• Hello Friends You can Register on the Forum and by posting you can earn money too.

नक़ली नाक

S

StoryPublisher

Guest
नक़ली नाक

सफ़र

गर्मियों का मौसम था। मैदानों के रहने वाले बड़े लोग गर्मी से तंग आ कर रामगढ़ की हरी-भरी पहाड़ियों में पनाह ढूँढने जा रहे थे उनमें विदेशी सैलानी भी थे, जिन्हें रामगढ़ की पुरानी इमारतें देखने की ख़्वाहिश खींच लायी थी।

इस वक़्त पहाड़ियों के ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर टट्टुओं और ख़च्चरों की लाइनें धीरे-धीरे रेंगती हुई दिख रही थीं। हालाँकि यहाँ बस सर्विस भी है, लेकिन बहुत-से मुसाफ़िर सिर्फ़ कुदरती मंज़र का मज़ा लेने के लिए टट्टुओं या ख़च्चरों पर सफ़र करते हैं, लेकिन फ़रीदी के बारे में दावे के साथ नहीं कहा जा सकता कि उसने सैर के लिए यह रास्ता चुना था या फिर वह हमीद को तंग करना चाहता था। वह रास्ते भर उसकी झल्लाहटों से ख़ुश होता चला आ रहा था। इस वक़्त भी वह उसे बात-बात पर छेड़ रहा था। एक जगह चलते-चलते अचानक हमीद के ख़च्चर ने ठोकर खायी और गिरते-गिरते बचा। हमीद घबरा कर कूद पड़ा। फ़रीदी को भी अपना ख़च्चर रोक देना पड़ा।

‘‘अरे, अरे, यह क्या भई?’’ फ़रीदी हँस कर बोला।

‘‘जी कुछ नहीं, बेचारा थक गया है।’’ हमीद मुँह बनाते हुए बोला। ‘‘अब यह मुझ पर सवार हो कर बाक़ी रास्ता तय करेगा। मैं कहता हूँ आख़िर... आपको यह सूझी क्या थी?’’

‘‘भई, मैंने सिर्फ़ तुम्हारी सैर के लिए यह सिरदर्द मोल लिया था, वरना मुझे पागल कुत्ते ने नहीं काटा था।’’

‘‘सैर... जहन्नुम में गयी सैर!’’ हमीद ने ख़च्चर की लगाम पकड़ कर पैदल चलते हुए कहा।

‘‘अरे, यह क्या।’’ फ़रीदी बनावटी हैरानी ज़ाहिर करते हुए बोला। ‘‘तो क्या पैदल ही चलोगे।’’

‘‘जी हाँ...!’’ हमीद झटकेदार आवाज़ में बोला।

‘‘च्च च्च... धत्त तेरे की... अजीब बेवक़ूफ़ हो... देखो वह ऐंग्लो इण्डियन लड़की तुम्हें इस हालत में देख कर शायद अपने साथियों में तुम्हारा मज़ाक़ उड़ा रही है।’’

हमीद ने मुड़ कर देखा तो वाक़ई कुछ ऐंग्लो इण्डियन मुसाफ़िर उसकी तरफ़ देख कर ताना देने के अन्दाज़ में मुस्कुरा रहे थे। उनमें इत्तफ़ाक़ से एक लड़की थी। हमीद पर बौखलाहट का दौरा पड़ा। उसने रस्सी की रक़ाब पर पैर रखा और उछल कर ख़च्चर पर बैठ गया और बैठा भी तो इस शान से जैसे नेपोलियन अपने बड़े-से घोड़े पर सवार आल्प्स के मुश्किलों से भरे रास्ते तय कर रहा हो।

‘‘शाबाश मेरे शेर...!’’ फ़रीदी मुस्कुरा कर बोला। ‘‘तुम्हें राह पर लाने के लिए हमेशा एक औरत की ज़रूरत पड़ती है।’’

‘‘जी हाँ, मेरी पैदाइश के सिलसिले में भी एक औरत की ज़रूरत पड़ी थी।’’ हमीद जल कर बोला।

‘‘अरे, तुम तो फ़िलॉसफ़ी झाड़ने लगे... भई, मैं दरअसल इसीलिए तुम्हारी क़द्र करता हूँ।’’

‘‘क़द्रदानी का शुक्रिया।’’ हमीद ने कहा। ‘‘इस वक़्त आप भी फ़िलॉसफ़र ही मालूम हो रहे हैं।’’

‘‘क्यों...?’’

‘‘ईं सआदत बज़ोर ख़च्चर नीस्त...!’’

‘‘शाबाश... मैंने सुना है कि हज़रत ईसा का गधा लातीनी बोलता था, मगर तुम ख़च्चर पर बैठ कर अच्छी-ख़ासी फ़ारसी बोल रहे हो।’’

हमीद के ख़च्चर ने फिर ठोकर खायी और हमीद गिरते-गिरते बचा।

पीछे से फिर ज़ोरदार हँसी की आवाज़ आयी और हमीद दाँत पीसता रहा। उसे सचमुच फ़रीदी पर ग़ुस्सा आ रहा था। अगर बस ही से सफ़र किया जाता तो कौन-सी मुसीबत आ जाती। कोई तुक है कि सामान और कर्मचारी बस पर जायें और ख़ुद ख़च्चरों पर। फ़रीदी की ऐसी ही अजीबो-ग़रीब हरकतों पर हमीद कभी-कभी इतना नाराज़ हो जाता था कि उसे फ़रीदी की सूरत से नफ़रत होने लगती थी। ऐसे मौक़े पर वह बिना यह सोचे-समझे कि फ़रीदी उसका अफ़सर है, जो कुछ मुँह में आता, कह डालता और फ़रीदी... वह उसकी चिड़चिड़ाहट से ख़ुश हुआ करता था। वह उस वक़्त भी हमीद की झल्लायी हुई हरकतों से ख़ुश हो रहा था।

‘‘मेरा ख़याल है कि अब तुम इस ख़च्चर को कन्धे पर उठा लो।’’ फ़रीदी फिर बोला।

हमीद ने कोई जवाब न दिया। उसके चेहरे से ऐसा लग रहा था जैसे फ़रीदी के इस जुमले पर उसके ज़ेहन में कोई ऐसा जुमला गूँजा हो जिसे न कहना ही बेहतर था।

‘‘अमाँ, तो इस तरह ख़राब मुँह क्यों बना रहे हो?’’ फ़रीदी ने कहा।

‘‘तो मेरा मुँह अच्छा ही कब था।’’ हमीद जल कर बोला।

‘‘मेरे ख़याल से तो अच्छा-ख़ासा था।’’

हमीद फिर चुप हो गया। थोड़ी देर के बाद फ़रीदी फिर बोला।

‘‘हमीद...!’’

‘‘जी...!’’

‘‘ज़रा इन हरी-भरी पहाड़ियों की तरफ़ देखो...!’’

‘‘देख रहा हूँ।’’

‘‘कैसा लग रहा है?’’

‘‘ऐसा लग रहा है जैसे मैं एक नम्बर का गधा हूँ।’’

‘‘और ख़च्चर पर सवार हो।’’

हमीद ने फिर कोई जवाब न दिया।

‘‘हमीद...!’’

‘‘फ़रमाइए...!’’

‘‘इधर उस चट्टान के पास देख रहे हो... वह पहाड़ी लड़की।’’ फ़रीदी बोला।

‘‘मुझे फ़िलहाल उसमें कोई दिलचस्पी नहीं... क्योंकि यह पहाड़ी ख़च्चर...!’’

‘‘अमाँ, ख़त्म भी करो।’’

‘‘अभी यह कमबख़्त मुझे ही ख़त्म कर देता।’’ हमीद ने झल्ला कर ख़च्चर को एक डण्डी मारते हुए कहा।

ख़च्चर एक ढलवाँ चट्टान की तरफ़ जा रहा था। डण्डी पड़ते ही उछल पड़ा। अगर हमीद फ़ौरन ही उसकी गर्दन से न लिपट जाता तो वह उसकी पीठ पर से ज़मीन पर आ जाता।

हमीद ने नीचे उतर कर उसे दो-चार डण्डियाँ मार कर लगाम छोड़ दी... ख़च्चर ढलान में दूर तक चला गया।

‘‘ऐ साहब, ऐ साहब।’’ ख़च्चर वाला पीछे से चिल्लाया और वह ऐंग्लो इण्डियन लड़की अपने साथियों समेत हँसे जा रही थी। हमीद को उसकी सुरीली आवाज़ ज़हर मालूम होने लगी। उसने पलट कर उसकी तरफ़ देखा। फ़रीदी भी अपने ख़च्चर पर से उतर पड़ा था।

ख़च्चर वाला हमीद के ख़च्चर को पकड़ने के लिए दौड़ा जा रहा था।

‘‘क्यों भई, यह क्या किया तुमने।’’ फ़रीदी ने हमीद से कहा।

‘‘अब बेहतर यही है कि आप मुझे किसी ऊँची चट्टान से नीचे धकेल दें।’’ हमीद हाँफता हुआ बोला।

‘‘नहीं, मैं इसे ठीक नहीं समझता।’’ फ़रीदी ने शरारती मुस्कुराहट के साथ कहा।
 
‘‘मैंने बहुत बुरा किया कि आपके साथ चला आया।’’ हमीद बोला।

‘‘लेकिन इसके अलावा कोई चारा भी न था।’’

‘‘मैं अपनी मर्ज़ी का मालिक हूँ।’’

‘‘ग़लत... मैं बाँध कर ले आता।’’ फ़रीदी ने कहा। ‘‘भला तुम्हारे बग़ैर क्या ख़ाक मज़ा आता।’’

‘‘आख़िर आप मेरे पीछे क्यों पड़ गये हैं?’’

‘‘बहुत पुराने बदले चुका रहा हूँ।’’

‘‘तो इसके लिए इतना लम्बा सफ़र करने की क्या ज़रूरत थी?’’

‘‘एडवेंचर...!’’

इतनी देर में ख़च्चर वाला, ख़च्चर को वापस ले कर वहीं आ गया।

‘‘चलो, बैठो...!’’ फ़रीदी बोला।

‘‘हरगिज़ नहीं...!’’

‘‘अजीब बेवक़ूफ़ आदमी हो।’’

‘‘कुछ भी सही।’’

‘‘बैठो, बैठो...!’’ फ़रीदी ने दोबारा कहा।

‘‘मैं इससे ज़्यादा एडवेंचर चाहता हूँ।’’ हमीद ने कहा।

‘‘यानी...!’’

‘‘पैदल चलूँगा...’’ हमीद ने कहा। ‘‘और आपको भी इसकी नसीहत करता हूँ। पैदल चलना सेहत के लिए अच्छा है।’’

‘‘पागल हो गये हो... अभी छै मील चलना है।’’

‘‘तो क्या हुआ...!’’

‘‘अरे भई, यह पहाड़ी रास्ता है। एक ही मील चलने में काम तमाम हो जायेगा।’’

‘‘यही तो मैं चाहता हूँ।’’ हमीद लापरवाही से बोला।

‘‘अजीब बेवक़ूफ़ से पाला पड़ा है।’’

‘‘ख़ुदा का शुक्र है कि बेवक़ूफ़ के ख़च्चर से सामना नहीं पड़ा।’’ हमीद ने कहा।

‘‘अरे भई, बैठो भी।’’

‘‘बिलकुल नहीं... मैं अपने एडवेंचर का ख़ून नहीं कर सकता।’’ हमीद बोला।

‘‘जहन्नुम में जाओ...!’’ फ़रीदी ने कहा और अपने ख़च्चर पर सवार हो कर आगे बढ़ गया।

ख़च्चर वाला ख़च्चर की लगाम पकड़े हुए हमीद के साथ-साथ पैदल चल रहा था। थोड़ी दूर जा कर फ़रीदी भी लौट आया।

‘‘ले भाई, सँभाल इसे।’’ फ़रीदी अपने ख़च्चर की लगाम भी ख़च्चर वाले को थमाते हुए बोला और हमीद के साथ पैदल चलने लगा।

‘‘ज़रा इन हरी-भरी पहाड़ियों की तरफ़ देखिए... कैसा लगता है?’’ हमीद मुस्कुरा कर बोला।

‘‘ऐसा लगता है जैसे अभी तुम्हारी मुसीबत आने वाली है।’’ फ़रीदी ने कहा।

‘‘आये शौक़ से आये... आख़िर मुसीबत भी ज़नाना ही तो है।’’

‘‘यूँ तो मौत भी ज़नाना है, मियाँ साहबज़ादे।’’

‘‘लेकिन बहुत बूढ़ी हो चुकी है, इसलिए मुझे उससे कोई दिलचस्पी नहीं।’’ हमीद मुस्कुरा कर बोला।

‘‘ख़ैर... शुक्र है कि तुम मुस्कुराये तो।’’

‘‘तो मैं रो कब रहा था।’’

दोनों ख़ामोशी से चलते रहे।

‘‘आख़िर आपको अचानक रामगढ़ की क्यों याद आ गयी?’’ हमीद बोला।

‘‘जाबिर...!’’

‘‘ओह... तो आप उसका पीछा नहीं छोड़ेंगे?’’

‘‘मैं क़सम खा चुका हूँ।’’

‘‘क्या आपको उसकी मौजूदगी की कोई पक्की ख़बर है?’’

‘‘नहीं...!’’

‘‘यानी...!’’

‘‘यहाँ कुछ क़िस्से ऐसे हुए हैं जिनकी बिना पर मैं सोचने पर मजबूर हुआ हूँ।’’'

‘‘मेरे ख़याल से यह ज़रूरी नहीं कि उनका ताल्लुक़ जाबिर ही से हो।’’ हमीद बोला।

‘‘यह तुम सिर्फ़ इसलिए कह रहे हो क्योंकि तुम उसके तरीक़ों को जानते नहीं हो।’’ फ़रीदी ने कहा। ‘‘क्या तुमने आज तक किसी कबूतर के पंजों के ज़हरीले होने के बारे में भी सुना है?’’

‘‘नहीं...!’’

‘‘अगर किसी शख़्स की मौत कबूतर के नाख़ून लगने से हो जाये तो तुम उसे क्या कहोगे?’’

‘‘एक हैरत-अंगेज़ क़िस्सा जिस पर य़कीन न किया जा सके।’’

‘‘इतना ही य़कीन नहीं जितना ज़हर खाने वाले के केस का मिर्गी की बीमारी में बदल जाना।’’

‘‘ओह...!’’

‘‘रामगढ़ के नौजवान कबूतरबाज़ रईस की मौत इसी तरह हुई। वह कबूतर पकड़ने की कोशिश कर रहा था। इत्तफ़ाक़ से कबूतर का पंजा लग गया और एक घण्टे के अन्दर उसकी मौत हो गयी। बाद में कबूतर के पंजों का मुआयना करने पर पता चला कि उसके एक नाख़ून पर किसी धातु का एक हल्का-सा ख़ोल चढ़ा हुआ था। बहरहाल, देखने से वह नाख़ून ही मालूम होता था और वह ख़ोल ज़हरीला था। क्या तुम समझते हो कि यह किसी मामूली आदमी का काम है? जाबिर को ज़हरों के बारे में बहुत जानकारी है।’’
 
‘‘ख़ैर, यह भी सही।’’ हमीद बोला। ‘‘लेकिन आप उसे कहाँ-कहाँ ढूँढते फिरेंगे? हो सकता है कि वह आपके आने की ख़बर सुन कर कहीं और चला जाये।’’

‘‘देखा जायेगा।’’

‘‘हम ठहरेंगे कहाँ?’’

‘‘दिलकुशा में...!’’

‘‘यह क्या है।’’

‘‘एक इमारत का नाम... बड़ी अच्छी जगह पर आबाद है।’’

‘‘अच्छा, उस कबूतर वाले मामले को कितने दिन हुए?’’

‘‘लगभग एक हफ़्ता।’’

‘‘ऐसे अजीबो-ग़रीब हादसे के बारे में तो अख़बारों में भी आना चाहिए था।’’

‘‘हाँ, इस बात को आउट नहीं किया गया। वाक़या दरअसल यह है कि मरने वाले में वह सारी निशानी मौजूद थी जो ज़हर खा लेने पर ज़ाहिर होती है, इसलिए लोगों ने यही समझा कि उसे किसी ने ज़हर खिलाया है। रामगढ़ के एस.पी. ने तहक़ीक़ात के दौरान पता लगाया कि उसने मरने से एक घण्टा पहले कोई कबूतर पकड़ा था। उसने यूँ ही बिना मतलब कबूतर को देखने की ख़्वाहिश ज़ाहिर की। जिस वक़्त वह उसे हाथ में उठाये देख रहा था, उसने पंजे चलाने शुरू कर दिये। इत्तफ़ाक़ से उसका एक नाख़ून एस.पी. के कोट के बटन में फँस गया। उसने झटके के साथ उसे निकालने की कोशिश की... नाख़ून तो निकल आया, लेकिन उस पर चढ़ा हुआ ख़ोल कोट ही में अटका रह गया। उसने ख़ोल निकाल कर एहतियात से रख लिया और कबूतर को भी अपने साथ लेता आया। उसने पता लगाने के लिए उस नुकीले ख़ोल को एक बिल्ली के चुभो कर देखा। लगभग एक घण्टे के बाद वह बिल्ली तड़प-तड़प कर मर गयी। मामला हद से ज़्यादा पेचीदा हो गया था। इसलिए उसने इसका बयान अपनी रिपोर्ट में नहीं लिखा। पहले तो वह ख़ुद ही छिपे तौर पर कबूतर के बारे में छान-बीन करता रहा। लेकिन जब उसे कोई कामयाबी नहीं मिली तो उसने मुझे लिखा। वह मेरा क्लासफ़ेलो रह चुका है। इसीलिए मैं उसकी दरख़्वास्त को रद्द न कर सका।’’

‘‘तो आपने मुझे इस बारे में क्यों नहीं बताया?’’ हमीद बोला।

‘‘अगर मैं पहले बता देता तो तुम यहाँ आने के लिए कभी छुट्टी न लेते।’’

‘‘तो इसका मतलब है कि आप मुझे धोखा दे कर यहाँ लाये हैं।’’

‘‘यही समझ लो...!’’'

‘‘अब मैं बहुत जल्द यह नौकरी छोड़ दूँगा।’’ हमीद ने कहा।

‘‘लेकिन क्या तुम मुझे छोड़ सकोगे?’’ फ़रीदी ने पूछा।

‘‘यही तो सबसे बड़ी मुसीबत है।’’

हमीद ख़ामोश हो गया। वह चलते-चलते थक गया था।

‘‘क्यों भई क्या वाक़ई पैदल ही चलोगे?’’ फ़रीदी बोला।

‘‘इरादा तो यही था... मगर ख़ैर...!’’ हमीद ने कहा और ख़च्चर वाले के हाथ से लगाम ले कर ख़च्चर पर बैठ गया।

फ़रीदी भी ख़च्चर पर सवार हो गया।

‘‘फ़िलहाल हम लोग माथुर के यहाँ चलेंगे।’’

‘‘माथुर कौन...!’’

‘‘यहाँ का एस.पी. है जिसने हमें बुलाया है।’’

,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
 
दूसरा कबूतर

फ़रीदी और हमीद रामगढ़ के एस.पी. के बँगले में बैठे चाय पी रहे थे। एस.पी. उन्हें पूरा केस बता रहा था।

‘‘बस, यह समझ लो कि बिल्ली की मौत के बाद से मेरी तहक़ीक़ात की गाड़ी ठप हो जाती है।’’ एस.पी. बोला।

‘‘मरने वाले की सोशल पोज़ीशन क्या थी?’’ फ़रीदी ने पूछा।

‘‘नवाबज़ादा शाकिर एक बहुत ही अच्छा आदमी था और सोसायटी में इज़्ज़त की नज़रों से देखा जाता था। वह था तो नौजवान ही, लेकिन बूढ़ों से ज़्यादा अक़्लमन्द था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह अपना ज़्यादातर वक़्त कबूतरों या किताबों में गुज़ारता था। अजीब बात थी कि वह एक कोने में बैठे हुए भी बहुत ही सोशल आदमी लगता था। उससे मिलने वाले उसे अकेला पसन्द नहीं करते थे, हालाँकि वह सौ फ़ीसदी अकेला रहना पसन्द करता था। यह उसके किरदार का एक अजीबो-ग़रीब पहलू था। किसी ने आज तक उसे किसी से लड़ते-झगड़ते नहीं देखा था। मेरा ख़याल है कि उसका कोई दुश्मन ही नहीं था।’’

‘‘थोड़ा बहुत अय्याश तो ज़रूर रहा होगा?’’ फ़रीदी ने पूछा।

‘‘मैंने उसके बारे में कभी कोई ऐसी बात नहीं सुनी जिससे उसका अय्याश होना साबित होता और यहाँ कोई ऐसा रईस नहीं जो उसके बारे में न जानते हों।’’

‘‘यहाँ उसके साथ कौन-कौन रहता था?’’

‘‘सिर्फ़ कुछ नौकर... उसका कोई रिश्तेदार उसके साथ नहीं रहता था?’’

‘‘कोई ऐसा रिश्तेदार जो उसकी मौत के बाद उसकी जायदाद का मालिक हो सके।?’’

एस.पी. कुछ सोचने लगा।

‘‘हाँ... एक साहिबा हैं... नवाब अख़्तरुज़्ज़माँ की बेवा।’’ ‘‘मरने वाले से उसका रिश्ता...?’’

‘‘चचेरी बहन...!’’

‘‘उम्र...?’’

‘‘यही कोई चौबीस-पच्चीस साल... एक सात-आठ साल की बच्ची भी है।’’

‘‘मरने वाले से उसके ताल्लुक़ात कैसे थे?’’

‘‘अच्छे ही थे... वैसे कोई ऐसी बात ही नहीं थी कि कुछ कहा जा सके।’’

‘‘तुमने उससे इस केस के बारे बातचीत ज़रूर की होगी?’’

‘‘हाँ, वह बहुत ग़म में थी।’’

‘‘मेरा मतलब यह नहीं... तुमने उससे बातचीत करने के बाद क्या नतीजा निकाला?’’

‘‘यही कि उस पर किसी तरह का शक नहीं किया जा सकता।’’

‘‘शक न करने की वजह?’’

‘‘वह एक बहुत ही शरीफ़ औरत है।’’

‘‘यह तो कोई वजह न हुई। आख़िर तुम उसे शरीफ़ किस वजह से समझते हो?’’

‘‘इसका अन्दाज़ा तो तुम उसे देख कर ही लगा सकोगे।’’

‘‘यानी इसका यह मतलब है कि वह सूरत से शरीफ़ मालूम होती है।’’

‘‘नहीं भई, यह बात नहीं।’’ एस.पी. उकता कर बोला।

‘‘ख़ैर, इसे हटाओ।’’ फ़रीदी ने कुछ सोचते हुए कहा। ‘‘उसके ख़ास-ख़ास दोस्तों में कोई ऐसा आदमी है जिस पर शक किया जा सके?’’

‘‘मैंने हर एक को अच्छी तरह टटोल कर देख लिया है। उनमें से भी कोई ऐसा नहीं जिस पर शक किया जा सके।’’ एस.पी. ने जवाब दिया।

‘‘उसके दोस्तों में कोई कबूतरबाज़ है?’’

‘‘हाँ... एक साहब हैं तो।’’ एस.पी. कुछ सोचता हुआ बोला। ‘‘सिद्दीक़ अहमद साहब, रिटायर्ड जज।’’

‘‘कैसे आदमी हैं?’’

‘‘अच्छे आदमी हैं।’’

‘‘मैं ज़रा उस कबूतर और उसके नाख़ून पर चढ़े हुए खोल को देखना चाहता हूँ।’’

एस.पी. ने कबूतर मँगवाया जो एक पिंजरे में बन्द था।

‘‘कबूतर तो अच्छी नस्ल का मालूम होता है... शीराज़ी है।’’

‘‘मैं कबूतरों के बारे में कुछ नहीं जानता।’’ एस.पी. बोला।

हमीद उसके नाख़ून पर चढ़े हुए ख़ोल को देर तक देखता रहा।

‘‘वाक़ई मुज़रिम बहुत ही दिमाग़ी मालूम होता है।’’ फ़रीदी बोला।

‘‘इसमें शक नहीं।’’

‘‘अच्छा थोड़ा-सा काग़ज़ तो दो।’’

एस.पी. ने मेज़ पर से पैड उठा दिया। फ़रीदी लिखने लगा।

,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
 
दस हज़ार रुपये इनाम

‘‘उस शख़्स को दिया जायेगा, जो हिन्दुस्तान के मशहूर डाकू राहुल को मुर्दा या ज़िन्दा लायेगा। हम यहाँ उसकी तस्वीर छाप रहे हैं ताकि पब्लिक उससे होशियार रहे। राहुल उन लोगों में से है जो ज़रा-ज़रा-सी बात पर क़त्ल कर देते हैं। आजकल उसने रामगढ़ में अड्डा बना रखा है। पब्लिक को होशियार रहना चाहिए।’’

फ़रीदी ने जेब से एक तस्वीर निकाल कर उस लिखी हुई तहरीर के साथ एस.पी. को दे दी।

‘‘यह इश्तहार जितनी जल्दी हो सके छपवा कर बँटवा दो।’’ फ़रीदी ने कहा।

एस.पी. ने उसे पढ़ा और हैरत से फ़रीदी को देखने लगा।

‘‘मैं इसका मतलब नहीं समझा।’’

‘‘मेरे काम करने के दो तरीक़े होते हैं।’’ फ़रीदी ने कहा।

‘‘मगर मैं बड़े अफ़सरों को इसका क्या जवाब दूँगा?’’ एस.पी. बोला।

‘‘कह देना कि इसमें एक राज़ छिपा हुआ है।’’

‘‘मगर यह राहुल है क्या मुसीबत और इस केस से उसका क्या ताल्लुक़?’’

‘‘अभी मैं इसका जवाब नहीं दे सकता।’’ फ़रीदी ने कहा। ‘‘और हाँ, देखो! इसके अलावा मुँह से अफ़वाहें उड़ाने की कोशिश करो कि नवाबज़ादा शाकिर की मौत में भी इसी राहुल का हाथ है।’’

‘‘भई, मेरी तो कुछ समझ ही में नहीं आता।’’ एस.पी. बेबसी से बोला।

‘‘फ़िलहाल कुछ ज़्यादा समझने की कोशिश मत करो।’’ फ़रीदी ने कहा। ‘‘यह इस केस की तफ़तीश के सिलसिले में मेरा पहला क़दम है।’’

एस.पी. ख़ामोशी से उसे देख रहा था।

‘‘अच्छा, तो अब हम चलें।’’ फ़रीदी ने उठते हुए कहा। ‘‘हाँ, मुझे अख़्तरुज़्ज़माँ की बेवा और सिद्दीक़ अहमद के पते भी दो।’’

एस.पी. ने एक काग़ज़ पर दोनों के पते लिख कर फ़रीदी को दे दिये।

दिलकुशा की तरफ़ वापस जाते वक़्त हमीद ने फ़रीदी से कहा, ‘‘आख़िर यह राहुल वाली बात क्या थी?’’

‘‘इतने दिनों से मेरे साथ हो, मगर अभी तक अक़्ल न आयी।’’ फ़रीदी ने कहा। ‘‘अरे मियाँ साहबज़ादे अगर यह न करता तो जाबिर से हाथ धो लेने पड़ते। तुम जानते हो कि मैं हमेशा मुजरिमों को धोखा दे कर काम करता हूँ।’’

‘‘तो क्या आप समझते हैं कि जाबिर इस बार भी धोखा जायेगा।’’ हमीद ने कहा।

‘‘ज़रूरी नहीं।’’

‘‘फिर इससे क्या फ़ायदा?’’

‘‘तो इसका यह मतलब है कि हाथ-पर-हाथ रखे बैठा रहूँ।’’ फ़रीदी ने कहा। ‘‘इसमें कोई शक नहीं कि वह बहुत शातिर है, लेकिन शायद क़ाबू में आ ही जाये।’’

‘‘आपकी आवाज़ में मायूसी है।’’ हमीद बोला।

‘‘हाँ... जाबिर को पकड़ना आसान काम नहीं। य़कीन मानो मैं ख़ुद को उसके सामने स्कूल का बच्चा समझता हूँ। भेस बदलने के मामले में वह तो अपना जवाब नहीं रखता।’’

‘‘तब तो अल्लाह ही मालिक है।’’ हमीद ने कहा। ‘‘हमें अपनी जान का ख़तरा मालूम होता है। मालूम नहीं वह कब वार कर बैठे और हमें ख़बर तक न हो।’’

‘‘ख़ैर, इसकी तो कुछ परवाह नहीं।’’ फ़रीदी ने कहा। ‘‘क्योंकि एक जासूस को हर वक़्त मरने के लिए तैयार रहना चाहिए।’’

‘‘मैं आपसे क़सम खा कर कहता हूँ कि मैंने आज तक ख़ुद को जासूस समझा ही नहीं।’’

‘‘नहीं, तुम बहुत अच्छे जासूस हो।’’

‘‘आपको ग़लतफ़हमी हुई है।’’

‘‘ख़ैर... हाँ... क्यों न लगे हाथ सिद्दीक़ अहमद साहब से भी मिलते चलें।’’ फ़रीदी ने कहा।

दिलकुशा जाने की बजाय दोनों ऐलबर्ट रोड के चौराहे पर पूरब की तरफ़ मुड़ गये। सिद्दीक़ अहमद का बँगला अच्छी जगह पर था। बँगले के सामने एक ख़ूबसूरत बाग़ था जिसमें जगह-जगह कबूतरख़ाने बने हुए थे। अधेड़ उम्र का एक आदमी सफ़ेद कमीज़ पहने, खड़ा एक कबूतर के पंजे देख रहा था।

‘‘क्या जज साहब हैं?’’ फ़रीदी ने उसके क़रीब पहुँच कर कहा।

‘‘ऊँ...!’’ कह कर वह इस तरह चौंका कि कबूतर हाथ से निकल कर उड़ गया।

वह फ़रीदी और हमीद को सवालिया निगाहों से घूर रहा था।

‘‘हम लोग जज साहब से मिलना चाहते हैं।’’

‘‘लेकिन क्यों मिलना चाहते हैं।’’ वह रौब में बोला। फिर फ़ौरन ही सँभल कर कहने लगा। ‘‘कहिए।’’
 
‘‘ओह... तो आपसे मिल कर बड़ी ख़ुशी हुई।’’ फ़रीदी ने हाथ बढ़ाते हुए कहा।

‘‘ख़ुशी तो मुझे भी हुई। मगर आप हैं कौन।’’ सिद्दीक़ अहमद हाथ मिलाता हुआ बोला।

‘‘मुझे अहमद कमाल कहते हैं।’’ फ़रीदी थोड़ा झुक कर बोला। ‘‘और ये हैं मेरे दोस्त हमीद अहमद... हम दोनों सैर करने के लिए यहाँ आये हुए हैं।’’

‘‘क्या मुझसे कोई काम है।’’

‘‘जी नहीं... बात यह है कि मुझे भी कबूतरों से थोड़ी बहुत दिलचस्पी है।’’

‘‘ज़रूर होगी।’’ जज साहब लापरवाही से बोले।

‘‘मेरे एक दोस्त ने आपके बारे में बताया था।’’

‘‘क्या बताया था...?’’

‘‘आपके यहाँ शीराज़ी पामोज़ बहुत हैं।’’ फ़रीदी ने जाली के बने हुए कबूतरख़ानों की तरफ़ देखते हुए कहा।

‘‘जी हाँ... हैं तो...!’’

‘‘और मेरा ख़याल है कि ऐसे पामोज़ शायद ही यहाँ किसी के पास हों।’’

‘‘चापलूसी बन्द।’’ जज साहब ने हाथ उठाते हुए कहा। ‘‘मेरे पास बर्बाद करने के लिए फ़ालतू वक़्त नहीं। मैं अपने मिलने वालों को ही वक़्त दिया करता हूँ।’’

‘‘ठीक है...!’’ फ़रीदी मुस्कुरा कर बोला। ‘‘तो फिर हम लोग कब आयें।’’

‘‘मेरे पास वक़्त नहीं है।’’

‘‘कोई ऐसी जल्दी नहीं... हम यहाँ गर्मियों भर ठहरेंगे।’’

‘‘मुझे गर्मियों में भी फ़ुर्सत नहीं रहेगी।’’ जज साहब झुँझला कर बोले।

‘‘तो फिर हमें मजबूरन जाड़ों में भी ठहरना पड़ेगा।’’ फ़रीदी मुस्कुरा कर बोला।

‘‘अजीब आदमी हैं आप।’’

‘‘बहरहाल... मेरे एक दोस्त ने एक साहब का पता और दिया था शायद उनके पास आपके कबूतरों से बेहतर कबूतर हैं।’’ फ़रीदी ने वापस होने के लिए मुड़ते हुए कहा।

‘‘कौन साहब हैं वह।’’

‘‘नवाबज़ादा शाकिर साहब।’’

‘‘शाकिर...!’’ जज साहब मुस्कुरा कर बोले। ‘‘आप लोग यहाँ कब आये हैं।’’

‘‘कल...!’’

‘‘इसीलिए शाकिर से मिलने जा रहे हैं।’’ जज साहब ने जेब से रिवॉल्वर निकालते हुए कहा। ‘‘लेकिन मैं तुम लोगों को उसके पास पहुँचा सकता हूँ।’’

‘‘मैं आपका मतलब नहीं समझा।’’ फ़रीदी ने नर्मी से बोला।

‘‘तुम क्यों समझने लगे... समझोगे उस वक़्त जब हाथों में हथकड़ियाँ पड़ी होंगी।’’

‘‘यानी...!’’

‘‘चोर कहीं के।’’ जज साहब गरजे।

‘‘ज़रा तमीज़ से बात कीजिए।’’ हमीद आपे से बाहर हो कर बोला।

‘‘ख़ामोश रहो भाई... जज साहब ग़ुस्से में मालूम होते हैं।’’ फ़रीदी हमीद का कन्धा थपकते हुए बोला।

‘‘तुम लोगों की दिलेरी और सीनाज़ोरी तुम्हें हरगिज़ न बचा सकेगी।’’

‘‘सीनाज़ोरी...!’’

‘‘मेरे कासनी पामोज़ की मादा को, जिसके सिर पर सफ़ेद चोटी है, तुम्हीं ले गये हो और अब शायद जोड़ा पूरा करना चाहते हो। इतना याद रखो कि मैं पुलिस के हवाले किये बग़ैर न मानूँगा।’’ जज साहब ने वैसे ही रिवॉल्वर ताने हुए कहा। ‘‘या फिर उसे वापस कर दो।’’

फ़रीदी ने मुस्कुरा कर हमीद की तरफ़ देखा जो खड़ा तमाशा देख रहा था।

‘‘शायद आपका दिमाग़ ख़राब हो गया है।’’

‘‘नहीं हमीद... जज साहब बिलकुल ठीक कह रहे हैं। क्या तुमने अभी थोड़ी देर पहले एक सफ़ेद चोटीदार कासनी पामोज़ नहीं देखा था।’’ फ़रीदी ने हमीद से फिर कहा। फिर जज साहब की तरफ़ देख कर बोला।

‘‘लेकिन जज साहब मुझे अफ़सोस है कि इस वक़्त आपका वह कबूतर एस.पी. मिस्टर माथुर के पास है।’’

‘‘फ़ालतू बकवास के लिए मेरे पास वक़्त नहीं।’’ जज साहब गरज कर बोले। ‘‘मैं कहता हूँ, सीधी तरह बता दो... वरना क्या फ़ायदा।’’

‘‘अगर आपको य़कीन नहीं आता तो मेरे साथ उनके बँगले तक चलिए।’’ फ़रीदी ने कहा।

‘‘यह अजीब मामला है कि एक चोर मुझे एस.पी. के बँगले पर ले जा रहा है।’’

‘‘आप चल कर तो देखिए।’’

‘‘ख़ैर, मैं झूठे को उसके घर तक पहुँचाने का आदी हूँ।’’ जज साहब ने कह कर नौकर को आवाज़ दी।

‘‘ज़रा ड्राइवर से कहना कि स्टेशन वैगन तो निकाले।’’

जज साहब ने फ़रीदी और हमीद को स्टेशन वैगन में बिठाया। तीन नौकर साथ लिये और मिस्टर माथुर के बँगले की तरफ़ चल दिये।

माथुर साहब शायद दफ़्तर जाने के लिए तैयार थे। वे बरामदे ही में थे कि ये लोग पहुँच गये। फ़रीदी और हमीद को इस हालत में देख कर कि जज साहब उनके पीछे-पीछे रिवॉल्वर ताने चल रहे थे, माथुर साहब हैरत से उछल पड़े।

‘‘अरे, इसका क्या मतलब है...?’’ माथुर साहब बोले।

‘‘ये दोनों चोर मुझे आपके पास लाये हैं।’’ जज साहब बोले।

‘‘चोर...!’’ माथुर साहब की हैरत और बढ़ गयी।

‘‘हाँ... इन्होंने मेरा एक कबूतर चुराया है और मुझे यह कह कर यहाँ लाये हैं कि वह आपके पास है।’’

‘‘न जाने आप क्या कह रहे हैं।’’ माथुर साहब बोले। ‘‘ये दोनों मेरे दोस्त हैं।’’

‘‘दोस्त...!’’ जज साहब चौंक कर बोले।

‘‘जी हाँ... ये हैं मुल्क के मशहूर जासूस इन्स्पेक्टर फ़रीदी और ये उनके असिस्टेन्ट मिस्टर हमीद।’’

‘‘अरे...!’’ जज साहब उछल पड़े। ‘‘तब तो बड़ी ग़लती हुई।’’

‘‘कोई बात नहीं।’’ फ़रीदी ने मुस्कुरा कर कहा, माथुर साहब से बोला। ‘‘ज़रा वह कबूतर तो मँगवाओ।’’
 
कबूतर का पिंजरा देखते ही जज साहब उछल पड़े।

‘‘यही है, बिलकुल यही है।’’ वे चीख़ कर बोले।

‘‘लेकिन अभी आपकी ख़ुशी ग़म में बदल जायेगी।’’ फ़रीदी ने इत्मीनान से कहा।

‘‘क्या मतलब...?’’

‘‘इस कबूतर को एक शख़्स की जान लेने के लिए इस्तेमाल किया गया है।’’

‘‘आयँ...!’’ जज साहब उछल कर बोले।

फ़रीदी ने शुरू से आख़िर तक सारे वाक़यात बताने शुरू किये।

जज साहब के मुँह पर हवाइयाँ उड़ रही थीं।

‘‘मैं आपसे सच कहता हूँ कि मुझे इस सिलसिले में कोई जानकारी नहीं। रामगढ़ का बच्चा-बच्चा जानता है कि मैं शुरू से ईमानदारी की ज़िन्दगी बसर कर रहा हूँ और फिर सबसे बड़ी बात तो यह है कि आख़िर उसकी मौत से मुझे क्या फ़ायदा मिल सकता है।’’ जज साहब ने कहा।

‘‘यही तो सोचने की बात है।’’ फ़रीदी ने कहा। ‘‘क्या उसके रिश्तेदार में कोई ऐसा है जिसको उसकी मौत से कोई फ़ायदा पहुँच सके।’’

‘‘है तो...!’’ जज साहब कुछ सोचते हुए बोले। ‘‘लेकिन उसके बारे में कुछ कहा ही नहीं जा सकता।’’

‘‘कौन है।’’

‘‘उसकी चचेरी बहन... नवाब अख़्तरुज़्ज़माँ की बेवा।’’

‘‘तो उस पर शक न करने की वजह क्या हो सकती है।’’

‘‘यह तो आप उससे मिल कर ही मालूम कर सकेंगे।’’

‘‘ख़ैर... देखा जायेगा... यह बताइए कि यह कबूतर आपको मिला कहाँ से था।’’

‘‘मैंने एक शख़्स से पूरा जोड़ा ख़रीदा था।’’

‘‘तो क्या दूसरा भी आपके पास मौजूद है।’’

‘‘जी हाँ।’’

मैं उसे देखना चाहता हूँ।’’

जज साहब ने यह सुनते ही नौकरों को दूसरा कबूतर लाने के लिए भेज दिया।

‘‘वह शख़्स कहाँ रहता है जिससे आपने कबूतर ख़रीदे थे।’’ फ़रीदी ने जज साहब से पूछा।

‘‘यह मैं नहीं जानता... वह कबूतर ले कर मेरे पास आया था... कबूतर इतने अच्छे थे कि मैंने उससे ज़्यादा बातचीत नहीं की।’’

‘‘उसका हुलिया याद है आपको।’’ फ़रीदी ने पूछा।

‘‘जी हाँ...अधेड़ उम्र का एक आदमी था। लेकिन काफ़ी सेहतमन्द और लम्बा था। बातचीत से पढ़ा-लिखा और शरारती मालूम होता था। घनी मूँछें और फ्रेंच-कट दाढ़ी थी और नाक के पास एक बड़ा-सा उभरा हुआ तिल था। बोलने में कुछ हकलाता भी था।’’

यह बातचीत हो रही थी कि जज साहब के नौकर कबूतर ले कर आ गये। फ़रीदी ने जेब से चमड़े के दस्ताने निकाले और उन्हें पहन कर कबूतर के पंजों का जायज़ा लेने लगा।

‘‘इसके पंजों में कुछ नहीं।’’ वह थोड़ी देर बाद बोला।

फ़रीदी ने जज साहब से और भी बहुत से सवाल कर डाले, लेकिन वह किसी ख़ास नतीजे पर नहीं पहुँच सका। इतना ज़रूर हुआ कि उसने जज साहब को भी उस लिस्ट में शामिल कर लिया जिसमें उसने उन लोगों के नाम लिखे थे जिन पर उसको शक था। कबूतरों के बारे में मुँह बन्द रखने की हिदायत करके छुट्टी दे दी।

,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
 
जान-पहचान वाले

उसी दिन शाम को फ़रीदी और हमीद नवाब अख़्तरुज़्ज़माँ की कोठी में मौजूद थे। नौकरों ने उन्हें गेस्ट–रूम में पहुँचा दिया था और अब वे वहाँ बैठे बेगम साहब के आने का इन्तज़ार कर रहे थे।

थोड़ी देर बाद एक दरवाज़े में लटका हुआ रेशमी पर्दा हिला और एक नाज़ुक-सी नौजवान औरत उनके सामने आ कर खड़ी हो गयी। उसकी चम्पई रंगत पर रेशम की सफ़ेद साड़ी बहुत ज़्यादा खिल रही थी। बड़ी-बड़ी नशीली आँखें बारीक़ और गहरे काले बालों के नीचे जादू-सा जगाती मालूम हो रही थीं। ऊपरी होंट में ऊपर की तरफ़ हल्का-सा घुमाव था। कानों की लवों के क़रीब गालों का उभार बिलकुल ऐसा ही लग रहा था जैसे अभी वहाँ से लज़्ज़तों के सोते उबल पड़ेंगे। दोनों उसे देख कर खड़े हो गये।

‘‘बैठिए।’’ उसने नर्म आवाज़ में कहा।

फ़रीदी और हमीद बैठ गये। फ़रीदी को लग रहा था कि वह बहुत ही शर्मीली थी। फ़रीदी से आँख मिलते ही उसके चेहरे पर गहरी लाली दौड़ गयी। वह बातचीत करते वक़्त अपनी नज़रें ज़्यादातर नीची ही रखती थी।

‘‘मैं एक बहुत ग़मगीन कहानी को याद दिलाने के लिए आया हूँ।’’ फ़रीदी ने कहा।

औरत ने सिर उठा कर सवालिया निगाहों से उसकी तरफ़ देखा और फिर आँखें नीची कर लीं।

‘‘मेरा मतलब यह है कि मैं नवाबज़ादा साहब कीmअफ़सोसनाक मौत...!’’

‘‘तो क्या आप उनके कोई दोस्त हैं?’’ औरत बोली।

‘‘जी नहीं... मेरा ताल्लुक़ पुलिस डिपार्टमेंट से है।’’

‘‘मेरा ख़याल है कि मैं कई पुलिस वालों को बयान दे चुकी हूँ।’’ औरत कुछ उकता कर बोली।

‘‘आप मेरा मतलब ग़लत समझीं।’’ फ़रीदी मुस्कुरा कर बोला। ‘‘मैं आपको किसी क़िस्म की तकलीफ़ देने के लिए नहीं आया हूँ। मैं तो आपसे उनके कुछ निजी मामले के बारे में बात करना चाहता था। शर्त यह है कि आप ख़ुशी से इसके लिए तैयार हों।’’

‘‘भला मैं उनके निजी मामले के बारे में क्या बता सकूँगी।’’

‘‘मुझे तो ख़बर मिली है कि आप उनकी सगी चचेरी बहन हैं।’’

‘‘आपको सही ख़बर मिली है।’’ औरत बोली। ‘‘और मैं बार-बार उनके ग़म को ताज़ा नहीं करना चाहती।’’ औरत की आँखों में आँसू आ गये।

‘‘मैं वाक़ई आपको तकलीफ़ दे रहा हूँ... मगर क्या करूँ मजबूरी है।’’

‘‘जो कुछ पूछना हो पूछिए... अगर मुझे मालूम होगा तो ज़रूर जवाब देने की कोशिश करूँगी।’’

‘‘क्या इस दौरान मरहूम ने अपनी शादी की कोशिश की थी।’’ फ़रीदी ने पूछा।

औरत चौंक पड़ी।

‘‘शादी...!’’ वह फ़रीदी को ग़ौर से देखते हुए बोली। ‘‘मुझे इसके बारे में जानकारी नहीं।’’

‘‘क्या आप दोनों के ताल्लुक़ात अच्छे नहीं थे?’’

‘‘अगर मुझे जानकारी न हो तो इसका यह मतलब नहीं कि मेरे और उनके ताल्लुक़ात अच्छे नहीं थे।’’

‘‘अगर आपको इस सवाल से तकलीफ़ पहुँची हो तो माफ़ी चाहता हूँ।’’

‘‘कोई बात नहीं।’’

‘‘मुझे यह ख़याल दरअसल इसलिए पैदा हुआ कि यहाँ आपके अलावा उनका और क़रीबी रिश्तेदार नहीं था। ऐसी सूरत में यह कोई ताज्जुब की बात नहीं कि उन्होंने आपसे सलाह ली हो।’’

‘‘अगर उनका ऐसा ख़याल था तो मुझे ख़ुद हैरत है। वह मुझसे इसका ज़िक्र ज़रूर करते।’’

‘‘मुझे ऐसी ख़बर मिली है कि वे अपनी शादी की फ़िक्र में थे।’’

‘‘हो सकता है, रहे हों।’’

‘‘और मेरा ख़याल है कि उन्होंने ख़ुदकुशी की।’’

‘‘ख़ुदकुशी...!’’ औरत चौंक कर बोली।

‘‘जी हाँ...!’’

‘‘मगर ख़ुदकुशी की वजह।’’

‘‘मुहब्बत में नाकामी...!’’

‘‘मैं आपका मतलब नहीं समझी।’’

‘‘जिस लड़की से वे शादी करना चाहते थे शायद उसने इनकार कर दिया था।’’

‘‘ओह...!’’

फ़रीदी ख़ामोश हो गया। वह थोड़ी देर तक कुछ सोचती रही फिर बोली।

‘‘मुझे हैरानी है कि मुझे इसकी ख़बर न हो सकी, वरना उनकी हर मुमकिन मदद करने की कोशिश करती।’’

‘‘यह दिल का मामला है बेगम साहिबा... वह लड़की उनके साथ शादी करना नहीं चाहती थी तो आप भी क्या कर सकती थीं।’’

‘‘यह भी ठीक है।’’ औरत बोली। ‘‘मैं उस लड़की का नाम और पता जानना चाहती हूँ।’’

‘‘मुझे अफ़सोस है कि मुझे ख़ुद अभी तक उसका नाम और पता नहीं मालूम हो सका।’’

‘‘तब तो यह मुझे अफ़वाह ही मालूम होती है।’’ औरत बोली। ‘‘शाकिर भाई ख़ुदकुशी नहीं कर सकते वे और वह भी एक औरत के लिए। मैं ऐसा सोच भी नहीं सकती।’’

‘‘इसी पर तो मुझे भी हैरत है, क्योंकि मैंने उनके बारे में सुना है कि वह एक फ़िलॉसफ़र क़िस्म के आदमी थे।’’

फ़रीदी ने कहा और उसके बाद फिर ख़ामोशी छा गयी।

‘‘आपके अलावा उनका कोई और भी क़रीबी रिश्तेदार है।’’ फ़रीदी ने पूछा।

‘‘जी नहीं।’’

‘‘तब तो उनकी जायदाद भी...!’’

‘‘जी हाँ, मुझे ही मिलेगी।’’ औरत उसकी बात काटते हुए बोली। ‘‘और यही सबसे बड़ी मुसीबत है। अगर यह बात न होती तो शायद मुझसे इतनी बार सवाल न किये जाते।’’

‘‘आप फिर मेरा मतलब नहीं समझीं।’’ फ़रीदी ने कहा। ‘‘मैंने यह बात यूँ ही कह दी थी वरना इसका ताल्लुक़ मुझसे नहीं।’’

‘‘यह आप की ग़लती नहीं है... बहुत सारे लोग यही समझते हैं कि मैंने उनकी जायदाद के लालच में उन्हें ज़हर दिलवा दिया है।’’

‘‘मैं आपसे पहले ही कह चुका हूँ कि यह ख़ुदकुशी का केस है।’’ फ़रीदी जल्दी से बोला।

‘‘लेकिन मैं इस पर य़कीन करने के लिए तैयार नहीं।’’

‘‘फिर आख़िर आपका क्या ख़याल है?’’

‘‘मेरी समझ में नहीं आता कि क्या कहूँ।’’

‘‘उनका कोई दुश्मन।’’

‘‘वे ऐसे आदमी ही नहीं थे कि कोई उनका दुश्मन हो सके।’’

‘‘ख़ैर! बहरहाल, यह ख़ुदकुशी के अलावा और कुछ नहीं।’’ फ़रीदी ने कहा। ‘‘मैं काफ़ी सोच-विचार के बाद इस नतीजे पर पहुँचा हूँ।’’
 
अभी यह बातचीत हो ही रही थी कि बरामदे में किसी के भारी-भरकम क़दमों की आवाज़ सुनाई दी।

‘‘बेगम साहिबा हैं।’’ किसी ने बरामदे में पूछा।

और फिर कमरे के दरवाज़े पर एक लम्बा सेहतमन्द आदमी दिखायी दिया। नख-शिख आकर्षक थे। बारीक तरशी हुई काली मूँछें उसके चेहरे पर दिलकश लग रही थीं। उसकी उम्र चालीस साल के लगभग रही होगी, लेकिन देखने से वह अपनी उम्र से कुछ कम ही मालूम होता था। उसने सुर्मई रंग का सूट पहन रखा था। वह कपड़ों से अच्छा आदमी मालूम होता था।

औरत उसे देख कर खड़ी हो गयी। फ़रीदी और हमीद भी खड़े हो गये।

‘‘आइए, आइए... कुँवर साहब।’’ औरत बोली।

‘‘आप लोग बैठिए।’’ आने वाले ने एक सोफ़े पर बैठते हुए कहा।

फ़रीदी को ऐसा लगा कि जैसे वह जान-बूझ कर उनकी तरफ़ से लापरवाही बरतने की कोशिश कर रहा हो।

‘‘कुछ और पूछना है आप लोगों को?’’ औरत बोली।

फ़रीदी इसका मतलब समझ गया।

‘‘जी नहीं... तकलीफ़ देने के लिए एक बार फिर माफ़ी चाहता हूँ।’’ फ़रीदी ने उठते हुए कहा।

‘‘आप लोगों की तारीफ़...!’’ आने वाला बोला।

‘‘पुलिस से ताल्लुक़ रखते हैं।’’ औरत ने कहा।

‘‘ओह...!’’ उसने इस अन्दाज़ में कहा जैसे इसकी कोई अहमियत न हो।

हमीद और फ़रीदी बरामदे में निकल आये। वह गेट के क़रीब पहुँचे ही थे कि एक कार कम्पाउण्ड के अन्दर आयी। फ़रीदी और हमीद एक तरफ़ हो गये।

‘‘अरे... फ़रीदी।’’ किसी ने कार के अन्दर से कहा और फ़रीदी चलते-चलते रुक गया।

आवाज़ जानी-पहचानी मालूम हुई।

‘‘अरे आप...!’’ फ़रीदी के मुँह से अचानक निकला।

कार से नवाब रशीदुज़्ज़माँ और ग़ज़ाला उतर रहे थे।

‘‘आप यहाँ कहाँ।’’ ग़ज़ाला अपनी ज़िन्दगी की भरपूर मुस्कुराहट के साथ बोली।

‘‘यह भी अजीब इत्तफ़ाक़ है।’’ फ़रीदी ने कहा।

‘‘शाकिर की मौत की ख़बर सुनी थी, क्या बताऊँ बहुत नेक लड़का था। सईदा ग़ज़ाला की सहेली है। ग़ज़ाला ने मजबूर किया कि मातमपुर्सी के लिए चलना चाहिए। वैसे यूँ भी इस बार मेरा इरादा रामगढ़ आने का था, लेकिन तुम यहाँ कैसे?’’

‘‘शाकिर की मौत के बारे में कुछ पूछ-ताछ करने आया था।’’ फ़रीदी बोला।

‘‘तो क्या तुम इस काम के लिए ख़ास तौर पर बुलाये गये हो।’’

‘‘जी नहीं... अपने एक दोस्त के लिए काम कर रहा हूँ।’’

‘‘कुछ पता चला?’’

‘‘जी नहीं... मामला बहुत टेढ़ा लगता है।’’

‘‘यह भी अजीब हादसा हुआ है।’’ ग़ज़ाला बोली।

अभी ये लोग बात कर ही रहे थे कि बरामदे में सईदा खड़ी हुई दिखायी दी। पहले तो वह कुछ देर तक उन्हें घूरती रही फिर तेज़-तेज़ क़दमों से चलती हुई उनके पास आयी।

‘‘जनाब ... शायद मेरे मेहमानों को इस मामले से कोई सरोकार नहीं।’’ वह फ़रीदी से तेज़ आवाज़ में बोली।

‘‘अरे... अरे भई।’’ नवाब साहब बोले। ‘‘यह तो अपना फ़रीदी है।’’

‘‘फ़रीदी... क्या मतलब...!’’ सईदा चौंक कर बोली।

‘‘अहमद कमाल फ़रीदी... मेरे एक मरहूम दोस्त की निशानी और एशिया का मशहूर जासूस।’’

सईदा थोड़ी देर तक फ़रीदी को हैरानी से देखती रही फिर तभी सँभल कर बोली।

‘‘मैं अपने रवैये पर शर्मिन्दा हूँ... भला मैं कैसे जान सकती थी कि आप कौन हैं जब कि आप लोगों ने अपने बारे में पूरी तरह नहीं बताया।’’
 
‘‘कोई बात नहीं... मैंने आपसे शिकायत तो की नहीं।’’ फ़रीदी मुस्कुरा कर बोला।

‘‘ग़ज़ाला से मैंने आपकी काफ़ी तारीफ़ सुनी है... और आप वाक़ई में तारीफ़ के क़ाबिल हैं।’’ सईदा ने कहा।

फ़रीदी ख़ामोश रहा। उसकी नज़रें सईदा की तरफ़ लगी रहीं। सईदा के चेहरे पर किसी तरह के कोई आसार न थे। नवाब रशीदुज़्ज़माँ इस ख़ामोशी से तंग आ कर बोले।

‘‘अच्छा मियाँ, अब तुम जाओ... मगर शाम का खाना साथ ही रहेगा। क्यों बेटी सईदा?’’

‘‘जी हाँ... मुझे मालूम न था कि फ़रीदी साहब और आप लोगों के ताल्लुक़ात ऐसे हैं... वरना मैं ख़ुद ही आगे आती।’’ सईदा के अल्फ़ाज़ में ख़ुशी और बनावटी शिष्टाचार के मिले-जुले जज़्बात साफ़ झलक रहे थे। मगर फ़रीदी पर इसका कोई असर न हुआ।

बरामदे में कुँवर साहब को देख कर सईदा ने ग़ज़ाला से कहा।

‘‘आओ बहन चलें... इत्मीनान से बातें होंगी।’’

‘‘तो फिर... फ़रीदी साहब आप ज़रूर आ रहे हैं।’’ ग़ज़ाला ने मुड़ते हुए कहा।

‘‘हाँ... फ़रीदी साहब तो ज़रूर आयेंगे... यह बन्दा न हाज़िर हो सकेगा।’’

हमीद ने कुछ इस तरह मुँह बना कर कहा कि सईदा भी हँस पड़ी। हँसते-हँसते उसकी निगाह कुँवर साहब पर पड़ी। वह ठिठकी और फिर तेज़ी से क़दम बढ़ाते हुए आगे बढ़ी, ग़ज़ाला के ठहोके पर उसने मिनमिनाते हुए कहा। ‘‘अभी बताती हूँ, मरी क्यों जा रही है।’’

नवाब रशीदुज़्ज़माँ भी बरामदे के क़रीब आ चुके थे। उन्होंने मुड़ कर देखा, फ़रीदी और हमीद दरवाजे से बाहर जा रहे थे।

,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
 
Back
Top