S
StoryPublisher
Guest
प्रेम की परिभाषा ( उपन्यास)
रचती है
प्रेम की परिभाषा
सदियों से जिन्दगी
काल के अनंत बियाबान में
क्या वह भी नियति है
किसी अनंत के मन की ? - मौलिक
बेचैन आदम उस नये जीव की तलाश में अपनी यात्रा पर था जिसे खुदा ने उसके शरीर से जुदा कर रच रखा था। बिना उसके वह अधूरा था।
रचती है
प्रेम की परिभाषा
सदियों से जिन्दगी
काल के अनंत बियाबान में
क्या वह भी नियति है
किसी अनंत के मन की ? - मौलिक
प्रियहरि भाग रहा था और भागता ही चला जा रहा था। लेकिन वह जितना ज्यादा भागता स्मृतियां और और करीब आ जा रही थीं। स्मृतियों से राहत पाने भटकता प्रियहरि ऊटकमंड के इस होटल के छज्जे की खिड़की पर हाथ टिकाए पर्वतों की चोटी पर जमे कोहरे की उस खूबसूरती को इस वक्त निहारना चाहता था. वह समूची वादी को समेटे उस एक सांवली औरत के चेहरे में तब्दील होती जा रहा थी जिसे वह भुलाना चाहता था। रात वह सो नहीं सका था। उसे नहीं मालूम कि वह अलस्सुबह की चिलकती ठंड थी या उसके अंदर बह रही लू का असर जिससे वह कांप रहा था। जिन पहाड़ी चोटियों पर उसकी निगाह थी, वे जैसे उसकी अपनी खुद की खोपड़ी में तब्दील हो चली थीं। अपनी सघनता से पर्वत-शिखरों को बोझिल करते बादलों के धुंध की तरह स्मृतियां उसपर छाई जा रही थीं। यह चित्त में गहराता धुंध था जिसमे सामने खड़े पर्वत खोए जा रहे थे। उनकी जगह एक चेहरा था, जो समूची वादी में फैलता प्रियहरि को उन्हीं भयावह अंधेरों में खींच रहा था, जिनसे वह निकल भागने के उपक्रम में भटकता रहा आया है। उसका चित्त अविराम तेजगति बह रहा था । उसके पास पहेलियां ही पहेलियां थीं। रहस्य से भरी पहेलियां, जो सुलझने का नाम ही नही लेती थीं । जितना वह सोचता उतना अधिक वे उलझाये जा रही थीं। उसके पांव स्थिर थे, शरीर जड़, लेकिन चित्त था कि सोचता चला जा रहा था।
यह औरत कौन थी ? इससे प्रियहरि का क्या संबंध था ? सिवाय दुख और अपार पीड़ा के प्रियहरि को उसने कुछ नहीं दिया। इतना-इतना कि पीड़ा के अंधकार में धकेलकर निरंतर उसे कुचलने, उसके प्राण लेने वह उद्यत रही। उद्यत मात्र नही रही, शायद सफल भी हो गई है। वह जानती थी कि वह प्रियहरि के प्राण ले रही है, लेकिन इतने पर भी उसे चैन कहां था ? प्रियहरि की हर पीड़ा, उसकी हर करुणा इस औरत को और प्रमुदित करती थी, जैसे उसका सारा सुख इसी में निहित हो। अपने रहस्यमय व्यक्तित्व और व्यवहार की तरह चीजों को हमेशा उसने जटिल बनाए रखा। प्रियहरि ने जितना सुलझाने की कोशिश की उतना वह और उलझता गया। वह कौन थी ? उसने वैसा क्यों किया ? सारा कुछ प्रियहरि के लिए एक अनबूझ पहेली रहा आयेगा। अगर ऐसा कोई स्तूप आप ढूंढ पाएं जिसमें सब कुछ प्रचंडता से भरा हो - प्रचण्ड अहंकार, प्रचण्ड ईर्ष्या, प्रचण्ड अपमान, उपेक्षा की भावना और इन सब के अलावा भी प्रचण्डता में बहुत कुछ जिसका वर्णन मुश्किल है तो वह उसी की काया हो सकती है। नाम तो था वनमाला, लेकिन वनमाला नही वह वनज्वाला की तरह थी।
स्त्री के विषय में आदिकाल से ही जितनी कोमल बातें कही गई हैं, जैसा स्वभाव बताया गया है, जो कुछ कल्पनाएं की जाती हैं वे प्रियहरि को अब झूठ लगती हैं। जो यथार्थ है उसका उसका शतांश भी लोग नही जान पाते। बाहर से जो देखा और जाना जाता है वह कितना झूठ होता है इसका अनुभव प्रियहरि अब कुछ ही कर सकता है। स्त्री को जिस रूप में लोग देखते हैं , वह उसका अन-उजागर रूप ही हुआ करता है। कुछ ऐसा ही जैसा किसी फूल की खूबसूरती को देखकर कोई यह नहीं जान सकता कि वह कितना विषैला और मारक है। उसकी गंध, उसका स्पर्श, उसका स्वाद किसी के प्राण भी ले सकता है।
यह जानते हुए भी कि वह स्त्री प्राणहारिणी है निपट क्रूर, प्रियहरि का ध्यान वनमाला पर ही टिका हुआ है। वह उसी को याद कर रहा है। याद एक भीषण दुःस्वप्न की, जिसमें प्रियहरि का सारा कुछ खो गया है। सारा कुछ यानी शान्ति, चैन, सुख, दुनियादारी, घर, प्रतिभा, जिन्दगी का सब कुछ। हो सकता है जिसे लोग प्यार करते हैं यह उस किस्म का यह अनुभव हो। लेकिन अब जी नही मानता। पहले प्रियहरि भ्रमित था, लेकिन यह शब्द उसे प्रसंग-बाहर प्रतीत होता है। वह कुछ भी हो सकता था लेकिन प्यार नहीं था। प्रियहरि को शुरू में ही जानना चाहिए था कि क्या अब तक भी उसे वह जान सका है ? अब अगर इसे प्यार कहा भी जाए तो वह प्रियहरि के लिए वनमाला को उसकी संपूर्ण रहस्यमयता के साथ जान लेने की जिज्ञासा मात्र से अधिक क्या था ?
प्रियहरि सोच में बहा जा रहा था। वह दुर्भाग्य ही था कि जितना अधिक उसने वनमाला को जानने की कोशिश की, उतना ही अधिक वह अपने को रहस्य के अवगुंठनों में छिपाती चली गई। अपने अभिनय से सारा कुछ वही रचती , ताकि प्रियहरि उसके पीछे और भागता चला आए। पूछने के लिए एक पल भी प्रियहरि को नहीं दिया उसने। मौके आते तो उसे उलझाकर, दरम्यानी पलों में रहस्य का और इजाफा करती वह मुस्कुराती निकल भागती। उसके गंभीर द्वंदग्रस्त चेहरे पर तैरती कुटिल मुस्कान में ऐसे वक्त प्रियहरि के लिए अघोषित संवाद यह हुआ करता कि 'मै तो चली, अब इसे भी हल करो।' सारी पहेलियों का साकार पुंज बनी वनमाला उसे उलझाए छोड़ जाती थी। यह एक अजीब चक्कर था जिसमें प्रियहरि की नियति भटकने की थी और नियति- नटी थी वनमाला, जिसके लिए प्रियहरि का भटकाव मनोरंजन मात्र की एक आनंदमयी क्रीड़ा थी ।
बार-बार के अनुभवों से तंग आकर उस दिन भी प्रियहरि मायूस अपने एकान्त में बैठा था । उसे ठीक-ठीक याद नहीं कि उस दिन और लोग आए थे या नहीं । ऐसा भी हो सकता है कि इक्का- दुक्का आकर बाहर अपने कामों में व्यस्त हो गए हों । कभी आलमारी खोलता, कभी फाइलों के बीच कागज पलटता प्रियहरि वहां पसरे मौन को काट रहा था । केवल वनमाला ही थी जो वहां बैठी रह गई थी । कहते हैं कि दूध का जला छाछ को भी फूंक-फूंक कर पीता है । वनमाला के मूड से प्रियहरि इन दिनों भयभीत रहता था । बात करो तो मुश्किल , न करो तो मुश्किल । गंभीर, बीमार चेहरा वनमाला भी उसी की तरह पर्स खोलती बंद करती, रजिस्टर पलटती बैठी तो थी लेकिन अन्यमनस्कता ही थी, जो उससे वह करा रही थी । दोनों ओर से बर्फ जमी थी । वनमाला से खिन्न प्रियहरि और वनमाला के बीच की चुप्पी से भरा वातावरण इन दोनों के पशोपेश को पढ़ रहा था। लेकिन बर्फ थी कि अपनी जगह अपनी अकड़ में थी । ऐसे माहौल में जहां प्रियहरि और वनमाला संयोग से अकेलेपन में साथ पड़ जाएं, दोनों के चित्त की धुकधुकी माहौल में जैसे पसर जाती हो ।
ठीक इसी माहौल में नीलांजना का प्रवेश हुआ । नीलांजना और वनमाला में बहुत फर्क है । ठीक वैसा जैसे जमीन और आसमान का फर्क हो । नीलांजना को प्यार में हरि ने नीलिमा, लीला नाम दिया हुआ था । लीला नाम भास्कराचार्य की विदुषी, गणितज्ञा कन्या लीलावती के नाम पर था । हां लीलावती वैसी ही रही होगी । नीलांजना सी शांत, सौम्य, विनम्र, उदारता से भरा प्यारा चौकोर चेहरा, पिंडलियों के नीचे तक झूलती लंबी काली चोटी, अनधिक गुराई का वैभव और सहज संकोच से भरी नतमस्तिका । यह विनम्र संकोच उसके सुंदर व्यक्तित्व का अंतरंग आभूषण था । नीलांजना का अतिरिक्त आकर्षण सरल दृष्टि लिए मासूमियत भरी उसकी खूबसूरत आंखों में था। उनमें चमकती गहरी काली पुतलियां अथाह शांत सागर की तरह मनमोहक थीं। नीलांजना जानती थी कि प्रियहरि की आंखें अक्सर उन पुतलियों में डूब जाया करती थीं । वह खुद उन आंखों का डूबना देखती और डूबती आंखों को निहारती प्रियहरि की आंखों की भाषा को पढ़ने की चेष्टा करती थी । आंखें चुराना उसकी आदत न थी ।
जहां कहीं भी परिदृश्य में अपने होने पर भय, तनाव, विवाद की आशंका हो, ऐसे अवसरों को टालती नीलांजना प्रतिक्रियाविहीन बनाए रखकर अपने अस्तित्व को सिकोड़ लेती थी । यह उसका स्वभाव था । वह नाक की सीध में चलता और जहां अवसर हो वहीं खुलता था । नीलांजना और वनमाला दो विपरीत ध्रुव थीं । वनमाला की नाक पर गुस्सा चढ़ा रहता था । उसे मनाने थक-हार जाना होता था । वह अपने आप ठंडी होती पछताती और प्रियहरि के पास आती थी । उसके बरअक्स हरिणी सी खूबसूरत आंखों वाली मासूम नीलांजना थी कि जिसके झगड़ने, नाराज होने और जिसे मनाने के अवसर जोहता प्रियहरि का मन तरस-तरस जाता था । कई बार प्रियहरि ने अपनी यह तमन्ना जाहिर की भी कि कभी तो नीलांजना उससे झगड़ा करे ताकि उसके चांद से मुखड़े को नई मुद्रा में निहारता उसकी गोरी सुडौल जंघाओं पर सर रख उसकी लटों से खेलता, गालों को सहलाता प्रियहरि उस रूठी को मनाए । लेकिन नहीं, नीलांजना बड़ी मासूमियत से प्रियहरि को जवाब देती - ''क्यों ? मैं आपसे भला क्यों झगड़ा करूं ? आपसे मुझे कोई शिकायत है ही नहीं । जिन्हें हो, उन्हें हो । आप ऐसा कुछ करते ही नहीं कि जिससे मैं झगड़ा करूं ?''
यह अगर तपती गर्मी में भी मन को राहत देती शीतल मंद बयार की एक लहर थी, तो वह ठंडे मौसम में भी अनायास आ धमकी प्रचंड लू का झोंका थी । नीलांजना का सान्निध्य प्रियहरि को अगर सारे तनावों से आत्मीय राहत देता था तो वनमाला का सामना उपस्थि़ति मात्र से उदास आशंका, बेचैनी और तनाव का माहौल रच देता था । नीलांजना की जुबान जितनी सरल और मीठी थी, वनमाला अपनी जुबान से उतनी ही कड़वी और कुटिल हुआ करती थी ।
प्रियहरि के संबंध दोनों से थे । प्यार की कुंडली से लक्षण मिलाएं तो मोहब्बत के संबंध प्रियहरि और नीलांजना के बीच सहज ही सधने वाले थे । पर वैसा क्यों कर होता ? होनी तो होनी ही है । मामला यह था कि प्रियहरि का दिल तपती गर्मी, प्रचंड लू का झोंका, अदृश्य भय, तनाव, बेचैनी और कुटिल, कड़वी जुबान की मुहर वाली वनमाला पर ही आसना था । यह और भी विचित्र था कि खुद वनमाला की निगाह में प्रियहरि जैसा भी रहा हो ,मरती वह प्रियहरि के प्यार पर थी । वनमाला के लिए प्रियहरि प्यार के उस सजीव पुतले की तरह था जिससे खेलने, जिसे तोड़ने या मिटा डालने का हक केवल उसका था । किसी भी औरत जात का उस पुतले को छूना तो दूर, उस पर निगाह डालना तक वनमाला को सखत नापसन्द था । किसी औरत का वनमाला से टकराना अपने लिए खुद मुसीबत को दावत देने जैसा था ।
नीलांजना उर्फ नीला उस वक्त फुरसत निकालकर आई थी । प्रियहरि से उसने कहा - 'चलिए अभी मैं फुरसत में हूँ । सुबह का समय अच्छा है । अपना जो काम पड़ा है उसे निबटा लेते हैं'
'तुम्हें समय है?'- प्रियहरि ने पूछा ।
'हां इसीलिए तो आई हूँ । कोई काम पड़ा रहे मुझे अच्छा नहीं लगता । आप को तो कहीं जाना नहीं है न ।'
प्रियहरि ने चाबियां नीलांजना को सौंप दी । आलमारी पीछे ही थी । नीला ने फाइलें निकाली, कागज फैलाए और प्रियहरि से पूछती बात करती काम में व्यस्त हो गई । काम तो प्रियहरि भी नीला के साथ कर रहा था, लेकिन अन्यमनस्कता रही आने से दिल न लग रहा था । प्रियहरि और नीला दोनों मुंडियां जोड़े अगल-बगल बैठे टेबिल पर झुके थे । रस्मी बातें हो रही थीं ,लेकिन वनमाला की उपस्थिति के बोझ ने जुबानों की सहज स्वतंत्रता छीन ली थी ।
मूडी वनमाला जिसने अरसे से उस तरह प्रियहरि के साथ बैठना बंद कर दिया था ,बड़े गौर से प्रियहरि और नीलांजना को लक्ष्य कर रही थी - यूं कि देखते भी देखना दिखाई न पड़े । उसकी आंखों में एक तरह की व्यंग्य भरी शिकायत ने तैरना शुरू कर दिया था । उसके चेहरे पर अचानक कई हाव-भाव एक साथ आ और जा रहे थे । प्रियहरि ने गौर किया कि साथ बैठी नीलांजना का मन भी इसे महसूस कर रहा था । दोनों के बीच की तरंगें इधर से उधर संक्रमित हो रही थीं । अपना काम करते हुए भी नीलांजना और प्रियहरि उस निस्तब्धता में एक अदृश्य संकोच से भरे हुए थे । बातों में सामने पड़े काम को रखते हुए भी ऐसी भयावह संकोच की छाया थी जैसे वे चोरी कर रहे हों और निगाहों से वे देखे जा रहे हों ।
दूर बैठी वनमाला के होठों पर एक तरह की मुस्कान उभरने लगी थी । अब वह स्तब्ध, बोझिल एकांत उसके धैर्य से बाहर होने लगा था । वह देख रही थी कि कुर्सियों में सटे बैठे नीलांजना और प्रियहरि के सिर तल्लीनता से झुके हुए हैं । दोनों की वाणियां बुदबुदाने के लहजे में एक दूसरे से संवादरत थीं । दोनों की आंखें कागजों पर फिसलती कोण बनाती एक-दूसरे से टकरा रही थीं । दोनों उसे देखकर भी अनदेखा कर रहे थे जैसे वनमाला की उपस्थिति का अहसास ही उन्हें न हो ।
अचानक एक स्वर लहराया - ''मे आई डिस्टर्ब यू सर ?''
आखिर वही हुआ जिसका भय उन्हें सालता है। वे दोनो चुप्पी में सिहर गए। नीलांजना की मासूम आंखें प्रियहरि की आँखों से टकराईं। वे मानों पूछ रही हों कि यह क्या होने जा रहा है ? उन्होंने पाया कि अपनी पुस्तक और पर्स उठाये वनमाला उनकी तरफ देख रही है जैसे इसी की प्रतीक्षा में वह हो। वह अपनी जगह खड़ी थी और कुटिल मुस्कान में तैरता उसका ''डिस्टर्ब'' अनायास प्रियहरि और नीलांजना को विचलित कर रहा था। वनमाला अपना समान समेटे चलकर उन दोनो की कुर्सियों के सामने आकर ठिठक गई। उसने नीलान्जना से कहा -
''माफ करना मैडम, मैने आप लोगों को डिस्टर्ब किया।''
प्रियहरि की ओर मुखातिब हो इसने कहा -''आपको मालूम है न कि मेरी तनखाह का पुराना मामला रुका हुआ है।'' इस बार आप कमेटी मे हैं इसलिए कह रही हूं। मेरा काम भी आप इस बार कर देंगे क्या ? अभी हो जाएगा तो हो जाएगा, अन्यथा तो कोई उम्मीद नही है।''
प्रियहरि का मन वनमाला के ''आप दोनो'' के उच्चारण की भंगिमा से कांप उठा था। वनमाला ने उसे जैसे चोरी करते पकड़ लिया हो। उसने काम बताकर एक साथ ही अपने दो-तीन काम निपटा दिए थे। मासूम आवाज में निहायत मीठेपन से उच्चरित वनमाला के ''डिस्टर्ब'' के मायने क्या हैं ,यह प्रियहरि भी समझता था, और नीलान्जना भी समझ रही थी। एक अदृश्य घबराहट से इस जोड़े का मन भयभीत हो गया। वनमाला खुद ही कटी-कटी रहती है। बात करो तो काटती है। सबके सामने यूं बर्ताव करती है जैसे प्रियहरि से उसका लेना-देना नही। इस तरह कि मानो केवल प्रियहरि ही उसके पीछे पड़ा है। मायूसी और अवसाद के घेरे में प्रियहरि को वह खुद ठेल कर धकेल जाती है । और अब उसका यह व्यंग्य ! प्रियहरि के लिए वनमाला को समझना मुश्किल है। लेकिन फिर बस इतना ही उसका ऐसा मरहम प्रियहरि को मेमना बना जाता है। उसे जवाब दिया -
''मैने तो कभी मना नहीं किया। बस आप एक चिट्ठी उस मामले पर विचार करने के लिए अपने अफसर से मार्क करा दें फिर मै देख लूंगा।''
वनमाला के साथ का ''तुम'' उसकी खुद बनाई दूरी में प्रियहरि के लिए भी ''आप'' हो जाता था। इस बारे में दो-चार औपचारिक बातें प्रियहरि और वनमाला के बीच हुईं और चेहरे पर छाई अपनी उदास मासूमियत के साथ वनमाला चली गई। जिसे तिलांजलि देने पर संकल्प प्रियहरि ने बार-बार किया है, उसे कंपाते वह चली गई। इस कंपन को क्या नीलांजना ने नहीं देखा ? प्रियहरि ने चाहा कि नीलांजना उसे बचा ले लेकिन नीलांजना खुद भाग जाना चाहती है। क्यों, वनमाला का इतना आतंक क्यों ? हां, कहीं मन मे कोई चोर था। प्रियहरि नहीं जानता कि वनमाला कैसा महसूस करती थी? लेकिन उसे यह स्वीकार करने में कोई हिचक नही कि वनमाला उसे बेहद प्रिय थी। जीनत नहीं जाती तो शायद तकदीर की वे दुर्घटनाएं उजागर नही हुई होतीं, जो बाद में उसके और वनमाला के बीच इतिहास बनाकर चली गईं।
अदन के बाग का निषिद्ध फल चखने की अब यही सजा थी। बेचैन आदम उस नये जीव की तलाश में अपनी यात्रा पर था जिसे खुदा ने उसके शरीर से जुदा कर रच रखा था। बिना उसके वह अधूरा था।
88888888888
जीनत
चम्पक के फूल में अगर गुलाब की आभा भर दी जाए तो वह जीनत का रंग होगा।
अगर किसी स्त्री के बारे में सोच-सोच कर हृदय, बुद्धि, संस्कृति और कला की सारी खूबसूरती इकट्ठी कर ली जाएं तो उन सब का मेल जीनत ही हो सकती थी। यूं नही कि दुनिया में वह अकेली ही ऐसी होगी, मगर यह कि प्रियहरि के अनुभवों का ताल्लुक जहां तक था, वहां तक जीनत को ही उसने वैसा पाया।
जीनत को उसने कभी नाराज होता नहीं देखा। यदा-कदा वैसे अवसर आये भी हों तो वह व्यक्तिगत शिकायत जैसी बातों में ही आए रहे होंगे। जीनत से प्रियहरि की बात होती और सारी गलतफहमियां दूर हो जातीं। जीनत का हदय निर्मल था। वह बला की खुबसूरत थी। अण्डाकार चेहरे को आप अगर जरा सुतवां ढाल में देखें तो वह जीनत का चेहरा बनेगा। चम्पक के फूल में अगर गुलाब की आभा भर दी जाए तो वह जीनत का रंग होगा। नाप तौलकर बनी समानुपातिक अंगो के साथ लहराती उसकी छरहरी काया को देखकर किसी कोमल मरूलता की कल्पना जागती थी, जिसमें आंखों को उजला बना देने वाली सुन्दरता और हृदय को शीतलता प्रदान करने वाली सहजता थी। प्रियहरि ने कभी उसे यत्नपूर्वक सज्जा के भड़कीले वस्त्रों और प्रसाधनों में नहीं देखा। जीनत के अन्दर ही ऐसा कुछ था कि वस्त्रों का उसका चुनाव बड़ा सलीकेदार होता। सलवार और कुर्ती के अपने आम पहनावे में वह फबती थी, लेकिन जब कभी वह हल्की कढ़ाई वाली बादामी या दूध सी झक्क सफेद साड़ी पहनती, जीनत साक्षात सुन्दरता की कल्पित यूनानी देवी वीनस दिखाई पड़ती थी। चाल-ढाल कपड़ों, बातों, व्यवहार, कामकाज - किसी में कभी कोई बनावटी अतिरंजना उसमे प्रियहरि ने नहीं देखी। उसके अन्दर और बाहर के सहज सन्तुलन ने ऐसी खूबसूरती उसे दी थी कि उसकी झलक मात्र तनाव भरे वातावरण को खुशनुमा रंगीनियत में बदल देती थी। उसके बारीक गुलाबी होंठो पर फैली तबस्सुम, मृगी सी शीतल स्निग्ध दृष्टि वाली उसकी बोलती आंखें जिनमें बिना काजल के कजराई थी, उसकी नजाकत से तरासी गई देह-यष्टि की और इन सब में धार चढ़ाती उसकी जुकामियां पुटवाली सेक्सी स्वर लहरी जिस पर बड़े सलीके से स्पष्ट उच्चारण के साथ अपनी नर्माहट और चिकनाई में भाषा खेलती थी। सब इतने सम्मोहक कि कोई भी जीनत के जादुई आकर्षण से अछूता नहीं रह सकता था। विषय चाहे उसका साइंस हो, लेकिन कला और सुन्दरता की साक्षात प्रतिमा वह थी। इतनी उजली कि छूने की कल्पना में भी यह भय होता कि कहीं जीनत मैली न हो जाए। प्रियहरि नहीं जानता कि ईश्वर किसे कहते हैं ? लेकिन यह जानता है कि कुदरत ने जी भरकर इतनी खूबसूरती जीनत को दी थी कि हर कोई उस पर मर मिटे। ईरानी कला और सुन्दरता की भरपूर झलक जीनत में थी। सौंदर्य-बोध, अभिरूचियों, और प्रतिभा का उसमें अदभुत तालमेल था। साहित्य संस्कृति, कला,दर्शन, भावना, संवेदना की अदभुत सूझ और प्रतिभा जीनत में थी। औरों की तरह प्रियहरि ने कभी कल्पना न की थी कि जीनत उसकी पहुंच में आ भी सकती है। साधारण मुलाकातें, हंसना, बोलना और माहौल को खुशनुमा खूबसूरती से भर देने वाली जीनत की सहज अदायें - यही थे जिन्हे पाकर वह प्रसन्न था। क्या वैसा हो सकता था ? लेकिन वैसा हुआ।
प्रियहरि ने वनमाला को उस साल जुलाई के पहले हफ्ते में तब देखा था जब वह नई-नई वहां आई थी। साथ में उसका आदमी और कंधे पर चिपका हुआ एक नन्हा सा बच्चा। निहायत साधारण शक्लो-सूरत वाला खुरदुरी काया का सांवला पुरुष और निहायत घरू साड़ी में लिपटी खुले सांवली रंगत की उसकी पत्नी। उसकी रस्मी बातचीत और अन्दाज़ अधिक दिलचस्पी न होने पर भी प्रियहरि को दिलचस्प लगे थे।
उस समय कामकाज के बोझ में बुरी तरह दबा होने के कारण इस वनमाला से प्रियहरि का संबंध वैसा ही था जैसा साधारण कर्मियों के साथ हुआ करता था। बाद के सालों में झंझटों से तंग आकर उसने विचित्र परिस्थितियों में बड़ी जिम्मेदारियां खुद ही छोड़ दी थीं। इसी दौरान वनमाला से उसका परिचय बढ़ा था। कुछ समान बातें थी जो उन्हें एक-दूसरे से जोड़ती थीं। दोनो ही एकान्तिक स्वभाव के थे। आसपास की संगत और वातावरण न तो वनमाला को प्रभावित करते थे, और न प्रियहरि को। घर से वनमाला उदासीन और बेजान लगती थी। ऐसा ही कुछ हाल प्रियहरि के साथ भी था। दोनों को ही गम्भीरता और सूत्रात्मक बातों से लगाव था। गप्पीपन से दोनों को नफरत थी। वनमाला चाहे एकदम साधारण और उपेक्षणिया रही हो लेकिन शुरू से ही उसमें गजब का आत्माभिमान था। लोग-बाग उसकी अकड़ का मजाक उड़ाया करते थे। अगर किसी ने उससे सहानुभूति दिखाई, तो वह प्रियहरि ही था। प्रियहरि से वह अक्सर कहा करती थी 'न मुझे फालतू बातें पसंद हैं, और न फालतू लोग।' सारी चीजों के बावजूद पुराना और अपने क्षेत्र में जाना-माना मेधावी होने के कारण प्रियहरि का अपना मान था। उसकी हैसियत बहुत ऊंची थी। इसके ठीक उल्टे वनमाला की उन दिनों न तो कोई पूछ-परख थी, न ही उसमे किसी की कोई दिलचस्पी थी। ऐसे में सुबह के माहौल में एक-दूसरे के करीब आते प्रियहरि और वनमाला ने एक दूसरे को जाना। तब पहली बार प्रियहरि ने यह महसूस करना शुरू किया कि अपने आप में कुंठित और उदास दिखाई पड़ने वाली यह औरत, जो काम निबटाकर आपने मर्द की आज्ञाकारिता और बच्चे की चिंता के दबाव में जल्दी भागने को उद्यत रहती है, उतनी साधारण नहीं है, जितनी लोग उसे समझते थे। थी तो वह श्यामा बंगाल की, लेकिन उसकी भाषा, लिखावट और चीजों की समझ हिन्दी में ऐसी थी कि इस इलाके में पैदा हुए लोगों में नही देखी जाती। आपसी समझ और प्रसंशा का बढ़ता संबंध कभी उसके प्रति मारक चाहत और लगाव में बदल सकता है, इसकी कल्पना भी प्रियहरि को नहीं थी।
तब इर्द-गिर्द उसके होने के बावजूद कुछ ऐसे संबंध थे जिनका ज्यादा असर प्रियहरि पर था। खास कर खूबसूरत तरासी हुई देह-यष्टि के साथ नफासत की समझ, संस्कृति, बुद्धि, और भावना वाली जीनत की उपस्थिति वहां ऐसी थी, जिसके सामने किसी और औरत का व्यक्तित्व कहीं ठहर ही नहीं सकता था। साहित्य की अपनी समझ और कविता की रोमानियत जैसी हृदय वाली जीनत तब प्रियहरि के बहुत ज्यादा करीब आ रही थी। सारे लोगों के होते हुए भी प्रियहरि पर जीनत का खास लगाव था। जीनत उसके साथ धूप में अकसर बैठ जाती और कविता पर, जिन्दगी पर, उसके फलसफे पर चन्द लमहों में ही सही, तसल्लीबख्श बातें हो जाती थीं। प्रियहरि ने कविताएं लिखी थीं और लगातार लिख रहा था। उसके लेख रिसालों में छपते और इन सब पर जीनत से बहुत बारीक बातें होतीं। प्रियहरि की तब-तक की कविताएं जीनत ने मांगकर कर पढ़ ली थीं। इधर छिपाकर संकोच से पहली बार सौंपी गयीं जीनत की कविताएं प्रियहरि ने पढ़ ली थीं। प्रियहरि की कविताओं में छिपा रोमांस जीनत को अच्छा लगता था। उर्दू की एक लम्बी नज़्म जिसमें मोहब्बत की तड़प और विरह की पीड़ा थी, उसे खूब पसंद आयी थी। अंग्रेजी और हिन्दी में लिखे प्रकृति के कुछ बिम्बों की उसने तारीफ की थी। जीनत को इस बात का अहसास था कि उस पर जान देने वालों में प्रियहरि भी है। उससे आगे भी यह कि उस अहसास के बावजूद वह प्रियहरि के क्रमश: ज्यादा निकट आती गई थी। जब भी मौका मिलता और तीसरा बीच में न होता दरबार हाल में या जीनत के कमरे में दोनो इस तरह एक दूसरे प्रति चाहत भरी प्रशंसा से बतियाते कि जैसे बरसों से उनका परिचय और कुदरती संबंध हो। यह एक ऐसा सहज आकर्षण था, जो पूरी औरत और पूरे आदमी के बीच अपनी आकांक्षाओं में परस्पर होता है। ये संबंध शायद और रंग लाते अगर जीनत तबादले पर कहीं और न चली गई होती।
जहां तक याद पड़ता है जीनत भी अपने को 'वर्गो' कहा करती थी, जैसा कि प्रियहरि तो था ही। उन दोनो में कहीं कोई कमी न दिखाई पड़ने पर भी एक खालीपन रहा होगा जिसे वे परोक्षतः महसूस करते थे। जाती तौर पर जीनत के निजी और भावनात्मक संबंध विराग से थे। तब भी किसी खास मौके को छोड़ खुले रूप में वह प्रियहरि को कभी न दिखाई पड़ा था। जीनत का व्यक्तित्व खुला था और सभी से वह पूरी गरिमा, नफासत और खुलेपन से पेश आती थी। जिस एक बार का जिक्र है उसमे भी गवाह दो ही थे - एक खुद प्रियहरि और दूसरी जीनत। हुआ यूं कि एक दिन जीनत के निजी मातहत ने आकर प्रियहरि को खबर दी कि मैडम उसे बुला रही हैं। सुबह का वक्त था और माहौल शायद जनवरी - फरवरी के गुनगुने ठण्ड का, जब पढ़ने वालों की आमद-रफ्त कम हो जाती है। प्रियहरि उसके कमरे में गया तो उसे सामने बिठाकर जीनत ने विराग की बेरुखी की शिकायत करते हुए यह कहा कि प्रियहरि उसे समझाये। जीनत का कहना था कि उसकी शादी कहीं और तय करने पर उसके घर में लोग आमादा हैं। उस वक्त जीनत कमजोर हो चली थी। प्रियहरि को समझाते उसकी भावना का बांध टूट गया और आंखों से मोती झरने लगे। प्रियहरि के सामने टेबिल पर कलाइयां फैलाए उसने सिर झुका दिया और सिसकती रही। प्रियहरि ने बड़े प्यार से उसे समझाया, उठाया, तसल्ली दी और कहा कि मैं विराग से बात करूंगा। लोगों की आवाजाही में उस दिन तो बात न हो सकी, लेकिन बाद में प्रियहरि ने ससंकोच विराग को वह बात बताई और समझाया कि जीनत का ध्यान वह रखे। विराग ने अविचलित भाव से सुना और बस इतना कहा कि ''मैं देखूंगा।''
जीनत के पास आते-आते प्रियहरि ने दो-तीन कविताएं उस पर लिख डाली थीं। उन्हे बड़ी रूचि से जीनत ने सुना और उनकी तारीफ भी की। जीनत को प्रियहरि की एक मात्र और सबसे अच्छी भेंट उसकी वह एक कविता ही थी ,जिसमें प्रियहरि ने निहायत खूबसूरती से जीनत की तस्वीर खींची थी। वह इतनी खुश हुई कि कविताओं के ढेर से उस खास कविता को पसंद कर उसकी स्क्रिप्ट प्रियहरि से उसने आग्रहपूर्वक फ़ौरन ही छीन ली थी। जीनत की यह खूबी थी कि वह शातिर औरतों की तरह नज़ाकत और अदाओं का इस्तेमाल कर प्रियहरि को प्रभावित नही करती थी, गोकि ये चीजें उसमे थीं। शायद इसीलिए उसे वैसा करने की जरूरत ही नही थी। उसकी खूबसूरत पर्सनैलिटी में ही कुदरत ने इन्हें निखार कर रख दिया था। यह शेर कहा भले ही किसी ने चुहल के रंग में है, लेकिन जीनत पर यह बिना किसी बनावट के लागू होता था कि- ''खु़दा जब हुस्न देता है, नज़ाकत आ ही जाती है।''
उस समय जीनत के अलावा नीलान्जना और चन्द्रकिरण उर्फ रोज़बूटी भी थी। वह इतनी गोरी-चिटटी, सहज और आकर्षक थी कि वनमाला की ओर किसी को ध्यान देने की फुरसत ही न थी। न जाने कौन सी परिस्थितियां थीं जिनसे वनमाला यूं गुमसुम और गम्भीर दिखाई पड़ती थी कि वह अपनी उम्र से कहीं बड़ी प्रौढ़ा नारी ही लगती। इसकी छिपी नजर चंचल चित्रकार कानन पर दिखाई पड़ती थी। इधर कानन था कि औरों की तरह वह भी सर्वोत्तम यानी जीनत की तारीफ करता था। वनमाला का प्रसंग छिड़ने पर नाक-भौं सिकोड़ता वह हंस पड़ा था - ''वह! वह तो मुझे बुढ़िया लगती है।'' व्यक्तिगत प्रसंगों में चन्द्रकिरण को प्रियहरि प्यार से रोज़बूटी या स्वीट-डॉल कहकर पुकारता था। चार फुट दस इंच की पैंतीस किलो वजनी बड़ी-बड़ी भूरी आंखों वाली यह गुड़िया बला की खूबसूरत थी। किसी एक रोज सूने में दोनों ही आ भिड़े थे. कोने में कद नापने का फूटर रखा था. न जाने क्या सूझा वह उसके पायदान पर चढ चली. साथ चिपके तरंगे कुछ इस तरह बदनों में तैर रही थीं कि प्रियाहरि ने उसे अवस्थित किया और ठुड्डी थाम नपने को सर पर जतन से संवारे बालों पर ला टिकाया. चार फुट दस इंच .
“ मैं भी तो देखूं “ प्रियहरि ने कहा . सटकर खड़ी रोज़बूटी ने प्रियहरि के सर को वैसे ही ठुड्डी से उठा ताना और नाप लिया.
“पांच फुट सात इंच.” रोज़बूटी ने उच्चारा .
उसकी खूबसूरत आँखों और गुलाबी बारीक होठों पर खुशी, हया और चंचलता को एक साथ समेटे मुस्कान तैर उठी थी. नज़रें उठतीं अर्थपूर्ण संकेतों को समेटे प्रियहरि की नजरों से मिलीं जहाँ वैसी ही तरंगें लहर रही थीं जिन्हें रोज़बूटी संजोए थी. वह मुस्कुराई. उस गोपन मुस्कराहट में सन्देश साफ छपा था.
उसे उच्चरित प्रियहरि ने किया – ‘जोड़ी ठीक बनी. नाप एकदम फिट है.’”
उस रोज़ फिर सारा समय औरों की भीड़ आ चुकने के बाद भी बार-बार टकराते दोनों के बीच मिलते और टकराते नयनों का रहा. वह एक पल ऐसा रहा कि फिर हर मिलन में कद मिलान की चाहतें फिर-फिर कि दिलों के दरम्यान हिलोरें मारतीं. पल चमत्कारी होते हैं . कभी-कभी एक पल वह कर जाता है जो प्रयत्नों के बावजूद जीवन भर भी संभव नहीं पाता. रोज़बूटी के साथ संयोग में गुजरा वह एक पल फिर दोनों के दरम्यान ऐसा स्थायी हो चला कि जब तक वह साथ रही खुशियों की बहार के दिन रहे. परिस्थितियां ऐसी बनती चली गई थीं कि विवाह की बेसब्री में डूबी रोज़बूटी का पड़ोसी और निजी हिस्सा बनता चला गया था. वह किस्सा बाद में कहना ठीक रहेगा। अभी मैं जीनत की ओर चलूँ.
दरअसल जीनत से प्रियहरि के संबंध दिनोंदिन ऐसे गहराते गये थे कि विराग को छोड़ वह प्रियहरि की रागिनी बन चली थी। कई बार ऐसे मौके आये जब दिल से बेकाबू जिस्मो-जां की ओर वे बढ़ चले, लेकिन मिलन की अधीरता को अचानक थाम जीनत कह बैठती - ''प्रियहरि, रहने दो ना प्लीज़। अपनी जीनत की बात मानलो। मैने सब कुछ किया है लेकिन वो काम मैने अभी तक नही किया है। मुझे बहुत डर लगता है। मैं अभी भी उस मामले में पाकीजा हूं ''
वो काम'' के मसले में जीनत का आशय वे दोनों समझते थे। उस काम को मन में छिपाए और कल्पनाओं में देखते प्रियहरि और जीनत के पास मन को मसोसने के अलावा कोई चारा न होता।
बदकिस्मती यह कि जीनत को जल्द ही प्रियहरि से बिछड़ना था। जीनत का तबादला कहीं और हो गया था। यही नहीं, उसकी शादी भी मर्ज़ी के खिलाफ कहीं और तय हो गई थी। जीनत मायूस और टूटी हुई थी। ज्यों-ज्यों उसकी शादी की चर्चाएं बढ़ीं, जीनत बेहद बेचैन और द्वंदग्रस्त होती चली गई थी। तनहाई में उदास बीते दिनों की यादों में वह रोया करती। इन्ही दिनों किसी एक दिन जीनत से प्रियहरि की अंतिम मुलाकात हुई थी जो उसकी स्मृतियों में इतिहास बनकर हमेशा के लिए थम गई है। विचित्र परिस्थितियों में हुई वह दिलरसाई की दिलचस्प मुलाकात थी। प्रियहरि के चित से जीनत के साथ अंतिम मिलन की उस प्यारी घटना का उतरना मुश्किल था। हां वह ,जब जीनत का पाकीज-वर्जित जीनत और प्रियहरि के बीच खेल-खेल में ही जन्नत के बाग का वह मीठा फल हो गया था, जिसके स्वाद की हर पुरुष और स्त्री में तरस होती है। उसे अब वह भूल जाना चाहता है।
जीनत की शादी का कार्ड प्रियहरि को मिला था। न जाने क्या कश्मकश थी कि प्रियहरि जीनत के उस रूप के सिवा, जो केवल उसका अपना था किसी और रूप में बर्दाश्त
न कर सकता था। वह नहीं गया। प्रियहरि के साथ ही सारे और चाहने वालों के दिलों में अपवित्र खलबली मचाती जीनत अपनी पवित्रता साथ लिए उन्हें छोड़ चली गई थी। यह अजीब किस्मत थी कि वह प्रियहरि को जैसे वनमाला के हवाले कर चली गई थी। उसका साथ छूटना ही वनमाला से प्रियहरि का मिलना था। बहुत बाद में वनमाला के प्रेम में डूबे प्रियहरि के दिल ने जब अपना सारा कुछ कविताओं में ढाल दिया तो अजीब था कि छपाई से पहले चयन और संपादन में प्रियहरि को जीनत ही याद आई। जीनत ने उन्हे खूब पसंद किया, चुनाव किया, अपनी राय दी, लेकिन यह अजीब था कि प्रियहरि की दूसरी प्रिया बंगाल का जादू वनमाला पर रची कविताओं के प्रति जीनत ने हौले से अपनी बेरुखाई साफ जाहिर कर दी थी। प्रियहरि जीनत से कैसे कहता कि कविताओं का जो अनुवाद उसके हृदय ने रचा, वह उसके नाम होता अगर समय के फेर से चिपकी वह उससे जुदा न हुई होती । जो भी हो जीनत किसी भी हृदय का प्यार हो सकती थी। वह इतनी अच्छी, प्यारी ओर खूबसूरत थी कि उसे भुलाना प्रियहरि के लिए कभी संभव न होगा।
जीनत का जाना प्रियहरि की सोहबत के लिए एक खलिश थी, जो बहुत दिनों तक बनी रही। तब-तक, जब-तक वनमाला उसके बहुत करीब न आ गई। वनमाला के करीब आने की आहट तो प्रियहरि के दिल को थी लेकिन प्रियहरि और वनमाला दोनों ने उस दिन लगभग उसे तस्लीम कर लिया, जिस दिन की यह घटना है।
00000000000000000000