संस्कृति का जिस्म धूल और पसीने से तर हो चुका था। उसने हांफते हुए फर्श में किए गये सुराख की ओर देखा। सुराख में नजर आ रहा घुप्प अंधेरा खौफनाक था।
स्टोररूम के नीचे तहखाना होने की उसकी शंका बेबुनियाद नहीं थी। पिछली रात और आज पूरे दिन उसने कुदाल और फावड़े की मदद से फर्श में इतना पर्याप्त सुराख बना डाला था कि अब वह आसानी से तहखाने में उतर सकती थी। जिस कोने में उसने सुराख किया था, उस कोने में रखे हुए टूटे फर्नीचर्स को दरवाजे के पास जमा कर दिया था, ताकि कोई दरारों से झांक कर यह न जान सके कि वह फर्श की खुदाई कर रही है। हालांकि अब-तक परिवार का कोई भी सदस्य उसकी कुशलता के प्रति आश्वस्त होने के लिए नहीं आया था, सिवाय सुजाता के, जो दिन में तीन बार आकर दरवाजा पीट चुकी थीं, किंतु हर बार उसने कोई जवाब नहीं दिया था।
संस्कृति ने तहखाने के तल का पता लगाने के ध्येय से एक पत्थर सुराख में टपकाया। पत्थर के तल से टकराने के बाद आई आवाज से उसने अंदाजा लगाया कि तल तकरीबन आठ फीट नीचे था। थोड़े समय के आराम के बाद उसने कोने में पड़ी रस्सी उठायी। योजना के मुताबिक उसने रस्सी का एक सिरा दरवाजे के हैण्डल से बांधा और दूसरा सिरा सुराख में लटका दिया। इसके बाद खूंटी से लालटेन उतारकर तहखाने में झांकी।
लालटेन की रोशनी ने अपने सामर्थ्य के अनुसार तहखाने में व्याप्त अंधेरे का हनन किया। संस्कृति को वही नजर आया, जिसकी उसने पहले से ही कल्पना कर रखी थी। पक्का फर्श और उस पर जमी धूल की मोटी परत। उसके द्वारा लटकाई गयी रस्सी फर्श से दो फीट ऊपर समाप्त हो रही थी। संस्कृति को लगा कि रस्सी पर फिसलते हुए वह बिना किसी कठिनाई के तहखाने में उतर सकती है।
उसने बाएं हाथ में लालटेन लटकाया और दाहिने हाथ से रस्सी पकड़कर नीचे लटक गयी। कुछ ही सेकेण्ड में उसके पैर ‘धप्प’ की आवाज करते हुए तहखाने के तल से टकराये। फर्श पर जमी धूल की मोटी परत हवा में उड़ी। कुछ पल ठहरकर संस्कृति ने धूल का गुब्बार छंटने का इंतजार किया, तत्पश्चात लालटेन की रोशनी में तहखाने के जर्रे-जर्रे का मुआयना करने लगी।
☐……☐………☐………☐…………☐……☐
4
“क्या तुम जानते हो यश कि तुम मैथ के एक अच्छे स्टूडेंट हो?” साहिल ने यश के प्लेट में चावल डालते हुए कहा। एक बज चुका था। क्योंकि वक्त लंच का था, इसलिये दोनों डायनिंग टेबल पर थे।
“मैथ क्या है?”
“एक सब्जैक्ट।”
“और सब्जैक्ट?”
“हम जब किसी टॉपिक को लेकर डिटेल स्टडी करते हैं, तो वह टॉपिक सब्जेक्ट कहलाने लगता है।”
“यानी कि टॉपिक किसी सब्जैक्ट का छोटा रूप होता है?”
“डेफिनेटली।” साहिल उत्साहित स्वर में बोला। यश के सोचने-समझने की शक्ति सही-सलामत थी, ये जानकर उसने राहत की सांस ली।
“मैथ में किस टॉपिक की डिटेल स्टडी की जाती है?”
“मैं मैथ के बारे में ज्यादा नहीं जानता, लेकिन एक बार जब तुम्हारी यादें तुम्हारे साथ थीं तब तुमने ही मुझे बताया था कि ईश्वर ने ब्रह्माण्ड के नियमों को एक स्पेशल लैंग्वेज में लिखा है, उसी लैंग्वेज को मैथ कहते हैं। यानी कि मैथ की स्टडी का मतलब है, उन नियमों को समझना जिनसे ये ब्रह्माण्ड संचालित होता है। ये ऐसा लैंग्वेज हैं, जिसे वर्ड्स और सेन्टेस के बजाय नम्बर्स और एक्वेशन्स के फॉर्म में लिखा जाता है।”
यश ने आँखें बन्द कर लीं। उसके अंदाज से लगा कि वह साहिल की बातों को समझने की कोशिश कर रहा था, किन्तु जल्द ही इस प्रयास में असफल होने के बाद उसने आंखें खोल दी।
“लैंग्वेज किसे कहते हैं? नम्बर्स और एक्वेशन्स क्या होते हैं? ब्रह्माण्ड क्या है?” यश ने व्यग्र लहजे में कई सवाल कर डाले।
“भाषा विचारों को दूसरों के सम्मुख रखने का एक माध्यम है। संख्याएं हमारे जीवन को सुनियोजित रखने वाली राशियां हैं। किसी स्टेटमेण्ट का मैथेमैटिकल फॉर्म एक्वैशन और हमारा परिवेश ब्रह्माण्ड कहलाता है।” साहिल ने जल्दी-जल्दी कहा और लम्बी सांस लेते हुए बोला- “मैं जानता हूं कि मौजूदा हालात में ये सब समझना तुम्हारे लिये आसान नहीं है, लेकिन मेरा एकेडमिक बैकग्राउण्ड इतना ब्राइट नहीं रहा है कि मैं ये सब तुम्हें सिम्पल वे में समझा सकूं।”
हर बार की तरह इस बार भी यश ने भावशून्य प्रतिक्रिया दी, और चावल के बीच दाल उड़ेलने लगा।
“मैं समझता हूं कि मैथ में गहरी रुचि होने के कारण उससे जुड़ी कुछ चीजें तुम्हारे सबकॉन्शियस माइण्ड का हिस्सा बन गयी होंगी। मेरे कहने का मतलब है कि याद्दाश्त खो देने के बाद भी अपने सब्जेक्ट से जुड़ी कुछ चीजें तुम अभी भी जानते होगे।”
“क्या आपकी ये थ्योरी मुझे मेरी पहचान वापस दिलाने में कोई मदद कर सकती है?”
साहिल ने खामोशी अख्तियार कर ली और यश की प्लेट देखने लगा। वह प्लेट में चम्मच भर चला रहा था। अब-तक की बात-चीत के दौरान उसने एक भी निवाला हलक के नीचे नहीं उतारा था।
“मैं नहीं जानता कि कब और किस परिस्थिति में तुम्हारी चेतना वापस आ सकती है, लेकिन इतना जरूर जानता हूं कि यदि तुमने सबकॉन्शियस माइण्ड का सहारा लिया तो बेहतर परिणाम सामने आ सकते हैं।”
“मैंने आपसे वही तो पूछा कि मेरा सबकॉन्शियस माइण्ड मेमोरी रिगेन करने में किस प्रकार मेरी सहायता कर सकता है?”
“ये समझने के लिए तुम्हें सबसे पहले सबकॉन्शियस माइण्ड की कार्यप्रणाली को समझना होगा। हमारे दिनचर्या की काफी एक्टिविटीज ऐसी होती हैं, जिन्हें पूरा करने के लिये हमें उन्हें याद नहीं रखना पड़ता, क्योंकि उन एक्टीविटीज को पूरा करने का जिम्मा हमारे अवचेतन मस्तिष्क का होता है। उदाहरण के तौर पर श्वसन क्रिया को ही लेते हैं, क्या हमें ये याद रखना पड़ता है कि हमें एक मिनट में साठ बार सांस लेना है? नहीं! हमें याद रहे या न रहे ये प्रक्रिया सतत रूप से चलती रहती है। उस वक्त भी जब हम नींद में होते हैं। हमारे फेफड़ों को श्वसन के विषय में हमेशा याद दिलाते रहने वाला कौन होता है?”
“सबकॉन्शियस माइण्ड?”
“एक्सैक्ट्ली! दरअसल श्वसन हमारी अनिवार्य आवश्यकता है और जीवन के लिए अनिवार्य जैविक क्रियाओं को पूर्ण करने की जिम्मेदारी चेतन मस्तिष्क की नहीं बल्कि अवचेतन मस्तिष्क की होती है, क्योंकि चेतन मस्तिष्क भुलक्कड़ प्रवृत्ति का होता है। जैविक क्रियाओं के साथ-साथ उन सभी क्रियाओं को, जिन्हें हम अपने जीवन की अनिवार्य आवश्यकता बना लेते हैं, पूरा करने की जिम्मेदारी अवचेतन मस्तिष्क को हस्तान्तरित हो जाती है। जब अवचेतन मस्तिष्क हमारी किसी भौतिक आवश्यकता को संपादित करने में अक्षम होता है तो वह अभीष्ट क्रिया को पूर्ण करने के लिये अनुकूल परिस्थितियों का निर्माण करता है।
मैं इसे एक एग्जाम्पल की हेल्प से तुम्हें और बेहतर ढंग से समझा सकता हूं। सपोज दैट कोई स्टूडेंट एग्जाम में टॉप मोस्ट रैंक सेक्योर करने के लिये पजेसिव है,
और वह दिन-रात यही सोचता है कि उसे एट एनी रेट टॉप रैंक एचीव करनी है। वह ज्यों-ज्यों अपने लक्ष्य के प्रति उग्र चिन्तन करता जाता है, त्यों-त्यों लक्ष्य प्राप्त न होने की दशा में उसके अवसाद ग्रस्त होकर आत्महत्या कर लेने या फिर मानसिक संतुलन खो बैठने की संभावना भी प्रबल होती जाती है। अंततः टॉप रैंक सेक्योर करना उसके जीवन का अनिवार्य लक्ष्य बन जाता है, और ऐसा होते ही अवचेतन मस्तिष्क जागृत हो उठता है। लड़के का कॉन्शियस माइण्ड यानी कि चेतन मस्तिष्क पढ़ाई करने की जो भी स्ट्रेटेजी बनाता है, सबकॉन्शियस माइण्ड यानी कि अवचेतन मस्तिष्क उस स्ट्रेटेजी के पूर्ण होने के लिये अनुकूल परिस्थितियों का निर्माण करने में जुट जाता है। चेतन मस्तिष्क और अवचेतन मस्तिष्क का यह सम्मिलित प्रयास तब तक चलता रहता है जब तक कि लड़के के जीवन की अनिवार्य आवश्यकता बन चुकी, एग्जाम में टॉप करने की उसकी मंशा फलीभूत नहीं हो जाती है।”
“इतने लम्बे-चौड़े एग्जाम्पल का सीधा सा मतलब यही है कि हम जैसा सोचते हैं, हमारे आस-पास वैसा ही एटमास्फीयर क्रियेट होना शुरू हो जाता है।”
“एब्सल्युटली राइट माय डियर।” साहिल उत्साहित हो उठा। यश की सोचने की क्षमता सही सलामत थी, इसका एक और बेहतर उदाहरण उसे देखने को मिला था। यश ने बिल्कुल वही समझा था, जो साहिल उसे समझाना चाहता था। वह उत्साहित अंदाज में आगे कहता चला गया- “यही तो कारण है कि ‘बी पॉजिटिव थ्योरी’ हर मोटिवेशनल स्पीकर के शो का अहम हिस्सा होता है। हर इंटरप्रेन्योर इसीलिए इस बात पर जोर देता है कि हमेशा उस चीज के बारे में सोचो, जो तुम बनना चाहते हो, या फिर जिसे अपने जीवन में साकार होते हुए देखना चाहते हो, क्योंकि हमारे विचार ही हमारी सफलता के लिये आवश्यक परिवेश का निर्माण करते हैं।”
“आपके अनुसार मैं अपनी चेतना भले ही गंवा चुका हूं, लेकिन वे चीजें आज भी मेरे अवचेतन मस्तिष्क का हिस्सा होंगी, जो कभी मेरे जीवन की अनिवार्य आवश्यकताएं हुआ करती थीं।”
“यस। यू आर ऑन राइट ट्रैक। मैथ तुम्हारे जीवन का अभिन्न अंग था। तुम मैथ के लिये पजेसिव थे, इसलिए इस चेतनाविहीन अवस्था में भी वह तुम्हारे अवचेतन मस्तिष्क में संरक्षित होगा।”
“यानी कि मैं किसी अनजान शक्ति के वशीभूत होकर इस अवस्था में भी मैथ के प्रॉब्लम्स सॉल्व कर सकता हूं?”
“उसे अनजान शक्ति नहीं अवचेतन मस्तिष्क की शक्ति कहते हैं। एक मिनट रुको।”
साहिल इतना रोमांचित हो उठा था कि ये भी भूल गया कि वह लंच के लिए बैठा है। उसने लंच को प्लेट में अधूरा छोड़ा, नैपकिन से हाथ पोछा और शो-केस की ओर बढ़ गया। शो-केस के कांच के कपाट के उस पार नजर आ रही मैथ की अनगिनत किताबों के बीच रखा एक फाइल उठाया और उसे लेकर वापस डायनिंग टेबल तक आया।
“इस फाइल को देखो यश।”
यश ने फाइल थाम लिया। उसके अंदाज से झलकती निराशा अब उत्सुकता में तब्दील हो चुकी थी।
“सिग्निफिकेन्स ऑफ डिफरेन्शियल एक्वेशन्स इन मेडिकल साइंस: हॉडकिन हक्सले मॉडल।”
फाइल का टाइटल पढ़ने के बाद यश ने साहिल के चेहरे पर दृष्टिपात किया।
“इस टाइटल को पढ़ने के बाद तुम्हारे मन में क्या आ रहा है?”
“ये नाम कहीं सुना हुआ लग रहा है। ऐसा लगता है जैसे मैं इस टॉपिक के बारे में बहुत कुछ जानता हूं, लेकिन उसे आपके सामने रख नहीं पा रहा हूं।” यश ने दिमाग पर जोर डालते हुए कहा।
“कोशिश करो यश।” साहिल ने उकसाया- “ये तुम्हारा ही लिखा हुआ रिसर्च पेपर है, जिसे तुमने कैम्ब्रिज में रिप्रजेन्ट किया था। तुम्हें इस टॉपिक के बारे में कुछ न कुछ जरूर याद आएगा।”
यश ने आंखें बंद कर ली। उसके माथे पर पड़ने वाली सिलवटों ने इंगित किया कि मौजूदा फाइल की विषयवस्तु को याद करने के प्रयास में वह एक मानसिक द्वंद्व से जूझने लगा था।
“नहीं याद आ रहा है मुझे।” अंततः उसने आंखें खोल दी और लंबी-लंबी सांसें लेने लगा। चेहरा तनावग्रस्त हो उठा था।
साहिल ने पानी का गिलास उसकी ओर बढ़ाते हुए कहा- “पानी पी लो।”
यश को सचमुच पानी की जरूरत थी। उसने गिलास को एक ही सांस में खाली करके टेबल पर रख दिया। लंच का ख्याल दोनों के ही जेहन से रुख्सत हो चुका था।
थोड़ी देर की खामोशी के बाद साहिल ने जेब से पेन निकाला और उसे यश की ओर बढ़ाते हुए कहा- “लिखने की कोशिश करो। हो सकता है कि तुम जो बता नहीं पा रहे हो, उसे शब्दों में ढाल सको।”
यश ने पेन लिया और फाइल का ब्लैंक पेज खोला। पेन हाथ में आते ही मानो उसकी उंगलिया मचलने लगीं थीं। किसी अज्ञात प्रेरणा के सम्मोहन में बंधे यश द्वारा पेन की नोक को कागज पर रखने भर की देर थी कि शब्द खुद-ब-खुद कागज पर उतरने लगे। सुखद आश्चर्य के सैलाब में डूबा साहिल, यश की उन बातों को शब्दों का रूप लेते हुए देखता रहा, जिन्हें वह लफ्जों का रूप देने में विफल रहा था। उसके अंदाज से लग रहा था कि वह मात्र एक जरिया था, शब्द किसी और की प्रेरणा से पन्ने पर उतर रहे थे। करीब दस मिनट तक लिखने के बाद यश ने लिखे हुए वाक्यों को साहिल की ओर बढ़ा दिया।
“तुम खुद मुझे सारांश सुना दो, क्योंकि मेरी इंग्लिश कमजोर है।”
“संक्षेप में कहा जाए तो ये रिसर्च ऑर्टिकल मेडिकल साइंस में डिफरेन्शियल एक्वेशन के सिग्निफिकेन्स के बारे में है। ये ऑर्टिकल विशेष रूप से हॉडकिन-हक्सले मॉडल पर केन्द्रित है। दरअसल हॉडकिन-हक्सले मॉडल एक गणितीय मॉडल है, जो न्यूरॉन्स में एक्शन पोटेन्शियल के प्रारम्भ होने और संचरित होने का विवरण प्रस्तुत करता है। ये मॉडल नॉन-लीनियर डिफरेन्शियल एक्वेशन्स का सेट होता है, जो न्यूरॉन जैसे उत्तेजनशील कोशिकाओं के इलेक्ट्रिकल करैक्टरस्टिक्स........।”
“बस....।” साहिल ने उबकर यश की बात काट दी, क्योंकि वह भारी-भरकम सिध्दान्त उसके सिर के ऊपर से जाने लगा था- “मैं जो जानना चाहता था, मुझे पता चल गया।”
साहिल की आंखों में व्याप्त हो उठी चमक बता रही थी कि उसे पहली दफा यश की हालत को लेकर सकारात्मक संकेत प्राप्त हुए थे। उसने आगे कहा- “इस वक्त मैथ से अनजान होने के बावजूद भी तुमने मैथ के एक रिसर्च ऑर्टिकल को समराइज कर डाला। अब तो तुम्हें यकीन हो गया होगा कि मैंने जो कुछ कहा वह सब सच है, कोई काल्पनिक सिध्दान्त नहीं। तुम्हारा चेतन मस्तिष्क जिन बातों को भूला चुका है, वे बातें अभी भी तुम्हारे अवचेतन मस्तिष्क में संरक्षित हैं।”
“वह सब तो ठीक है। लेकिन मेरा ये सवाल तो अब भी अपनी जगह पर है कि मैं मेरी मेमोरी रिगेन कैसे कर सकता हूं?”
“गुड क्वेश्चन यश।” साहिल ने चुटकी बजाते हुए कहा- “मेडिकल साइन्स में मेमोरी लॉस के अब-तक जितनी भी केसेज आए हैं, उनमें से अधिकतर का इलाज डॉक्टर्स के एफर्ट के बजाय पेशेण्ट के सेल्फ एफर्ट से ही कारगर हो पाया है, इसलिए तुम्हें मेमोरी रिगेन करने के लिये मेरे साथ सम्मिलित प्रयास करना होगा।”
“लेकिन वह प्रयास होगा क्या?”
“इसके लिये तुम्हें सबसे पहले कॉन्फिडेण्ट होना पड़ेगा।” साहिल ने गहरी सांस ली और कहा- “इसके बाद हम साथ मिलकर अपने आस-पास बिखरी कड़ियों को जोड़ेंगे, और उनकी एनालिसिस से ये पता लगाएंगे कि कैम्ब्रिज में तुम्हारे साथ क्या हुआ था? तुम्हारी एक रिसर्च फेलो ने मुझे बताया कि वहां तुम पर जानलेवा हमला हुआ था।”
“तो क्या वह अटैक ही मेरे मेमोरी लॉस की वजह है?”
“शायद। डायरेक्टली या इनडायरेक्टली तुम पर हुआ अटैक भी तुम्हारे सडन मेमोरी लॉस के अज्ञात कारणों में से एक हो सकता है।”
“इसका मतलब कि कारण और भी कई हैं, जो आपको नहीं मालूम हैं।”
“हां। क्योंकि तुम पर जो अटैक हुआ था, वह फेल हो गया था। जिस अटैक में तुम्हें खरोच तक नहीं आयी थी, उस अटैक को सडन मेमोरी लॉस की वजह मान लेना थोड़ा अजीब लग रहा है। इसीलिये मैंने कहा कि तुम्हारे सडन मेमोरी लॉस के और भी कई कारण हो सकते हैं, जो अज्ञात हैं। मुझे लगता है कि तुम कैम्ब्रिज में सिर्फ ‘अटैम्प्ट टू मर्डर’ का ही नहीं बल्कि कुछ अन्य रहस्यमयी गतिविधियों का भी शिकार हुए थे।”
“ऐसा क्या हुआ रहा होगा मेरे साथ, जो अचानक मुझे अपनी पहचान से हाथ धोना पड़ा?”
“ये जानने का एक जरिया मेरे पास है।” साहिल ने क्षण भर के मौन के बाद आगे कहा- “कैम्ब्रिज के वर्कशॉप में पार्टिसिपेट करने वाले इण्डियन रिसर्च स्टुडेण्ट्स के ग्रुप को तुम्हारे रिसर्च गाइड यानी कि प्रोफेसर उदयराज चव्हाण लीड कर रहे थे। इसलिये प्रोफेसर के पास उन इण्डियन रिसर्च स्टूडेंट्स के पेपर प्रेजेण्टेशन का रिकॉर्ड मौजूद होगा।”
“उस रिकॉर्ड से हमें क्या फायदा हो सकता है?”
“उस रिकॉर्ड के जरिए हम ये पता कर सकते हैं कि तुम्हारे अलावा और ऐसे कितने स्टूडेंट थे, जिन्होंने अपने रिसर्च पेपर में बायोलॉजी में मैथ के सिग्निफिकेंस को लेकर नयी संभावनाओं की ओर प्रोफेसर्स का ध्यान आकर्षित किया था।”
यश खामोशी के साथ साहिल को घूरता रहा। वह अभी तक उसके कथन का आशय नहीं समझ पाया था।
“देखो यश....।” साहिल ने समझाने वाले अंदाज में कहा- “स्टूडेंट लाइफ में कुछ स्टूडेंट्स के कई प्रतिद्वंद्वी ऐसे भी होते हैं, जो उनसे आगे निकलने की होड़ में उन्हें शारिरिक और मानसिक रूप से हानि पहुंचाने से भी परहेज नहीं करते। मुझे ऐसा लग रहा है कि तुम्हारे उत्कृष्ट शोध कार्य को दबाने के लिए तुम्हारे ही किसी प्रतिद्वंद्वी ने ऐसी गतिविधियों को अंजाम दिया है, जिसके कारण तुम अब-तक अर्जित की हुई अपनी सभी उपलब्धियों को गंवाकर स्वयं की पहचान भी खो बैठे हो।”
“यदि ऐसा है तो मेरा वह प्रतिद्वंद्वी कौन हो सकता है?”
“इसके लिये हमें प्रोफेसर चव्हाण के पास मौजूद रिकॉर्ड को खंगालना होगा। हमारे शक की सुई उस रिसर्च स्कॉलर के ऊपर ठहरेगी, जिसके रिसर्च पेपर का टॉपिक तुम्हारे टॉपिक से मिलता-जुलता होगा।”
यश ने कुछ नहीं कहा।
“बातें बहुत हो चुकी यश। लंच स्टार्ट करते हैं।”
“या....श्योर....।” कहने के बाद यश ने पहला निवाला हलक के नीचे उतारा।
“एक बात पुछूं यश?” थोड़ी देर बाद साहिल ने उसे अर्थपूर्ण नजरों से देखते हुए कहा।
“हां जरूर।” यश मुस्कुराया, आज उसके चेहरे पर नित्य की अपेक्षा रौनक थी।
साहिल ने थोड़ी देर तक यश के चेहरे के भावों को परखा। पिछले कई दिनों से उसके चेहरे पर नजर आने वाले अवसाद को छंटता देख उसे अपना सवाल पूछने के लिये ये समय उपयुक्त लगा।
“क्या सोचने लगे आप?”
“ब्रह्मराक्षस......क्या...त....तुम इसके बारे में कुछ जानते हो?”
“मैं तो अपने बारे में भी कुछ नहीं जानता, तो फिर इस ब्रह्मराक्षस के बारे में कैसे जान सकता हूं?” यश ने लापरवाह अंदाज में कहा और पानी का ग्लॉस होठों से लगा लिया।
“कोई बात नहीं। मैंने बस यूं ही पूछ लिया था।” साहिल ने भी लापरवाह अंदाज में कहा होने का दिखावा किया और लंच में व्यस्त हो गया। उसने जान-बूझकर माया और कैम्ब्रिज टूर के दौरान उसके बनाए हुए स्केचेज का जिक्र नहीं किया।
☐☐☐☐☐☐☐☐☐☐☐☐☐☐☐☐☐☐