरण का निराकरण भी उसे ही करना था। गुड गर्ल का खिताब हासिल करने के लिए उसे दिन-रात घर की कसौटी पर घर्र-घर्र करना था। वे जताते नहीं थे पर मनीषा को अन्दाज़ था कि उसके कॉलेज जाने और आने के वक्त का हिसाब सिर्फ घड़ी नहीं वरन् घर के लोग भी रख रहे थे।
 
41

घर से निकलने के बाद हर दिन, जीवन की पाठशाला में एक नया अध्याय जोड़ता है, यह तथ्य और सत्य पिछले एक वर्ष में जितना प्रतिभा ने जाना उतना कोई लडक़ी नहीं जान सकती। यह ठीक है कि उसे सिर छुपाने की जगह के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ा। वैजयन्ती और सुनयना ने उसे स्टेशन पर ही रिसीव कर लिया।

उसने पाया उन दोनों लड़कियों के पास गोरेगाँव के यशवन्तनगर में तीन बैडरूम का कॉटेज $फ्लैट है। उन्होंने खुले दिल से एक कमरा प्रतिभा को दे दिया। नाश्ते में साबूदाने की खिचड़ी और कॉफी मिली जो घर के खाने-नाश्ते से एकदम हटके थी। दोनों समय शकुबाई नाम की सेविका आकर खाना बना देती।

वैजू और सुनयना ने पहले दिन ही, भोजन के पश्चात् प्रतिभा पर स्पष्ट कर दिया, ‘‘हमारी अकादमी का सिद्धान्त है, ‘परिश्रम ही सफलता दिलाता है।’ सबसे बड़ी बात यह कि डांस स्कूल ही हमारी इन्कम की नींव है। तुम जिस मॉडलिंग का सपना देखकर यहाँ आयी हो, वह हमने भी करके देखी है। वहाँ बड़ी गला-काट दौड़ है, आज एक विज्ञापन मिला, फिर कहो तो छह महीने तक कुछ नहीं। कहीं विज्ञापन बनने के बाद रिजेक्ट हो जाय तो मॉडल को बेवजह मनहूस करार देते हैं। डांस स्कूल में पचास-साठ बच्चे हमेशा रहते हैं। हमारी मानो तो तुम भी इसी को अपनी जीविका समझो। जो आमदनी होगी उसका बीस प्रतिशत तुम्हारा।’’

प्रतिभा को ये शर्तें स्वीकार करनी ही थीं। उसके पास कोई और विकल्प नहीं था। मात्र एक संकल्प था कि हारे हुए सिपाही की तरह घर नहीं लौटना है।

प्रतिभा के हिस्से सुबह की कक्षाएँ आयी थीं। पहला पीरियड सात बजे, जूनियर्स का होता। छोटी, गुलगुली, गदबदी बच्चियाँ जिन्हें अभी ठीक से चलना भी नहीं आता था, आँखें मलती डांस सीखने पहुँच जातीं। कुछ तो आसपास की थीं, दो-तीन दूर की थीं जिनके पिता उन्हें छोड़ जाते। प्रतिभा को सुबह जल्द उठने का अभ्यास न था। अक्सर उसकी नींद बच्चों की कॉलबेल पर ही टूटती। एक-दो दिन बच्चे बैठे इन्तज़ार करते रहे और प्रतिभा को तैयार होकर आने में देर लगी।

वैजयन्ती ने अपने कमरे से अलार्म क्लॉक लाकर उसके कमरे में रख दी, ‘‘प्रीति डियर साढ़े छ: बजे का अलार्म सैट कर लो। आध घंटा बहुत होता है तैयार होने के लिए। तुम्हें तो निवृत्त होकर बस मुँह धोना होता है।’’

वैजू और सुनयना का रंग दबा हुआ था। वे स्नान के बाद जो मेकअप चेहरे पर चढ़ातीं, वह फिर रात को ही धुलता। प्रतिभा का गोरा भभूका रंग और तीखे नाक-नक्श खुद अपना शृंगार थे। वह नृत्य-भारती की परम्परा में सुबह सफेद सलवार-कमीज़ पहनकर तैयार होती। लेकिन सुबह जागना उसे अखर जाता। बड़ी शिद्दत से अपना घर और कमरा याद आता जहाँ वह सुबह आठ बजे तक सोती और तभी उठती जब मम्मी या कोलीन उसे चाय का प्याला थमातीं।

आखिरकार बारह तारीख़ के साथ-साथ निसार सर नमूदार हुए। अकेले नहीं। उनके साथ उल्का एडवर्टाइजिंग की पूरी टीम थी। वे सब वैजू और सुनयना को पहले से जानते थे।

इमरान ख़ान के साथ कैमरामैन नरिन्दर बेदी और रोज़ी पिंटो भी थीं जिन्होंने तय किया कि आज ही फोटो सैशन शूट कर लिया जाय। एक-दो शॉट्स उन्होंने नृत्य-मुद्रा में प्रतिभा के वहीं ले लिये और बाकी के लिए वे सब उसे लेकर आरे मिल्क कॉलोनी के हरियाले परिसर में चले गये। बेदी ने प्रतिभा को हर कोण से क्लिक किया और अन्त में कैमरा समेटते हुए बोले, ‘‘शी इज़ फेंटैस्टिक।’’

खाली होते ही प्रतिभा ने निसार सर को घेरा, ‘‘मेरे पापा कैसे हैं, आपके साथ कोई लड़ाई-झगड़ा?’’

‘‘दुखी इनसान सबसे पहले अपने आपसे लड़ता है।’’ निसार ने जवाब दिया, ‘‘जब से तुम गयी हो, अग्रवाल साब का गुस्सा भी कहीं चला गया है, एकदम चुपचाप, तुम्हारा गम पी गये लगते हैं।’’

प्रतिभा का मन भर आया, ‘‘यहाँ आकर तो मैं डांसटीचर बनकर रह गयी हूँ। यही बनना था तो पूना क्या बुरा था।’’

‘‘एक बार ब्रेक मिलने की देर होती है, फिर तुम अलग कहीं रह लेना। तुम्हारी हिफ़ाज़त करनी कौन आसान है।’’

फोटो सेशन के बाद इंटरव्यू में भी प्रतिभा ने सबको प्रभावित कर लिया। उल्का एडवर्टाइजिंग ने एक साल का अनुबन्ध किया मगर सी.ई.ओ. इमरान ने कहा, ‘‘यह प्रतिभा नाम बड़ा बेढब है, तुम्हारा नाम बदलना पड़ेगा। मॉडलिंग की दुनिया में छोटे नाम चलते हैं। तुम्हारा नाम बहार या निखार जैसा कुछ कर दें?’’

प्रतिभा ने एतराज़ किया, ‘‘बहार, निखार तो बड़े ख़राब नाम हैं।’’

निसार ने कहा, ‘‘प्रतिभा का नाम बदलने पर छोटा हो सकता है जैसे प्रीति या प्रिया। एकदम से बदल देना तो गलत है।’’

‘‘हाँ, प्रीति कुछ ठीक है, वैसे प्रीतिलता नाम की एक और मॉडल त्रिकाया में है।’’

‘‘मेरा ख़याल है कॉन्ट्रेक्ट में प्रीति अग्रवाल लिख दिया जाय। इसी नाम से इनका बैंक खाता भी खुलवाना होगा।’’ निसार ने कहा।

मॉडलिंग के कैरियर का सूत्रपात प्रतिभा के लिए सौन्दर्य-साबुन के प्रचार के लिए बनी विज्ञापन फिल्म से हुआ। वर्षों से इस्तेमाल में आ रहा था यह साबुन। हिन्दुस्तान प्रॉडक्ट्स के इस सौन्दर्य-साबुन में अब कुछ परिवर्तन किए गये थे।

न सिर्फ इसका साइज़, वरन ख़ुशबू और रंग भी बदल दिये गये। इन्हीं विशेषताओं को दर्शाता एक ज़ोरदार जिंगल था जो फिल्म की पृष्ठभूमि में बजना था।

प्रतिभा को यह करना था कि खंडाला के जल-प्रपात में इस साबुन से नहाना और हँसना था। निर्देशक की हिदायत थी, ‘‘आँखें खुली रखनी हैं, साबुन की टिकिया हाथ से न छूटे यह ध्यान रखना है और ज़रा भी झिझकना नहीं है।’’

सिर्फ एक मिनट की फिल्म थी लेकिन उसके लिए कितनी तैयारी, ताम-झाम और तकलीफ़ गवारा की गयी, यह प्रतिभा ने पहली बार देखा। यहाँ तक कि उल्का की ओर से एक डॉक्टर का भी इन्तज़ाम था कि ज्या-दा देर नहाकर यदि मॉडल को ज़ुकाम-खाँसी हो जाय तो उसका तुरन्त उपचार हो। रोज़ी पिंटो ने हर एक्शन का लिखित ब्योरा अपनी फ़ाइल में रखा हुआ था।

प्रतिभा, पिछली रात, बहुत उत्तेजित और व्याकुल रही थी। वैजू उसका हौसला बँधा रही थी, ‘‘तुम एकदम नैचुरल रहना। जैसे अपने बाथरूम में नहाती हो, वैसे ही नहाना।’’

सुनयना ने कहा, ‘‘पर टिकिया कसकर पकड़े रहना। खंडाला फॉल्ज़ का वेग इतना तेज़ होता है कि एक बार तो इनसान हकबका जाता है।’’

प्रतिभा डर गयी, ‘‘क्या खंडाला जाकर नहाना ज़रूरी है। यहाँ बाथरूम में नहीं हो सकती यह फिल्म?’’

‘‘लोकेशन का भी आकर्षण होता है। खंडाला फॉल्ज़ देखना किसे नहीं पसन्द! इस साबुन की शूटिंग पहले भी हमेशा खंडाला-फॉल्ज़ में हुई है। लकी माना जाता है यह।’’

‘‘पर मुझे तो लग रहा है मैं फँस गयी। इतने लोगों के सामने नहाने का दृश्य?’’

वैजू हँसी, ‘‘मॉडलिंग-जगत में नहाने का दृश्य प्रवेश-द्वार होता है। इसे पार कर गयी तो मॉडल बन गयी।’’

सुनयना ने कहा, ‘‘मज़ेदार बात यह कि तुम्हें तो घर में भी नहाने के लिए ठेलना पड़ता है, और अब तुम वहाँ जाकर नहाओगी तो कमाओगी।’’

‘‘कपड़ों का क्या होगा?’’

‘‘साइट पर पता चल जायगा।’’

‘‘तुम दोनों भी चलो।’’

‘‘ना बाबा, स्कूल की नागा नहीं करनी।’’

यह तो अगले दिन लोकेशन पर पहुँचकर ही पता चला इस विज्ञापन फिल्म पर ‘जिस देश में गंगा बहती है’ फिल्म का जबरदस्त प्रभाव था। प्रतिभा के जिस्म पर बिल्कुल पद्मिनी शैली में सफेद साड़ी लपेटी गयी। आये लोगों के बीच वह मन-ही-मन संकोच से सिकुड़ती जा रही थी। उसने रोज़ी पिंटो से कहा, ‘‘आप यहाँ से भीड़ को हटवा दें, हमें अच्छा नहीं लग रहा।’’ रोज़ी ने कहा, ‘‘गेट यूज्ड टु दिस। विज्ञापन-फिल्म तो लाखों लोग देखेंगे।’’

फिर भी इमरान ने ताली बजाकर भीड़ को रफ़ा-दफ़ा करने की कोशिश की।

जैसे ही प्रतिभा जल-प्रपात के नीचे पहुँची, बर्फीले ठंडे पानी के स्पर्श से उसका सर्वांग काँप गया। वह तो हमेशा गर्म पानी से नहाने की अभ्यस्त रही थी। यहाँ तक कि गर्मियों में भी वह गर्म पानी से नहाती।

एक बार को उसका मन हुआ कि इस विज्ञापन-जाल से मुक्त होकर वह वापस चली जाय पूना जहाँ घर की सुरक्षा और सुविधा उसका इन्तज़ार कर रही है। लेकिन उसने पाया कैमरा, निर्देशक, स्पॉटबॉय सब अपनी पोजीशन ले चुके हैं। वापस निकल भागने के सभी रास्ते बन्द थे।

तीन रिटेक में शॉट ओके हो गया। सितारा साबुन की टिकिया हाथ में लेकर प्रतिभा की आह्लालादपूर्ण हँसी उसके रूप और यौवन के साथ और भी रसवन्ती हो गयी। शॉट ख़त्म होने पर ही वह झरने से बाहर निकली, एक आदमी नया ड्रेसिंग गाउन लेकर खड़ा मिला। उसे जल्दी-जल्दी दो कप कॉफी पिलाई गयी।

सभी ने उसे बधाई दी कि उसने बहुत अच्छा अभिनय किया। वह सोच रही थी अभिनय कहाँ किया वह तो असल में नहा ली। संवाद तो कोई बोला ही नहीं। गूँगी गुडिय़ा की तरह बाँहों पर, चेहरे पर साबुन मला और चट्टानों से सटकर झरने की धार बदन पर पडऩे दी।

इस मूक फिल्म में आवाज़ और जिंगिल डबिंग लैब में और धार सम्पादन-कक्ष में डाली गयी। वहाँ रील तराश कर चुस्त बनाई गयी। सितारा साबुन के बारे में चार पंक्तियों की कमेंट्री भी जोड़ी गयी। इस सबके बाद उल्का के कर्मियों के साथ बैठकर सम्पादन-कक्ष में, प्रतिभा ने विज्ञापन फिल्म देखी तो औरों के साथ वह भी अपने पर फिदा हो गयी। सबने उसे बधाई दी और इमरान ने घोषित किया, ‘‘ए न्यू स्टार इज़ बॉर्न टुडे—प्रीति।’’

जल्द दो और उत्पादों की विज्ञापन-फिल्में प्रतिभा ने कीं क्योंकि इनके अकाउंट उल्का के ही पास थे। इनमें एक क्रीम विज्ञापन था तो दूसरा शैम्पू का। प्रतिभा को लगा शैम्पू की विज्ञापन-फिल्म के लिए उसे फिर नहाने का दृश्य करने को कहा जायगा पर गनीमत थी कि दोनों की शूटिंग स्टूडियो में हो गयी।

प्रतिभा अपने काम में रोज़ नये अनुभवों से गुज़र रही थी। घर में वह महसूस कर रही थी कि वैजू और सुनयना उससे थोड़ा फ़ासला रखने लगी थीं। दरअसल अपनी नयी व्यस्तता में प्रतिभा डांस क्लास को वक्त नहीं दे पा रही थी। प्रतिभा की आमदनी में यकायक इजाफा हो रहा था। उसके अन्दर नया आत्मविश्वास पैदा हो रहा था। आत्ममुग्ध तो वह पहले भी थी, जब से मॉडलिंग में उसके काम की तारीफ़ हुई वह और भी स्व-प्रेमी हो गयी। उसकी विज्ञापन फिल्म में जिंगिल-गायिका का नाम गोपनीय रखा गया था। प्रतिभा को लगता जैसे यह जिंगिल उसी ने गाया है। किशोर लडक़े-लड़कियाँ इस जिंगिल को फिल्मी गीत की तरह गाते-गुनगुनाते। ज़ेहन पर प्रतिभा का ताज़ादम, चंचल चेहरा हावी रहता। उसके व्यक्तित्व में अभी ऐसी कच्ची कमनीयता थी कि बाकी समस्त मॉडलों के चेहरे बासी और बुज़ुर्ग लगने लगे। चार महीने के अन्दर ही उसे नयी चुनौतियों और चालबाजियों का सामना करना पड़ा। रतन वाधवानी, परसिस कोठावाला, मेहर मिस्त्री, सपना सारंग विज्ञापन-जगत की जानी-मानी ए-ग्रेड मॉडल थीं। सितारा साबुन, टाटा शैम्पू और पॉण्ड्ज़ क्रीम की एड-फिल्मों से वे प्रीति नाम की इस नयी मॉडल के प्रति ख़बरदार हो उठीं। रतन ने कहा, ‘‘हू इज़ दिस चिट ऑफ अ गर्ल? क्या जानती है यह मॉडलिंग के बारे में?’’ उसके फोटोग्राफर मित्र सचिन पॉल ने बताया, ‘‘इसकी कैमरा-उपस्थिति बहुत प्रभावी है, तुम्हें दिखता नहीं है क्या?’’

प्रीति की चपलता और सौन्दर्य पेशेवर मॉडलों के लिए खतरे की घंटी बनने लगा। सितम्बर की एक शाम उल्का एडवर्टाइजिंग वालों ने ‘एम्बेसडर होटल’ में एक पार्टी रखी जिसका परोक्ष उद्देश्य बिड़ला सीमेंट का अकाउंट प्राप्त करना था और प्रत्यक्ष उद्देश्य प्रीति के प्रवेश की औपचारिक घोषणा। इस पार्टी में नगर की सभी प्रमुख मॉडल आमन्त्रित थीं। प्रतिभा को साथ देने के लिए वैजयन्ती और सुनयना को भी बुलाया गया था। कुछ पुरुष मॉडल भी आये थे जिनमें जयन्त कुकरेजा तो लगातार सितारा साबुन का जिंगिल ही गाता रहा। विवेक पसरीचा बार-बार प्रतिभा के पास आकर कहता रहा, ‘‘मैं तुम्हारे बारे में थोड़ा और जानना चाहता हूँ।’’

प्रतिभा सबसे खुलकर मिल रही थी, अपने प्रति व्याप्त सराहना पहचान रही थी लेकिन जब किसी ने उसके हाथ में विस्की का ग्लास देने की कोशिश की वह एकदम कठिन और गम्भीर हो आयी, ‘‘मैं बिल्कुल नहीं पीती, एक्सक्यूज़ मी।’’

रतन वाधवानी ने व्यंग्य से कहा, ‘‘यह तो अभी दूध पीती बच्ची है, इसे दूध पिलाओ।’’

प्रतिभा ने अपनी बड़ी-बड़ी आँखें हैरत से रतन पर टिकाते हुए कहा, ‘‘अरे आप तो बिल्कुल मेरी दादी माँ की तरह बोल रही हैं।’’

हॉल में एक ज़बरदस्त ठहाका लगा और रतन वाधवानी एकदम अपदस्थ हो गयी। उस शाम सब लोग उसे दादी माँ सम्बोधन देते रहे। वह कुढ़ती रही और प्रतिभा को खूनी नज़रों से घूरती रही।

बाकी मॉडल भी प्रतिभा के सामने फ़ीकी पड़ रही थीं हालाँकि उन्होंने चटक कपड़े पहने हुए थे। प्रतिभा ने काले रंग का साड़ी ब्लाउज़ पहना था जिस पर

सितारों का काम था। वह महफिल का चाँद नज़र आ रही थी। वैजू ने आज चुस्त सलवार-कमीज़ पहना था और सुनयना ने चनिया-चोली। सपना सारंग टॉप और स्ट्रेच पेंट्स में थी तो परसिस मैक्सी में। कोई अपनी अदा से तो कोई अपने अवयवों से पार्टी में जमने की कोशिश में थी पर पार्टी का फोकस प्रतिभा ही रही।

जैसा तय हुआ था, इस बार निसार सर जब पूना से आये उन्होंने महसूस किया कि गोरेगाँव उपनगर से कफ परेड तक आने-जाने में प्रतिभा का बहुत वक्त और श्रम बरबाद होता है। उल्का के मालिक पहले कई बार कह चुके थे कि प्रीति को कहीं आस-पास कमरा लेना चाहिए। प्रतिभा निसार सर की सलाह के बिना कोई रद्दोबदल करना नहीं चाहती थी।

‘‘हर इतवार मुझे बम्बई की दौड़ लगानी पड़ती है,’’ निसार ने कहा, ‘‘इससे तो अच्छा है मैं नौकरी दोडक़र तुम्हारा सेक्रेटरी बन जाऊँ।’’

प्रतिभा ने कहा, ‘‘सर आपके लिए तो मैनेजर की पोस्ट भी छोटी है, आप तो मेरे गॉडफादर हुए।’’

‘‘वह तो ठीक है पर तुम्हें एक बार पूना जाकर शकल दिखानी चाहिए। कितने महीने हो गये तुम्हें आये हुए।’’

‘‘डरती हूँ कहीं पापा ने गेटआउट कह दिया तो?’’

‘‘इसकी गारंटी मैं नहीं दे सकता, फिर भी घर घर ही होता है। ख़ैर, अभी तो तुम्हारा यह फ़ैशन टूअर का प्रस्ताव आया है। लैक्मे फ़ैशन वीक दिल्ली, जयपुर और लखनऊ में लाइव शो करा रहा है। पूरा प्री-पेड टूअर है। पचास हज़ार ऊपर से मिलेगा। मेरा दस परसेंट याद रहेगा न तुम्हें।’’

‘‘अरे आप पूरा रख लीजिए सर, पर मैंने तो लाइव-शो कभी किया नहीं? क्या करना होगा?’’

‘‘वहाँ बताने वाले होंगे। बस यह समझ लो कि नामी-गरामी फ़ैशन-डिज़ाइनरों की बनायी गयी पोशाकों में सजकर रैम्प पर चलना, मुडऩा और फिर चलना है; देखो ऐसे।’’ कहकर निसार ने कमर पर हाथ रखकर चलने का अभिनय किया।

वैजू सुनयना भी प्रतिभा के साथ हँसने लगीं, ‘‘कित्ती लकी है तू प्रीति, तुझे निसार सर जैसे सलाहकार मिले हैं, हमें तो अब मॉडलिंग के ऑफ़र भी मिलने बन्द हो गये।’’

निसार ने कहा, ‘‘माशाअल्ला अभी आप लोगों की उमर ही क्या है। तीस के पहले ही रिटायर हो जाओगी तो खाओगी क्या?’’

‘‘दरअसल हम इस डांस के रूटीन से बँध गयी हैं, फील्ड से हमारा कॉन्टेक्ट छूट गया।

‘‘आपको काम दिला सकता हूँ पर बीस परसेंट मेरा हिस्सा।’’

‘‘पन्द्रह का रेट है।’’ वैजू बोली।

‘‘मुझे कुछ बचता नहीं है। पूना से बम्बई तक की भाग-दौड़ काफ़ी मँहगी पड़ती है। जमता है तो बोलो मेरे पास एक टूथपेस्ट का और एक घी का प्रपोजल है। कल तक मॉडल बतानी है।’’

वैजू ने कहा, ‘‘ठीक है निसार भाई आप हमारा नाम दे दीजिए थोड़ा चेंज हो जायगा।’’

अब निसार ने बताया कि प्रतिभा को यहाँ से किसी दूसरी जगह शिफ्ट करने की बात है, गोरेगाँव ज़रा दूर पड़ता है।

‘‘काम चल निकला तो गोरेगाँव दूर लगने लगा,’’ सुनयना बोली, ‘‘प्रतिभा तुम शिकायत करती रही हो?’’

‘‘नहीं तो, मुझे तो कुछ पता भी नहीं,’’ प्रतिभा ने गर्दन हिलायी।

तय यह हो रहा था कि रोज़ी पिंटो के घर पर प्रतिभा पेइंग गैस्ट की तरह रह ले। प्रतिभा ने इस इन्तज़ाम पर थोड़ी ना-नुकुर की। रोज़ी पिंटो काफ़ी रौब वाली महिला दिखाई देती थी। उसका दोस्त बनना या उसे अपना दोस्त मानना बेढब काम था। उम्र में भी वह प्रतिभा की दोगुनी थी। उल्का के ऑफिस में लोगों ने उसे बहुत कम हँसते देखा था।

‘‘सर मैं यहीं से आती-जाती रहूँगी, रोज़ी मैम के साथ मुझे मत बाँधिए।’’ प्रतिभा ने इसरार किया।

निसार ने कहा, ‘‘दरअसल ये बातें मैंने नहीं इमरान ने तय की हैं। इस तरह वह यह भी पक्का करना चाहता है कि कोई दूसरी विज्ञापन एजेन्सी तुम्हें न ले उड़े।’’

‘‘पर मेरी मर्जी भी तो पूछनी चाहिए। मैं कॉन्ट्रेक्ट पर हूँ, कोई नौकरी पर नहीं कि वे मेरी हर बात तय करें। वैसे ये रोज़ी मैम रहती कहाँ है?’’

‘‘बान्द्रा।’’

‘‘बान्द्रा कफ परेड से बहुत पास तो नहीं है, मुश्किल से चार-पाँच स्टेशन का फर्क पड़ेगा।’’

‘‘प्रतिभा तुम समझा करो। जब रोज़ी को लेने स्टाफ कार आएगी, तुम्हें भी ले जाया करेगी। कितनी सहूलियत हो जाएगी।’’

‘‘सिर्फ आने-जाने की सहूलियत के लिए उस बोर औरत के साथ कौन रहेगा। फिर उनकी तो नौकरी है। मुझे तो कभी-कभी उल्का जाना रहता है।’’

वैजू ने कहा, ‘‘निसार भाई टाइम्स में शनिवार को ढेर विज्ञापन आते हैं पेइंग गेस्ट जगहों के। हम देख लेंगे माकूल ठिकाना। ऐसी क्या जल्दी है।’’

जगह की ढुँढ़ाई शुरू की गयी। शनिवार को दो अख़बार वे लोग और लेने लगीं। जिन जगहों में गुंजाइश नज़र आती उन पर बैजू Ö का निशान लगा देती। फोन से बात की जाती।

सोचा यह था कि किसी महिला द्वारा दिये गये पेइंग गेस्ट के विज्ञापन पर उँगली रखेंगे लेकिन सर्वेक्षण से पता चला कि आधे से ज्या दा विज्ञापन ऐसे

पुरुषों ने दे रखे थे जो पेइंग गेस्ट को अपना लिव-इन पार्टनर बनाने के इच्छुक थे। पैसे वाले, निठल्ले अमीरज़ादों का यह शगल था कि चन्द रुपयों में अख़बार में रहने की जगह का विज्ञापन छपवा दो। अगले दस-पन्द्रह दिन उनका फोन बजता रहता। कभी-कभी कोई पेइंग गेस्ट फँस भी जाता होगा। कुछ विज्ञापन पारसी और क्रिश्चियन प्रौढ़ाओं के थे जिनके पास बड़ी-सी पुश्तैनी कॉटेज़ थी और जो अपने अकेलेपन का इन्तज़ाम भी किरायेदार से करना चाहतीं। प्रतिभा ने नाक चढ़ाकर कहा, ‘‘अगर बूढ़ों के साथ ही रहना है तो रोज़ी पिंटो क्या बुरी है।’’

वैजू ने कहा, ‘‘लगता है गोरेगाँव तुमसे छूटेगा नहीं। हम जैसी जवान मकान-मालकिन तुम्हें ढूँढ़े न मिलेगी।’’
 
42

इस बार दादी के बीमार होने की ख़बर पर मनीषा मथुरा नहीं जा पायी। माँ ससून हॉस्पिटल में भरती हैं। एक हफ्ते से कोमा में हैं। कभी-कभी कराहने के सिवा उनमें चेतना का कोई चिह्न नहीं है। आठ दिन पहले रात में बाथरूम जाने के लिए इन्दु बिस्तर से उठीं तो आलमारी का कोना उनकी कनपटी में चुभ गया। वह लद्द से गिरीं, आधी ज़मीन पर, आधी बिस्तर पर। मुँह से चीख भी नहीं निकली। सुबह चार बजे कवि की आँख खुली। कुछ देर वह यही सोचता रहा कि इन्दु बाथरूम में है। बायीं करवट पर ही उसे आभास हुआ कि कोई गिरा हुआ है। उसने तुरन्त बिजली जलायी। बड़ी मुश्किल से पत्नी की शिथिल, अचेत देह बिस्तर पर की और मनीषा को जगाया।

बहुत देर तक पिता-पुत्री इन्दु के उपचार में लगे रहे। जब भी इन्दु बेहोश होतीं कोरामिन की बूँदें, गरम पानी की बोतल, ठंडे पानी के छींटे और तलवों की मालिश से उन्हें कुछ देर में होश आ जाता। लेकिन इस बार ये सारे उपचार व्यर्थ सिद्ध हुए।

आखिर सुबह नौ बजे डॉ. मेढेकर को बुलाया गया। उनकी सलाह पर ही इन्दु को ससून में दाखिल किया।

डॉक्टर का कहना है कि माँ के मस्तिष्क का स्कैन करना होगा। माँ का बार-बार बेहोश होना मिरगी के कारण हो सकता है या रक्तप्रवाह में कहीं रुकावट हो सकती है। समस्त परीक्षणों की रिपोर्ट आये बिना डॉक्टर कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं। घर में एक तरह से ताला ही पड़ गया। मनीषा माँ की परिचर्या में दिन-रात हॉस्पिटल में उनके पास है। हर तीन घंटे पर उनकी नाक में लगी नली के रास्ते पानी और फलों का रस देना उसी की जिम्मेदारी है। डॉक्टरों की टीम दिन में दो बार आकर देख जाती है। दवाओं से बस इतना फ़ायदा हुआ है कि कभी उनमें थोड़ी-सी चेतना लौटती है। इन्दु आँखें फाडक़र हॉस्पिटल के कमरे की दीवारें देखती हैं। डॉक्टर का सफेद एप्रन देखते ही यन्त्र की तरह कह उठती है ‘‘माय नेम इज़ इन्दु अग्रवाल।’’ डॉक्टरों को पूरी उम्मीद है कि वे उन्हें ठीक कर लेंगे। कवि दफ्तर से सीधा हॉस्पिटल आ जाता है। रात नौ बजे मनीषा और वह कैंटीन से मँगाकर खाना खाते हैं। दिन भर की बैठक और मानसिक तनाव से पस्त कवि तब सिर्फ सोने के लिए घर का रुख़ करता है। हॉस्पिटल में मरीज़ के पास सिर्फ एक परिचारक को ठहरने की इजाज़त है।

मथुरा से तार मिलने पर कवि बौखला गया। तार दादाजी ने दिया था—विद्यावती सीरियस, कम इमीजियेटली।

पापा का हौसला पस्त होता देख मनीषा तुरन्त आगे आ गयी, ‘‘पापा आप जाकर दादी को देखिए, मैं माँ के पास हूँ न।’’ शायद बोलते-बोलते आवाज़ में गीलापन आ गया।

कवि ने भर्राई आवाज़ में कहा, ‘‘मेरी चार पहियों की गाड़ी में दो पहिये टूट गये मुन्नी।’’

‘‘नहीं पापा आपकी गाड़ी को कुछ नहीं होगा, आप जाएँ।’’

नितान्त स्वयं पर माँ का समूचा चिकित्सा-भार लेने की अगली सुबह मनीषा का मन बेचैन हो उठा। माँ की आँखों के चारों ओर काले धब्बों का गोल घेरा बनता जा रहा था जैसे किसी ने उनके चेहरे पर चितकबरा चश्मा लगा दिया हो। जब नर्स उनकी कलाई में लगी इंजेक्शन की सुई में सिरिंज से नयी दवा उँडेलती, इन्दु अपना बायाँ पैर और हाथ बड़ी तेज़ी से पटकती। मनीषा उनके कान के पास जाकर पुकारती, ‘‘मम्मी, मम्मी।’’

इन्दु फटी-फटी आँखों से उसे देखती पर उनमें कोई पहचान न उभरती।

मनीषा डॉक्टर बंडी और सिपाहा से कहती, ‘‘मम्मी क्यों नहीं जाग रही हैं आप बताते क्यों नहीं।’’

डॉक्टर दिलासा देते, ‘‘हम पूरी कोशिश कर रहे हैं, हमें सत्तर परसेंट उम्मीद है।’’

उनके उत्तर से मनीषा तिलमिला जाती, ‘‘आपके सत्तर प्रतिशत का क्या फ़ायदा, मम्मी तो अभी भी बेहोश हैं।’’

डॉक्टर ज्याीदा बात नहीं करते। आपस में सलाह-मशविरा करते निकल जाते।

सिस्टर जूलिया बताती, ‘‘तुम इस तरह पेशेंस खोएगा तो ठीक बात नहीं। कोमा पेशेंट तो कभी-कभी एक साल, चार साल, कितने भी साल लगाता। हम देखेगा। तुम जाकर अपना काम करो बेबी।’’

मनीषा क्या करे। उसका मन ही नहीं करता उठकर बाहर जाने का। आज इतने दिनों से कॉलेज का रुख़ नहीं किया है उसने। फ्रेंच ऑनर्स की पढ़ाई इतनी आसान नहीं है कि वह क्लास से ग़ैर-हाजिर रहकर काम चला ले।

उसे बारी-बारी से कई लोगों ने हॉस्पिटल में समझाया है, कोमा के मरीज के साथ सबसे अच्छी बात यह है कि हर वक्त देखभाल नहीं करनी होती। बस हर तीन घंटे पर मुँह में लिक्विड डायट डाल दो, छुट्टी। लेकिन मनीषा को हर पल इन्तज़ार रहता है शायद माँ अब आँख खोले।

एक दिन उसकी क्लास के कुछ लडक़े-लड़कियाँ माँ को देखने हॉस्पिटल आये थे। उस कुर्गी लडक़े ने मनीषा से कहा था, ‘‘बाय गॉड, अपनी मम्मी से ज्यासदा बीमार तो तुम लग रही हो। तुम्हें क्या हो गया है। ऐसे तो एक दिन तुम डिजॉल्व हो जाओगी हवा और पानी में।’’

जिमी का लम्बा कद, भूरे बाल और भूरी आँखें मनीषा को पसन्द थीं। पूरी क्लास में बस जिमी ही उसे अच्छा लगा था। उसकी चिन्ता देख मनीषा का मन भर आया लेकिन टिप्पणी पर सोचने पर उसे लगा वह ज़रूर बहुत ऊलजलूल लग रही होगी।

सभी दोस्त थोड़ी देर में चले गये थे।

शाम को बाथरूम के आईने में अपने आपको देखकर मनीषा एक बार पहचानी ही नहीं। चेहरे की त्वचा सूखी, निस्तेज लग रही थी, बिना काजल आँखें एकदम खाली खोखल दिख रही थीं, होठों पर पपड़ी जमी हुई, कौन कहेगा यह अठारह साल की लडक़ी का चेहरा है। उसने एक बार फिर अपने को जिमी की नज़रों से देखा। उसे लगा वह लडक़ा अपनी सूची से मनीषा का नाम काट चुका होगा। रात को सोने से पहले उसने मुँह धोकर कोल्ड क्रीम लगायी। सुबह चेहरे पर कुछ चमक लौटी।

इन्दु का बार-बार चौंकना और हाथ-पाँव पटकना जारी था। इससे बिस्तर पर से उनके गिरने का काफ़ी खतरा था। सिस्टर जूलिया ने कहा, ‘‘हम केज वाले बेड के लिए मेट्रन को बोलता है, तुम कब तक चौकीदारी करेगा बेटी।’’

चारों तरफ़ लोहे के सींखचों वाला बेड लाया गया। उस पर माँ को लेटे देख पहले तो मनीषा घबराई, फिर उसने पाया यह इन्तज़ाम मरीज़ की भलाई के लिए ही था। अब कम-से-कम उनके गिरने का ख़तरा नहीं था।

कई दिनों के बाद मनीषा ने अपनी पाठ्य-पुस्तक को हाथ लगाया। पास की कुर्सी पर बैठ वह देर तक पढ़ती रही। शब्दकोश की ज़रूरत महसूस हुई जो घर पर ही छूट गया था।

शाम को जिमी और विन्सेंट मिलने आये। जिमी ने कहा, ‘‘मनीषा टर्म पेपर के लिए एडिसन का यह आलेख फ्रेंच में अनुवाद करना है। बाय गॉड, मेरे तो सिर से ऊपर की चीज़ है। तुम यहाँ बैठे-बैठे कर दो, तुम्हारी प्रेक्टिस हो जायगी।’’

टर्म पेपर के लिए हर विद्यार्थी को अलग विद्वान का आलेख दिया जाता था ताकि कोई किसी की नक़ल न करे।

थोड़ी खुशी हुई मनीषा को। उसने कहा, ‘‘शब्दकोश तुम लोग लाये हो नहीं, उसके बिना अनुवाद कैसा?’’

‘‘अरे मैं तो बहुत दूर रहता हूँ,’’ विन्सेंट ने कहा, ‘‘मेरे से उम्मीद मत रखना।’’

जिमी ने कहा, वह दे जाएगा। फिर उसने कहा, ‘‘तुम्हारे पास नहीं है?’’

‘‘है, घर में पड़ा है।’’ मनीषा ने कहा।

‘‘यों कहो तुम्हारा इरादा यहीं घर बसाने का है? क्या घर बिल्कुल नहीं जातीं?’’

‘‘कैसे जाऊँ!’’ कहकर मनीषा ने माँ की तरफ़ देखा।

जिमी ने भी उधर ध्यान दिया और कहा, ‘‘उस दिन से आंटी की तबीयत कुछ बेहतर लग रही है। उनके चेहरे पर रंगत उतर रही है।’’

मनीषा ने नज़रों से शुक्रिया अदा किया।

‘‘मैं ला दूँगा। पर आज तो नहीं, कल अगर याद रहा तो।’’

सहपाठियों को देख मनीषा की तबीयत उत्फुल्ल हो आयी। उसने बिना शब्दकोश के ही अनुवाद शुरू कर दिया। यह देखकर उसे अच्छा लगा कि वह कई वाक्य अनुवाद कर गयी।

रात को इन्दु हल्की-सी जागीं। उन्होंने करवट लेने की कोशिश की। उनका हाथ केज के सींखचे से टकराया। दो बार इसी अवरोध से जैसे इन्दु की जड़ता टूटी। उन्होंने कमज़ोर आवाज़ में कहा, ‘‘यह क्या है, इसे हटाओ।’’

मनीषा कागज़-कलम छोडक़र माँ की ओर लपकी। उन्होंने पीछे का सींखचा पकड़ा हुआ था और उसे हिलाने की निष्फल कोशिश कर रही थीं। मनीषा ने खुशी से कहा, ‘‘मम्मी, मम्मी?’’

इन्दु ने आँखें खोलीं, ‘‘यह सब किसने लगाया। मेरा बिस्तर कहाँ गया?’’

दस दिन बाद एक कायदे का जुमला माँ से सुन मनीषा इतनी खुश हुई कि रो पड़ी, ‘‘माँ तुम्हारा बिस्तर घर पर है, यह ससून हॉस्पिटल है। तुम बेहोश हो गयी थीं।’’

इन्दु ने होंठों पर हाथ फिराया, ‘‘प्यास लग रही है।’’

मनीषा ने जल्दी से उन्हें पानी पिलाया।

उसने सिस्टर को ख़बर की। सिस्टर बहुत ख़ुश हुई, ‘‘अब पेशेंट को सोना नहीं माँगता। इनसे बातें करती रहो।’’

मनीषा को लगा अगर मथुरा वाले घर में फोन होता तो वह पापा को बता देती। उसका ध्यान दादी माँ की तरफ़ गया। पता नहीं कैसी होंगी वे।

आधी रात में इन्दु को तेज़ भूख लगी। मनीषा ने जैम और डबलरोटी दी। इन्दु ने कहा, ‘‘चाय नहीं है?’’

वाह माँ तो ठीक हो गयी लगती हैं, घर में वे कभी चाय के बिना डबलरोटी नहीं खाती थीं।

कमरे में चाय का इन्तज़ाम था। मनीषा ने दो प्याले चाय बनायी।

चाय पीते ही माँ ने बालों पर हाथ फेरा, ‘‘मेरे बाल उलझ रहे हैं तू कंघी नहीं करती क्या?’’

मनीषा क्या बताती कि निश्चेष्ट पड़े व्यक्ति की कंघी वह कैसे करती।

कंघा लेकर वह माँ के बाल सँवारने लगी।

इतनी देर में इन्दु थक गयी। लेटकर उसने आँखें बन्द कर लीं। मनीषा उत्तेजित थी। उसे देर तक नींद नहीं आयी। यह तो चमत्कार ही हो गया।

सुबह के राउंड पर इन्दु के डॉक्टर और मेडिकल छात्र भी उन्हें सचेत देखकर प्रसन्न हुए। डॉक्टर बंडी ने कहा, ‘‘वी आर बैक टु स्क्वैयर वन।’’

‘‘डॉक्टर इन्हें घर कब ले जा सकते हैं?’’ मनीषा ने पूछा।

‘‘दो दिन और देख लें।’’ कहकर डॉक्टर निकल गये।

दोपहर में मोटरबाइक की परिचित गडग़ड़ सुन मनीषा ने खिडक़ी से देखा।

जिमी आ रहा था।

उसने अन्दर आकर शब्दकोश मनीषा को थमाया।

‘‘मैंने बिना इसके कर डाला।’’ मनीषा ने बताया।

‘‘अरे!’’ जिमी बोला, ‘‘यू आर अ जीनियस। आज तुम आँखों समेत हँस रही हो मनीषा।’’

मनीषा ने माँ की तबीयत बतायी।

‘‘मैंने तुम्हें पहले ही कहा था वे ठीक हो रही हैं। आंटी आपकी वैलनेस सेलिब्रट करते हैं, क्या लेंगी, कोक या कॉफी।’’

इन्दु पहले भी जिमी से मिल चुकी थीं। उन्होंने कहा, ‘‘तुम बैठो, मनीषा कैंटीन से लाएगी।’’

मनीषा उठी तो जिमी साथ हो लिया, ‘‘तीन बॉटिल कैसे पकड़ोगी?’’

कैंटीन के काउंटर पर टोकन देने के बाद वे इन्तज़ार में खड़े हो गये।

जिमी ने कहा, ‘‘मैंने सुबह इतनी गर्म कॉफी पी ली कि मेरा होंठ जल गया।’’ उसने अपना ऊपर का होंठ दिखाया। वास्तव में वह बीच में झुलसा हुआ लग रहा था।

मनीषा को रोमांच हो आया। इतने करीब से किसी लडक़े के होंठ उसने पहली बार देखे।

जिमी बीस मिनट बैठकर वापस चला। मनीषा उसे छोडऩे बरामदे तक गयी।

‘‘दो दिन में हम घर चले जाएँगे।’’ उसने बताया।

‘‘फिर तुम कॉलेज आओगी। बाय गॉड तुम्हारे बिना क्लास बड़ी बेजान लगती है।’’

‘‘सच!’’ मनीषा ने पूछा।

‘‘और क्या झूठ! ओके बाय!’’ जिमी ने हाथ हिलाया।

बहुत दिनों के बाद आज मन में कविता ने करवट ली है। खिडक़ी से चाँदनी अन्दर घुसने का जतन कर रही है। मनीषा को लगा, कल भी तो आयी थी चाँदनी, कल उसने क्यों ख़याल नहीं किया, आज ही क्यों?

जब कमरे में अँधेरा हो तब मन लिखने लगता है। इस समय तो उसे पूरी कविता आँखों के सामने लिखी दिख रही है :

कल रात चाँदनी चोरी से मसहरी में घुस आयी थी

रुपहली बाँह से अँकवार में लेकर वह थोड़ा मुस्कुराई थी

पहली बार तब मुझको लगा ऐसा

कि सोलह साल की इस उम्र के मन में

कहीं कोई बड़ी प्यारी बुराई थी।

अगर अभी उठकर नहीं लिखी तो सवेरे तक दिल-दिमाग से धुल-पुँछ जाएगी। ऐसा उसके साथ कई बार होता है। शब्द मन में साँकल की तरह बज उठते हैं, जुगनू की तरह चमक पड़ते हैं। ख़ुश होती है तो हवाओं में संगीत उतर आता है। जैसे इस वक्त ससून हॉस्पिटल के सन्नाटे में दूर कहीं रजक-बस्ती में ढोलक खनक रही है। मन की कलम आज बौरा उठी है :

कल रात किसी अँगनाई में हौले से ढोलक खनकी थी

मेरी इन निंदियल पलकों में तब याद किसी की अटकी थी

फिर सारी रात मेरी निंदिया, करवट की गलियाँ भटकी थी

अगली तुक मिलाने की कोशिश में किसी वक्त उसे नींद ने घेर लिया।

स्टेशन पर कवि उलझन में पड़ा रहा कि वह पहले हॉस्पिटल जाय या घर। दोनों की विपरीत दिशा थी।

पहले ससून हॉस्पिटल जाना ही ठीक होगा। उसने ऑटोड्राइवर को निर्देश दिया। वार्ड नं. तीन की तरफ़, गलियारे में वह बढ़ ही रहा था कि सिस्टर जूलिया दिख गयीं।

‘‘आज ही सुब्बे में आपका पेशेंट घर को गया।’’ सिस्टर ने बताया।

हताश और उदास मन में सुकून की हल्की-सी रौशनी हुई। कवि ने वापस ऑटो में बैठकर कहा, ‘‘ताड़ीवाला रोड।’’

शाम के झुकपुके में मनीषा एक पल पापा को पहचान न पायी। पैंट और कुर्ते के साथ पापा ने टोपी क्यों लगा रखी है।

बरामदे की बिजली जलाते ही उसने देखा पापा के सिर के घने काले बाल नदारद हैं।

जी धक् से रह गया।

‘‘पापा दादी माँ!’’

‘‘जीजी चली गयीं मुन्नी। तेरी माँ कैसी है?’’

‘‘ठीक हो रही हैं, कमज़ोरी बहुत है।’’

कवि के अन्दर आते ही इन्दु की झपकी टूटी।

‘‘जीजी नहीं रहीं इनी। जिस दिन मैं पहुँचा, उसके अगले रोज़, अठारह तारीख़ की रात दो बजे चली गयीं। जाने से पहले ज़रा-सा सँभाला लिया, बोलीं, बहू को नायँ लायौ? मैंने तुम्हारी तबीयत बतायी। पता नहीं वे समझीं कि नहीं। बस आँखें मूँद लीं।’’

‘‘हम उनके अन्तिम दर्शन भी नहीं कर सके।’’ इन्दु ने कहा।

कोलीन इस वक्त तक घर जा चुकी थी। इन्दु में उठने की ताक़त नहीं थी। मनीषा ने पापा का सामान सँभाला, मैले कपड़े वॉशर में डाले और खाली अटैची आलमारी के ऊपर रखी।

पापा चाय पिएँगे। लौकी माँ के लिए बनी हुई है। पापा लौकी नहीं खाते। मनीषा को आलू की सब्ज़ी बनानी आती है, वही बनाएगी।

कमरे में आते-जाते मनीषा ने देखा माँ बार-बार अपना सिर थाम रही है। इशारे से पापा को मना किया। माँ ज्यावदा बातचीत झेल नहीं पातीं। डॉक्टर ने बताया है उनके दिमाग पर बोझ न पड़े।

रात अपने कमरे में पहुँचकर ही मनीषा को फुरसत मिली कि दादी को याद करे। ताज्जुब कि दादी उसके ज़ेहन में न बीमार थीं न लाचार। उसकी दादी अपनी तरह की अलबेली स्वाधीनता सेनानी थीं, कभी देश की आज़ादी के लिए लड़ीं, कभी अपनी। अपनी शिक्षा आप ग्रहण की। सारे बन्धनों के बीच रास्ता निकाला। जैसी जिन्दगी मिली, उससे बेहतर जिन्दगी का सपना उन्होंने देखा। मनीषा जानती है दादी की याद में कहीं कोई स्मारक खड़ा नहीं किया जायगा। न अचल न सचल। उसके हाथ में यह कलम है। वही लिखेगी अपनी दादी की कहानी।
 
Back
Top